Connect with us

देश

EPFO का बड़ा तोहफा! अब UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा, दिसंबर से शुरू हो सकती है सुविधा

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सदस्यों के लिए अच्छी खबर है। EPFO दिसंबर 2026 के अंत तक UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद कर्मचारी BHIM ऐप की मदद से अपने बैंक खाते में पीएफ की मंजूर रकम प्राप्त कर सकेंगे।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत शुरुआत में UPI से PF निकालने की न्यूनतम सीमा 1,000 रुपए रखी जा सकती है। इसका मकसद छोटी रकम निकालने के लिए बार-बार क्लेम करने की परेशानी को कम करना है।

तकनीकी टेस्टिंग के दो चरण पूरे

UPI से PF निकासी के लिए जरूरी तकनीकी व्यवस्था तैयार हो चुकी है। अलग-अलग यूजर ग्रुप के बीच दो चरणों में टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है। ट्रायल के दौरान सामने आई कमियों को दूर किया जा चुका है।

हालांकि, EPFO के नए सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म ‘सेंट्रलाइज्ड IT-इनेबल्ड सिस्टम 2.0’ (CITES 2.0) पर माइग्रेशन के दौरान कुछ तकनीकी चुनौतियां अभी बाकी हैं। इन्हें दूर करने के बाद सुविधा लॉन्च की जाएगी।

मार्च 2025 में शुरू हुई थी पहल

UPI आधारित PF निकासी योजना पर 28 मार्च 2025 को सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 113वीं एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में चर्चा हुई थी। इसके अगले दिन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी थी।

इस परियोजना के लिए EPFO के टेक्नोलॉजी पार्टनर C-DAC को तकनीकी सिस्टम तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। इसमें SBI और NPCI के साथ सिस्टम को जोड़ने के लिए API विकसित करने का काम भी शामिल था।

BHIM ऐप से निकाल सकेंगे PF का पैसा

13 अक्टूबर 2025 को CBT ने EPFO 3.0 के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन फ्रेमवर्क को मंजूरी दी थी। इसका उद्देश्य क्लेम सेटलमेंट तेज करना और निकासी प्रक्रिया को आसान बनाना है। नई सुविधा के तहत सदस्य BHIM ऐप के जरिए UPI से अपने बैंक खाते में मंजूर PF राशि प्राप्त कर सकेंगे।

हालांकि, शुरुआती चरण में 1,000 रुपए से कम की निकासी इस सुविधा के तहत संभव नहीं हो सकती है। EPFO का लक्ष्य दिसंबर 2026 के अंत तक यह सुविधा शुरू करना है। अंतिम नियम और प्रक्रिया लॉन्च के समय स्पष्ट किए जाएंगे।

Continue Reading

देश

Credit Card Spending: त्योहारों में भारतीयों ने जमकर स्वाइप किए क्रेडिट कार्ड, अक्टूबर में खर्च किए रू.2.45 लाख करोड़

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में दशहरा और दिवाली के त्योहारों के दौरान खरीदारी का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान और दूसरी जरूरतों पर जमकर पैसा खर्च किया। इस दौरान क्रेडिट कार्ड से भुगतान भी तेजी से हुआ। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल 2.45 लाख करोड़ रुपए खर्च किए गए। सितंबर में यह रकम 2.04 लाख करोड़ रुपए थी यानी एक महीने में क्रेडिट कार्ड खर्च में करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले भी इस बार क्रेडिट कार्ड से होने वाले खर्च में 14.4 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। आंकड़ों से साफ है कि त्योहारी खरीदारी के दौरान लोगों ने डिजिटल भुगतान के साथ-साथ क्रेडिट कार्ड को भी खूब पसंद किया।

HDFC Bank के ग्राहकों ने सबसे ज्यादा खर्च किए पैसे

क्रेडिट कार्ड से खरीदारी के मामले में HDFC Bank ने अपनी बादशाहत कायम रखी। अक्टूबर में बैंक के ग्राहकों ने क्रेडिट कार्ड के जरिए 70,115 करोड़ रुपए खर्च किए। सितंबर के मुकाबले इसमें 7.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

वहीं, SBI Card इस सूची में दूसरे स्थान पर रहा। इसके ग्राहकों ने अक्टूबर में 45,797 करोड़ रुपए की खरीदारी की, जो सितंबर की तुलना में 31 फीसदी अधिक है।

