सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति से खुश हैं ग्रामीण, बीमारों को अस्पताल पहुंचाने और बच्चों को स्कूल भेजने में होगी सहूलियत
जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर हाथी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सड़क की सुविधा
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले की तीन ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए 5 करोड़ 72 लाख 19 हजार रुपये मंजूर
कोरबा, 29 नवंबर 2026। जिला मुख्यालय कोरबा से लगभग 100 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे गिद्धमुड़ी गांव के ग्रामीणों के लिए सड़क महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी और बुनियादी जरूरतों से जुड़ी एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी सड़क से बच्चे पढ़ने जाते हैं, किसान अपनी उपज लेकर बाजार पहुंचते हैं और जरूरत पड़ने पर बीमारों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जाता है। हाथियों और अन्य वन्यप्राणियों की आवाजाही वाले इस क्षेत्र में बेहतर सड़क का होना ग्रामीणों के लिए और भी महत्वपूर्ण है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत की आवश्यकता महसूस कर रहे यहां के ग्रामीण अब खुश हैं। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गिद्धमुड़ी से कोटखर्री तक 8.20 किलोमीटर लंबी सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ 46 लाख 62 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी है।
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के अंतिम छोर पर बसे इन गांवों की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य क्षेत्रों से अलग हैं। चारों ओर जंगल, दूर-दूर तक बसे गांव और आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करना यहां के ग्रामीणों की दिनचर्या का हिस्सा है। गिद्धमुड़ी से कोटखर्री की सड़क ग्रामीणों को पतुरियाडांड होते हुए मदनपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है। समय के साथ सड़क के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होने लगी थी। अब सड़क के सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति मिलने से उनकी वर्षों पुरानी जरूरत पूरी होने की दिशा में कदम बढ़ा है।
जंगल के बीच अच्छी सड़क का होना हमारे लिए बहुत जरूरी है
गिद्धमुड़ी के निवासी गोवर्धन बिंझवार और ग्रामीण महिला पर्वतिया बाई सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति मिलने से प्रसन्न हैं। उन्होंने बताया कि घरेलू जरूरतों और अन्य कामकाज के सिलसिले में उनका कोटखर्री और आसपास के गांवों में आना-जाना लगा रहता है। वहीं दूसरे गांवों के ग्रामीण भी गिद्धमुड़ी, पतुरियाडांड और मोरगा आते-जाते हैं। सड़क खराब होने से सभी को परेशानी होती थी। अब सड़क की मरम्मत होगी, यह जानकर उन्हें बहुत खुशी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि उनका गांव जंगलों के बीच बसा है। इस क्षेत्र में हाथियों सहित अन्य वन्यप्राणियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में जंगल के बीच अच्छी सड़क का होना उनके लिए बहुत जरूरी है। बेहतर सड़क होने से ग्रामीण अपने जरूरी कामों के लिए कम समय में गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
बीमारी के समय गांव तक आसानी से पहुंच सकेगी एंबुलेंस
