Connect with us

छत्तीसगढ़

मार्च से अंबिकापुर-दिल्ली हवाई सेवा, बिलासपुर होगा स्टॉपेज:4500-6000 किराया, एलायंस एयर की फ्लाइट सप्ताह में 2 दिन उड़ान भरेगी, शेड्यूल जारी

Published

on

सरगुजा,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा मार्च के आखिरी सप्ताह से शुरू होगी। एलायंस एयर मां महामाया एयरपोर्ट से हफ्ते में दो दिन सोमवार और बुधवार को फ्लाइट चलाएगी। यह उड़ान बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। 4500 से 6000 रुपए इसका फेयर हो सकता है।

फिलहाल एलायंस एयर बिलासपुर से दिल्ली के बीच हफ्ते में तीन दिन सेवा दे रही है। करीब दो साल पहले कंपनी के अधिकारी अंबिकापुर आकर एयरपोर्ट की सुविधाओं का जायजा ले चुके थे। एलायंस एयर 72 सीटर ATR विमान का संचालन करेगी।

अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिसंबर 2024 में हवाई सेवा की शुरुआत हुई थी। उड़ान 4.2 योजना के तहत फ्लाई बिग कंपनी ने मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी।

लेकिन शुरुआती दिनों में अनियमित उड़ान के कारण यह सेवा केवल छह महीने तक ही चल सकी। पिछले छह महीने से अधिक समय से इसका संचालन पूरी तरह बंद है।

करीब दो साल पहले कंपनी के अधिकारी अंबिकापुर आकर एयरपोर्ट की सुविधाओं का जायजा ले चुके थे। (फाइल)

करीब दो साल पहले कंपनी के अधिकारी अंबिकापुर आकर एयरपोर्ट की सुविधाओं का जायजा ले चुके थे। (फाइल)

4500 से 6000 रुपए तक हो सकता है किराया

2 साल पहले एलायंस एयर ने अंबिकापुर और बिलासपुर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। फिलहाल कंपनी बिलासपुर से दिल्ली के बीच मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को उड़ान संचालित कर रही है।

अब सोमवार को भी फ्लाइट जोड़ी जाएगी। फ्लाइट का बेस फेयर 4500 से 6000 रुपए के बीच रहने का अनुमान है। बिलासपुर-दिल्ली मार्ग पर सामान्यतः बेस फेयर 4000 रुपये से अधिक रहता है।

दरिमा एयरपोर्ट में 72 सीटर विमान की लैंडिंग हुई थी।

दरिमा एयरपोर्ट में 72 सीटर विमान की लैंडिंग हुई थी।

सांसद ने किया स्वागत, इंडिगो से भी चर्चा

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि एलायंस एयर की हवाई सेवा शुरू हो रही है। इंडिगो के साथ भी चर्चा हुई है और दो बार मुख्यमंत्री के साथ बैठक हो चुकी है।

इंडिगो रायपुर से अंबिकापुर होते हुए प्रयागराज तक उड़ान शुरू करने की दिशा में प्रयास कर रही है। सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में भी उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया था।

जानिए एलायंस एयर के बारे में

एलायंस एयर देश की प्रमुख घरेलू विमानन कंपनियों में से एक है। पहले यह एयर इंडिया के स्वामित्व में थी। एयर इंडिया के विनिवेश के बाद यह भारत सरकार की स्वतंत्र व्यावसायिक इकाई के रूप में कार्य कर रही है।

वर्तमान में एलायंस एयर प्रतिदिन 137 घरेलू उड़ानें संचालित करती है और 57 शहरों को जोड़ती है। कंपनी रायपुर से हैदराबाद और जगदलपुर के लिए भी हवाई सेवा दे रही है।

Continue Reading

कोरबा

आदिवासी अंचल के बच्चों के भविष्य को संवार रहे शिक्षक भोज सिंह राठिया, 100 से अधिक चयनित विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

Published

on

निःशुल्क संडे स्पेशल कोचिंग के माध्यम से पिछले 5-6 वर्षों से शिक्षा की अलख जगा रहे हैं शिक्षक भोज सिंह राठिया, पालकों ने पूरी टीम का किया सम्मान

