बस्तर। छत्तीसगढ़ की कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जैव विविधता और विश्व-प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के लिए देश-विदेश में विख्यात है। इसी कड़ी में अब कांगेर घाटी में एक और अनोखी प्राकृतिक स्थलाकृति सामने आई है, जिसे “ग्रीन केव” (ग्रीन गुफा) नाम दिया गया है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार राज्य सरकार द्वारा पर्यटन और वन्य धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। वन मंत्री श्री कश्यप ने स्पष्ट किया है कि ग्रीन गुफा के पर्यटन मानचित्र में शामिल होने से कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय विकास को गति प्राप्त होगी और शीघ्र ही पर्यटक इस अद्भुत गुफा की प्राकृतिक खूबसूरती का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकेंगे। वन विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां पूर्ण किए जाने के बाद शीघ्र ही इस गुफा को पर्यटकों के लिए खोले जाने की योजना है।
उल्लेखनीय है कि यह ग्रीन गुफा कोटुमसर परिसर के कंपार्टमेंट क्रमांक 85 में स्थित है। गुफा की दीवारों और छत से लटकती चूने की आकृतियों (स्टैलेक्टाइट्स) पर हरे रंग की सूक्ष्मजीवी परतें पाई जाती हैं, जिसके कारण इसे “ग्रीन केव” नाम दिया गया है। चूना पत्थर और शैल से निर्मित यह गुफा कांगेर घाटी की दुर्लभ और विशिष्ट गुफाओं में से एक मानी जा रही है।
ग्रीन गुफा तक पहुंचने का मार्ग बड़े-बड़े पत्थरों से होकर गुजरता है। गुफा में प्रवेश करते ही सूक्ष्मजीवी जमाव से ढकी हरी दीवारें पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। आगे बढ़ने पर एक विशाल कक्ष दिखाई देता है, जहां से भीतर की ओर चमकदार और विशाल स्टैलेक्टाइट्स तथा फ्लो-स्टोन (बहते पानी से बनी पत्थर की परतें) देखने को मिलती हैं, जो गुफा की प्राकृतिक भव्यता को और भी बढ़ा देती हैं।
घने जंगलों के मध्य स्थित यह गुफा अपनी अनोखी संरचना और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बनने जा रही है। वन विभाग द्वारा गुफा की सुरक्षा एवं नियमित निगरानी की जा रही है। साथ ही पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहुंच मार्ग, पैदल पथ तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास कार्य प्रगति पर है। वन विभाग द्वारा कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के पर्यटन विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख व्ही. श्रीनिवासन तथा प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) अरुण पांडे का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पाली। बाल दिवस के पावन अवसर पर 14 नवंबर को इंडियन पब्लिक स्कूल की सभी शाखाओं पाली, पोंड़ी, चैतमा एवं जटगा में आनंद मेले का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। आनंद मेले ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान किया। बच्चों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं उल्लास के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों, उनके सपनों, उनकी प्रतिभाओं और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का भी अवसर है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम का सफल आयोजन इंडियन पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर श्री राकेश मिश्रा के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया। वहीं एडमिनिस्ट्रेटर श्री कुणाल महापात्रा तथा प्रिंसिपल श्री संतोष देवनाथ के मार्गदर्शन में सभी शाखाओं के विद्यालय प्रमुखों एवं शिक्षकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पाली, पोंड़ी, चैतमा एवं जटगा की सभी शाखाओं के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बच्चों के लिए कार्यक्रम को यादगार बनाने में विशेष सहयोग प्रदान किया। सभी शिक्षकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सहयोग से चारों शाखाओं में आनंद मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इंडियन पब्लिक स्कूल परिवार ने संदेश दिया कि बच्चों की मुस्कान ही विद्यालय की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उनका सर्वांगीण विकास, बेहतर शिक्षा और सुनहरा भविष्य ही विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी एवं प्रदेश संरक्षक देवीलाल निषाद बैगा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने दी शुभकामनाएं
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में पत्रकारिता की एकजुटता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के नवीन कार्यालय का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रायगढ़ जिला मीडिया प्रभारी सुरेश पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रेस रिपोर्टर क्लब के नवीन कार्यालय का भव्य शुभारंभ अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी एवं प्रदेश संरक्षक देवीलाल निषाद बैगा सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नवीन कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने प्रेस रिपोर्टर क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों को बधाई देते हुए इसे पत्रकारों के हित में एक सराहनीय कदम बताया। सभी ने उम्मीद जताई कि यह कार्यालय पत्रकारों के बीच संवाद, समन्वय, सहयोग एवं संगठनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लिखने और प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने और शासन-प्रशासन तक आमजन की समस्याओं को पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। जब पत्रकार संगठित होंगे, तभी उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाई जा सकेगी।
