Connect with us

कोरबा

पावर-प्लांट से कॉपर केबल चोरी करते आरोपी पकड़ाया:बाउंड्रीवॉल के पास बैग में छिपाई थी 30 मीटर केबल, कीमत 30 हजार, कोर्ट ने जेल भेजा

Published

on

कोरबा। कोरबा में अडानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को उरगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अडानी पावर प्लांट के सिक्योरिटी ऑफिसर नंद किशोर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6 बजे अजीत टंडन प्लांट परिसर से कॉपर केबल चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसे मौके पर पकड़ लिया गया।

शिकायत के बाद शुरू की जांच

शिकायत के बाद उरगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ में आरोपी अजीत कुमार टंडन (40) ने चोरी की बात बताई। उसकी निशानदेही पर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखे एक काले बैग से करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की गई।

आरोपी अजीत कुमार टंडन उरगा के भैंसमा रोड रेलवे क्रॉसिंग का रहने वाला है। पुलिस ने गिरफ्तारी की जानकारी उसके परिजनों को दी। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कुछ दिन पहले बालको पावर प्लांट से तांबा चोरी कर ले जा रहे दो लोगों को बालको थाना पुलिस ने पकड़ा था। कोरबा पुलिस ने नागरिकों और औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में रेलवे साइडिंग से चोरी ट्रैक्टर पेंड्रा से मिला:अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, CCTV और मुखबिर की सूचना से पुलिस को सुराग मिला

Published

on

कोरबा। कोरबा में कटघोरा पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 14 लाख रुपए कीमत का ट्रैक्टर बरामद किया है। यह ट्रैक्टर बिंझरा रेलवे साइडिंग से चोरी हुआ था, जिसे पुलिस ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गिरारी से बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के अनूपपुर के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है।

खराब होने पर रेलवे साइट पर खड़ा किया था ट्रैक्टर

पुलिस के मुताबिक, दीपका के उर्जानगर के आयुष कुमार ने 24 नवंबर 2026 को कटघोरा थाने में ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी कंपनी सासा इंटरप्राइजेस के नाम पर रजिस्टर्ड जॉन डियर 5210 ट्रैक्टर (CG 12 BR 9376) तिवेंचा कंपनी की रेलवे लाइन निर्माण साइट पर काम में लगा था।

4 नवंबर को ट्रैक्टर खराब हो गया था। इसके बाद उसे निर्माणाधीन बिंझरा रेलवे स्टेशन के ब्रिज नंबर 26 के पास खड़ा कर दिया गया। ड्राइवर और कर्मचारी छुट्टी पर चले गए थे। 22 नवंबर को जब वे काम पर लौटे तो ट्रैक्टर वहां नहीं मिला।

बिना चाबी के स्टार्ट कर ले गया ट्रैक्टर

मामले की जांच के लिए पुलिस ने टीम बनाई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि रेलवे साइडिंग में काम करने वाली शिवा कृति कंपनी में ट्रैक्टर चलाने वाले रमेश केंवट को कुछ दिन पहले जॉन डियर ट्रैक्टर जटगा की ओर ले जाते देखा गया था।

पुलिस ने ग्राम बिंझरा से संदेही रमेश कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने ट्रैक्टर चोरी करना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि उसने बिना चाबी के ट्रैक्टर को सीधे स्टार्ट किया और हल्की मरम्मत करने के बाद वहां से ले गया। इसके बाद उसने ट्रैक्टर को पेंड्रा के पास ग्राम गिरारी बस्ती के भरी टिकरा में छिपा दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया।

मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रमेश कुमार केंवट मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में जब्त नशीले पदार्थ बालको प्लांट में जलाए:74.514 किलो गांजा, हजारों कैप्सूल-टेबलेट, इंजेक्शन और सिरप नष्ट

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में NDPS एक्ट के तहत जब्त किए गए नशीले पदार्थ बालको प्लांट में जलाकर नष्ट किए गए। यह प्रक्रिया 23 तारीख को न्यायालय की अनुमति के बाद हुई।

पुलिस के मुताबिक, नष्ट की गई सामग्री में 74.514 किलोग्राम गांजा, 4,336 कैप्सूल, 2,315 नशीली टेबलेट, 145 इंजेक्शन, 12 सिरिंज और 11,400 एमएल कोडीनयुक्त सिरप शामिल हैं।

ये पदार्थ रजगामार, बालको, कोतवाली, हरदीबाजार, दीपका, बांकीमोंगरा और उरगा समेत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए थे।

नशे की खेप बालको प्लांट में जलाई

नष्ट करने की प्रक्रिया ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में हुई। समिति के अध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, रक्षित निरीक्षक और क्षेत्रीय अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि पहले भी बालको प्लांट में जब्त नशीले पदार्थ नष्ट किए जाते रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा राम गोपाल करियारे ने बताया कि कोरबा पुलिस NDPS एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। गांजा, नशीली टेबलेट, कैप्सूल और सिरप के अवैध परिवहन और बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। जब्त सामग्री को नष्ट करना इसी अभियान का हिस्सा है।

नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से NDPS पदार्थों का निर्माण, परिवहन, बिक्री और सेवन नहीं करने की अपील की है। ऐसा करते पाए जाने पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई है।

Continue Reading

कोरबा

सुशासन सरकार की किसान हितैषी पहल से अन्नदाताओं की मेहनत को मिल रहा उचित प्रतिफल

Published

on

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और उपार्जन केंद्र में बेहतर प्रबंधन, कृषक वीर सिंह अगरिया ने की सराहना

डिजिटल सुविधा ने घटाई भागदौड़, घर बैठे टोकन से सहज हुआ उपज का विक्रय

कोरबा 27 नवंबर 2026। किसानों की मेहनत को सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धान खरीदी की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। समर्थन मूल्य पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, ऑनलाइन टोकन और उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों को धान विक्रय में सहूलियत मिल रही है।
इसका लाभ ग्राम पंडरीपानी निवासी किसान वीर सिंह अगरिया को भी मिला है। उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत दादरखुर्द धान उपार्जन केंद्र में अपना 22.80 क्विंटल मोटा धान विक्रय किया। श्री अगरिया के पास 1 एकड़ 10 डिसमिल कृषि भूमि है, जिसमें वे धान की खेती करते हैं। उन्होंने 24 नवंबर को ऑनलाइन माध्यम से धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किया था। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपार्जन केंद्र पहुंचकर उन्होंने आसानी से अपनी उपज का विक्रय किया।
किसान वीर सिंह अगरिया बताते हैं कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से उन्हें समिति में बार-बार आने-जाने की परेशानी से राहत मिली है। अब घर बैठे ही टोकन प्राप्त होने से समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है। इससे धान विक्रय की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक हो गई है।
समिति में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए श्री अगरिया कहते हैं कि उपार्जन केंद्र में धान खरीदी की व्यवस्था अत्यंत उत्तम है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीदी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। समिति स्तर पर बेहतर प्रबंधन और किसानों को मिल रही सुविधाओं से धान विक्रय में सहूलियत हो रही है। ऐसी व्यवस्थाओं से किसानों का समय बच रहा है और उन्हें बिना अनावश्यक परेशानी के अपनी उपज बेचने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किया जाना किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है। किसान श्री अगरिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसान हितैषी निर्णयों और बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों का विश्वास बढ़ा है। सुगम और सुव्यवस्थित धान खरीदी से किसान खुशहाल हो रहे हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677