चंडीगढ़, एजेंसी। केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस में मंगलवार शाम छापा मारा। CBI की टीमें मोहाली और संगरूर भी पहुंचीं।
यह कार्रवाई पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद की गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सीएम आफिस में ट्रांसफर-पोस्टिंग और करप्शन के आरोप लगाए थे। ED ने सीएम के OSD राजबीर सिंह घुम्मन को मुख्य आरोपी बनाया था पर पुलिस ने उनके खिलाफ FIR नहीं दर्ज की।
मामला हाईकोर्ट पहुंचा और 5 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने OSD के खिलाफ FIR दर्ज करने और CBI जांच का आदेश दिया।
पंजाब सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में अर्जेंट में सुनवाई करने की मांग की, जिसे खारिज कर दिया गया। CBI रेड के बाद CM भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा चुनाव की वजह से मुझे बदनाम करना चाहती है। जनता से मिल रहे प्यार को देखकर भाजपा घबरा गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने आज ही अर्जेंट सुनवाई से इनकार किया
इससे पहले सरकार CBI जांच के खिलाफ AAP सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची। सीनियर एडवोकेट विकास सिंह पंजाब सरकार की तरफ से पेश हुए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से मामले की अर्जेंट लिस्टिंग की मांग की। इससे CJI सूर्यकांत ने इनकार कर दिया। सरकार ने कल के लिए कहा तो CJI ने कहा कि कल देखेंगे वर्ना परसों निश्चित रूप से इसे सुनेंगे।
पंजाब CM ऑफिस से जुड़ा कथित करप्शन का पूरा मामला क्या है…
डीजीपी को पत्र भेजकर FIR की मांग की: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को चिट्ठियां भेजकर कथित भ्रष्टाचार और सरकारी कामकाज में दखल के मामले में FIR दर्ज करने की मांग की है। ED की जांच में ट्रांसफर-पोस्टिंग, सरकारी टेंडर, नीतिगत फैसलों, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव और दूसरे सरकारी कामों को प्रभावित करने के आरोप सामने आने की बात कही गई है। जुलाई और अगस्त 2026 में भेजे गए पत्रों को लेकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में भी मामला पहुंचा।
जांच CM के OSD का नाम सामे आया: ED की कार्रवाई में नितिन गोहल, रियल एस्टेट कारोबारी अजय सहगल, सुरेश कुमार बजाज और अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। जांच में मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन से जुड़े संपर्कों का भी उल्लेख किया गया है। ED का आरोप है कि कुछ लोग सरकारी अधिकारियों की पोस्टिंग-ट्रांसफर और दूसरे प्रशासनिक फैसलों को प्रभावित करने के लिए बिचौलिये की भूमिका निभा रहे थे।
ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर टेंडर तक: ED के मुताबिक, जांच में मिले चैट और अन्य सामग्री में अधिकारियों की पोस्टिंग, तबादलों और सरकारी पदों पर नियुक्ति से जुड़ी बातचीत का उल्लेख है। मार्कफेड के टेंडर, अधिकारियों की पोस्टिंग, लाइसेंस और अन्य सरकारी मंजूरियों को प्रभावित करने के आरोप भी लगाए गए हैं। ED ने भ्रष्टाचार निवारण कानून के साथ-साथ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं के तहत अपराध बनने की बात कही है।
ED को तलाशी में क्या मिला: ED ने मई 2026 में नितिन गोहल, अजय सहगल और अन्य से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली थी। एजेंसी के मुताबिक इस दौरान दस्तावेज और डिजिटल सामग्री मिली। करीब एक करोड़ रुपए नकद बरामद होने का भी दावा किया गया है। ED ने मोबाइल फोन से मिले वॉट्सऐप चैट और कॉल रिकॉर्ड को भी जांच का हिस्सा बनाया है।
जमीन और रियल एस्टेट का एंगल: मामला एक बड़े चेंज ऑफ लैंड यूज (सीएलयू) और मनी लॉन्ड्रिंग जांच से भी जुड़ा है। ED की कार्रवाई मूल रूप से करीब 348 करोड़ रुपए के सनटेक सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के दौरान आगे बढ़ी। एजेंसी ने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारियों के जरिए कुछ रियल एस्टेट संस्थाओं को जमीन के इस्तेमाल में बदलाव और दूसरी मंजूरियां दिलाने की कोशिश की गई।
FIR दर्ज न होने पर हाईकोर्ट पहुंची ED
ED के पत्र के बाद पंजाब पुलिस ने मामले को सीधे एफआईआर में बदलने के बजाय ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन से कानूनी राय मांगी। इसी बीच ED ने दोबारा पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। सितंबर में ED ने हाईकोर्ट को बताया कि पंजाब पुलिस को उसकी ओर से कई पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन FIR दर्ज नहीं हुई।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने अगस्त 2026 में इस मामले पर पंजाब सरकार से जवाब मांगा। कोर्ट ने कहा कि लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और राज्य से सावधानीपूर्वक जवाब अपेक्षित है। ED को डीजीपी को भेजे गए अपने पत्र कोर्ट के सामने रखने को भी कहा गया। सितंबर में मामले पर फैसला सुरक्षित रख लिया गया। इसके बाद अब कोर्ट ने CBI जांच के आदेश किए हैं।
