Connect with us

कोरबा

संभाग स्तरीय रोजगार मेला 04 दिसंबर को

Published

on

कोरबा 27 नवंबर 2026। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के द्वारा 04 दिसंबर को संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा में प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 03ः00 बजे तक किया जा रहा है जिसमें 19 नियोजकों द्वारा विभिन्न्ा पदों पर भर्ती की जाएगी।
रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है – सेफ्टी ऑफिसर, सुपरवाईजर, हेल्पर, ड्राईवर, सर्विस इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल), सेल्स एक्जक्यूटिव, सेविंग मशीन ऑपरेटर, कस्टमर सर्विस रिप्रेजेन्टटिव, वेल्डर, सी.एन.सी. टर्निंग मशीन ऑपरेटर, कटर मशीन ऑपरेटर, फिटर, कांउसलर, टेलीकॉलर, ह्यूमन रिसोर्स प्लेसमेंट मैनेजर, एक्सपेंषन मैनेजर, ऑफिस अटेंडेंट महिला, फस्टएड ट्रेनर, सिक्योरिटी गार्ड, एच.आर.एक्जक्यूटिव, केयर टेकर/असिस्टेंट नर्स, बेबी सिटर, मार्केटिंग एक्जक्यूटिव, इलक्ट्रिक मीटर टेक्निशियन, एग्रीकल्चर ऑफिसर (एरिया सेल्स ऑफिसर), सेल्स ऑफिसर, डिवाटरिंग ऑपरेटर, रिसेप्शनिष्ट, स्टोर मैनेजर (स्टोर इंचार्ज), एकाउंटेंट, विडियो एडिटर, सर्विस सुपरवाईजर, सेल्स रिप्रेजेन्टेटिव, ट्रेनी डेल्फि टी.वी.एस., एसोसियेट स्टेंलटिस, फिल्ड ऑफिसर, होटड मैनेजर, सोलर पी.वी. इंस्टॉलर, बीमा सखी, रूरल कैरियर एजेंट, सीटी कैरियर एजेंट, रिलेशनशिप मैनेजर हेतु कुल पद – 1355, योग्यता – 8वी, 10वीं, 12वी, स्नातक, स्नातकोत्तर, आई.टी.आई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, बी.एस.सी एग्रीकल्चर/नर्सिंग एम.बीए ए.एन.एम./जी.एन.एम. आयुसीमा- 18-45 वर्ष तक एवं वेतनमान रूपये – 8,000 से 40,000 तक नियोजक द्वारा निर्धारित किया गया है। रोजगार मेला में महिला अभ्यर्थियां भी सम्मिलित हो सकती हैं।
रोजगार मेला में सम्मिलित होने के लिए वेबसाईट www.erojgar.cg.gov.in/ Chhattisgarh Rojgar App    आवेदक/आवेदिकाओं का रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। साथ ही उक्त रोजगार मेला हेतु इच्छुक रिक्त पदों में ऑनलाईन अप्लाई किया जाना आवश्यक है। जिन आवेदकों/ आवेदिकाओं ने रोजगार पंजीयन नहीं किया है वे वेबसाईट www.erojgar.cg.gov.in में अपना रोजगार पंजीयन करवा सकते हैं। रोजगार मेला में सम्मिलित होने हेतु अपना समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र और रोजगार पंजीयन, अनुभव प्रमाण पत्र इत्यादि दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल में उपस्थित हो सकते हैं। संभाग स्तरीय रोजगार मेला की जानकारी www.erojgar.cg.gov.in/  Chhattisgar Rojgar App     हैं में देख सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कोरबा का दूरभाष नं.- 07759-222069 में संपर्क किया जा सकता है।

Continue Reading

कोरबा

परसाभाठा के रहवासी सड़क चौड़ीकरण के विरोधी नहीं, लेकिन घर-दुकान उजाड़ना स्वीकार नहीं , जयसिंह अग्रवाल को सौंपा ज्ञापन

Published

on

बालकोनगर। परसाभाठा मुख्य मार्ग के प्रस्तावित फोरलेन चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय रहवासियों एवं व्यवसायियों ने अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए वार्ड पार्षद बद्रीकिरण के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में प्रभावित परिवारों के स्त्री-पुरुष पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुँच कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे सड़क के विकास अथवा यातायात व्यवस्था में सुधार के विरोधी नहीं हैं, लेकिन सड़क चौड़ीकरण के नाम पर वर्षों से बसे उनके मकानों एवं आजीविका का आधार बनी दुकानों को तोड़कर उन्हें बेघर और बेरोजगार करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।