गांव के ही निवासी सुरेश कुमार के लिए सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति एक बड़ी राहत की खबर है। उन्होंने बताया कि जब पहले पक्की सड़क बनी थी, तब ग्रामीणों को आने-जाने में काफी सुविधा होती थी। समय के साथ सड़क खराब होने से परेशानी बढ़ गई। अब मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क की मरम्मत की स्वीकृति मिलने से उन्हें खुशी है। सड़क अच्छी हो जाएगी तो गांव के लोग अपने वाहनों से आसानी से आना-जाना कर सकेंगे। किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस को भी गांव तक पहुंचने और मरीज को अस्पताल ले जाने में सहूलियत होगी। दूरस्थ अंचलों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए अच्छी सड़क का महत्व उनकी इन्हीं छोटी-बड़ी जरूरतों से समझा जा सकता है। शहरों में जहां अस्पताल, बाजार और शिक्षण संस्थानों तक पहुंच अपेक्षाकृत आसान होती है, वहीं जंगलों के बीच बसे गांवों में इन सुविधाओं तक पहुंचने के लिए सड़क की स्थिति बहुत मायने रखती है। ऐसे में सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति ग्रामीण परिवारों के लिए बेहतर और सुविधाजनक जीवन की नई उम्मीद लेकर आई है।
जिले में 18.80 किलोमीटर लंबी तीन ग्रामीण सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कोरबा जिले की पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी तीन ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 5 करोड़ 72 लाख 19 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 18.80 किलोमीटर है। स्वीकृत कार्यों में करतला विकासखंड की केराकछार से मौहार तक 3.24 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 1 करोड़ 2 लाख 76 हजार रुपये, पिड़िया से बड़मार तक 7.36 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 2 करोड़ 22 लाख 81 हजार रुपये तथा पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड की गिद्धमुड़ी से कोटखर्री तक 8.20 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 2 करोड़ 46 लाख 62 हजार रुपये की राशि शामिल है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता सी.एस. तंवर ने बताया कि स्वीकृत सड़कों का निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इन सड़कों के बेहतर होने से विद्यार्थियों को विद्यालय एवं महाविद्यालय पहुंचने, किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं, वन विभाग सहित अन्य विभागों के मैदानी अमले के आवागमन में भी बेहतर सड़क संपर्क सहायक होगा।
दूरस्थ गांवों तक विकास की पहुंच होगी और मजबूत
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की शासन की यह पहल दूरस्थ वनांचलों में निवासरत ग्रामीणों के लिए विशेष महत्व रखती है। गिद्धमुड़ी जैसे गांवों में सड़क का सुदृढ़ीकरण केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के अवसरों तक ग्रामीणों की पहुंच को आसान बनाने का माध्यम भी है। जिला मुख्यालय से लगभग सौ किलोमीटर दूर बसे गिद्धमुड़ी के ग्रामीणों को अब उस दिन का इंतजार है, जब उनके गांव की सड़क फिर से बेहतर होगी। बच्चों का स्कूल तक का सफर आसान होगा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी और जरूरत के समय बीमारों को अस्पताल ले जाने की चिंता कुछ कम होगी। घने जंगलों के बीच बसे इन गांवों में सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति ने ग्रामीणों के मन में सुविधाजनक भविष्य की नई उम्मीद जगाई है।
कलेक्टर ने की लगभग 164 शेष योजनाओं की ग्रामवार समीक्षा, इंजीनियरों-ठेकेदारों से की वन-टू-वन चर्चा
पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
दूरस्थ एवं आदिवासी बहुल गांवों के प्रत्येक परिवार तक नल से जल पहुंचाना सुनिश्चित करें कोरबा, 29 नवंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने भारत सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए हर घर जल योजना के शेष कार्यों में तेजी लाने तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के सभी विकासखंडों में लगभग 164 शेष योजनाओं के कार्यों की ग्रामवार समीक्षा करते हुए संबंधित इंजीनियरों- ठेकेदारों से वन-टू-वन चर्चा की तथा कार्यों की वर्तमान प्रगति और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री दुदावत ने ठेकेदारों को आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आगामी तीन माह तक कार्यों में विशेष तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल स्रोत, विद्युत कनेक्शन एवं सौर ऊर्जा से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल विभागीय अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि समस्याओं का समय पर निराकरण कर योजनाओं को पूर्ण किया जा सके।
