Connect with us

कोरबा

श्री अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में 17 नवंबर को मनाया जाएगा गोपाष्टमी पर्व, उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि

Published

on

सुबह होगी विशेष गौ पूजन, दोपहर में स्टेच कार्यक्रम व विशाल भंडारा, सर्व समाज को सपरिवार आने का निमंत्रण

कोरबा। श्री अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंगलवार 17 नवंबर को गोपाष्टमी का पावन पर्व अत्यंत भव्य और धूमधाम से मनाया जाएगा। अग्रसेन गौ धाम सेवा समिति द्वारा इस अवसर पर पूरे कोरबा के सर्व समाज के लिए गौ माता की विशेष पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
रविवार को कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अग्रवाल सभा व अग्रसेन गौ धाम के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए क्षेत्र की समस्त जनता से सपरिवार उपस्थित होकर पूजा-अर्चना में शामिल होने व भोग-भंडारा ग्रहण करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल करेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष द्वय सुनील जैन (टोनी), अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, अग्रसेन गोधाम सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल, सचिव राधेश्याम अग्रवाल (पिंटू), माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के कोषाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष देवाशीष केडिया उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ का अनूठा गोधाम, जहां केवल असहाय गोवंश की सेवा
माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष सुनील जैन (टोनी) ने बताया कि गौ धाम में गौ गोपाल मंदिर है जो पूरे छत्तीसगढ़ में एकमात्र ऐसा विशेष मंदिर और सेवा केंद्र है, जहां वर्तमान में 800 से 900 गाय आश्रित हैं। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ एक भी दूध देने वाली गाय नहीं रखी जाती, बल्कि केवल निर्धन, बेसहारा, बीमार और दुर्घटनाग्रस्त गोवंश का ही पालन-पोषण और उपचार किया जाता है। गोधाम परिसर में स्थापित भव्य ‘गौ गोपाल मंदिर’ के दर्शन का लाभ भी श्रद्धालुओं को मिलेगा।

गौ-सेवा और तुलादान की विशेष व्यवस्था
श्री अग्रसेन गौ सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल ने बताया कि समिति ने आमजन की सुविधा के लिए पूरे वर्ष गौ-सेवा और तुलादान की पारदर्शी व्यवस्था तय की है, जिसके तहत कोई भी श्रद्धालु 11,000 रुपये की सहयोग राशि देकर अपने नाम से पूरे एक वर्ष तक एक गौ माता की सेवा का संकल्प ले सकता है। गौ धाम में गुड़, हरा चारा और पशु आहार मिलाकर तुलादान की सुविधा उपलब्ध है। बड़ों के लिए 2,100 रुपये और 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 1,100 रुपये का शुल्क निर्धारित है। वहीं, मात्र 251 रुपये में हरे चारे की सवामणी कराई जा सकती है। इसके अलावा आम नागरिक अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ या अन्य पारिवारिक अवसरों पर गौ धाम में शुद्ध भोजन और नाश्ते का आयोजन कर सकते हैं। इसके लिए एक दिन पूर्व सूचना देनी अनिवार्य होगी। आयोजन से जुड़ी किसी भी जानकारी या बुकिंग के लिए गोधाम प्रबंधक रोहरलाल यादव (मो. 6260900422) अथवा समिति के पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।

गौ धाम पहुंच मार्ग का 75 फीसदी काम पूरा
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा गौ धाम तक पहुंच मार्ग के संबंध में पूछे गए सवाल पर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कनबेरी स्थिति गौ धाम कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में स्थित है, इसलिए कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल की विधायक निधि से स्वीकृत 40 लाख रुपये की लागत वाले सीसी रोड का लगभग 70 से 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी गोपाष्टमी पर्व के मद्देनजर जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा नहीं होगी।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में 18 नवम्बर को सजेगी कविता की महफिल, देशभर के कवि सुनाएंगे हास्य-व्यंग्य और गीत

