नई दिल्ली, एजेंसी। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। इससे पहले सरकार ने परिसीमन विधेयक के तहत लोकसभा की सीटें 50% बढ़ाने का फॉर्मूला तैयार किया है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी।
इसके तहत लोकसभा में हर राज्य की मौजूदा सीटों में 50% की समान बढ़ोतरी की जाएगी और राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाएगा।
इससे दक्षिणी राज्यों की यह चिंता दूर हो सकती है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें बढ़ जाएंगी और दक्षिणी राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व घट जाएगा।
सरकार ने 2 तिहाई बहुमत जुटाने की कवायद भी शुरू कर दी है। NCP (SP) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने बताया कि पार्टी बिल का समर्थन करेगी। इसके अलावा सरकार को DMK-YSRCP से सशर्त समर्थन मिलने की उम्मीद है।
शाह पहले भी 50% बढ़ाने का प्रस्ताव रख चुके
अप्रैल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सभी राज्यों की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन यह आश्वासन विधेयक में शामिल नहीं था।
उस समय संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में 298 वोट मिले थे, जबकि दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। सरकार को 54 वोट कम मिले थे। अब सरकार विधेयक में इस फॉर्मूले को लिखित रूप में देने को तैयार है।
इस विधेयक के पास होने के बाद लोकसभा में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 815 हो सकती है। यानी मौजूदा संख्या में 272 सीटों का इजाफा होगा। 815 सदस्यों वाली लोकसभा में एक-तिहाई यानी 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
अब सरकार का नंबर गेम समझिए
लोकसभा- NDA को 40 सांसदों की कमी, DMK-NCP और YSRCP से समर्थन की उम्मीद
परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। यानी, 540 सदस्यों वाली लोकसभा में सभी सांसदों के मतदान करने पर 360 वोट जरूरी होंगे। अभी NDA के पास करीब 320 सांसद हैं। ऐसे में सरकार को 40 सांसदों के समर्थन की और जरूरत है।
सरकार को इस कमी को पूरा करने के लिए NCP (शरदचंद्र पवार) का समर्थन मिल चुका है। पार्टी के 8 सांसद हैं। इसके अलावा DMK के 22, YSR कांग्रेस के 4 सांसद हैं। सरकार इन दोनों दलों से समर्थन की कवायद में जुटी है। अगर दोनों दल विधेयक के समर्थन में वोट करते हैं, तो NDA के पक्ष में 354 वोट हो सकते हैं।
इसके अलावा सरकार UPPL-ZPM के 1-1 सांसदों का समर्थन भी जुटाने की तैयारी कर रही है। बाकि बचे 4 वोट विपक्ष की पार्टियों से क्रॉस वोटिंग हो सकती है। RJD सांसद सुरेंद्र यादव बिल का समर्थन करने की बात कर रहे हैं।
राज्यसभा- NDA को 11 सांसदों की कमी, DMK-NCP(SP) और YSRCP के समर्थन से बहुमत
राज्यसभा में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए NDA को 161 सांसदों के समर्थन की जरूरत है। सरकार के पास फिलहाल 151 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है।
ऐसे में 11 अतिरिक्त वोट जुटाने होंगे। DMK के 8, YSRCP के 4 और NCP(SP) के 1 सांसद का समर्थन मिलने पर सरकार के पक्ष में 164 वोट हो सकते हैं। यानी जरूरी संख्या से 3 वोट ज्यादा। हालांकि, इन दलों का समर्थन अभी सशर्त या संभावित है।
अब सरकार क्यों ला रही बिल, विपक्ष की क्या आशंका है
भाजपा उत्तर भारत में मजबूत, यहां सबसे ज्यादा 104 सीटें बढ़ेंगी
सरकार परिसीमन विधेयक 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले सीटों का विस्तार कर महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करने के लिए ला रही है। हालांकि, इसके पीछे राजनीतिक गणित भी अहम है। प्रस्तावित फॉर्मूले के तहत लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 815 करने और सभी राज्यों में मौजूदा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने की बात है।
इस फॉर्मूले के लागू होने पर हिंदी भाषी उत्तर भारतीय राज्यों की सीटें 207 से बढ़कर 311 हो जाएंगी। यानी यहां 104 सीटें बढ़ेंगी। वहीं, दक्षिण भारतीय राज्यों की सीटें 132 से बढ़कर 198 हो जाएंगी। इस तरह हिंदी भाषी राज्यों को दक्षिण भारत के मुकाबले 38 अतिरिक्त सीटें मिलेंगी। इसका संभावित राजनीतिक फायदा भाजपा को मिल सकता है, क्योंकि हिंदी भाषी राज्यों में पार्टी का चुनावी प्रदर्शन मजबूत रहा है।
2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 303 सीटें जीती थीं। इनमें से 168 सीटें हिंदी भाषी राज्यों से आई थीं। वहीं, 2024 के चुनाव में पार्टी को मिली 240 सीटों में से 118 इसी क्षेत्र से थीं। ऐसे में अगर सीटों में 50% बढ़ोतरी के बाद भी भाजपा इन राज्यों में अपना पिछला चुनावी प्रदर्शन दोहराती है, तो उसकी सीटों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
विपक्ष को परिसीमन और गड़बड़ी की आशंका
कांग्रेस समेत विपक्षी दल महिला आरक्षण का समर्थन करते हैं, लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया और सरकार की मंशा पर सवाल उठा रहे हैं। राहुल गांधी ने अप्रैल में कहा था कि यह संविधान संशोधन परिसीमन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव के जरिए सत्ता पर कब्जा करने की कोशिश है। सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी कहा था कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण का पूरा समर्थन करती है, लेकिन सरकार की वास्तविक मंशा पर सवाल हैं। कांग्रेस नेता शशि जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा था कि परिसीमन का आधार केवल जनसंख्या नहीं होना चाहिए और दक्षिणी, पूर्वोत्तर तथा छोटे राज्यों से बातचीत की जानी चाहिए।
विपक्ष की चार प्रमुख मांगें हैं:
लोकसभा की सदस्य संख्या 543 ही रखी जाए।
हर राज्य की मौजूदा सीटों की संख्या बरकरार रहे।
मौजूदा 543 सीटों में से 182 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हों।
संविधान संशोधन के जरिए इस व्यवस्था को अगले 25 साल तक लागू रखा जाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्ष ने संकेत दिया था कि सरकार इन शर्तों को मान ले तो वह विधेयकों का समर्थन कर सकता है। हालांकि, ऐसा करने पर सरकार को लोकसभा के विस्तार और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की अपनी योजना छोड़नी पड़ सकती है।
मुंबई, एजेंसी। रोहित शर्मा 3 साल बाद एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बन गए हैं। वे हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया।
39 साल के रोहित 2013 से 2023 तक लगातार 11 सीजन टीम के कप्तान रहे। उनकी कप्तानी में मुंबई ने 5 IPL खिताब और 2013 में चैंपियंस लीग टी-20 की ट्रॉफी जीती थी।
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई पिछले 3 सीजन में सिर्फ एक बार प्लेऑफ में पहुंच सकी थी। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स भेज दिया और बदले में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को शामिल किया।
रोहित को ही दोबारा कप्तानी क्यों?
IPL 2027 से पहले मुंबई के पास कप्तानी के लिए सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे विकल्प थे। कई रिपोर्ट्स में तिलक को कप्तानी दी जाने की बात कही गई थी।
रोहित ने खुद भी कप्तानी के लिए तिलक का नाम सुझाया था, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उनसे दोबारा जिम्मेदारी संभालने की रिक्वेस्ट की। कई दौर की बातचीत के बाद रोहित इसके लिए तैयार हो गए।
रोहित 2011 से मुंबई का हिस्सा हैं। उनकी एक खासियत मैच की स्थिति को समझकर सही समय पर फैसले लेना भी रही है। मुंबई के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी रोहित की इसी क्वालिटी को सराहा था।
इसके अलावा, रोहित की फैन फॉलोइंग भी मुंबई के लिए अहम है। 2024 में हार्दिक को कप्तान बनाए जाने पर वानखेड़े में दर्शकों ने उनकी हूटिंग की थी।
2013 में पहली बार कप्तानी मिली, उसी सीजन चैंपियन बनाया
रोहित को IPL 2013 के बीच में मुंबई की कप्तानी मिली थी। उस सीजन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग टीम की कमान संभाल रहे थे। पोंटिंग को मुंबई ने 2013 की नीलामी में खरीदा था और उन्हें कप्तान बनाया था।
शुरुआती 6 मैचों में मुंबई को तीन जीत मिली थीं। पोंटिंग का बल्ला भी नहीं चल रहा था। इसके बाद उन्होंने खुद को प्लेइंग-11 से बाहर रखा और कप्तानी छोड़ दी। उस समय टीम में सचिन तेंदुलकर और हरभजन सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद थे, लेकिन मैनेजमेंट ने रोहित को जिम्मेदारी सौंपी।
रोहित ने 24 अप्रैल 2013 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहली बार मुंबई की कप्तानी की। टीम ने वह मैच पांच विकेट से जीता। इसके बाद मुंबई ने उसी सीजन अपना पहला IPL खिताब भी जीत लिया।
रोहित की कप्तानी में मुंबई ने 2020 में आखिरी IPL ट्रॉफी दुबई में जीती थी।
IPL में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर
रोहित IPL में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने 281 मैचों में 7,329 रन बनाए हैं। रोहित के नाम 2 शतक और 49 अर्धशतक हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली 9,336 रन के साथ पहले और शिखर धवन 6,769 रन के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई 39 में से 15 मैच जीत सकी
हार्दिक पंड्या 27 नवंबर 2023 को गुजरात टाइटंस से ट्रेड होकर मुंबई इंडियंस में आए थे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2024 सीजन से पहले टीम का कप्तान बनाया।