पंजाब में CBI जांच से जुड़ी 2 अहम बातें…
सीधे किसी केस की जांच नहीं कर सकती CBI: पंजाब सरकार ने 6 नवंबर 2020 को सीबीआई की जनरल कंसेंट वापस ले ली थी। उस वक्त पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुआई वाली कांग्रेस सरकार थी। इसके बाद CBI जांच के लिए आमतौर पर राज्य सरकार की केस-टू-केस मंजूरी की जरूरत होती है। जनरल कंसेंट वापस लेने का आधार दिल्ली स्पेशल पुलिस एस्टैब्लिशमेंट एक्ट की धारा 6 है, जिसके तहत राज्य की सहमति जरूरी होती है।
क्या इस मामले में सरकार से मंजूरी लेनी होगी: नहीं, जिन मामलों में हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट यानी अदालत के आदेश हों या सीबीआई को पहले से वैध अधिकार मिला हो, वहां जांच संभव है। इसलिए इस मामले में CBI जांच कर सकती है। हाईकोर्ट ने भी पुलिस और सरकार को साफ कहा है कि वह CBI को सहयोग करें।
नई दिल्ली, एजेंसी। सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को मार्केट में आ गई। 544 पेज और 7 चैप्टर की इस किताब में कई अनसुनी कहानियों के अलावा कई ऐसे फोटोग्राफ भी हैं, जो पहले कभी सामने नहीं आए। इनमें से कई फोटो राजीव गांधी तो कुछ प्रियंका गांधी ने क्लिक की हैं।
किताब के कवर पर जो फोटो है, इसे राजीव गांधी ने 1966 में क्लिक किया था।
नई दिल्ली, एजेंसी। दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के हैं। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, आज सुबह 9:54 बजे राजस्थान का श्रीगंगानगर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां AQI 821 दर्ज किया गया। इस सूची में भारत के अलावा सिर्फ पाकिस्तान का लाहौर शामिल था। लाहौर 430 AQI के साथ 14वें स्थान पर रहा।
वहीं, दिवाली के बाद दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश तक प्रदूषण गंभीर बना हुआ है। दिल्ली में मंगलवार सुबह 6 बजे चांदनी चौक का AQI 400 के पार रहा, जबकि कई इलाकों में यह 300 से ज्यादा दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के भोपाल, उज्जैन और हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी AQI 400 के पार पहुंच गया है। यूपी के नोएडा में AQI 332, बुलंदशहर में 331, गाजियाबाद में 324 दर्ज किया गया। एमपी में रात का तापमान 11°C और यूपी में 15°C तक गिर गया है।
एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 201 से 300 तक होने पर हवा खराब मानी जाती है। 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी होती है। गंभीर प्रदूषण का असर स्वस्थ लोगों पर भी पड़ सकता है।
तमिलनाडु के थूथुकुडी समेत कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में तेज हवाएं चलने की संभावना है।
सैटेलाइट मैप में देखें बादलों की स्थिति
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली समेत 4 राज्यों से गाड़ियों के प्रदूषण पर जवाब मांगा
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण पर चिंता जताई है। कोर्ट ने कहा कि गाड़ियों से निकलने वाले धुएं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इस पर तुरंत कदम उठाने की जरूरत है। कोर्ट ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सरकारों के साथ MCD और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है।
कोर्ट ने पूछा है कि तय उम्र पूरी कर चुकी और प्रदूषण मानकों का पालन नहीं करने वाली गाड़ियों की एंट्री और उनके चलने पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। साथ ही, ऐसी गाड़ियों की पहचान और जांच की व्यवस्था की जानकारी भी मांगी है। इसमें PUC सर्टिफिकेट की अनिवार्यता लागू कराने के कदम शामिल हैं।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची व वी. मोहना की बेंच ने कमर्शियल और निजी गाड़ियों के लिए लागू नियमों और उन्हें लागू करने की व्यवस्था का ब्योरा मांगा है। खास तौर पर पड़ोसी राज्यों से दिल्ली-NCR में आने वाली गाड़ियों पर जानकारी देने को कहा गया है।
दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए एंटी-स्मॉग गन से पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
फरीदकोट में पिछले एक सप्ताह से आसमान में धुंध छाई हुई थी। दिवाली के बाद प्रदूषण और बढ़ गया।
देहरादून में मंगलवार को मौसम साफ रहा, हालांकि आसमान में हल्का प्रदूषण नजर आया।
यूपी: हवा सांस लेने लायक नहीं, प्रदूषण बढ़ा, AQI 300 के पार पहुंचा, दो दिन बाद ठंड बढ़ेगी
यूपी में दिवाली की आतिशबाजी के बाद हवा में प्रदूषण बढ़ गया। हवा सांस लेने लायक नहीं रही। मंगलवार शाम की रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा में AQI 332, बुलंदशहर में 331, गाजियाबाद में 324 और बागपत में 305 रिकॉर्ड किया गया। हवा की स्थिति खतरनाक स्तर में पहुंच गई है।
MP: में टेम्परेचर 11 डिग्री से नीचे, कटनी जिले का करौंदी सबसे ठंडा, अगले 4 दिन में 1-2°C गिरेगा तापमान
