रायपुर,एजेंसी। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को होने वाले भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबले को लेकर प्रशासन और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्था की समीक्षा की।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बैठक में कहा कि यह मुकाबला न सिर्फ रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में खिलाड़ियों के साथ-साथ स्टेडियम में आने वाले हजारों दर्शकों की सुविधाओं और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय आयोजन होने के कारण प्रशासन की ओर से तय सभी एसओपी का सख्ती से पालन किया जाना जरूरी है। आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पहले से स्पष्ट कार्ययोजना तैयार रखने और आम लोगों को बचाव उपायों के बारे में जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष जोर
कलेक्टर ने आग से बचाव को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेडियम में आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों और जिला सेनानी के साथ समन्वय बनाकर इन उपकरणों का पहले ही परीक्षण कर लिया जाए। इसके साथ ही मेडिकल सुविधाओं, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम और उसके आसपास के पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
सभी गेट पर वालंटियर, दर्शकों की आसान आवाजाही के निर्देश
बैठक में यह भी तय किया गया कि मैच के दौरान सभी एंट्री गेट्स पर आयोजन समिति के वालंटियर तैनात रहेंगे, जिससे दर्शकों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि किसी भी स्थिति में अव्यवस्था न फैले और दर्शकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
रायपुर कलेक्ट्रेट में तैयारियों को लेकर हुई बैठक
पिछली गलतियों से सबक, इस बार सख्त इंतजाम
पिछले अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान एंट्री को लेकर हुए विवाद से सबक लेते हुए इस बार छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने सख्त फैसले लिए हैं। संघ ने साफ कर दिया है कि फर्स्ट इनिंग खत्म होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 350 से ज्यादा प्राइवेट बाउंसरों की तैनाती की जा रही है, जबकि क्रिकेट संघ के 45 अधिकारी विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। स्टेडियम के 13 गेटों पर लोहे की रेलिंग लगाई गई है, ताकि अवैध एंट्री को रोका जा सके।
खाने-पीने की चीजों पर भी सख्ती
खाने-पीने की चीजों को लेकर भी इस बार सख्ती बरती जा रही है। पिछले भारत-दक्षिण अफ्रीका मुकाबले के दौरान दर्शकों ने स्टेडियम में खाद्य पदार्थों की मनमानी कीमत वसूले जाने की शिकायत की थी। इन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ इस बार ऐसे नियम लागू कर रहा है, जिससे दर्शकों से तय कीमत से ज्यादा वसूली न हो।
स्टेडियम के सभी एंट्री गेट्स पर इस बार तिहरी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस, प्राइवेट गार्ड्स और क्रिकेट संघ के कर्मचारियों की संयुक्त ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति न बने। पिछली बार कुछ दर्शक रेलिंग कूदकर मैदान तक पहुंच गए थे, जिसे देखते हुए इस बार बाउंड्री लाइन पर भी बाउंसर्स तैनात किए जाएंगे।
आईपीएल मुकाबलों को लेकर आरसीबी टीम मैनेजमेंट पहले ही रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण कर चुका है। रायपुर में आखिरी बार वर्ष 2013 में आईपीएल मुकाबला खेला गया था, जब दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने थे।
अब जब स्टेडियम पूरी तरह से बीसीसीआई के अधीन है और अंतरराष्ट्रीय मानकों की सभी सुविधाओं से लैस है, तो बड़े क्रिकेट आयोजनों की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं।
कोरबा। ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ( पूर्व महापौर रायपुर ) अध्यक्षता संजय कुमार पांडेय, (जिला पंचायत अध्यक्ष सारंगढ़ ) विशिष्ट अतिथि देवेंद्र पांडे, बी के शुक्ला, हरीश परसाई, मनोज शर्मा,राजेंद्र पाण्डेय, वेद भूषण द्विवेदी ने भगवान परशुराम जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया । परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में पहली बार हुए इस सम्मेलन में युवक-युवतियों का वैवाहिक परिचय दिया गया। इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ से 12 जिले के ब्राह्मण परिवार शामिल हुए थे। एक परिवार भोपाल से भी शामिल हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण परिवार के युवक-युवती को एक दूसरे से परिचय करके विवाह करवाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि पहली बार हुए इस आयोजन का लाभ बहुत सारे ब्राह्मण परिवार को मिलेगा ऐसे कार्य समाज के लिए बहुत अच्छे होते हैं समाज के सभी कार्यों में सभी ब्राह्मणों को तन मन धन से सहयोग करना चाहिए ताकि समाज आगे बढ़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय कुमार पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण परिवार हमेशा एक होकर काम करते हैं और साथ में सभी का सहयोग करते हैं ब्राह्मण वह है जो हमेशा सभी के शुभ कार्यों को आगे बढ़ते हैं ऐसे में यह आयोजन पूरे समाज के लिए बेहतरीन कार्य है। आप सभी समाज के कार्यों में हमेशा सहयोग करके ब्राह्मणों को आगे बढ़ने का कार्य करें। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेंद्र कुमार पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास बैंक, ने कहा कि परिचय सम्मेलन समाज के युवक-युवतियों को एक-दूसरे को समझने, परिवारों के बीच संवाद स्थापित करने तथा योग्य जीवनसाथी के चयन के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया गया है। बी.के. शुक्ला, अध्यक्ष परशुराम ब्राह्मण समाज ने कहा कि सामाजिक एकजुटता एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