कोरबा/रामपुर। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के करतला तहसील अंतर्गत आदिवासी अंचल ग्राम घिनारा में शिक्षा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। यहां शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की चयन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले 100 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस सराहनीय पहल के सूत्रधार ग्राम घिनारा निवासी शिक्षक श्री भोज सिंह राठिया हैं, जो विगत 5-6 वर्षों से लगातार क्षेत्र के जरूरतमंद एवं प्रतिभावान बच्चों को निःशुल्क कोचिंग प्रदान कर रहे हैं। उनके द्वारा विशेष रूप से विद्यालयों में अवकाश के दिनों में कोचिंग कक्षाओं का संचालन किया जाता है, ताकि ग्रामीण परिवेश के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल सके।

शिक्षक भोज सिंह राठिया का यह प्रयास केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आदिवासी अंचल के बच्चों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर विद्यालयों में प्रवेश दिलाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करने के लिए वे अपनी पूरी टीम के साथ निरंतर सेवाभाव से कार्य कर रहे हैं।

100 से अधिक चयनित विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

इसी शैक्षणिक अभियान के अंतर्गत आयोजित सम्मान समारोह में विगत वर्षों के दौरान विभिन्न विद्यालयों की चयन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चयनित हुए 100 से अधिक बच्चों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का एक विशेष और भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब विद्यार्थियों के पालकों ने शिक्षक भोज सिंह राठिया एवं उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया। पालकों ने कहा कि निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से उनके बच्चों को जो मार्गदर्शन और सहयोग मिला है, वह उनके परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक का यह समर्पण ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति नई उम्मीद जगा रहा है।
गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर शिक्षक भोज सिंह राठिया के सहयोगी वीर सिंह राठिया, पद्मलोचन राठिया,संतोष कुमार राठिया, एवं ग्राम पंचायत घिनारा के पूर्व सरपंच जीवित लाल राठिया, टी. आर. राठिया (प्राचार्य), डॉ. भीषम राठिया, डॉ. भावना राठिया, लम्बोदर चौधरी, शिक्षक शंकरलाल पटेल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन, पालकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सभी उपस्थित अतिथियों ने शिक्षक भोज सिंह राठिया एवं उनकी पूरी टीम के निःस्वार्थ शैक्षणिक योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की तथा इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

एक शिक्षक का समर्पण, सैकड़ों बच्चों के सपनों को दे रहा नई उड़ान

ग्राम घिनारा में संचालित यह निःशुल्क कोचिंग अभियान समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है। शिक्षक भोज सिंह राठिया का प्रयास बताता है कि शिक्षक की भूमिका केवल कक्षा में पाठ पढ़ाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह समाज की आने वाली पीढ़ी का भविष्य गढ़ने में जी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Continue Reading

कोरबा

श्री अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में 17 नवंबर को मनाया जाएगा गोपाष्टमी पर्व, उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि

Published

on

सुबह होगी विशेष गौ पूजन, दोपहर में स्टेच कार्यक्रम व विशाल भंडारा, सर्व समाज को सपरिवार आने का निमंत्रण

कोरबा। श्री अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंगलवार 17 नवंबर को गोपाष्टमी का पावन पर्व अत्यंत भव्य और धूमधाम से मनाया जाएगा। अग्रसेन गौ धाम सेवा समिति द्वारा इस अवसर पर पूरे कोरबा के सर्व समाज के लिए गौ माता की विशेष पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
रविवार को कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अग्रवाल सभा व अग्रसेन गौ धाम के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए क्षेत्र की समस्त जनता से सपरिवार उपस्थित होकर पूजा-अर्चना में शामिल होने व भोग-भंडारा ग्रहण करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल करेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष द्वय सुनील जैन (टोनी), अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, अग्रसेन गोधाम सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल, सचिव राधेश्याम अग्रवाल (पिंटू), माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के कोषाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष देवाशीष केडिया उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ का अनूठा गोधाम, जहां केवल असहाय गोवंश की सेवा
माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष सुनील जैन (टोनी) ने बताया कि गौ धाम में गौ गोपाल मंदिर है जो पूरे छत्तीसगढ़ में एकमात्र ऐसा विशेष मंदिर और सेवा केंद्र है, जहां वर्तमान में 800 से 900 गाय आश्रित हैं। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ एक भी दूध देने वाली गाय नहीं रखी जाती, बल्कि केवल निर्धन, बेसहारा, बीमार और दुर्घटनाग्रस्त गोवंश का ही पालन-पोषण और उपचार किया जाता है। गोधाम परिसर में स्थापित भव्य ‘गौ गोपाल मंदिर’ के दर्शन का लाभ भी श्रद्धालुओं को मिलेगा।