कलेक्टर श्री दुदावत ने पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र सुनिश्चित करें तथा हस्तांतरित योजनाओं का नियमानुसार भुगतान करें। उन्होंने ठेकेदारों को आश्वस्त किया कि पूर्ण किए गए कार्यों के भुगतान से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर ने सिंगल विलेज स्कीम के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले की सभी 539 योजनाओं को सूचीबद्ध करते हुए उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रेडा के अधिकारियों को सौर ऊर्जा से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों को निर्माण कार्य पूर्ण होने से पूर्व ही विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए, ताकि विद्युत कनेक्शन के अभाव में योजनाओं का संचालन प्रभावित न हो। कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि कोरबा जिले के दूरस्थ एवं अनुसूचित क्षेत्रों के आदिवासी बहुल गांवों में निवासरत परिवारों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन के माध्यम से इन क्षेत्रों के ग्रामीण परिवारों को घर पर ही पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार गंभीरता और आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में हासिल करते हुए प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार तक नल से जल पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव, क्रेडा के नीलेश श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, अभियंता एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।
सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर ने ली पीडब्ल्यूडी अधिकारियों व निर्माण इकाईयों की बैठक
दैनिक कार्ययोजना के साथ निर्माण कार्यों में लाएं तेजी -कलेक्टर कोरबा, 29 नवम्बर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने डीएमएफ अंतर्गत निर्मित की जा रही सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदारों की बैठक ली। उन्होंने जिले में स्वीकृत एवं प्रगतिरत सड़क निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, नियमित मॉनीटरिंग करने तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्ण किए गए कार्यों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग जी आर जांगड़े, सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं निर्माण इकाई प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने निर्माण एजेंसियों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जिले के दूरस्थ क्षेत्र कुदमुरा-श्यांग मार्ग के निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए ठेकेदार को डब्ल्यूएमएम वर्क शीघ्र प्रारंभ करने एवं व्हीटी वर्क कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में मैनपावर बढ़ाने, प्रतिदिन की कार्ययोजना प्रस्तुत करने तथा उसके अनुरूप निर्माण कार्यों को गति देते हुए शीघ्र पूर्ण करने को कहा। इसी प्रकार झगरहा-कोरकोमा-पसरखेत-चचिया मार्ग, घिनारा-खुटाकुंडा मार्ग, मुड़ापार-दादर -भालूसटका- रिस्दी बायपास, डोंगरी-मुढ़ाली, पनगांव-जलके, गिधौरी-चारपारा-मुड़ाभांठा-धनुवारपारा, ओढ़ाली-तिलईपारा, ओझियाईन-रामपुर, रामपुर-सिरली तथा पचरा-मातीन सहित अन्य सड़क मार्गों के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उतरदा-रेकी, रंजना-लिटियाखार सहित विभाग अंतर्गत स्वीकृत अन्य सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा। कार्य पूर्ण होने पर उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को भी कहा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य लेकर उन्हें अधूरा छोड़ने की स्थिति को ध्यान रखते हुए जोनल टेंडर की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। सड़क