Connect with us

छत्तीसगढ़

सरेंडर नक्सलियों की इनपुट पर हथियारों का जखीरा बरामद:ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल से मिले IED, ग्रेनेड और स्टेन कार्बाइन

Published

on

सुकमा, एजेंसी। आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर हथियार और विस्फोटकों के एक बड़े डंप का खुलासा किया है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, आईईडी, ग्रेनेड और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

मलकानगिरी जिला पुलिस मुख्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स (DVF) की टीम ने सोमवार तड़के सिलाकोटा, परवासी और केसाकुड़ा के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। यह क्षेत्र ओडिशा के मलकानगिरी जिले और छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के दोरनापाल थाना क्षेत्र की सीमा से लगा हुआ है।

जंगल में छिपाकर रखा था नक्सली डंप

तलाशी अभियान के दौरान सुबह करीब 5:45 बजे जवानों को जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप मिला। सुरक्षा बलों ने मौके की घेराबंदी कर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।

तीन स्टेन कार्बाइन समेत कई हथियार जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 स्टेन कार्बाइन, 1 देसी पिस्तौल, 1 एसबीएमएल गन, 1 बारह बोर बंदूक, 4 आईईडी, 20 यूबीजीएल ग्रेनेड, 53 कारतूस, स्नाइपर टेलीस्कोप, वायर, बैटरी और अन्य तकनीकी उपकरण जब्त किए हैं।

विस्फोटक बनाने की सामग्री भी मिली

बरामद सामग्री में विस्फोटक तैयार करने और हथियारों की मरम्मत में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह सामग्री माओवादियों द्वारा भविष्य की गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखी गई थी।

क्षेत्र में जारी है सर्च ऑपरेशन

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। आशंका है कि जंगलों में अन्य स्थानों पर भी हथियार और विस्फोटक छिपाकर रखे गए हो सकते हैं। सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर : शिक्षा नीति में वैश्विक दृष्टिकोण और विलुप्त ज्ञान के पुनरुद्धार पर बल

Published

on

कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय में टैगोर पुण्यतिथि पर बौद्धिक विमर्श

​रायपुर। आधुनिक शिक्षा प्रणाली में भारतीय ज्ञान परंपरा  का समावेश छात्रों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों के उत्थान और मानसिक कल्याण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह प्राचीन वैज्ञानिक सोच, खगोल विज्ञान, आयुर्वेद, योग और दर्शन को आधुनिक विज्ञान के साथ जोड़कर एक व्यावहारिक और समग्र दृष्टिकोण प्रदान करती है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि के अवसर पर आधुनिक शिक्षा में भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्व विषय पर एक गरिमामय बौद्धिक विचार-विमर्श का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों ने राष्ट्रीय चेतना, चरित्र निर्माण और आधुनिक संदर्भों में प्राचीन ज्ञान के समावेश पर अपने विचार साझा किए।

*भारत की ज्ञान परंपरा, दर्शन और अध्यात्म का सार तत्व है राष्ट्रगान जन-गण-मन*

    ​कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने कहा कि राष्ट्रगान जन-गण-मन केवल एक औपचारिक गीत नहीं, बल्कि भारत की ज्ञान परंपरा, दर्शन और अध्यात्म का सार तत्व है। उन्होंने बताया कि गुरुदेव टैगोर ने इसमें संकीर्ण पश्चिमी राष्ट्रवाद के स्थान पर भारत की सर्वसमावेशी आत्मा को पिरोया है, जो उपनिषद के मूल्य सह नाववतु, सह नौ भुनक्तु (साथ चलें, साथ बढ़ें) की भावना को चरितार्थ करता है।

*प्राचीन भारतीय शिक्षा व्यवस्था का मूल ध्येय चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास*

    ​बौद्धिक विमर्श के प्रमुख बिंदु में शामिल ​चरित्र निर्माण और प्रकृति सम्मान पर चर्चा करते हुए डॉ. कपिल देव प्रजापति ने स्पष्ट किया कि प्राचीन भारतीय शिक्षा व्यवस्था का मूल ध्येय चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, समाज सेवा और प्रकृति के प्रति निष्ठा विकसित करना रहा है। ​निरंतर विकासशील ज्ञान परंपरा पर चर्चा करते हुए प्रो. शैलेंद्र खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय ज्ञान स्थायी न होकर समय और परिस्थितियों के अनुकूल निरंतर विकसित हुआ है। इसे गहराई से समझने के लिए सतत शोध की आवश्यकता है।

*प्राचीन ज्ञान को आधुनिक संदर्भों में खोजकर पुनर्जीवित करने के प्रयास होने चाहिए*