ज्ञापन सौंपने पहुंचे नागरिकों ने बताया कि परसाभाठा मुख्य मार्ग के दोनों ओर अनेक परिवार पिछले 50-60 वर्षों से निवासरत हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे छोटे व्यवसायियों की है, जिनकी आजीविका वर्षों से इन्हीं दुकानों पर निर्भर है। ऐसे में प्रस्तावित फोरलेन निर्माण के कारण उनके सामने आवास और रोजगार दोनों छिन जाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में परसाभाठा मुख्य मार्ग की चौड़ाई लगभग 15 मीटर है। बजरंग चौक से रिस्दी रोड स्थित टाटा मोटर्स तक के मार्ग का समुचित रखरखाव, आवश्यक मरम्मत, यातायात प्रबंधन एवं उपलब्ध सड़क का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करके भी यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुगम बनाया जा सकता है। इसके लिए वर्षों से बसे परिवारों के मकानों एवं दुकानों को तोड़ना कोई अनिवार्य अथवा एकमात्र विकल्प नहीं हो सकता।
नागरिकों ने इस बात पर भी गहरी नाराजगी जताई कि सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के तहत मकानों एवं दुकानों को प्रभावित कर मुआवजा देने की बात समस्या का समाधान नहीं है। उनका स्पष्ट कहना है कि उन्हें अपने पुश्तैनी आवास और वर्षों की मेहनत से खड़े किए गए व्यवसायों के बदले मुआवजा नहीं, बल्कि अपने घरों और दुकानों को सुरक्षित रखने का अधिकार चाहिए। कोई भी आर्थिक मुआवजा उनके वर्षों पुराने सामाजिक, पारिवारिक और व्यावसायिक जीवन की भरपाई नहीं कर सकता।
ज्ञापन में बालको प्रबंधन द्वारा वर्ष 2012-13 में बंद किए गए परसाभाठा से अमर सिंह होटल तक के पुराने सार्वजनिक मार्ग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नागरिकों का मानना है कि उक्त मार्ग को पुनः आम जनता के लिए खोलने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाए, ताकि वर्तमान मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने के लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जा सके।
जयसिंह अग्रवाल को ज्ञापन सौंपते हुए स्थानीय नागरिकों ने आग्रह किया कि वे इस जनहित के मुद्दे को शासन एवं जिला प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएं और प्रभावित परिवारों के आवास एवं रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने में पहल करें।
इस पर स्थानीय नागरिकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए श्री जयसिंह अग्रवाल ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उन्हें आशवसत किया कि उनके हितों की रक्षा के लिए वे उनके साथ खड़े हैं।
नागरिकों ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ अथवा विस्थापन की कार्रवाई करने के बजाय पहले स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित किया जाए और सड़क की वर्तमान चौड़ाई एवं उपलब्ध वैकल्पिक व्यवस्थाओं का तकनीकी परीक्षण कराया जाए।
स्थानीय रहवासियों का दो टूक संदेश है कि उन्हें विकास चाहिए, लेकिन अपने घर और रोजगार की कीमत पर नहीं। सड़क बेहतर बनाइए, यातायात सुगम कीजिए, लेकिन वर्षों से बसे परिवारों को उजाड़कर विकास की परिभाषा तय मत कीजिए।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल मुख्यालय में मनाया गया संविधान दिवस

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के बिलासपुर स्थित मुख्यालय में आज, 26 नवंबर 2026 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के समक्ष संविधान दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास द्वारा संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने दोहराया तथा संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास एवं निदेशक (तकनीकी) योजना एवं परियोजना नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में तथा संवैधानिक मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जाता है।

Continue Reading

कोरबा

अमृत सरोवर के परिसर में मनाया गया संविधान दिवस

Published

on

उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर ग्रामीणों ने लिया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प

पौधरोपण एवं श्रमदान के माध्यम से दिया पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक श्रमदान से सरोवर परिसर की साफ-सफाई, पौधरोपण तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

इसी कड़ी में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की ग्राम पंचायत तानाखार स्थित अमृत सरोवर परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में संविधान दिवस मनाया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं पंचायत कर्मियों ने संवैधानिक आदर्शों के पालन और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा अमृत सरोवर के तट पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी, सीईओ जनपद पंचायत खगेश निर्मलकर, सरपंच, पंच, विद्यार्थी, ग्राम रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677