पंजीकृत प्रतिभागियों को मिलेगा ऑनलाइन प्रमाण-पत्र, 21 जून को जिलेभर में होगा सामूहिक योगाभ्यास
कोरबा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 07 बजे से 7.45 बजे तक जिले सहित पूरे प्रदेश में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग‘‘ निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में इस जन स्वास्थ्य अभियान से जुड़ने की अपील की गई है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला एवं युवा समूहों सहित सभी नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नागरिक एवं संस्थाएं ‘योग संगम पोर्टल’ पर पंजीयन कर सकते हैं।’ पंजीयन, आयोजन एवं सहभागिता संबंधी समस्त जानकारी https://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam पर उपलब्ध है। कार्यक्रम के आयोजन उपरांत संबंधित फोटो एवं वीडियो पोर्टल पर अपलोड किए जाने पर प्रतिभागियों एवं संस्थाओं को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा।
आयुष मंत्रालय द्वारा इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ’गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ स्थापित करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। इसके लिए देशभर में अधिक से अधिक लोगों को योग कार्यक्रम से जोड़ने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले के नागरिक भी योग संगम पोर्टल पर पंजीयन कर इस राष्ट्रीय एवं ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बन सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे योग दिवस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी योग से जोड़ें।
महतारी वंदन योजना से सास-बहू को मिल रहा आर्थिक संबल, बच्चों की शिक्षा और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मिल रही मदद कोरबा, 06 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरबा जिले के रामपुर निवासी महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती बहुरा कौशिक एवं उनकी बहू श्रीमती सविता कौशिक को ‘विष्णु की पाती’ लिखकर आत्मीय शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री ने उन्हें एवं उनके परिवार के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की है। मुख्यमंत्री की इस पहल से परिवार की दो पीढ़ियों की महिलाओं को आत्मीयता, स्नेह और सम्मान का संदेश मिला है। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने पत्र में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर श्रीमती बहुरा कौशिक एवं श्रीमती सविता कौशिक और उनके पूरे परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने परिवार के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता के महत्व को रेखांकित किया है। मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया है कि महतारी वंदन योजना की मासिक सहायता राशि महिलाओं के लिए घर की आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है। इस राशि से परिवार की जरूरतों के साथ बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए भी सहयोग मिल रहा है। नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। मासिक सहायता राशि से बच्चों की पढ़ाई में सहयोग मिलना परिवार के लिए संतोष का विषय है। बैंक खाते में नियमित राशि उपलब्ध होने से महिलाएं जरूरत के समय आर्थिक रूप से अधिक आश्वस्त महसूस करती हैं और परिवार की जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा पाती हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि माताएं-बहनें अपने सपनों को लेकर निश्चिंत रहें और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ें। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प में महिलाओं की खुशहाली और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण स्थान है। ‘विष्णु की पाती’ पाकर श्रीमती बहुरा कौशिक एवं उनकी बहू श्रीमती सविता कौशिक बेहद उत्साहित और भावुक हुईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा स्वयं पत्र लिखकर उनका कुशलक्षेम जानना उनके लिए बेहद खुशी और सम्मान की बात है। इससे उन्हें लगा कि सरकार उनकी खुशियों और जरूरतों का भी ध्यान रख रही है। उन्होंने इस आत्मीय पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय ने महतारी वंदन योजना की 33वीं किश्त दीपावली से पहले उनके बैंक खातों में अंतरित कर दी है। इससे त्योहार की तैयारियों और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी तथा वे दीपावली का पर्व हर्षाेल्लास के साथ मना सकेंगी। दोनों ने योजना की राशि समय पर मिलने और ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से मिले स्नेह एवं सम्मान के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।
कटघोरा में फिर मंडरा रहा हादसे का खतरा! महेशपुर में नियम विरुद्ध पटाखा कारोबार पर अफसरो की चुप्पी क्यों?
कोरबा/कटघोरा। कटघोरा-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर ग्राम महेशपुर के समीप संचालित पटाखा दुकान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दुकान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, बिना पक्के बिल के पटाखों की बिक्री, लाइसेंस प्रदर्शित नहीं करने तथा निर्धारित नियमों के विपरीत भंडारण किए जाने की आशंकाओं को लेकर जिला प्रशासन से शिकायत कर तत्काल जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि मुख्य मार्ग से सटकर संचालित इस पटाखा दुकान में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। दुकान के सामने अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाने वाला लाइसेंस भी नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में दुकान के लाइसेंस की वैधता, संचालन की अनुमति और निर्धारित सुरक्षा शर्तों के पालन की निष्पक्ष जांच आवश्यक बताई गई है।
तीन स्थानों पर पटाखों के भंडारण की आशंका, निजी आवास भी शामिल!