निर्माण में भूमि संबंधी विवादों का शीघ्रता से निराकरण हेतु संबंधित विभागों से समन्वय करने की बात कही, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कार्यों की प्रगति बढ़ाते हुए सभी निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्य पूर्ण होने पर संबंधित ठेकेदारों का भुगतान समय पर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री दुदावत ने कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारियों एवं सब इंजीनियरों को निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनीटरिंग करने, नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों को निर्माण कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर शीघ्रता से ही भुगतान करने की बात कही। साथ ही कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी ठेकेदारों को स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
छत्तीसगढ़ स्थापना के 26 साल बाद शिक्षा की तस्वीर बदली है, लेकिन अभी मंजिल बाकी हैं और चुनौतियां अब भी कायम है…।
Photo-AI Generated
अखण्ड मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ का क्षेत्र हर क्षेत्र में पिछड़ा हुआ था। धान का कटोरा कहा जाने वाला छत्तीसगढ़ जब 01 नवम्बर 2000 को अखण्ड मध्यप्रदेश से अलग हो कर नया छत्तीसगढ़ बना, तब भी चुनौतियां बहुत थीं। केन्द्र में एनडीए की सरकार थी, जबकि मध्यप्रदेश में दिग्विजय की सरकार थी। प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सहृदयता से छत्तीसगढ़ अलग राज्य बना और छत्तीसगढ़ का उदय होते ही चारों तरफ इस बात का उल्लास और उमंग था कि अब छत्तीसगढ़ को हर क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और यहां की बदहाल स्थिति खुशहाली और तरक्की में तब्दिल होगी। अजीत प्रमोद कुमार जोगी प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने और उनकी प्रशासनीक क्षमता ने यह सिद्ध कर दिया कि छत्तीसगढ़ विकास की रफ्तार को तेज करेगा, क्योंकि यहा मानव संसाधन सहित प्राकृतिक संसाधन का अकूत भंडार और सबकी सहभागिता से छत्तीसगढ़ हर क्षेत्र में खुशहाल और समृद्ध बनेगा। तीन साल में उन्होंने जितना हो सका, भरपूर किया। तीन साल बाद 2003 में छत्तीसगढ़ में पहला विधानसभा चुनाव हुआ और छत्तीसगढ़ वासियों ने भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया। डॉ. रमन सिंह पहले चुनाव के पहले मुख्यमंत्री बने। डॉ. रमन सिंह का उम्दा व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता ने सिद्ध कर दिया, कि यदि जज्बा हो, जनसेवा की भावना हो, राष्ट्रप्रेम हो तो चुनौतियों के बीच भी प्रदेश को खुशहाल और समृद्ध बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह छत्तीसगढ़ के दूसरे मुख्यमंत्री बने और अपने प्रथम कार्यकाल में नव उदीयमान छत्तीसगढ़ में सबसे पहले शिक्षा, उसके बाद किसानों की स्थिति के साथ-साथ परिवहन, आवागमन सहित अधोसंरचना विकास पर प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया। उनके कार्यकाल की ही देन है कि हर पांच किलोमीटर में प्राथमिक शाला भवन बनाया गया। उनकी सोच थी कि अंतिम व्यक्ति का बच्चा भी शिक्षित हो। शिक्षा के क्षेत्र में आमूल-चुल परिवर्तन दिखाई दिया। भवन बनते गए, लेकिन शिक्षकों की कमी को पूरी करने के लिए उन्होंने व्यवस्था की और शिक्षकों की भर्ती पंचायत स्तर पर बड़े पैमाने पर की। शिक्षाकर्मियों की भर्ती से विद्यालय में शिक्षा गुणवत्ता बढ़ी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में विकास की रफ्तार को 15 साल तक कायम रखी। मुख्यमंत्री डीएव्ही स्कूल की स्थापना मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने तीसरे कार्यकाल में मुख्यमंत्री डीएव्ही स्कूल की स्थापना कर शिक्षा गुणवत्ता को ऊंचाई तक पहुंचाया। उनकी सोच थी कि मजदूर का बेटा भी प्राइवेट स्कूल में पढ़े। आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय की स्थापना 03 पंचवर्षीय तक