प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा कोरबा में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज
कोरबा। आशीर्वाद प्वाइंट, टी.पी. नगर कोरबा में भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की जिला कार्यसमिति बैठक एवं “सेवा संकल्प अभियान” जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला प्रभारी अनिल केशरवानी, जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला व महापौर संजूदेवी राजपूत की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी सेवा संकल्प उत्सव के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं राज्यगीत के साथ कार्यशाला की औपचारिक शुरुआत की गई। मंच संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा ने किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा हैं – रामू जगदीश रोहरा
रामू जगदीश रोहरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा समाज सेवा, मानव सेवा और राष्ट्र सेवा है। भाजपा की राज्य और केंद्र सरकारें इसी विचारधारा को आधार बनाकर जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पूर्वजों ने जिस विचारधारा और सिद्धांतों की नींव रखी है, उसी मार्ग पर आज पार्टी आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एक बार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी एवं उनके विचारों से संबंधित पुस्तक अवश्य पढ़नी चाहिए। इसमें कार्यकर्ताओं के दायित्व, समाज के प्रति उनकी भूमिका और राष्ट्रसेवा के लिए किए जाने वाले कार्यों की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता के पास पुस्तक पढ़ने का समय नहीं है, तो आज के डिजिटल युग में मोबाइल और गूगल के माध्यम से भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन एवं विचारों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। रामू जगदीश रोहरा ने कहा कि अंत्योदय योजना से लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना तक, केंद्र सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नई पीढ़ी और विशेषकर Gen-Z के युवाओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जरूर दें, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और प्रभाव लगातार मजबूत हुआ है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
सेवा, सुशासन और जनभागीदारी का संकल्प है ‘सेवा संकल्प अभियान’ – लखनलाल देवांगन
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के महत्वपूर्ण पड़ाव को जनभागीदारी और सेवा भावना के साथ मनाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धियों को बताने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, विकास और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का व्यापक प्रयास है।
सेवा संकल्प अभियान’ में दिखेगा सेवा और समर्पण का महासंकल्प: गोपाल मोदी
जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत कुल नौ प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पहला ‘आशीर्वाद’, दूसरा ‘21 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, तीसरा ‘नमो सेवा गाथा’, चौथा ‘आंगन उत्सव’, पांचवां ‘कहानी बदलाव की’, छठवां ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, सातवां ‘सेवा ज्योति यात्रा’, आठवां ‘सेवा मेरा योगदान’ और नौवां ‘जन सेवक महाकुंभ’ शामिल हैं। इन सभी कार्यक्रमों के लिए संयोजकों की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और मिल-जुलकर इन कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न करना है। गोपाल मोदी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंबे समय से राष्ट्रसेवा को अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्षों तथा केंद्र में प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्षों से देश की सेवा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत’ का संकल्प लिया है और इस संकल्प को साकार करने में हम सभी को अपना योगदान देना है।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान – अनिल केशरवानी
जिला प्रभारी अनिल केसरवानी ने कार्यशाला में बताया गया कि सेवा संकल्प उत्सव का शुभारंभ 17 सितंबर से होगा। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न जनभागीदारी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान के तहत 17 सितंबर को जिले के प्रत्येक बूथ पर प्रत्येक परिवार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, राष्ट्र और जनकल्याण के संकल्प में सहभागिता की जाएगी। इसके साथ ही स्कूलों में राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
गांव-गांव पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा – बृजेन्द्र शुक्ला
जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला ने कहां कि सेवा संकल्प उत्सव के दौरान गांव-गांव ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा एवं जनसरोकार की भावना को मजबूत किया जाएगा।
मंचस्त अतिथियों में प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व विधायक रामदयाल उईके, नगर पंचायत छुरीकला अध्यक्ष पदमिनी प्रीतम देवांगन, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नगर पालिका बांकीमोंगरा अध्यक्ष सोनी झा, अशोक बाई कंवर, माधुरी देवी कंवर एवं शोभा जगत सहित भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कोरबा 07 सितम्बर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नगरीय क्षेत्र में सड़कों पर घूमते मवेशियों के संबंध में नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुद्रिका प्रसाद तिवारी एवं नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहर लाल गहवरिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि सड़क सुरक्षा/प्रोटोकाल कार्यक्रम के तहत एसडीएम कटघोरा द्वारा विशिष्ट अतिथियों के सम्बंधित क्षेत्र में भ्रमण के दौरान सड़कों पर घूमते मवेशियों के उचित व्यवस्थापन के संबंध में नगरीय निकाय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी दिनांक 