सेवा, संगठन और संवाद का संगम— भाजपा जिला कोरबा का भव्य मीडिया संवाद कार्यक्रम संपन्न
नवीन जिला कार्यालय के भूमिपूजन के पूर्व भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा का मीडिया से संवाद सह भेंटवार्ता कार्यक्रम संपन्न
02 फरवरी 2026 को भूमिपूजन: मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित कई दिग्गज आएंगे कोरबा गोपाल मोदी ने कहा- अटल स्मृति भवन लोगों की समस्याओं के समाधान का बनेगा मंदिर पुलिस लाईन के सामने रिस्दी रोड पर 1.68 एकड़ में सर्वसुविधायुक्त बनेगा भवन: डेढ़ साल में होगा तैयार
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी का नवीन जिला कार्यालय अटल स्मृति भवन का भूमि पूजन 02 फरवरी 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरणदेव सिंह की अध्यक्षता, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्रीद्वय अरूण साव, विजय शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सिंह के अति विशिष्ट आतिथ्य, राम गर्ग-प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजपा, लखनलाल देवांगन-केबिनेट मंत्री, प्रेमचंद पटेल-विधायक कटघोरा, गोपाल मोदी-जिला भाजपा अध्यक्ष, श्रीमती संजूदेवी राजपूत- महापौर कोरबा, डॉ. पवन सिंह-जिला पंचायत अध्यक्ष के विशिष्ट आतिथ्य में गरीमयपूर्ण समारोह के साथ होगा। इसके पूर्व आज 29 जनवरी को जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी, केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज तिलक भवन प्रेस क्लब टीपी नगर कोरबा में मीडिया से संवाद सह भेंटवार्ता का आयोजन किया और पत्रकारों से रू-ब-रू होकर आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और दोपहर भोज भी कराया। गोपाल मोदी ने 02 फरवरी के भूमिपूजन को कोरबा के लिए एतिहासिक क्षण बताया और कहा कि अटल स्मृति भवन लोगों की समस्याओं का समाधान केन्द्र बनेगा और मांगों के लिए विचार विमर्श केन्द्र के साथ पूर्ण करने का मंदिर भी बनेगा। छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी भाजपाई को समर्पित यह मंदिर लोगों की आशा का केन्द्र भी बनेगा।
भारतीय जनता पार्टी के नवीन जिला कार्यालय के भूमिपूजन समारोह के पूर्व मीडिया से संवाद सह भेंटवार्ता कार्यक्रम का आयोजन प्रेस क्लब, तिलक भवन, टी.पी. नगर, कोरबा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग के सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह एवं जिला महामंत्री युवा मोर्चा नरेंद्र देवांगन की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि “सेवा ही संगठन है” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिला द्वारा एक भव्य, आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त जिला कार्यालय के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले के नवीन भाजपा जिला कार्यालय का नामकरण “अटल स्मृति भवन” के रूप में किया जाएगा, जो राष्ट्रनायक भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों और आदर्शों का प्रतीक होगा। श्री मोदी ने जानकारी दी कि यह नया जिला कार्यालय लगभग 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर निर्मित किया जाएगा, अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह कार्यालय दूर-दराज़ से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण, वैचारिक विमर्श एवं जनसेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि पूर्व में भाजपा जिला कार्यालय का भूमि पूजन 16 जनवरी 1991 को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष लखीराम अग्रवाल के कर-कमलों से संपन्न हुआ था तथा उसका लोकार्पण 24 मार्च 1993 को कुशाभाऊ ठाकरे द्वारा किया गया था। नया प्रस्तावित कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संस्कार और “राष्ट्र प्रथम” की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला वैचारिक केंद्र होगा।
मीडिया संवाद कार्यक्रम में पूर्व महापौर जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, योगेश मिश्रा, कमला बरेठ, किशन अग्रवाल, दुष्यंत शर्मा, कमला किंडो, स्वाति, पुनीराम साहू, रूक्मिणी नायर, नरेन्द्र पाटनवार, अजय चंद्रा, दिलीप पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सहित जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व पोर्टल के पत्रकार साथी , भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहाँ संगठन की भावी योजनाओं एवं भाजपा के जनसेवा संकल्प पर सार्थक संवाद हुआ।
