Connect with us

कोरबा

उप निर्वाचन 2026 शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से सम्पन्न, मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक किया मताधिकार का प्रयोग

Published

on

त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन अंतर्गत 78.98 प्रतिशत हुआ मतदान

कोरबा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के तहत रिक्त पदों के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ। मतदान केंद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली तथा उन्होंने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का उपयोग किया।
उप निर्वाचन के अंतर्गत जिले में नगरीय क्षेत्र में पार्षद के 1 पद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच के 1, पंच के 6 एवं जनपद सदस्य के 3 पदों सहित कुल 11 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया।

नगरीय निकाय क्षेत्र में नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद पद हेतु मतदान सम्पन्न हुआ। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत करतला विकासखण्ड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24, पाली विकासखण्ड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 15 तथा पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 18 के लिए मतदान कराया गया।

इसी प्रकार करतला विकासखण्ड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पंच पदों के लिए कोरबा विकासखण्ड के ग्राम अखरापाली (वार्ड क्रमांक 9) एवं रजगामार (वार्ड क्रमांक 1), करतला विकासखण्ड के ग्राम लबेद (वार्ड क्रमांक 4) एवं बरकोना (वार्ड क्रमांक 3), कटघोरा विकासखण्ड के ग्राम कसईपाली (वार्ड क्रमांक 10) तथा झाबर (वार्ड क्रमांक 01) में मतदान सम्पन्न हुआ।

सभी मतदान केंद्रों में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। निर्वाचन कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया का सफल संचालन सुनिश्चित किया।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन अंतर्गत जिले में कुल 78.98  प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें पुरूष मतदान का  प्रतिशत 78.21 एवं महिला मतदान का  प्रतिशत 79.77  प्रतिशत रहा।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल मुख्यालय में माँ लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में आज दिनांक 07 नवंबर 2026 (शनिवार) को दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में प्रशासनिक भवन के कैश कक्ष में माँ लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

इस अवसर पर निदेशक (वित्त) डारला सुनील कुमार सहित वित्त विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पूजन उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सुख, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

Continue Reading

कोरबा

डॉ. चरणदास महंत एवं सांसद ज्योत्सना महंत ने दी दीपावली की शुभकामनाएं

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों एवं क्षेत्र की जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशहाली और आपसी प्रेम एवं सद्भाव का पर्व है। यह पर्व सभी के जीवन में नई उमंग, ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करे। उन्होंने माता लक्ष्मी एवं भगवान श्रीगणेश से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की कामना की है।

Continue Reading

कोरबा

दशहरा कार्यक्रम में युवक की गर्दन पर चाकू से वार:लाइट जाने पर स्टेज के पीछे हमला कर आरोपी फरार, हालत गंभीर, सिम्स बिलासपुर रेफर

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के खैरभवना गांव में दशहरा कार्यक्रम के दौरान एक युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में उसे पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल और फिर सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

घटना लेमरू थाना क्षेत्र के सतरेंगा के खैरभवना गांव की है। दीपावली से पहले यहां गुरुवार रात रावण दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया था। सतरेंगा निवासी राकेश कंवर अपने भाई राजू कंवर के साथ कार्यक्रम देखने पहुंचा था।

रात करीब 2 बजे कार्यक्रम के दौरान अचानक लाइट चली गई। इसी दौरान राकेश स्टेज के पीछे अंधेरे में गया। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से भाग निकला।

पुलिसकर्मी ने घायल हालत में देखा

हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। कार्यक्रम स्थल पर लेमरू थाना पुलिस की तैनाती थी। एक आरक्षक की नजर उस पर पड़ी तो वह उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू ले गया।

प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे सिम्स बिलासपुर भेज दिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

भाई बोला- किसी से विवाद नहीं हुआ था

राकेश के छोटे भाई ने बताया कि रावण दहन या सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। उसे यह भी पता नहीं चल पाया कि उसके भाई पर कब, कैसे और किसने हमला किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि रावण दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान युवक की गर्दन पर हमला किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात हमलावर की तलाश की जा रही है।

दशहरा मैदान में चाकू से हमले में हुई थी युवक की मौत

इससे पहले कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित दशहरा मैदान में भी रावण दहन कार्यक्रम के दौरान चाकू से हमला हुआ था। उस घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677