मुख्यमंत्री रहने के बाद तीसरे मुख्यमंत्री के रूप में भूपेश बघेल ने सत्ता सम्हाली और शिक्षा को उत्कृष्ट बनाने के लिए आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय और महाविद्यालय की स्थापना की। उनकी इस पहल से मजदूर के बेटे को भी इंग्लिश मीडियम में पढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ और शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने नया आयाम स्थापित किया। छत्तीसगढ़, जिसे धान का कटोरा भी कहते हैं, आज शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बनाने की ओर आगे बढ़ रहा है। राज्य स्थापना सन 2000 को अलग राज्य बनने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में कई चुनौतियां थीं। गांव-गांव में स्कूल नहीं थे, शिक्षक नहीं थे, बेटियों के लिए पढ़ाई की राह आसान नहीं थी। आज 26 साल बाद शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की तस्वीर बदली है, पर लक्ष्य के लिए चुनौतियां अब भी कायम है। दशा:कहां खड़े हैं हम सकारात्मक पक्ष- आज छत्तीसगढ़ में करीब 50 हजार सरकारी स्कूल हैं। बस्तर जैसे नक्सल प्रभावित (अब नक्सलमुक्त) क्षेत्रों में जहां विद्यालय भवन बनते ही नक्सली टारगेट में ले लेते थे। स्कूल खुलते ही बंद हो जाते थे, लेकिन अब तक की सरकारों ने इस क्षेत्र में काफी काम किया और बस्तर को पूरा खुला आसमां चौथे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल में मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कड़े फैसले और गृहमंत्री अमित शाह के सख्त रवैय्ये के कारण बस्तर सहित देश का नक्सल प्रभावित क्षेत्र नक्सलमुक्त हो गए। बस्तर भी नक्सलमुक्त हो गया, लेकिन यहां आज भी चुनौतियां मुंहबांय खड़ी है। नक्सली डम्प के कारण जगह-जगह बिछाए गए बम आज भी खतरा बने हुए हैं, लेकिन हमारे जवान इस दिशा में काम कर रहे हैं। बस्तर में लाल आतंक खत्म हुआ और इसके साथ ही बस्तर में शिक्षा सहित हर क्षेत्र में तरक्की का नया उजाला दिखाई दे रहा है। बंद पड़े स्कूल के दरवाजे अब पूरी तरह से खुल चुके हैं और मासूम पग किलकारियां मारते स्कूल की ओर दौड़ पड़े हैं। बेटियों की शिक्षा भी अब आसान हो चली है और विद्यालयों में पंजीयन बराबर हिस्से में चल रहा है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में सरकारी स्कूलों की तस्वीर ही बदल दी। आज गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ने का सपना साकार कर रहा है। कई ऐसे सरकारी स्कूल भी हैं, जहां के शिक्षक अपने आपको शिक्षा के प्रति समर्पित कर दिया है और बच्चों को अपने स्तर पर अंग्रेजी में निपुण बना रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार कर रहे हैं। शासन ने भी होनहार विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया है और 12वीं में मेरिट आने वाले बच्चों के लिए दिल्ली सहित देश के सर्वोत्कृष्ट कोचिंग सेंटरों में नि:शुल्क कोचिंग दिला रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ के हर जिले के प्रतिभावान बच्चों को आईएएस, आईपीएस, एमबीबीएस, एमबीए, बीएएमएस, आईआईटी जैसे सेक्टरों में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। चुनौतियां अब भी कायम छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में उत्कृष्ट शिक्षा के क्षेत्र में अब भी कई चुनौतियां कायम हैं। आज भी हजारों स्कूलों में एकल शिक्षक होने के कारण पढ़ाई का स्तर निम्रतम है। पांच-पांच कक्षाओं को आखिर एक शिक्षक कैसे पढ़ा सकता है? जो छत्तीसगढ़ के प्राथमिक स्कूलों में हो रहा है और शासन-प्रशासन बेहतर रिजल्ट की उम्मीद भी करता है और दावा भी कर रहा है। यदि हम दूसरे पूर्वोत्तर और दक्षिण प्रांतों के सरकारी स्कूलों का कम्पेयर यहां की शिक्षा व्यवस्था से करें, तो हम कई पायदान नीचे में हैं। शिक्षकों की भर्ती लटकी हुई है और प्रदेश में 50 हजार से अधिक शिक्षकों की कमी बनी हुई है, इसकी भर्ती आज भी चुनौति बनी हुई है। एक शिक्षक पर दो-तीन कक्षाओं का बोझ है। कोरबा