29 अगस्त 2026 को विशिष्ट अतिथियों के उक्त क्षेत्र के भ्रमण के दौरान सड़कों पर मवेशी घूमते पाए गए। इस संबंध में पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने को गंभीरता से लिया गया है। इसी प्रकार सामान्य दिनों में सड़क पर घुमंतू मवेशियों के उचित व्यवस्थापन हेतु निकाय द्वारा अपेक्षित कार्यवाही की प्रगति नगण्य है। नोटिस में कहा गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में मवेशियों के विचरण को रोकने तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए दिए गए निर्देशों का विधिसम्मत पालन नहीं होना कार्य के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। साथ ही उच्च अधिकारियों के दिये निर्देशो को गम्भीरता से नही लेना कर्तव्य के प्रति तत्परता के अभाव को प्रदर्शित करता है। इस हेतु कलेक्टर श्री दुदावत ने सम्बंधित नगरीय निकाय के मुख्य नगर पालिका अधिकारियो को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर जनदर्शन में 6 दिव्यांगों को तत्काल मिले सहायक उपकरण
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में सीईओ जिला पंचायत के माध्यम से सहायक उपकरण किया गया प्रदान
कोरबा, 07 सितंबर 2026। कलेक्टर जनदर्शन में अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर पहुंचे दिव्यांगजनों के आवेदनों पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित पहल करते हुए 6 हितग्राहियों को तत्काल सहायक उपकरण उपलब्ध कराया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनदर्शन में आए दिव्यांगों के प्राप्त आवेदनों को संवेदनशीलता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा श्री प्रतीक जैन द्वारा हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किया गया। जनदर्शन मे आए दिव्यांग परदेशी दास पिता ज्ञानदास निवासी धवईपुर कटघोरा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, गुड्डी सागर पिता मोहनसागर निवासी मोतीसागर पारा कोरबा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल व वॉकर तथा रामजी साव पिता सरबजिस साव निवासी दर्री कोरबा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। इसी प्रकार ललित जांगड़े पिता सुखीराम जांगड़े निवासी कुसमुंडा कोरबा को व्हीलचेयर, कु. दृष्टि महंत पिता शंकर दास निवासी दुरपा रोड कोरबा को सी.पी. चेयर तथा निरवर पिता मिर्जा इसराइल बेग निवासी जिला कोरबा को सी.पी. चेयर प्रदान की गई। सहायक उपकरण प्राप्त होने से दिव्यांग हितग्राहियों के लिए दैनिक जीवन की आवश्यक गतिविधियां अधिक सहज होंगी तथा उन्हें आवागमन और सामान्य जीवन में आत्मनिर्भरता हासिल करने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल से हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रशासन के प्रति आभार जताया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर यथासंभव त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सहायता का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के लिए केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग हैं। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता अनुरूप योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, अपर कलेक्टर श्रीमती माधुरी सोम एवं उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, कोरबा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में दीक्षारम्भ समारोह में बोले मंत्री, बेटियां जितना पढ़ेंगी, उतना ही सशक्त होगा परिवार, समाज और प्रदेश
कोरबा, 07 सितंबर 2026। शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में सोमवार को आयोजित दीक्षारम्भ समारोह में नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत अतिविशिष्ट अतिथि तथा कलेक्टर कुणाल दुदावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने नवप्रवेशित छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियां दो कुलों का नाम रोशन करती हैं। बेटियां जितना अधिक पढ़ेंगी, उतना ही परिवार, समाज, प्रदेश और देश सशक्त होगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से दीक्षारम्भ समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की लगभग 1500 छात्राओं को सीएसआर मद के माध्यम से एजुकेशन किट प्रदान की गई। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को राज्य सरकार द्वारा प्राथमिकता दी जा रही है। शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में डीएमएफ मद से विशाल डोम का निर्माण कराया जा रहा है। इसी तर्ज पर जिले के अन्य शासकीय महाविद्यालयों में भी विशाल डोम निर्माण की घोषणा उन्होंने की। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास मॉडल के केंद्र में ज्ञान अर्थात गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी हैं। युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मिशन मोड पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात वर्ष 2021-22 में 19.6 प्रतिशत था, जो बढ़कर वर्तमान में 27.5 प्रतिशत हो गया है। यह उच्च शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि और राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय संघर्ष और मेहनत के साथ निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से सफलता के शिखर तक पहुंचा जा सकता है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले में डीएमएफ के कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी छात्र-छात्रा देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में अध्ययन के लिए जाता है, तो उसकी फीस की राशि जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में सुधार के साथ उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। समारोह में पार्षद श्रीमती वर्षा वैष्णव, नरेंद्र देवांगन, महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती पापिया चतुर्वेदी, प्रफुल्ल तिवारी, सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्राएं एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।