उन्होंने आगे कहा कि वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को एक मंच पर आकर आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग और सम्मान की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। पत्रकार समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए पत्रकारों के बीच एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती बेहद आवश्यक है।
प्रदेश संरक्षक देवीलाल निषाद बैगा ने भी नवीन कार्यालय के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग और सम्मान की भावना बनी रहनी चाहिए। पत्रकार समाज की आवाज को बुलंद करने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य करते हैं। उन्होंने इस नई शुरुआत के लिए सभी पत्रकार साथियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर दैनिक भास्कर बिलासपुर के रीजनल हेड राम हृदय दुबे, सारंगढ़-बिलाईगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मेश्वर देवांगन, सारंगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष अधिवक्ता संघ आशीष भट्ट, विधायक प्रतिनिधि शेखर भट्ट, पूर्व नगर अध्यक्ष रामनारायण देवांगन सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त महिला नेत्री राधा राकेश, यश वाई देवांगन, मंडल अध्यक्ष अविनेश मनहर, भूपेंद्र यादव, विनोद साहू, यशवंत साहू, मुरलीधर मिश्रा, सुकलाल निषाद एवं ओम शार्या सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों की एकता, संगठन की मजबूती, पत्रकार सुरक्षा, सम्मान एवं निष्पक्ष पत्रकारिता को लेकर सकारात्मक विचार साझा किए गए। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकारों को निर्भीकता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार साथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास से संगठन निरंतर आगे बढ़ेगा। उन्होंने पत्रकार परिवार की एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नया इतिहास लिखने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
नवीन कार्यालय का शुभारंभ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पत्रकारों के संगठनात्मक विस्तार और आपसी एकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
भव्य आरती और दीपदान के साथ दिखेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक
कोरबा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-आस्था, परंपरा और सांस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोरबा में पहली बार भव्य पुन्नी मेला का आयोजन किया जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर 24 नवंबर 2026, मंगलवार को हसदेव घाट, पुरानी बस्ती, दुरपा रोड़, इंदिरा नगर कोरबा में यह आयोजन होगा। शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इस मेले में धार्मिक आस्था के साथ छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, पारंपरिक खानपान और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
पुन्नी मेला आयोजन समिति कोरबा की ओर से आयोजित इस पुन्नी मेला को लेकर जोर शोर से तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों का उद्देश्य कार्तिक पूर्णिमा के महत्व को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ ही छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं, त्योहारों को एक मंच प्रदान करना है। मेले के माध्यम से लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
भव्य आरती और दीपदान रहेगा मुख्य आकर्षण
पुन्नी मेले में हसदेव घाट पर भव्य आरती एवं दीपदान का आयोजन विशेष आकर्षण रहेगा। श्रद्धालु दीप प्रज्वलित कर धार्मिक परंपरा में सहभागी बनेंगे। घाट पर दीपों की रोशनी और भक्तिमय वातावरण के बीच कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मनाया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां भी होंगी।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति और व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
मेले में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और लोकनृत्य के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत किया जाएगा। वहीं, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पकवानों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोगों को स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।
आतिशबाजी से रोशन होगा आसमान
आयोजन में भव्य आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पारंपरिक खानपान के माध्यम से पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल तैयार किया जाएगा। इस आयोजन में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, परिवार और संस्कृति प्रेमी शामिल होंगे।
जनप्रतिनिधियों ने किया आमंत्रित
पुन्नी मेला आयोजन समिति की ओर से नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद तामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल एवं एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला ने शहरवासियों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों ने छत्तीसगढ़ी अंदाज में लोगों को आमंत्रित करते हुए कहा है कि जम्मो महतारी, सियान, मितान अउ संगवारी मन ला झारा-झारा नेवता… अर्थात शहर के सभी लोगों को इस पुन्नी मेले में सपरिवार शामिल होने का स्नेहिल निमंत्रण है।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह पहला पुन्नी मेला कोरबा की धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब शहरवासियों को 24 नवंबर की शाम का इंतजार है, जब हसदेव घाट पर आस्था के दीप जगमगाएंगे और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा बिखरेगी।
कार्यक्रम की जानकारी
आयोजन: पुन्नी मेला 2026
दिनांक: 24 नवंबर 2026, मंगलवार
समय: शाम 5:00 बजे से
स्थान: हसदेव घाट, पुरानी बस्ती, दर्रीपारा रोड, इंदिरा नगर, कोरबा