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू पटाखों के संभावित अवैध भंडारण से जुड़ा है। शिकायत में यह आशंका जताई गई है कि संबंधित लोगों द्वारा तीन अलग-अलग स्थानों पर पटाखों का भंडारण किया जा रहा है, जिनमें उनका निजी आवास भी शामिल बताया जा रहा है। यदि यह जानकारी सही पाई जाती है तो यह जनसुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील मामला हो सकता है। शिकायतकर्ता ने दुकान के साथ-साथ तीनों संभावित भंडारण स्थलों का भी नियमानुसार तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है।
बिना बिल बिक्री और मूल्य सूची को लेकर भी सवाल
शिकायत में ग्राहकों को पटाखों की कीमत स्पष्ट रूप से नहीं बताने और बिना पक्का बिल दिए बिक्री किए जाने की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही दुकान में अग्निशमन उपकरणों, विद्युत सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था की स्थिति की जांच कराने की मांग की गई है।
मुख्य सड़क पर वाहनों की कतार, हादसे के समय बढ़ सकता है खतरा
दुकान में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर ग्राहकों के वाहनों की कतार लगने और यातायात बाधित होने की बात भी शिकायत में कही गई है। ऐसे में आगजनी अथवा किसी आपातकालीन स्थिति में दमकल और अन्य आपातकालीन वाहनों के घटनास्थल तक पहुंचने में बाधा उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है।
कटघोरा में पहले भी हो चुकी है पटाखा दुकान में आगजनी
शिकायतकर्ता ने यह भी ध्यान दिलाया है कि कुछ माह पूर्व कटघोरा क्षेत्र में ही एक पटाखा दुकान में आगजनी की गंभीर घटना हो चुकी है। इसके बावजूद यदि इसी मार्ग पर संचालित दूसरी दुकान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरती जा रही है, तो प्रशासन को समय रहते मामले की गंभीरता समझते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।
संयुक्त टीम से औचक निरीक्षण और लाइसेंस निरस्त करने तक की मांग
जिलाधीश को सौंपे गए शिकायत पत्र में राजस्व, पुलिस, नगर प्रशासन, अग्निशमन विभाग एवं संबंधित विस्फोटक लाइसेंसिंग अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल औचक निरीक्षण कराने की मांग की गई है। साथ ही दुकान के लाइसेंस, भंडारण क्षमता, निर्धारित स्थान, अग्निशमन उपकरणों, विद्युत सुरक्षा और संभावित भंडारण स्थलों की जांच कराने की बात कही गई है।
शिकायत में स्पष्ट किया गया है कि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दुकान का संचालन तत्काल बंद कराने, लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त करने तथा संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही शिकायत पर की गई जांच और कार्रवाई की लिखित जानकारी भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें
पटाखों का कारोबार अत्यधिक संवेदनशील है, जहां छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में ग्राम महेशपुर के समीप संचालित पटाखा दुकान को लेकर उठे इन सवालों पर जिला प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। अब देखना होगा कि प्रशासन शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए संयुक्त जांच कराता है और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाता है।
कोरबा। घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम में हुए राज्योत्सव 2026 में संदीप शर्मा ने शानदार गीतों की प्रस्तुति कर कर श्रोताओं को मंत्र मुक्त कर दिया । संदीप शर्मा एवं बिंदु तिवारी ने सर्वप्रथम हनुमान अंश के गीत “मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नया डार दई” गीत की प्रस्तुति दी । इसके पश्चात छत्तीसगढ़ी गीत “मीठ मीठ लागे माया के बानी” इसके प्रसाद सोचेंगे दीवाना फिल्म का सुमधुर गीत “सोचेंगे तुम्हें प्यार करें कि नहीं” की प्रस्तुति दी। इसके पश्चात डुएट सॉन्ग “मै से मीना से ना साकी से गीत गाकर श्रोताओं को मंत्र मुक्त कर दिया । इस बेहतरीन प्रस्तुति के लिए सी एस पी प्रतीक चतुर्वेदी ने सॉल, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र लेकर सम्मानित किया।
श्री संदीप शर्मा विगत कई वर्षों से गायन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे फिल्मी गीतों के साथ-साथ गजल, भजन, देशभक्ति गीत एवं छत्तीसगढ़ी गीतों की भी बेहतरीन प्रस्तुति देते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कोलकाता में आयोजित भजन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मलेशिया में आयोजित भजन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
वे दिल्ली, बिहार, गोवा, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा सहित अनेक स्थानों पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
कोरबा के राज्योत्सव, पाली महोत्सव, ठाकुर छेदीलाल बैरिस्टर कार्यक्रम तथा कोरबा जिले में पुलिस प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी अपनी शानदार प्रस्तुतियाँ दे चुके हैं। संदीप शर्मा सरगम म्यूजिकल ग्रुप, कोरबा के डायरेक्टर हैं। अपनी सुरीली आवाज, गायन प्रतिभा और शानदार प्रस्तुतियों के लिए उन्हें अनेक मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।