Connect with us

कोरबा

फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल – नशामुक्त युवा भारत का संदेश लेकर साइकिल पर निकले कोरबा के युवा

Published

on

फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 100वें संस्करण में 300 से अधिक युवाओं ने निभाई भागीदारी

नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने और नशामुक्त कोरबा बनाने का लिया संकल्प

कोरबा, 29 नवंबर 2026। युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज घंटाघर परिसर में फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 100वें संस्करण का आयोजन किया गया। ‘नशामुक्त युवा भारत’ की थीम पर जिला प्रशासन द्वारा नगर पालिक निगम कोरबा एवं माय भारत के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने साइकिल रैली के माध्यम से आम नागरिकों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन जीने का संदेश दिया तथा कोरबा जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और नशे की ओर बढ़ते उनके कदमों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान समय में नशे की गिरफ्त में आ रहे युवाओं को सही दिशा दिखाना हम सभी का सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत, नशामुक्त छत्तीसगढ़ और नशामुक्त कोरबा की संकल्पना को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। युवा देश की शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र एवं समाज के विकास में हो, इसके लिए उन्हें खेलकूद, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कोरबा को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। नशामुक्ति केवल प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि एक सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। विभिन्न कारणों से नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को इससे बाहर निकालकर जीवन की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि नशामुक्त जीवन से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है। फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल जैसे आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति को लेकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं युवाओं ने हस्ताक्षर कर नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 100वें संस्करण में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में साइकिल लेकर पहुंचे युवाओं ने फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। यह आयोजन महज एक साइकिल रैली नहीं, बल्कि स्वस्थ युवा, स्वस्थ समाज और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास का प्रतीक बना।

इस अवसर पर पार्षद पंकज देवांगन, हितानंद अग्रवाल, राकेश वर्मा, प्रताप सिंह कंवर, रामकुमार साहू, नगर पालिक निगम के अपर आयुक्त पवन वर्मा, माय भारत की सुश्री ईशा गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

सरपंच पर रेत परिवहन पर अवैध वसूली का आरोप:RTI का आवेदन फाड़ा, लोगों से गाली-गलौज और धक्कामुक्की का वीडियो वायरल

Published

on

कोरबा। कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैसामुड़ा में सरपंच और ग्रामीणों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सरपंच ग्रामीणों से गाली-गलौज और धक्कामुक्की करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पुराना यह वीडियो उस समय का है, जब कुछ ग्रामीण सूचना के अधिकार के तहत गांव में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा लेने सरपंच के पास पहुंचे थे।

इसी दौरान कहासुनी विवाद में बदल गई। ग्रामीणों ने सरपंच और उनके भाई पर आवेदन फाड़कर फेंकने, दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। विवाद के पीछे हसदेव नदी से हो रहे कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

रेत परिवहन के नाम पर 200 रुपए वसूली का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि भैसामुड़ा में हसदेव नदी से दिनदहाड़े रेत निकाली जा रही है। नदी में ट्रैक्टरों की कतार लगाकर रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रेत ले जाने वाले प्रत्येक ट्रैक्टर से सरपंच 200 रुपए लेते हैं। पैसे नहीं देने पर ट्रैक्टर रोक दिया जाता है।

स्थानीय ग्रामीण और ट्रैक्टर मालिक अशोक ने दावा किया कि रेत परिवहन के लिए उसे प्रति ट्रैक्टर 200 रुपए देने पड़ते हैं। उसके पास दो ट्रैक्टर हैं और वह अब तक 2 लाख रुपए से अधिक दे चुका है। उसका आरोप है कि पैसे नहीं देने पर गाड़ी रोक दी जाती है। इस बयान के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि कथित वसूली का यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है।

कुदरमाल और तरदा में भी अवैध उत्खनन का आरोप

ग्रामीणों के मुताबिक, भैसामुड़ा के अलावा उरगा क्षेत्र के कुदुरमाल, तरदा सहित अन्य स्थानों पर भी हसदेव नदी से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए दिनदहाड़े रेत निकालकर बेचे जाने का आरोप है।

ग्रामीणों ने शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर और खनिज विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की है।

सरपंच बोले- आपसी लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद

वहीं, सरपंच आनंद बिंझवार ने ग्रामीणों के सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो आपसी लेनदेन को लेकर हुए विवाद का है। उन्होंने किसी भी तरह के पैसे की मांग करने या लेने से इनकार किया है।

Continue Reading

कोरबा

जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें योजनाएं -कलेक्टर

Published

on

कलेक्टर ने की लगभग 164 शेष योजनाओं की ग्रामवार समीक्षा, इंजीनियरों-ठेकेदारों से की वन-टू-वन चर्चा

पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

दूरस्थ एवं आदिवासी बहुल गांवों के प्रत्येक परिवार तक नल से जल पहुंचाना सुनिश्चित करें
कोरबा, 29 नवंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने भारत सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए हर घर जल योजना के शेष कार्यों में तेजी लाने तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के सभी विकासखंडों में लगभग 164 शेष योजनाओं के कार्यों की ग्रामवार समीक्षा करते हुए संबंधित इंजीनियरों- ठेकेदारों से वन-टू-वन चर्चा की तथा कार्यों की वर्तमान प्रगति और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री दुदावत ने ठेकेदारों को आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आगामी तीन माह तक कार्यों में विशेष तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल स्रोत, विद्युत कनेक्शन एवं सौर ऊर्जा से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल विभागीय अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि समस्याओं का समय पर निराकरण कर योजनाओं को पूर्ण किया जा सके।

कलेक्टर श्री दुदावत ने पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र सुनिश्चित करें तथा हस्तांतरित योजनाओं का नियमानुसार भुगतान करें। उन्होंने ठेकेदारों को आश्वस्त किया कि पूर्ण किए गए कार्यों के भुगतान से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने सिंगल विलेज स्कीम के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले की सभी 539 योजनाओं को सूचीबद्ध करते हुए उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रेडा के अधिकारियों को सौर ऊर्जा से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों को निर्माण कार्य पूर्ण होने से पूर्व ही विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए, ताकि विद्युत कनेक्शन के अभाव में योजनाओं का संचालन प्रभावित न हो।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि कोरबा जिले के दूरस्थ एवं अनुसूचित क्षेत्रों के आदिवासी बहुल गांवों में निवासरत परिवारों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन के माध्यम से इन क्षेत्रों के ग्रामीण परिवारों को घर पर ही पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार गंभीरता और आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में हासिल करते हुए प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार तक नल से जल पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव, क्रेडा के नीलेश श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, अभियंता एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

डीएमएफ अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों को समय-सीमा में पूर्ण करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

Published

on

सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर ने ली पीडब्ल्यूडी अधिकारियों व निर्माण इकाईयों की बैठक

दैनिक कार्ययोजना के साथ निर्माण कार्यों में लाएं तेजी -कलेक्टर
कोरबा, 29 नवम्बर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने डीएमएफ अंतर्गत निर्मित की जा रही सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदारों की बैठक ली। उन्होंने जिले में स्वीकृत एवं प्रगतिरत सड़क निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, नियमित मॉनीटरिंग करने तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्ण किए गए कार्यों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग जी आर जांगड़े, सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं निर्माण इकाई प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने निर्माण एजेंसियों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जिले के दूरस्थ क्षेत्र कुदमुरा-श्यांग मार्ग के निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए ठेकेदार को डब्ल्यूएमएम वर्क शीघ्र प्रारंभ करने एवं व्हीटी वर्क कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में मैनपावर बढ़ाने, प्रतिदिन की कार्ययोजना प्रस्तुत करने तथा उसके अनुरूप निर्माण कार्यों को गति देते हुए शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
इसी प्रकार झगरहा-कोरकोमा-पसरखेत-चचिया मार्ग, घिनारा-खुटाकुंडा मार्ग, मुड़ापार-दादर -भालूसटका- रिस्दी बायपास, डोंगरी-मुढ़ाली, पनगांव-जलके, गिधौरी-चारपारा-मुड़ाभांठा-धनुवारपारा, ओढ़ाली-तिलईपारा, ओझियाईन-रामपुर, रामपुर-सिरली तथा पचरा-मातीन सहित अन्य सड़क मार्गों के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने सभी प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।  साथ ही उतरदा-रेकी, रंजना-लिटियाखार सहित विभाग अंतर्गत स्वीकृत अन्य सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा। कार्य पूर्ण होने पर उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को भी कहा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य  लेकर उन्हें अधूरा छोड़ने की स्थिति को ध्यान रखते हुए  जोनल टेंडर की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। सड़क निर्माण में भूमि संबंधी विवादों का शीघ्रता से निराकरण हेतु संबंधित विभागों से समन्वय करने की बात कही,  ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कार्यों की प्रगति बढ़ाते हुए सभी निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्य पूर्ण होने पर संबंधित ठेकेदारों का भुगतान समय पर करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने  कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारियों एवं सब इंजीनियरों को निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनीटरिंग करने, नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों को निर्माण कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर शीघ्रता से ही भुगतान करने की बात कही।  साथ ही कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी ठेकेदारों को स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677