इससे पहले हार्दिक की कप्तानी में गुजरात ने 2022 में अपने पहले ही सीजन में IPL खिताब जीता था और 2023 में फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि, मुंबई में उनका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा।
हार्दिक की कप्तानी में टीम ने 3 सीजन में कुल 39 मैच खेले, जिनमें 15 जीते और 24 हारे। इस दौरान मुंबई 2024 में पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर रही, 2025 में प्लेऑफ तक पहुंची और 2026 में 9वें स्थान पर रही।
मुंबई ने कोचिंग स्टाफ बदला, पोलार्ड हेड कोच बने
IPL 2027 ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने पूरे कोचिंग स्टाफ बदल दिए। महेला जयवर्धने की जगह वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर किरोन पोलार्ड हेड कोच बने। वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर रोबिन उथप्पा मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच बनाया गया।
इनके अलावा न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनाघन को बॉलिंग कोच, टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच बनाया गया है।
पोलार्ड ने 2022 में अपना आखिरी IPL मैच खेला था। उन्होंने सिर्फ मुंबई के लिए IPL खेला। उन्होंने 189 मैचों में 3,412 रन बनाए।
मुंबई के पास 9 स्लॉट और 32.60 करोड़ रुपए
मुंबई ने IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले 16 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इनमें रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और मिचेल सैंटनर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
फ्रेंचाइजी के पास ऑक्शन में भरने के लिए 9 स्लॉट बाकी हैं। टीम के पर्स में 32.60 करोड़ रुपए बचे हैं।
नई दिल्ली, एजेंसी। लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी। यानी 272 सीटें बढ़ेंगी। बढ़ाई गई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी।
सरकार इसे 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से बिल पर बहस में हिस्सा लेने की अपील की है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार बिल पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटा रही है।
16 अप्रैल को संसद में जो बिल पास नहीं हो सका था। उसमें जनसंख्या आधारित परिसीमन के जरिए सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना थी, जिससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बदलने की आशंका थी।
अब नए बिल में सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में 50% बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात बनाए रखने की योजना है। यानी नए प्रस्ताव का मुख्य बदलाव यह है कि लोकसभा में सीटें तो बढ़ेंगी, लेकिन किसी राज्य की दूसरे राज्य के मुकाबले मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी कम नहीं होगी।
अप्रैल में 54 वोट से बिल गिर गया था
मोदी सरकार ने 16 से 18 अप्रैल 2026 को संसद का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल पेश किए थे। तर्क दिया कि 2029 चुनाव तक महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए इन्हें पारित होना जरूरी है।
विधेयक के पक्ष में 298 सांसदों ने वोट दिया। इसके विरोध में 230 सांसदों ने वोट दिया। वोटिंग के दौरान सदन में कुल 528 सांसद मौजूद थे।
संविधान संशोधन पारित कराने के लिए मौजूद और वोट करने वाले सांसदों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी। इस हिसाब से विधेयक को कम से कम 352 वोट चाहिए थे। विधेयक को 298 वोट ही मिले, यानी यह 54 वोट से पास नहीं हो सका।
लोकसभा में 40, राज्यसभा में 11 सांसदों की जरूरत
लोकसभा में NDA के साथ 320 सांसद हैं। फिलहाल 3 लोकसभा सीटें खाली हैं। यानी लोकसभा में अधिकतम 540 सांसद बिल पर वोटिंग करेंगे। इस हिसाब से लोकसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 360 के आंकड़े से NDA अभी 40 वोट पीछे हैं।
राज्यसभा में NDA के साथ 151 सांसद हैं। राज्यसभा में 243 सांसद वोट करेंगे। इस हिसाब से राज्यसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 162 के आंकड़े से NDA अभी 11 वोट पीछे हैं।
पहली स्थिति- सभी 540 सांसद वोटिंग करें तो सरकार को तीन पार्टियों (DMK, NCP-SP और YSRCP) का समर्थन चाहिए। साथ ही क्रॉस वोटिंग की भी जरूरत पड़ेगी।
दूसरी स्थिति- यूपी चुनाव को देखते सपा वोटिंग से बच सकती है। क्योंकि बिल के खिलाफ वोट करने पर आगामी चुनाव में भाजपा इसको मुद्दा बना लेगी। सपा के अनुपस्थित रहने से केंद्र सरकार की राह आसान हो जाएगी।