कोरबा। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 600.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील कोरबा में 659.1 मिलीमीटर, अजगरबहार 428, भैंसमा, 566.2, करतला 570.9, बरपाली 630.7, कटघोरा 610.2 दीपका 649, दर्री 727.4, पाली 629, हरदीबाजार 487.4, पोंड़ी-उपरोड़ा 645.2, और पसान तहसील में 597.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 11.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
गुणवत्तायुक्त निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित राखियों के विक्रय हेतु विशेष स्टॉल लगाने के निर्देश
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने गुरुवार को विकासखण्ड करतला में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। प्रातः 8 बजे से प्रारंभ हुए निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत नोनबिर्रा, कोटमेर, करतला, रामपुर, चैनपुर, सेन्द्रिपाली, सलियाभांठा, तुमान, बरपाली एवं सोहागपुर का भ्रमण कर निर्माणाधीन कार्यों, आजीविका गतिविधियों तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री जैन ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी भवन, पंचायत भवन, विद्यालय भवन, महतारी सदन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, सामुदायिक शौचालय तथा विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया गया। सीईओ ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, आंगनबाड़ी एवं प्राथमिक शाला भवनों में पाए गए सीपेज का शीघ्र निराकरण करने तथा सभी लंबित निर्माण कार्य आगामी दो से तीन माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी सदन में ग्लो बोर्ड स्थापित करने तथा निर्माण कार्यों में पाई गई कमियों का तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत कोटमेर में संचालित रीपा का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुरूप मास्क एवं एप्रन का अनिवार्य उपयोग करने, अग्निशमन उपकरण स्थापित करने एवं उनका नियमित उपयोग सुनिश्चित करने तथा बंद मशीनों को पुनः संचालित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सेन्द्रिपाली स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के संचालन एवं सेवा शुल्क व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत चैनपुर में सचिव को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कराने, विद्यालय पहुंच मार्ग का सुधार कराने तथा भवन निर्माण में छत एवं छज्जों पर उचित ढाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही औराई क्षेत्र में विकसित भारत-जी राम जी योजना अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के लिए वर्कशेड निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा तुमान-बरपाली मार्ग के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत बरपाली में मल्टीग्रेन यूनिट स्थापित करने, पंचायत परिसर में कॉम्प्लेक्स निर्माण की कार्यवाही प्रारंभ करने तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम पंचायत सोहागपुर में विकसित भारत -जी राम जी से शेड निर्माण, स्व-सहायता समूहों के लिए वर्कशेड एवं शौचालय निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। आगामी रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित आकर्षक राखियों के विक्रय हेतु जनपद पंचायत कार्यालय में विशेष स्टॉल स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके और समूहों की आय में वृद्धि हो।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का भी अवलोकन किया गया। ग्राम पंचायत कोटमेर में दुर्गा स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित रेडी-टू-ईट इकाई की स्वच्छता एवं गुणवत्ता का निरीक्षण किया गया। ग्राम पंचायत बरपाली में जय मां सरस्वती स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित कपड़ा दुकान एवं लखपति दीदी महिला उद्यमियों से चर्चा कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। साथ ही जय मां राधा महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित रेडी-टू-ईट इकाई तथा हसदेव रूरल मार्ट का निरीक्षण किया गया। ग्राम पंचायत सोहागपुर में संगम महिला क्लस्टर संगठन की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही पारंपरिक एवं आकर्षक राखियों का अवलोकन करते हुए सीईओ श्री जैन ने उनके प्रयासों की सराहना की तथा उत्पादों के बेहतर विपणन एवं आयवृद्धि के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैभव कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहा।