Connect with us

कोरबा

बालको ने प्राइड मंथ के माध्यम से समावेशी कार्य संस्कृति को किया और मजबूत

Published

on

प्राइड मंथ अभियान में 2,000 से अधिक कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों एवं समुदाय के सदस्यों की सहभागिता

बालकोनगर। वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने एक माह तक प्राइड मंथ अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से कंपनी ने विविध, समानतापूर्ण एवं समावेशी कार्यस्थल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सशक्त किया। इस अभियान में 2,000 से अधिक कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदार एवं समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। अभियान के अंतर्गत जागरूकता सत्र, कर्मचारी सहभागिता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएँ, वित्तीय साक्षरता कार्यशालाएँ, कर्मचारियों की प्रेरक कहानियाँ, क्विज़ तथा प्राइड मार्च का आयोजन किया गया। इनके माध्यम से एलजीबीटीक्यूआई प्लस समुदाय के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सहयोग, सम्मान और अपनत्व की संस्कृति को प्रोत्साहित किया गया।

बालको ने ट्रांसजेंडर कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई नीतियाँ लागू की हैं। एजुकेशन सपोर्ट पॉलिसी के अंतर्गत 18 माह की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को व्यावसायिक शिक्षा के लिए 1 लाख तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इसके साथ ही जेंडर रिफर्मेशन पॉलिसी के तहत जेंडर रिफर्मेशन सर्जरी के लिए 2 लाख तक की वित्तीय सहायता तथा 30 दिनों का सवेतन अवकाश उपलब्ध कराया जाता है। अब तक 7 कर्मचारी, इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। ये पहल समान अवसर सुनिश्चित करने और मौजूदा अंतरालों को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा, “बालको में हम विविधता को अपनी सबसे बड़ी शक्ति मानते हैं और समावेशन को एक उच्च प्रदर्शन वाले संगठन की आधारशिला समझते हैं। हमारा विश्वास है कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ योगदान देने, सीखने और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। हमारी प्रतिबद्धता केवल प्रगतिशील नीतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे कार्यस्थल का निर्माण करना है जहाँ सम्मान, समान अवसर और अपनत्व प्रत्येक कर्मचारी के दैनिक अनुभव का हिस्सा हों। वर्तमान में हमारे कार्यबल में 21 ट्रांसजेंडर कर्मचारी कार्यरत हैं और आने वाले वर्षों में हम उनकी भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

अपने अनुभव साझा करते हुए बालको में कार्यरत ट्रांसजेंडर कर्मचारी देवसेना चौहान ने कहा, “बी.टेक. पूर्ण करने के बाद जब मैंने बालको में अपने करियर की शुरुआत की, तब मैंने यह नहीं सोचा था कि नौकरी के साथ-साथ उच्च शिक्षा जारी रखने का अवसर भी मिलेगा। बालको द्वारा उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन दिए जाने से मुझे एम. टेक. की पढ़ाई जारी रखने का आत्मविश्वास मिला। आज मैं अपने अंतिम सेमेस्टर में हूँ और अपनी इस यात्रा पर गर्व महसूस करती हूँ। इस डिग्री ने मुझे व्यक्तिगत और व्यावसायिक दोनों स्तरों पर आगे बढ़ने में मदद की है। मैं ऐसे संगठन का हिस्सा बनकर स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हूँ जो मेरी क्षमता पर विश्वास करता है और मेरे सपनों को साकार करने में सहयोग देता है।”

प्राइड मंथ अभियान के अंतर्गत टाउनशिप में प्राइड मार्च का आयोजन किया गया, कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों एवं स्थानीय समुदाय के सदस्यों ने समानता और सहयोग के समर्थन में भागीदारी निभाई। भारत सरकार के डाक विभाग के सहयोग से वित्तीय स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वित्तीय कल्याण जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया। पूरे माह के दौरान बालको के डीई एंड आई शुभकंर ‘डाइवर्सीदी’ ने जागरूकता संदेशों, कर्मचारियों की प्रेरक कहानियों, क्विज़ एवं शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से समावेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बालको की समावेशन रणनीति तीन मुख्य बातों पर आधारित है। ट्रांसजेंडर प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर देना, तकनीकी, प्रचालन एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से कौशल विकास तथा संवेदनशीलता एवं सहयोगी कार्यस्थल संस्कृति के जरिए समावेशी वातावरण का निर्माण। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप एलजीबीटीक्यूआई प्लस समुदाय के कर्मचारी आज सामग्री प्रबंधन, फोर्कलिफ्ट संचालन और सुरक्षा जैसे प्रमुख प्रचालन क्षेत्रों में सम्मान, आत्मविश्वास और उद्देश्य के साथ अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

205.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में एक जून से 06 जुलाई तक कुल 205.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
   अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील कोरबा में 183.1 मिलीमीटर, अजगरबहार 147.7, भैंसमा, 220.9, करतला 137.3, बरपाली 207.8, कटघोरा 207.2, दीपका 271.6, दर्री 199.1, पाली 274.2, हरदीबाजार 212, पोंड़ी-उपरोड़ा 239.4, और पसान तहसील में 113.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

Continue Reading

कोरबा

समसामयिक सलाह, अच्छी वर्षा का लाभ उठाकर खरीफ फसलों के कृषि कार्य समय पर पूर्ण करें

Published

on

कोरबा। कृषि विज्ञान केंद्र, कोरबा ने जिले के किसानों से अपील की है कि हाल के दिनों में हो रही अच्छी वर्षा का अधिकतम लाभ उठाते हुए खरीफ मौसम से जुड़े सभी कृषि कार्य समय पर पूर्ण करें। जिन किसानों की धान की नर्सरी तैयार हो चुकी है, वे खेत में पर्याप्त नमी का लाभ लेते हुए शीघ्र रोपाई करें। धान की रोपाई कतार पद्धति से करने, 20-21 दिन की पौध का उपयोग करने तथा अनुशंसित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है, ताकि पौधों की संख्या संतुलित रहे, खरपतवार नियंत्रण आसान हो और उत्पादन में वृद्धि हो। जिन किसानों ने अभी तक धान की बुवाई नहीं की है, वे वर्तमान मौसम को देखते हुए मिट्टी में अनुकृल नमी होने पर लेही विधि से बुवाई करें। प्रमाणित अथवा आधार श्रेणी के बीजों का एजोस्पाइरिलम एवं पीएसबी कल्चर से बीजोपचार करने की भी सलाह दी गई है। साथ ही, अनुशंसित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग तथा समय पर नाइट्रोजन का छिड़काव करने पर विशेष जोर दिया गया है।
धान एवं मक्का की फसलों में अंकुरण पूर्व तथा अंकुरण पश्चात खरपतवारनाशी का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, मक्का की फसल में आवश्यकता अनुसार निराई-गुड़ाई एवं मिट्टी चढ़ाने का कार्य भी समय पर करें।
वर्तमान मौसम को ध्यान मे रखते हुए 10‘- 15 दिन पश्चात् दलहनी फसलों जैसे अरहर, उड़द एवं मूंग की शीघ्र/कम अवघि की उन्नतशील किस्में तथा उच्चहन भूमि में तिलहनी फसल विशेषकर तिल एवं मूंगफली की अनुशंसित बीज दर, निश्चित कतार दूरी एवं बीजोपचार के साथ बुवाई करने की सलाह दी गई है। किसानों से आग्रह है कि मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरको का संतुलित उपयोग करें।
खरीफ मौसम में लौकी, कद्दू, करेला, तोरई, भिंडी, बरबटी, मिर्च, बैंगन सहित अन्य मौसमी सब्जियों की समय पर बुवाई करने तथा तैयार नर्सरी वाली मिर्च, बैंगन एवं फूलगोभी की रोपाई शुरू करने की अपील की गई है। अदरक, हल्दी, भिंडी एवं बरबटी की फसलों में समय-समय पर निराई-गुड़ाई तथा अधिक वर्षा की स्थिति में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह भी दी गई है।
वर्तमान समय को आम, अमरूद, नींबू, कटहल, सहजन एवं केले सहित अन्य फलदार पौधों के रोपण के लिए भी उपयुक्त बताया गया है। पौधरोपण के समय अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद एवं अनुशंसित उर्वरकों का उपयोग करने तथा पौधों की नियमित देखभाल करने की सलाह दी गई है।
वर्षा जल एक प्राकृतिक संसाधन है और इसके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है जिसके लिए किसान अपने खेत की मेड़ों को मजबूत रखे, खेत तालाब, डबरी, मेड़बंदी एवं अन्य जल संचयन संरचनाओं के माध्यम से वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण करें, संरक्षित जल का उपयोग वर्षा के अंतराल के दौरान सिंचाई के लिए किया जा सकता है। साथ ही खेत में नमी बनाए रखने के लिए उचित जल प्रबंधन, एवं मल्चिंग अपनाने की सलाह दी गई है।

Continue Reading

कोरबा

खनन प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर, सीपेट स्याहीमुड़ी में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों हेतु आवेदन आमंत्रित

Published

on

कोरबा। जिला प्रशासन द्वारा जिले के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष खनन प्रभावित क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से सीपेट  स्याहीमुड़ी, कोरबा में संचालित डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स टेक्नोलॉजी एवं डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स मोल्ड टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत कोरबा जिले के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष खनन प्रभावित क्षेत्रों के निवासी 10 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रम की संपूर्ण अवधि का शिक्षण शुल्क तथा हॉस्टल एवं मेस शुल्क जिला प्रशासन द्वारा वहन किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों सहित 20 जुलाई 2026 को सायं 5ः00 बजे तक लाईवलीहुड कॉलेज, आईटीआई रामपुर परिसर, रोजगार कार्यालय के पीछे, कोरबा में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्रवेश हेतु सीटों की संख्या सीमित है। निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में विद्यार्थियों का चयन मेरिट सूची एवं कोरबा जिले के लिए निर्धारित आरक्षण रोस्टर के अनुसार किया जाएगा। पाठ्यक्रम, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता तथा आरक्षण रोस्टर के अनुसार रिक्त सीटों का विस्तृत विवरण आवेदन स्थल पर उपलब्ध रहेगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों के माता या पिता किसी भी प्रकार की शासकीय सेवा में कार्यरत हैं, वे छात्रवृत्ति के लिए पात्र नहीं होंगे। ऐसे आवेदकों को आवेदन के साथ इस आशय का प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी अरुणेन्द्र कुमार मिश्रा, प्राचार्य, लाईवलीहुड कॉलेज से मोबाइल नंबर 9589583878 पर संपर्क कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 सायं 5ः00 बजे निर्धारित की गई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677