सहित आदिवासी जिलों में स्थिति बद से बदतर है और एक शिक्षकीय प्राथमिक शालाओं की हालत कैसी होगी, इस चिंतन से अभिभावक भी चिंताग्रस्त हैं। ऐसे स्कूलों में बच्चों का भविष्य कैसा होगा? चिंतनीय विषय है। डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में विद्यालयों के भवनों के निर्माण में भारी तेजी आई, लेकिन शिक्षकों की कमी तब भी पूरी नहीं हुई और आज भी यह चुनौति बरकरार है। परीक्षा में पास होना बड़ी बात नहीं है, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बड़ी बात है। आज भी सरकारी स्कूलों के बच्चों की कौशल क्षमता ऐसी है, कि 8वीं का विद्यार्थी भी ठीक से गुणा-भाग नहीं कर पाता। इस चुनौति से निपटने के लिए सरकार को बड़ा कदम उठाना पड़ेगा। हमारे वित्तमंत्री आईएएस अधिकारी थे और उम्मीद थी कि उनके मंत्री बनने से प्रदेश को अपेक्षाकृत अधिक फायदा होगा और वित्तमंत्री रहते शिक्षकों की भर्ती में जबरदस्त तेजी बढ़ेगी, लेकिन तीन साल गुजरने के बाद भी पांच हजार शिक्षकों की भर्ती भी नहीं हो पाई। इसे बड़ी चुनौति मानकर सरकार को आगे कदम उठाना जरूरी है तभी सरकारी स्कूलों में मजबूर बच्चे नहीं बल्कि मजबूत बच्चे भी पढ़ने जाएंगे। उच्च शिक्षा के लिए आज भी विद्यार्थियों का पलायन क्यों? छत्तीसगढ़ में विश्वविद्यालय और महाविद्यालय बढ़े, हर जिलों में मेडिकल कॉलेज, आईटी कॉलेज बन रहे हैं, लेकिन आज भी बच्चों का पलायन हो रहा है और उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों की ओर रूखसत कर रहे हैं। एमबीए करने वाले बच्चे भी दूसरे राज्यों में पढ़ाई कर रहे हैं। विश्वविद्यालय और महाविद्यालय बढ़े, पर रोजगारपरख शिक्षा की कमी आज भी बनी हुई है। हमारे बच्चे पढ़कर भी नौकरी के लिए दूसरे राज्यों की ओर देखते हैं। डिग्री है, पर कौशल की कमी के कारण नौकरी मिलना आसान नहीं है। वहीं दूसरे राज्य में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ते-पढ़ते प्लेसमेंट में बड़ी-बड़ी कम्पनियों में जॉब ऑफर आ जाते हैं और नौकरी करते-करते सेटल भी हो जाते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में आगे की दिशा क्या हो? गैर-शैक्षणिक कामों से मुक्त हो शिक्षक शिक्षक बेहतर शिक्षा की नींव होते हैं। स्कूल की बील्डिंग से ज्यादा जरूरी शिक्षक का सम्मान है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कामों से मुक्त करके सिर्फ पढ़ाने का काम दिया जाए। शिक्षकों की आवश्यकता अनुसार नियमित भर्ती हो और एआई के जमाने में उनका प्रशिक्षण भी आधुनिक हो। तकनीक से जोड़ना होगा आज का युग डिजिटल और एआई का है और हर स्कूल में स्मार्ट क्लास, कम्प्यूटर शिक्षा और इंटरनेट की भी व्यवस्था हो। बस्तर का बच्चा भी दिल्ली के बच्चे की तरह ऑनलाईन दुनिया से जुड़े, उसे भी एआई का ज्ञान हो, कम्प्यूटर का तकनीकी ज्ञान से वह अपना कैरियर आगे बढ़ाए। बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहन मिले बेटी पढ़ेगी, तो पूरा परिवार शिक्षित होगा। नारा हम बहुत देते हैं, लेकिन बेटियों की शिक्षा आज भी आसान नहीं है। बेटियों के लिए सुरक्षित छात्रावास, सरस्वती सायकिल योजना का शतप्रतिशत क्रियान्वयन, सभी वर्ग की बेटियों के लिए छात्रावृत्ति-इन्हें और मजबूत करना होगा। शिक्षा ही आगे बढ़ने का एकमात्र विकल्प शिक्षा ही वह साधन है, जो छत्तीसगढ़ को गरीबी उन्मुलन में सबसे बड़ा कारक बन सकता है। बेरोजगार बच्चों की नौकरी के लिए पदों का सृजन हो और विभागों में खाली पड़े पदों को शीघ्रताशीघ्र भरा जाए। मानव संसाधन का समुचित उपयोग हो, तो छत्तीसगढ़ समृद्ध राज्यों में सबसे ऊपर होगा और विकसित भारत ञ्च 2047 में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकेगा। जिस प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था सर्वोत्कृष्ट होगी, वहां की समृद्धि भी सर्वश्रेष्ठ ऊंचाईयों पर होगी। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था कृषि आधारित है और इस क्षेत्र में भी कैरियर की संभावनाएं बढ़ानी होगी।