गौ-सेवा और तुलादान की विशेष व्यवस्था
श्री अग्रसेन गौ सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल ने बताया कि समिति ने आमजन की सुविधा के लिए पूरे वर्ष गौ-सेवा और तुलादान की पारदर्शी व्यवस्था तय की है, जिसके तहत कोई भी श्रद्धालु 11,000 रुपये की सहयोग राशि देकर अपने नाम से पूरे एक वर्ष तक एक गौ माता की सेवा का संकल्प ले सकता है। गौ धाम में गुड़, हरा चारा और पशु आहार मिलाकर तुलादान की सुविधा उपलब्ध है। बड़ों के लिए 2,100 रुपये और 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 1,100 रुपये का शुल्क निर्धारित है। वहीं, मात्र 251 रुपये में हरे चारे की सवामणी कराई जा सकती है। इसके अलावा आम नागरिक अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ या अन्य पारिवारिक अवसरों पर गौ धाम में शुद्ध भोजन और नाश्ते का आयोजन कर सकते हैं। इसके लिए एक दिन पूर्व सूचना देनी अनिवार्य होगी। आयोजन से जुड़ी किसी भी जानकारी या बुकिंग के लिए गोधाम प्रबंधक रोहरलाल यादव (मो. 6260900422) अथवा समिति के पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।

गौ धाम पहुंच मार्ग का 75 फीसदी काम पूरा
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा गौ धाम तक पहुंच मार्ग के संबंध में पूछे गए सवाल पर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कनबेरी स्थिति गौ धाम कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में स्थित है, इसलिए कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल की विधायक निधि से स्वीकृत 40 लाख रुपये की लागत वाले सीसी रोड का लगभग 70 से 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी गोपाष्टमी पर्व के मद्देनजर जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा नहीं होगी।

Continue Reading

कोरबा

सरस्वती शिशु मंदिर एच.टी.पी.पी. दर्री में धूमधाम से मना बाल दिवस, खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया उत्साह

Published

on

कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़, रस्सी कूद और बोरा दौड़ सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन, विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

कोरबा (दर्री)। सरस्वती शिशु मंदिर, एच.टी.पी.पी. दर्री में शनिवार को बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय का वातावरण दिनभर उमंग, उल्लास और उत्साह से सराबोर रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ और सक्रिय रहने में मदद करते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता, सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

समारोह का मंच संचालन श्रवण कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के मनोरंजन और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई रोचक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिताओं के अंतर्गत कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़, सुई-धागा दौड़, रस्सी कूद, बिस्कुट दौड़ और बोरा दौड़ क्रिकेट जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ हिस्सा लिया। बच्चों के बीच प्रतियोगिताओं को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। प्रत्येक खेल में प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता, फुर्ती और कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं, साथी विद्यार्थियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

बाल दिवस के अवसर को बच्चों के लिए और भी यादगार बनाने के उद्देश्य से उन्हें चॉकलेट वितरित की गई। चॉकलेट पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों के साथ खुशियां साझा की गईं और उनके उत्साह को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को सम्मानित कर उनके प्रदर्शन की सराहना की गई। वहीं, प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले अन्य विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया गया, ताकि वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित हों।

आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सहयोग से बाल दिवस का कार्यक्रम आनंदमय और यादगार बना। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और सामूहिक गतिविधियों के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया। इस तरह सरस्वती शिशु मंदिर, एच.टी.पी.पी. दर्री में बाल दिवस का उत्सव बच्चों के उत्साह, मनोरंजन और पुरस्कार वितरण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677