दिवाली के बाद मध्य प्रदेश में सर्दी बढ़ गई है। बीती रात सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से नीचे आ गया। कटनी के करौंदी में पारा 10.4 डिग्री रहा। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल ने अगले 4 दिन के अंदर पारे में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आने का अनुमान जताया है।
राजस्थान: लगातार दूसरे दिन पारा 38 डिग्री के ऊपर, रात में भी कम हुई सर्दी, एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा
राजस्थान के शहरों में सोमवार को भी दिन में सामान्य से ज्यादा गर्मी रही। बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ।
बिहार: सुबह धुंध, दिन में तेज धूप, फिलहाल बारिश के आसार नहीं, दीपावली के बाद 5 बड़े शहरों में हवा खराब
बिहार में आज मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। सुबह कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की धुंध छाई रह सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा। फिलहाल बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है।
हिमाचल: 11 नवंबर से 6 दिन तक बारिश-बर्फबारी, 12-13 को आंधी-तूफान का यलो अलर्ट, टेंपरेचर 4॰C तक गिरेगा
हिमाचल की राजधानी समेत राज्य के अधिकांश भागों में आज सुबह से ही मौसम साफ बना हुआ है। कल भी धूप खिलने का पूर्वानुमान है। 11 नवंबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसके प्रभाव से अगले छह दिन तक पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। ऊंचे पहाड़ों पर इससे ठंड में इजाफा होगा।
उत्तराखंड: उत्तरकाशी-बागेश्वर समेत 5 जिलों में बारिश के आसार, पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश होने की संभावना है।
नई दिल्ली/ढाका, एजेंसी। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश लौटने के लिए नया पासपोर्ट मांगा है। वे दिसंबर में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। आवेदन नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश दूतावास से किया गया है।
उनके वकील ने सोमवार को लंदन में बांग्लादेश के शीर्ष राजनयिक को भी ईमेल किया है। इसमें हसीना के लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की गई है।
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 से भारत में हैं। छात्र आंदोलन के बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। तब से वे भारत में ही रह रही हैं। बांग्लादेश की तारिक रहमान की सरकार कई बार हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर चुकी है।
यूनुस की अंतरिम सरकार ने रद्द किया था पासपोर्ट
हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा आरिन ने हसीना की मांग को घर वापसी की दिशा में बड़ा कदम बताया है। उनके मुताबिक, सरकार ने हसीना के पहचान से जुड़े दस्तावेज रद्द कर दिए थे। अब वे बांग्लादेश की नागरिक होने के नाते अपने अधिकार वापस पाना चाहती हैं।
अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने उनका डिप्लोमैटिक पासपोर्ट रद्द किया था।
जनवरी 2025 में जुलाई-अगस्त के आंदोलन के दौरान हुई हत्याओं के मामले में उनका सामान्य पासपोर्ट भी रद्द कर दिया गया।
अप्रैल 2025 में चुनाव आयोग ने उनका राष्ट्रीय पहचान पत्र लॉक कर दिया था।
बांग्लादेश के मंत्री ने शेख हसीना को आतंकवादी कहा
बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने 5 नवंबर को कहा था कि सरकार भारत से शेख हसीना को वापस सौंपने की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा था कि भारत और बांग्लादेश के बीच प्रत्यर्पण संधि है और हसीना को बांग्लादेश को सौंपा जाना चाहिए। कबीर ने पत्रकारों से बातचीत में हसीना को आतंकवादी भी कहा था।
पूर्व पीएम हसीना को मौत की सजा सुनाई गई है
शेख हसीना को मौत की सजा सुनाई गई है। 17 नवंबर 2025 को ढाका की इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने उन्हें 2024 के छात्र आंदोलन को कुचलने के मामले में दोषी ठहराया था।
अदालत ने माना था कि प्रदर्शनकारियों पर जानलेवा कार्रवाई के आदेश देने में हसीना की भूमिका थी। इस कार्रवाई में संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक करीब 1400 लोग मारे गए थे।
हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने अदालत के फैसले को भी खारिज करते हुए मुकदमे को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया था।
जून 2024 में हसीना के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था
बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था।
छात्रों ने इसका विरोध करते हुए मांग की कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं।
पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे। इसके बाद छात्रों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। धीरे-धीरे यह आंदोलन पूरे देश में फैल गया।
5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका की ओर बढ़े और हसीना के सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद हसीना बांग्लादेश के सैन्य विमान से भारत आ गईं।