     इसी तरह ​वैश्विक ज्ञान का समावेश पर डॉ. राजेंद्र मोहंती ने सुझाव दिया कि भारतीयता के संरक्षण के साथ-साथ विश्व भर के श्रेष्ठ और आधुनिक ज्ञान को भी शिक्षा नीति में शामिल किया जाना चाहिए। ​लुप्तप्राय ज्ञान का पुनरुद्धार पर डॉ. आशुतोष मंडावी ने बल देते हुए कहा कि जो प्राचीन ज्ञान समय के साथ विलुप्त हो गया है, उसे आधुनिक संदर्भों में खोजकर पुनर्जीवित करने के प्रयास होने चाहिए।

    ​कार्यक्रम में पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष पंकज नयन पांडेय, कुलसचिव सुनील शर्मा, विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेन्द्र शर्मा सहित विश्वविद्यालय के समस्त संकायों के प्राध्यापक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर : स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम में बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री पॉलिटेक्निक संस्थानों में शुरू होंगे AI पाठ्यक्रम

Published

on

कौशल विकास और नवाचार पर जोर

 स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम में बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री पॉलिटेक्निक संस्थानों में शुरू होंगे AI पाठ्यक्रम
 स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम में बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री पॉलिटेक्निक संस्थानों में शुरू होंगे AI पाठ्यक्रम

रायपुर। शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक एवं शासकीय सह-शिक्षा पॉलिटेक्निक, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम में मुख्य अतिथि के रूप में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ कौशल विकास, नवाचार, उद्यमिता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष बल दिया।

AI पाठ्यक्रमों की शुरुआत

       तकनीकी शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि राज्य शासन आगामी शैक्षणिक सत्र से पॉलिटेक्निक संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संबंधित पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए प्रयासरत है। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुसार व्यावहारिक कौशल और नवाचार ही सफलता का आधार हैं। उन्होंने राज्य शासन द्वारा संचालित आई-हब (प्.भ्नइ) और नई औद्योगिक नीति का उल्लेख करते हुए युवाओं से स्टार्टअप व स्वरोजगार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडल संस्थानों के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

        कार्यक्रम का आयोजन 01 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नए विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, संस्थागत संस्कृति, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास से परिचित कराना है। तकनीकी शिक्षा संचालनालय के अतिरिक्त संचालक डॉ. अमिताभ दुबे ने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अनुशासन के साथ लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का आयोजन कन्या पॉलिटेक्निक की प्राचार्य डॉ. वर्षा चौरसिया एवं सह-शिक्षा पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। मंच संचालन श्रीमती ममता देवांगन व श्रीमती तुलजा ज्योति भूआर्य ने किया और अंत में श्रीमती सावित्री रानी ने आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

अलर्ट जारी, कभी भी खोला जा सकता है मिनीमाता बांगो जलाशय का गेट

Published

on

मिनीमाता बांगो जलाशय में जल भराव 89.55 प्रतिशत

कोरबा। कोरबा जिले  के मिनीमाता बांगो जलाशय में बारिश के साथ ही जलभराव में वृद्धि हुई है। बांगो जलाशय के कार्यपालन अभियंता एस.के.भारती से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज की स्थिति में बांगो जलाशय में जलभराव  89.55 प्रतिशत है। जलाशय में पानी की आवक बढ़ने पर कभी भी मिनीमाता जलाशय का गेट खोलकर पानी बहाया जा सकता है।

बाढ़ क्षेत्र से परिसम्पतियां हटाने की सूचना जारी

वर्षाकाल 2026 के दौरान आवश्यकता होने पर मिनी माता बांगो बांध माचाडोली से हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जायेगा। कार्यपालन अभियंता एस.के.भारती मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक 03 माचाडोली  ने सर्व साधारण एवं कार्य संबंधितों को सूचित किया है कि मिनीमाता बांगो जलाशय में बारिश के साथ ही जलभराव में वृद्धि हुई है। आज की स्थिति में बांगो जलाशय में जल भराव  मीटर 89.55 प्रतिशत है।

उक्त बांध से नीचे, हसदेव नदी के किनारे, बाढ़ क्षेत्र में स्थापित चल-अचल सम्पत्ति सुरक्षित स्थानों पर ले जायें। बाढ़ क्षेत्र में स्थापित खनिज खदान ठेकेदार, औद्योगिक इकाईयां, संस्थानों आदि को भी सूचित किया गया है कि वे अपनी परिसम्पत्तियों को बाढ़ क्षेत्र से बाहर कर लेवें। कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो बांध ने कहा है कि अकस्मात बाढ़ से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो बांध ने बाढ़ क्षेत्र में आने वाले गांवों में बाढ़ चेतावनी की मुनादी करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

कार्यपालन अभियंता ने बताया कि बाढ़ क्षेत्र में आने वाले संभावित गांवो में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट,  छिनमेर, कछार, कलमीपारा,  सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार,  झोरा, सिरकीकला आदि शामिल हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677