Connect with us

छत्तीसगढ़

बिलासपुर में बेलतरा महोत्सव का आयोजन:ग्राम पंचायत कड़री में बनेगा सामुदायिक भवन, संस्कृति मंत्री ने की घोषणा

Published

on

बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर के ग्राम पंचायत कड़री स्थित ऐतिहासिक नगपुरा मैदान में बेलतरा महोत्सव का दूसरा दिन लोक कला प्रदर्शनों से गुलजार रहा। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बेलतरा महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि यह क्षेत्र की भावनाओं, आस्था और विकास यात्रा का प्रतिबिंब है।

मंत्री जायसवाल ने बताया कि ऐतिहासिक रतनपुर, जो कभी छत्तीसगढ़ की राजधानी था, उसके आसपास का बेलतरा क्षेत्र तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में सशक्त कदम बढ़ा चुका है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार का उल्लेख किया।

जायसवाल ने महतारी वंदन योजना, किसानों को उपज का उचित मूल्य और युवाओं के लिए नए अवसरों के सृजन का जिक्र किया।

भविष्य में उन्होंने बेलतरा महोत्सव को वृहद स्वरूप देने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और विकास के संकल्प को मजबूत करता है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी से बेलतरा क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में विकास की नई पहचान स्थापित करेगा।

सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार अनुराग शर्मा के भजनों और प्रसिद्ध गायिका शहनाज अख्तर के गीतों ने श्रोताओं और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

संस्कृति मंत्री ने की धर्मशाला निर्माण की घोषणा

महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने की और विशिष्ट अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला उपस्थित रहे।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक कला, संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं तथा इनके संरक्षण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने मंदिर परिसर के समीप धर्मशाला निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह धर्मशाला धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए सामुदायिक भवन के रूप में भी उपयोगी होगा।

कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह सहित संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला और सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल जैसे विशिष्ट अतिथि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

छत्तीसगढ़

बिलासपुर सेंट्रल यूनिवर्सिटी की BA-LLB छठवें सेमेस्टर की परीक्षा रद्द:पेपर लीक के बाद बड़ा एक्शन, 27 जुलाई से दोबारा होगी परीक्षा

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) के बहुचर्चित पेपर लीक मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीए-एलएलबी छठवें सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा रद्द कर दी है और 27 जुलाई से दोबारा परीक्षा कराने का री-शेड्यूल जारी किया है। री-एग्जाम की सूचना मिलते ही लॉ विभाग के छात्र-छात्राओं ने इस फैसले का विरोध किया।

छात्रों ने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और री-एग्जाम के फैसले पर पुनर्विचार की मांग की। रजिस्ट्रार प्रो. अश्वनी दीक्षित और अन्य अधिकारियों ने छात्रों को समझाइश दी।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश में अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए मई में हुई परीक्षा को निरस्त किया गया है। यह परीक्षा 7 मई से 28 मई के बीच आयोजित हुई थी। अब नई समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा 27 जुलाई से होगी।

छात्रों ने कहा- रिपोर्ट सार्वजनिक करे विश्वविद्यालय

बीए-एलएलबी के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पुनर्परीक्षा कराने पर आपत्ति जताई थी। छात्रों का कहना था कि जिस फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है, उसे पारदर्शिता के लिए सार्वजनिक किया जाए। साथ ही पुनर्परीक्षा संबंधी अधिसूचना वापस लेने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

डेढ़ महीने तक दबी रही जांच रिपोर्ट

पेपर लीक मामले की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने 6 जून को अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी थी। इसके बावजूद करीब डेढ़ महीने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल को कार्यकाल विस्तार मिलने के बाद मंगलवार को अचानक परीक्षा निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया गया। इसे लेकर भी छात्र सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हुई।

समर्थ पोर्टल हैक नहीं, लॉगिन आईडी से लीक हुआ था पेपर

फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की जांच में सामने आया कि समर्थ पोर्टल हैक नहीं हुआ था, बल्कि लॉगिन आईडी और पासवर्ड के जरिए प्रश्नपत्र और अन्य डेटा लीक किया गया। कमेटी ने मामले की पुलिस जांच कराने की भी अनुशंसा की है। जिसके बाद यूनिवर्सिटी ने विभागीय जांच समिति बनाई है, जिसमें प्रो. एससी श्रीवास्तव, प्रॉक्टर प्रो. मुकेश कुमार सिंह, प्रो. खेमचंद देवांगन, ओएसडी प्रो. भारती अहिरवार और असिस्टेंट रजिस्ट्रार (परीक्षा) टी.पी. सिंह शामिल हैं।