ICICI Bank के क्रेडिट कार्ड खर्च में सबसे तेज बढ़ोतरी देखने को मिली। बैंक का कुल खर्च 37 फीसदी उछलकर 42,295 करोड़ रुपए पहुंच गया। दूसरी तरफ, Axis Bank के ग्राहकों ने अक्टूबर में 30,211 करोड़ रुपए खर्च किए। इसमें महीने-दर-महीने आधार पर 30.5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दुकानों से ज्यादा ऑनलाइन शॉपिंग पर खर्च

त्योहारी सीजन में लोगों का रुझान ऑनलाइन खरीदारी की तरफ ज्यादा रहा। कुल 2.45 लाख करोड़ रुपए के क्रेडिट कार्ड खर्च में से 1.54 लाख करोड़ रुपए ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर खर्च किए गए। यह कुल खर्च का लगभग 63 फीसदी है।

इसके मुकाबले दुकानों और शोरूम में लगी पॉइंट ऑफ सेल (PoS) मशीनों के जरिए 90,562 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इससे पता चलता है कि ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट लोगों की खरीदारी का अहम हिस्सा बन चुके हैं।

अक्टूबर में जुड़े 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड

क्रेडिट कार्ड से खर्च बढ़ने के साथ ही नए कार्ड जारी होने की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अक्टूबर में देश के प्रमुख बैंकों ने करीब 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए। इसके साथ ही देश में सक्रिय क्रेडिट कार्ड की कुल संख्या सितंबर के 12.53 करोड़ से बढ़कर अक्टूबर में 12.67 करोड़ हो गई। यह दर्शाता है कि देश में क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले लोगों का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

छोटे खर्चों के लिए भी बढ़ा क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल

क्रेडिट कार्ड अब केवल बड़ी खरीदारी या महंगे सामान लेने तक सीमित नहीं रह गए हैं। लोग इनका इस्तेमाल रोजमर्रा के छोटे भुगतान के लिए भी कर रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, सालाना आधार पर क्रेडिट कार्ड से होने वाले कुल ट्रांजैक्शन की संख्या 32 फीसदी बढ़कर 68.3 करोड़ हो गई। हालांकि, इस दौरान प्रति ट्रांजैक्शन औसत खर्च में गिरावट आई है।

एक साल पहले जहां क्रेडिट कार्ड से एक ट्रांजैक्शन पर औसतन 4,133 रुपए खर्च किए जाते थे, वहीं अक्टूबर में यह रकम घटकर 3,585 रुपए रह गई। इससे संकेत मिलता है कि अब लोग बड़े बिलों के साथ-साथ छोटे-मोटे भुगतान के लिए भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। त्योहारी खरीदारी के आंकड़े देश में बढ़ते डिजिटल भुगतान और बदलती उपभोक्ता आदतों की तस्वीर पेश करते हैं।

Continue Reading

देश

Gold Price Target: सोने की कीमतों में आएगा उछाल, UBS ने बताईं तेजी की 4 वजहें, दिया गोल्ड प्राइस टारगेट

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। सोने की कीमतों में हालिया गिरावट के बाद अब एक बार फिर तेजी के संकेत मिलने लगे हैं। हालांकि, रिकॉर्ड स्तर से करीब 27 फीसदी टूटने के बाद गोल्ड की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है लेकिन दुनिया की दिग्गज ब्रोकरेज फर्म UBS को लंबी अवधि में सोने की कीमतों में जोरदार उछाल की उम्मीद है। UBS ने दिसंबर 2027 तक सोने का भाव 5,000 डॉलर प्रति औंस यानी करीब 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंचने का अनुमान बरकरार रखा है।  

UBS ने दिसंबर 2027 तक सोने की कीमत 5,000 डॉलर प्रति औंस रहने का अनुमान बरकरार रखा है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम बैठता है। ब्रोकरेज का मानना है कि मौजूदा गिरावट के बावजूद लंबी अवधि में सोने में निवेश के अच्छे अवसर बने रह सकते हैं।

26 नवंबर को MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना करीब 1.24 फीसदी की तेजी के साथ 1,22,636 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 