Published

on

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन का करेंगे शुभारंभ
कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर जुटेंगे नामचीन कवि-कवयित्रि
कोरबा। हंसी के ठहाकों, व्यंग्य की धार, गीतों की मिठास और श्रृंगार की खूबसूरती से सजी काव्य संध्या का आनंद लेने का मौका कोरबा के नगरजनों व साहित्यप्रेमियों को मिलने जा रहा है। 18 नवम्बर,बुधवार को निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया है।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत के द्वारा की जाएगी। विशिष्ट अतिथि के तौर पर नगर पालिक निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला सहकारी केंद्रित मर्यादित बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र पांडेय, नरेंद्र देवांगन पार्षद एवं एमआईसी सदस्य नगर पालिका निगम कोरबा मां सर्वमंगला मंदिर प्रबंधक/पुजारी पं. नमन पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह एवं सोनू पांडेय जिला अध्यक्ष नरेंद्र मोदी विचार मंच की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए ख्यातिप्राप्त कवि और कवयित्रि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे और भावनाओं से जोड़ेंगे। कार्यक्रम में हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार रस की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। अलग-अलग काव्य विधाओं के रचनाकारों की मौजूदगी से यह शाम साहित्य, मनोरंजन और संवेदनाओं का संगम बनेगी। कवि सम्मेलन में प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी हास्य कविताओं से श्रोताओं को हंसाएंगे। रायपुर के गीतकार मीर अली मीर अपनी गीतात्मक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। पश्चिम बंगाल से पवन बांके बिहारी हास्य काव्य का रंग जमाएंगे, जबकि कटनी की प्रियंका मिश्रा श्रृंगार रस की कविताओं से काव्य संध्या को खास बनाएंगी। इसके साथ ही कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ भी अपनी हास्य कविताओं से कार्यक्रम में ठहाकों का रंग भरेंगे।
शाम 7 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
कवि सम्मेलन 18 नवम्बर 2026, बुधवार को शाम 7 बजे से निहारिका स्थित घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम, कोरबा में आयोजित होगा। कविता के अलग-अलग रंगों से सजी इस महफिल में श्रोताओं को हंसी, संवेदना, प्रेम और जीवन से जुड़े अनुभवों को शब्दों में महसूस करने का अवसर मिलेगा।

Continue Reading

कोरबा

विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने किया नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल मड़वारानी का निरीक्षण, विद्यालय परिसर में किया वृक्षारोपण

Published

on

कोरबा। आज नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल मड़वारानी में विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल प्रसाद वर्मा का आगमन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया तथा विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। विद्यालय की सुव्यवस्थित व्यवस्था, अनुशासित वातावरण एवं शैक्षणिक गतिविधियों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल प्रसाद वर्मा ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पौधारोपण को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय एवं महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं संतुलित बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल भी करनी चाहिए।

उन्होंने विद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति दिखाई गई जागरूकता की विशेष प्रशंसा की। साथ ही कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार की गतिविधियों के आयोजन से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी एवं सामाजिक चेतना का विकास होता है।इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शोमा सोनी, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल प्रसाद वर्मा के आगमन, निरीक्षण एवं बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।

Continue Reading

कोरबा

बालको की गौरवशाली विकास यात्रा से रूबरू हुए कंपनी के सेवानिवृत्त कर्मचारी

Published

on

बालकोनगर, 17 नवंबर 2026। कुछ रिश्ते समय और दूरी से कभी कम नहीं होते। वर्षों तक बालको का हिस्सा रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए अपने पुराने कार्यस्थल पर लौटना यादों, अनुभवों और भावनाओं से जुड़ने का एक विशेष अवसर बना। कोलकत्ता, पुणे, हैदराबाद सहित देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बालको संयंत्र का भ्रमण कर कंपनी की गौरवशाली विकास यात्रा और बदलते स्वरूप को करीब से देखा।

वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान और उनके साथ आत्मीय जुड़ाव बनाए रखने की परंपरा के तहत इस विशेष संयंत्र भ्रमण का आयोजन किया। वर्षों बाद अपने पुराने कार्यस्थल पर पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने उन स्थानों का दौरा किया, जहां उन्होंने अपने करियर के महत्वपूर्ण वर्ष बिताए और बालको की विकास यात्रा में अपना योगदान दिया था।

भ्रमण के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने स्मेल्टर, कास्ट हाउस, पावर प्लांट सहित संयंत्र की प्रमुख इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने संयंत्र में हुए तकनीकी बदलावों, आधुनिक मशीनरी, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों, डिजिटलीकरण और उत्पादन क्षमता में हुई वृद्धि को देखा। विशेष रूप से एआई आधारित सुरक्षा तकनीकों और आधुनिक कार्यप्रणालियों ने उन्हें प्रभावित किया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें बालको की वर्तमान उपलब्धियों, विस्तार योजनाओं और भविष्य की विकास यात्रा की जानकारी भी दी।

सेवानिवृत्त कर्मचारी वी के धर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया, “मैं मानव संसाधन विभाग में कार्य करता था। उस समय बालको में लगभग एक लाख टन उत्पादन होता था, जबकि आज कंपनी 10 लाख टन उत्पादन के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। हाल ही में चेयरमैन अनिल अग्रवाल द्वारा कर्मचारियों के लिए घोषित 10 प्रतिशत ग्रांट से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। पहले की तुलना में संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था में भी काफी सुधार हुआ है।”

सेवानिवृत्त कर्मचारी देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया, “मैंने वर्ष 1977 में बालको ज्वाइन किया था। कंपनी की विकास यात्रा के साथ हमें भी आगे बढ़ने और नए अवसरों पर काम करने का मौका मिला। विशेष रूप से रोलिंग मिल में नवाचार और नए कार्यों को सीखने के कई अवसर मिले। आज संयंत्र निरंतर प्रगति के साथ अधिक सुंदर और सुव्यवस्थित हो गया है। सुरक्षा और गुणवत्ता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।”

सेवानिवृत्त कर्मचारी शरद गहरना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “वर्ष 1977 में जब बालको अपने शुरुआती चरण में था, तब हमने यहां काम करना शुरू किया था। आज कंपनी ने हमारी कल्पना से भी कहीं अधिक विकास किया है। यहां कर्मचारियों को पूरी लगन और समर्पण के साथ काम करते देखकर विश्वास होता है कि यही लोग बालको को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगे। संयंत्र में पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है और चारों ओर हरियाली देखकर बहुत प्रसन्नता हुई। मेरी कामना है कि बालको प्रबंधन भविष्य में भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए इस तरह के संयंत्र भ्रमण का आयोजन जारी रखे।”

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने वर्षों बाद संयंत्र पहुंचने पर खुशी व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बालको उनके लिए केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। पुराने कार्यस्थलों को देखकर उन्हें अपने सहकर्मियों, टीम और साथ बिताए पलों की याद आई। वहीं, आधुनिक तकनीकों, बेहतर सुरक्षा व्यवस्थाओं और विस्तारित संयंत्र को देखकर उन्हें गर्व महसूस हुआ। उन्होंने बालको प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सेवानिवृत्त कर्मचारियों और कंपनी के बीच भावनात्मक जुड़ाव को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह भ्रमण अतीत की सुनहरी यादों और वर्तमान की उपलब्धियों के बीच एक खूबसूरत सेतु बना। देश के अलग-अलग शहरों से पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए यह अपने पुराने साथियों और कार्यस्थल से दोबारा जुड़ने का यादगार अवसर रहा।

बालको अपने वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ मजबूत और आत्मीय संबंध बनाए रखने में विश्वास करता है। ऐसे आयोजन कंपनी की समृद्ध विरासत का सम्मान करने के साथ-साथ विभिन्न पीढ़ियों के बीच अनुभव, ज्ञान और प्रेरणा के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित करते हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677