पहले हटाए जा चुके हैं लॉ विभाग के डीन और एचओडी

पेपर लीक मामले में सवाल उठने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले ही लॉ विभाग के तत्कालीन एचओडी एवं डीन प्रो. सुधांशु रंजन मोहापात्रा को पद से हटा दिया है। उनकी जगह इतिहास विभाग के प्रो. प्रवीण मिश्रा को लॉ विभाग का नया एचओडी और डीन बनाया गया है। छात्रों ने इस मामले की शिकायत राष्ट्रपति और विश्वविद्यालय के कुलाध्यक्ष तक भी पहुंचाई थी।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर में भाजपा-कांग्रेस का टकराव, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस:कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाया, राहुल गांधी के विरोध में BJP का प्रदर्शन

Published

on

रायपुर, एजेंसी। दिल्ली में राहुल गांधी के PM आवास घेराव के विरोध में छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस नेता आमने-सामने हो गए हैं। भाजपा नेता कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने निकले। इस दौरान राजीव भवन के पास कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और दो बार आंसू गैस छोड़ी गई। कई जगहों पर बैरिकेडिंग लगाई गई, जिसे प्रदर्शनकारियों ने तोड़ने की कोशिश की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने अराजकता फैलाने की कोशिश की। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी देश में अर्बन नक्सलवाद को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं।

वहीं, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक मामले के लिए भाजपा जिम्मेदार है। संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी की गई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस छोड़ी गई।

आंसू गैस के असर से मची अफरा-तफरी

प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और 5 बार आंसू गैस के गोले छोड़े। आंसू गैस के असर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई कार्यकर्ता व पुलिस जवान इसकी चपेट में आ गए।

आंसू गैस से पुलिसकर्मी, रिपोर्टर भी प्रभावित

प्रदर्शन के दौरान छोड़ी गई आंसू गैस के असर से पुलिस जवानों के साथ कवरेज करने पहुंचे रिपोर्टर भी प्रभावित हुए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आंसू गैस भाजपा कार्यकर्ताओं पर नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर छोड़ी गई। वहीं, पार्टी ने महिला कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी का आरोप लगाते हुए पुलिस पर पक्षपात करने का भी दावा किया।

घेराव के दौरान लगा लंबा जाम

भाजपा के घेराव प्रदर्शन के चलते शंकर नगर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहा। बैरिकेडिंग और प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने प्रदर्शन खत्म होने के बाद बैरिकेडिंग हटाकर यातायात सामान्य की गई।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

प्रधान पाठक के घर से 1.17 लाख के जेवर पार:रायगढ़ से सक्ती घूमने गया था परिवार, अलमारी से सोने-चांदी के गहने ले उड़े चोर

Published

on

रायगढ़, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने सरकारी स्कूल के प्रधान पाठक के घर से 1.17 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई, जब पूरा परिवार सक्ती जिले में रिश्तेदारी में घूमने गया हुआ था। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से गहने गायब थे। मामला छाल थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम बोजिया निवासी बाबूलाल धीरहे (41) पुसल्दा शासकीय प्राथमिक शाला में प्रधान पाठक हैं। शनिवार दोपहर वह अपने परिवार के साथ सक्ती जिले के टेमर स्थित साढ़ू के घर घूमने गए थे। सोमवार को वापस लौटने पर उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा।

सूने घर का ताला तोड़ कर की गई चोरी।

सूने घर का ताला तोड़ कर की गई चोरी।

अलमारी से ले गए 1.17 लाख के जेवर

घर के अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर सोने का हार, कान की बाली, लॉकेट समेत करीब 1 लाख 17 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। इसके बाद उन्होंने आसपास पता लगाया, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।

अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज

घटना की सूचना मिलने पर बाबूलाल धीरहे ने छाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ चोरी करने वालों की तलाश में जुटी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677