परशुराम ब्राह्मण समाज के इस आयोजन में 500 लोग शामिल हुए।
नौकरी पेशा और जनप्रतिनिधियों का नाम, वार्डवासी पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन में पुन: सर्वे कराने की मांग और सर्वे करने वाले दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग 27 तक दावा आपत्ति: वार्ड 1 के कई गरीब परिवार ने दर्ज कराई आपत्ति जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर अधिकारियों ने बना ली लिस्ट कोरबा। इन दिनों नगर पालिक निगम कोरबा के कई वार्डों में शासकीय पट्टा के लिए सर्वे का काम हो रहा है। बीते दिन नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 1 में निगम एवं राजस्व अधिकारी-कर्मचारी कथित रूप से घर-घर जाकर पात्र लोगों की लिस्ट बनाई। 27 नवम्बर तक दावा आपत्ति मांगी गई। दिव्य आकाश को शासकीय पट्टा के लिए अधिकारियों द्वारा बनाई गई लिस्ट हासिल हुई, जिसमें शासकीय पट्टा के लिए ऐसे नामों को पात्र दिखाया गया है, जो या तो नौकरी पेशा में है या फिर जनप्रतिनिधि। पात्र लोगों का नाम लिस्ट में है ही नहीं और वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि लिस्ट एक जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर बनाई गई। बड़ी संख्या में वार्डवासी आज कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और बनाई गई लिस्ट पर अपना दावा आपत्ति दर्ज कराई और पुन: सर्वे कराने की मांग कलेक्टर से की। शासकीय पट्टा के लिए शासकीय सेवक और जनप्रतिनिधियों ने अवैध कब्जा कर बना लिया पक्का मकान वार्डवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि रहते या नौकरी में रहते कोई भी व्यक्ति अवैध कब्जा कर मकान बनाता है, तो यह आदर्श आचरण संहिता के खिलाफ है और जांच में सही पाए जाने पर इनके खिलाफ कठोर कार्यवाही हो सकती है। जनप्रतिनिधि भी अपना पद गंवा सकते हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 1 में शासकीय सेवक और जनप्रतिनिध अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना लिए हैं और इन्हें कार्यवाही का कोई डर नहीं। वार्डवासियों ने शासकीय पट्टा के लिए सर्वे करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही की मांग कलेक्टर से की है और नया सर्वे करा कर 40-40, 50-50 साल से रह रहे गरीब परिवारों को शासकीय पट्टा देने की गुहार लगाई है।
कोरबा। 19 नवम्बर 2026 को भारत स्काऊट्स एवं गाईड्स छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर में राज्य स्तरीय सेमीनार का आयोजन किया, जिसमें नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) की टीम ने सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षक अंकुश लाल यादव एवं शिक्षिकता जयंती कंवर ने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया तथा अनुशासन, नेतृत्व, समाजसेवा एवं स्काऊट-गाइड गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। विद्यालय के डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धी बताया और कहा कि यह विद्यालय के उज्ज्वल भाविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण नई शुरूवात है।
सेमिनार एवं सम्मान समारोह को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के के खण्डेलवाल सम्बोधित किया और राज्य संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए संगठन को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए स्काउटिंग की मूलभावना, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और युवाओं में सेवा और नेतृत्व के गुण विकसित करने पर जोर दिया।
सेमिनार रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित किया गया था। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक अर्गल, छत्तीसगढ़ राज्य बालअधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा तथा नेशनल ट्रिब्यून के सम्पादक एवं हरियाणा बीएसजी के उपाध्यक्ष नरेश कौशल ने भी युवा नेतृत्व एवं सेवा गतिविधियों के लिए स्काउट्स एवं गाइड्स को प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने किया।
मंच पर राष्ट्रीय निदेशक अमर बी. छेत्री, राज्य उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता तथा रायपुर जिला अध्यक्ष जी. स्वामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने पीपीटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्काउटिंग की आगामी 10 वर्षों की कार्ययोजना, सदस्यता वृद्धि के लक्ष्य तथा संचालित यूनिट लीडर बेसिक कोर्स की विस्तृत जानकारी आंकड़ों के साथ प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राज्य आयुक्त (रोवर) अशोक देशमुख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राज्य सचिव अमित क्षत्रिय ने किया। समारोह में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त द्वय डॉ. पूनम साहू एवं श्रीमती सरिता पाण्डेय, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती जलवती साहू सहित राज्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, लीडर्स, रोवर्स, रेंजर्स, स्काउट्स और गाइड्स उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लीडर्स को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह में कोरबा जिले से 29 लीडर्स ने भागीदारी की।