सोने की कीमतों में तेजी की ये हैं 4 बड़ी वजहें

UBS के मुताबिक, आने वाले समय में सोने की मांग को कई कारकों से समर्थन मिल सकता है।

केंद्रीय बैंकों की बढ़ती खरीदारी

दुनिया के कई केंद्रीय बैंक अपने विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं। डॉलर पर निर्भरता कम करने की कोशिश से सोने की मांग को मजबूती मिल सकती है।

दुनिया पर बढ़ता कर्ज

कई देशों की सरकारों पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में निवेशक आर्थिक अनिश्चितता से बचने के लिए सोने को सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर देख सकते हैं।

भू-राजनीतिक तनाव

दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में युद्ध, राजनीतिक अस्थिरता और तनाव का माहौल बना हुआ है। ऐसे हालात में सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोने को फायदा मिल सकता है।

चीन से मजबूत मांग

चीन में भी सोने की मांग बनी हुई है। वहां निवेश और खरीदारी से जुड़ी मांग लंबी अवधि में कीमतों को सहारा दे सकती है।

Goldman Sachs और CIBC को भी सोने में तेजी की उम्मीद

UBS अकेली ब्रोकरेज फर्म नहीं है, जिसे भविष्य में सोने की कीमतों में बढ़ोतरी की उम्मीद है। दूसरी बड़ी वैश्विक ब्रोकरेज कंपनियों ने भी लंबी अवधि के लिए सकारात्मक अनुमान लगाए हैं।

Goldman Sachs का अनुमान है कि दिसंबर 2027 तक सोने का भाव 4,650 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बराबर है।

वहीं, CIBC ने चालू तिमाही के लिए सोने का अनुमान घटाकर 4,500 डॉलर प्रति औंस कर दिया है। हालांकि, ब्रोकरेज को उम्मीद है कि 2027 तक सोने की कीमत 5,200 डॉलर प्रति औंस यानी करीब 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।

Continue Reading

देश

बैंकों की ऋण वृद्धि दोहरे अंक में रहेगी, मुनाफे में भी होगा सुधार, Fitch का अनुमान

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। फिच रेटिंग्स ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय बैंकों की ऋण वृद्धि 2027 में भी दोहरे अंक में रहने की उम्मीद है। वहीं, लागत दक्षता में सुधार से उनकी लाभप्रदता बढ़ेगी और पूंजी पर्याप्तता स्थिर बनी रहेगी। फिच को उम्मीद है कि मार्च 2028 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष 2027-28 में भारतीय बैंकों का वित्तीय प्रदर्शन स्थिर रहेगा। 

मजबूत आर्थिक वृद्धि से ऋण वृद्धि करीब 15 प्रतिशत बनी रहेगी, जबकि नीतिगत ब्याज दर में मामूली बढ़ोतरी से शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) और आय को समर्थन मिलेगा। एशिया-प्रशांत क्षेत्र के बैंकों पर जारी अपनी रिपोर्ट में फिच ने कहा, “कर्ज की अवधि बढ़ने के साथ परिसंपत्तियों की गुणवत्ता पर दबाव थोड़ा बढ़ सकता है लेकिन कर्ज की वसूली और बट्टे खाते में डाले जाने वाले कर्ज से इसका असर कम हो जाएगा। ऋण वृद्धि और लागत दक्षता में सुधार से लाभप्रदता को समर्थन मिलेगा और पूंजी पर्याप्तता स्थिर बनी रहेगी।” 

फिच के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में कुछ क्षेत्रों में कर्ज की तेज वृद्धि के कारण नए गैर-निष्पादित ऋण (एनपीएल) के मामले मामूली रूप से बढ़ सकते हैं। इनमें बिना गारंटी वाले व्यक्तिगत ऋण और कृषि कारोबार से जुड़े कर्ज शामिल हैं, जो बाहरी परिस्थितियों में बदलाव के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं। फिच ने अनुमान जताया कि वित्त वर्ष 2027-28 में ऋण लागत बढ़कर कुल कर्ज के करीब 0.8 प्रतिशत पर पहुंच सकती है, जो वित्त वर्ष 2026-27 में अनुमानित 0.6 प्रतिशत है। हालांकि, वित्त वर्ष 2027-28 में एनपीएल अनुपात दो प्रतिशत से नीचे रहने की संभावना है।  

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677