Connect with us

छत्तीसगढ़

पावर कंपनियों में भर्ती के आवेदन की तारीख बढ़ी:1501 पदों के लिए 3 दिसंबर तक मौका, अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा आवेदन मिले

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ की तीनों पावर कंपनियों में सरकारी नौकरी पाने के लिए युवाओं के बीच कड़ा मुकाबला है। 1,501 पदों पर भर्ती के लिए अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं।

इनमें सबसे ज्यादा आवेदन डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) के पदों के लिए आए हैं। इसके 609 पदों के लिए करीब 81 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी एक पद के लिए औसतन 133 से ज्यादा दावेदार मैदान में हैं।

डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर आवेदन का आंकड़ा बताता है कि सरकारी नौकरी के लिए युवाओं में कितनी प्रतिस्पर्धा है। तीनों पावर कंपनियों में इस पद के 609 पद खाली हैं, जबकि इनके लिए करीब 81 हजार आवेदन मिले हैं।

इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता समेत कई तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए भी बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है।

38 तरह के पदों पर होनी है भर्ती

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन, ट्रांसमिशन और जनरेशन कंपनी में कुल 1,501 पदों पर भर्ती की जा रही है। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं।

कुल 38 तरह के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती का विस्तृत विज्ञापन पावर कंपनी की वेबसाइट cspc.co.in पर जारी किया गया है।

आवेदन की तारीख 3 दिसंबर तक बढ़ाई

भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख पहले 26 नवंबर थी, जिसे बढ़ाकर अब 3 दिसंबर 2026 कर दिया गया है। अभ्यर्थी रात 11.55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

इसी समय तक आवेदन शुल्क भी जमा किया जा सकेगा। पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

CBT से होगा चयन, DEO को देना होगा टाइपिंग टेस्ट

सभी पदों के लिए कम्प्यूटर आधारित बहुविकल्पीय परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी। इसमें मिले अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार होगी। डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट देना होगा।

वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के लिए भी दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी भर्ती विज्ञापन से लेने को कहा गया है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

BREAKING शराब घोटाला, कारोबारी विकास अग्रवाल UAE से भारत लाया गया:1280 करोड़ की गड़बड़ी में था वांटेड, सिंडिकेट के पैसे ठिकाने लगाने का आरोप

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में वांटेड कारोबारी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय कर 27 नवंबर को उसे भारत लाया।

विकास अग्रवाल पर साल 2019 से 2022 के बीच छत्तीसगढ़ की शराब वितरण व्यवस्था में हुई कथित अनियमितताओं में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। उसे इस सिंडिकेट का केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी ‘खजांची’ बताया गया है।

विकास अग्रवाल पर 1280 करोड़ की गड़बड़ी में 'खजांची' बताया गया है। (फाइल इमेज)

विकास अग्रवाल पर 1280 करोड़ की गड़बड़ी में ‘खजांची’ बताया गया है। (फाइल इमेज)

कमीशन के पैसे जुटाने का करता था काम

CBI के मुताबिक, शराब वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं से राज्य के सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। आरोप है कि विकास अग्रवाल डिस्टिलरीज से कमीशन की रकम जुटाने, उसे सरकारी अधिकारियों और सिंडिकेट के बाकी सदस्यों तक पहुंचाने का काम करता था।

अपराध से अर्जित रकम को छिपाने के लिए विभिन्न कंपनियों और वित्तीय व्यवस्थाओं के जरिए लेन-देन कराने में भी उसकी भूमिका बताई गई है।

इस मामले में नवंबर 2024 में ही अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। इसके बावजूद विकास अग्रवाल फरार था और उसकी तलाश की जा रही थी।

इंटरपोल का रेड नोटिस जारी होने के बाद UAE में पकड़ा गया

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल के माध्यम से विकास अग्रवाल के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया था। इसके बाद UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया।

छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम UAE पहुंची थी। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आरोपी को भारतीय टीम को सौंप दिया गया है।

टीम उसे लेकर 27 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पहुंची। मुंबई की सीबीआई कोर्ट में पेश करने के बाद प्रोडक्शन वारंट पर जल्द उसे छत्तीसगढ़ लाया जाएगा।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

PHE विभाग में 43 अधिकारियों का तबादला:अंबिकापुर-रायपुर और दुर्ग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर भी बदले गए, किसे कहां मिली नई जिम्मेदारी

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHED) में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य शासन ने विभाग के 43 अधिकारियों का तबादला करते हुए नई पदस्थापना आदेश जारी किया हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, अधीक्षण अभियंताओं से लेकर कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उप अभियंता स्तर के अधिकारियों को बदला गया है।

कई अधिकारियों को अलग-अलग संभागों और परियोजना खंडों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुछ सहायक अभियंताओं को प्रभारी कार्यपालन अभियंता बनाया गया है।

इन अधिकारियों का हुआ तबादला

आदेश के मुताबिक, अधीक्षण अभियंता प्रमोद सिंह कतलम को अंबिकापुर मंडल से रायपुर मंडल भेजा गया है। वहीं बीएन भोयर को प्रमुख अभियंता कार्यालय से अंबिकापुर मंडल और एसएन पांडेय को प्रमुख अभियंता कार्यालय से दुर्ग मंडल में पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा कार्यपालन अभियंता स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। जगदलपुर, कोरबा, रायपुर, जशपुर, महासमुंद, कबीरधाम, दुर्ग और अन्य खंडों में अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। जल जीवन मिशन से जुड़े कामकाज के लिए भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है।

दिखिए ट्रांसफर लिस्ट

Continue Reading

कोरबा

अमृत सरोवर के परिसर में मनाया गया संविधान दिवस

Published

on

उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर ग्रामीणों ने लिया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प

पौधरोपण एवं श्रमदान के माध्यम से दिया पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक श्रमदान से सरोवर परिसर की साफ-सफाई, पौधरोपण तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

इसी कड़ी में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की ग्राम पंचायत तानाखार स्थित अमृत सरोवर परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में संविधान दिवस मनाया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं पंचायत कर्मियों ने संवैधानिक आदर्शों के पालन और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा अमृत सरोवर के तट पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी, सीईओ जनपद पंचायत खगेश निर्मलकर, सरपंच, पंच, विद्यार्थी, ग्राम रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677