Connect with us

देश

17 साल के भारतीय AI उद्यमी ने पुतिन के साथ ली सेल्फी, सोशल मीडिया पर छाया ‘AI किड

Published

on

मॉस्को, एजेंसी। मॉस्को में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सेल्फी से 17 वर्षीय भारतीय एआई उद्यमी सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। कोच्चि स्थित एआईरियलएम टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी राहुल जॉन अजू ने ‘एआई जर्नी’ सम्मेलन में पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें रूसी राष्ट्रपति के साथ बातचीत करने का अवसर मिला। 

मुलाकात के बाद अजू ने पुतिन से सेल्फी लेने का अनुरोध किया, जिसे रूस के राष्ट्रपति ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। अजू ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”अभी भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहा हूं। एक छोटे बच्चे के रूप में मनोरंजन के लिए वीडियो बनाने से लेकर 17 साल की उम्र में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात तक, जिंदगी ने मुझे ऐसे अवसर दिए हैं, जिनके बारे में मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था।” ‘भारत के एआई किड’ के नाम से मशहूर अजू ने कहा कि उन्हें ”अभी बहुत कुछ सीखना है और बहुत कुछ करना है।” उन्होंने अपनी इस यात्रा का हिस्सा रहे सभी लोगों के प्रति आभार भी जताया। उनकी परियोजनाओं में थिंकक्राफ्ट (एआई आधारित शिक्षण मंच), रेस्क्यू एआई, जस्टईज, न्यायसाथी और प्रोजेक्ट 47एक्स शामिल हैं। प्रोजेक्ट 47एक्स का उद्देश्य कानूनी जानकारी को सरल बनाना है। 

भारत में रूसी दूतावास ने कहा कि राहुल जॉन अजू उन युवा एआई प्रतिभाओं में शामिल थे, जिन्होंने रूस और कजाकिस्तान के राष्ट्रपतियों से मुलाकात की। दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ”रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के दौरान थिंकक्राफ्ट मंच बनाने वाले भारतीय स्कूली छात्र राहुल जॉन अजू ने रूसी राष्ट्रपति के साथ सेल्फी ली।” ‘एआई जर्नी’ सम्मेलन 26 से 28 नवंबर, 2026 तक मॉस्को में आयोजित किया जाएगा। इसमें इस बात पर चर्चा की गई कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) समाज, कारोबार और विज्ञान को किस तरह प्रभावित कर रही है। 

Continue Reading

देश

Gold Price: 25 दिन में रू.17,000 टूटा सोने का भाव, जनवरी के रिकॉर्ड हाई से रू.55000 सस्ता हुआ गोल्ड

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। सोने की कीमतों में नवंबर में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर नवंबर के 25 दिनों में सोना करीब 17000 रुपए सस्ता हुआ यानी इसमें 12 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। वहीं यह इस साल जनवरी के अपने ऑल टाइम हाई के मुकाबले 31 फीसदी की गिरावट के साथ करीब 55000 रुपए लुढ़क गया है। 

नवंबर में 12% से ज्यादा टूटा सोना

30 अक्टूबर को सोने का भाव 1,38,485 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो आज 26 नवंबर को 1,21,478 रुपए तक गिर गया था। 1 नवंबर को संडे था। ऐसे में 2 नवंबर से यानी महज 25 दिनों में सोना करीब 17,000 रुपए गिर गया। इस हिसाब से सोने में नवंबर में अभी तक 12 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। 25 नवंबर को सोने का भाव 1.20 लाख रुपए से नीचे तक चला गया था।
 
हालांकि आज शुक्रवार को दोनों की कीमतों में बड़ी तेजी दर्ज की जा रही है। खबर लिखे जानें के समय सोना 2973 रुपए की बढ़त के साथ 1,25,245 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 8339 रुपए उछलकर 1,54,182 रुपए प्रति किलोग्राम पर थी।

Continue Reading

देश

सेबी अल्पांश शेयरधारकों के अधिकारों को गंभीरता से लेता है: चेयरमैन

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि बाजार नियामक अल्पांश शेयरधारकों के हितों को बेहद गंभीरता से लेता है और कंपनी संचालन से जुड़ी चिंताओं को उजागर करने में प्रॉक्सी सलाहकार फर्मों की भूमिका का समर्थन करता है। पांडेय ने कहा कि निवेशकों की सुरक्षा सेबी की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। 

टाटा स्टील और एपीएल अपोलो ट्यूब्स के प्रस्तावित सौदे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रॉक्सी सलाहकार फर्मों को अल्पांश शेयरधारकों से जुड़े मुद्दों को उठाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी चिंताओं पर सार्वजनिक चर्चा और मीडिया की पड़ताल स्वागत योग्य है। पांडेय ने कहा, ”अल्पांश शेयरधारकों का हित हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। प्रॉक्सी सलाहकारों को मुद्दों को सामने लाने का पूरा अधिकार है। वे अल्पांश शेयरधारकों का प्रतिनिधित्व करते हैं और जब वे ऐसी चिंताएं उठाते हैं तो हम उनका समर्थन करते हैं। निवेशकों की सुरक्षा हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।” 

उनकी यह टिप्पणी सौदे की संरचना, मूल्यांकन और एपीएल अपोलो के अल्पांश शेयरधारकों के हितों की सुरक्षा को लेकर प्रॉक्सी सलाहकार फर्मों द्वारा उठाई गई चिंताओं के बीच आई है। टाटा स्टील ने सोमवार को कहा था कि उसने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में प्रवर्तकों की समूची 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपए में अधिग्रहीत करने के लिए एक समझौता किया है और कंपनी में 16,756 करोड़ रुपए की खुली पेशकश के जरिये 26 प्रतिशत और हिस्सेदारी खरीदने की योजना बनाई है। 

Continue Reading

देश

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरा होने के करीब: गोयल

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है और समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तथा रूपरेखा अब आकार ले रही है। गोयल ने ‘इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026’ को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए कहा, ”अमेरिका के साथ व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है। वह प्रक्रिया और मार्ग, जिसकी वजह से समझौते को अंतिम रूप देने में हमेशा रुकावट आती थी, उसमें अब कुछ बात बन रही है।” 

उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की ताजा रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया गया है। इस रिपोर्ट में यह प्रावधान भी रखा गया है कि यदि दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमत हो जाते हैं, तो इस शुल्क को 17 प्रतिशत तक सीमित कर दिया जाएगा, जिससे भारत को एशियाई प्रतिस्पर्धियों पर मामूली बढ़त मिलेगी। 

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677