दुर्घटना संभावित व चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता से सुरक्षा संबंधी सुधार कार्य कराने हेतु किया निर्देशित
राष्ट्रीय राजमार्ग में अवैध रूप से भारी वाहनों के खड़े होने, अतिक्रमण सहित अन्य गतिविधियों पर कड़ी कार्यवाही करने किया निर्देशित
निर्धारित समय-सीमा में सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य करें पूरा: कलेक्टर कुणाल दुदावत
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर करें कड़ी कार्रवाई: एसपी सिद्धार्थ तिवारी
कोरबा। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। यातायात नियमों के प्रभावी पालन, विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ बनाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों में तेजी लाने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर कलेक्टर द्वय देबेन्द्र पटेल, ओंकार यादव, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों एवं लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना आवश्यक है। कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्ययोजना एवं लक्ष्यों के अनुरूप सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपायों को शीघ्र लागू कर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विभागों द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के तीव्र मोड़ों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर एवं क्रैश बैरियर स्थापित कर यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
रिस्दा ब्रिज के मरम्मत हेतु समयावधि में प्रस्ताव प्रस्तुत नही करने पर एसडीओ ब्रिज को नोटिस जारी
कलेक्टर ने बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग में सड़क मरम्मत के लिए ट्रैफिक डायवर्सन हेतु कमिटी गठन कर वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ईई पीडब्ल्यूडी को यातायात विभाग से समन्वय कर मार्ग में सुधार कार्य शीघ्रता से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिस्दा ब्रिज के मरम्मत हेतु समयावधि में प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत नही करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एसडीओ लोक निर्माण विभाग सेतु को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग में अवैध रूप से भारी वाहनों के खड़े होने, अतिक्रमण सहित अन्य गतिविधियों पर भी कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस हेतु बिलासपुर-अंबिकापुर, कोरबा-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग में ढाबा, रेस्टोरेंट सहित अन्य स्थानों में अवैध रूप से ट्रकों के खड़े रहने , अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने एवं एनएच में यथास्थानों पर भारी वाहन खड़े होने का संकेत बोर्ड प्रदर्शित करने निर्देशित किया। कलेक्टर श्री दुदावत ने जिला शिक्षा अधिकारी को परिवहन एवं यातायात विभाग के समन्वय से प्रत्येक सप्ताह स्कूल- कॉलेजों में व्यापक स्तर पर विद्यार्थियों की सहभागिता से हेलमेट रैली, निबंध, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक सहित सड़क सुरक्षा के प्रति विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
नाबालिग वाहन चालकों पर अभियान चलाकर करें कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक
सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी विशेष अभियान संचालित कर कार्यवाही करने के लिए कहा। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यो की बैठक लेकर उन्हें नाबालिक छात्र – छात्राओं के स्कूल आवागमन में दोपहिया वाहनों के उपयोग पर रोक लगाने एवं संस्थान परिसरों में विद्यार्थियों से ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीड वाहन संचालन, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में वित्त मंत्री ने कहा-विकसित भारत के लक्ष्य के लिए स्वस्थ युवा आबादी सबसे बड़ी ताकत
नवा रायपुर में देशभर से आए कैंसर विशेषज्ञों का किया स्वागत, चिकित्सा क्षेत्र में शोध और विशेषज्ञ सेवाओं को बढ़ावा देने पर दिया जोर
रायपुर, 20 सितम्बर 2026। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी आज नवा रायपुर में बाल्को मेडिकल सेंटर, eCancer तथा टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा आयोजित चतुर्थ वार्षिक BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में शामिल हुए। कॉन्क्लेव की थीम “Restoring Balance to Cancer Care” पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कैंसर केयर, स्वास्थ्य सेवाओं की भविष्य की चुनौतियों और देश की युवा आबादी को स्वस्थ बनाए रखने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि भारत आज दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। देश की औसत आयु करीब 29 वर्ष है, जबकि छत्तीसगढ़ की औसत आयु करीब 24 वर्ष है। देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यह युवा आबादी भारत की आर्थिक प्रगति की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए इस युवा शक्ति का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आने वाले 10-20 वर्षों में भारत की जनसांख्यिकी में तेजी से बदलाव होगा और आबादी की औसत आयु बढ़ेगी। ऐसे में स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने बड़ी चुनौती होगी कि देश आर्थिक रूप से विकसित होने से पहले अस्वस्थ न हो जाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मानव संसाधन किसी भी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। इसलिए स्वास्थ्य क्षेत्र में समय रहते तैयारी, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ सेवाओं और शोध को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है।
स्वस्थ आबादी विकसित भारत की आधारशिला
श्री चौधरी ने कहा कि आर्थिक विकास की गति के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी देश की आर्थिक विकास यात्रा की रीढ़ है, लेकिन इस आबादी को स्वस्थ रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के साथ-साथ जागरूकता, समय पर जांच, शुरुआती पहचान और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर निरंतर काम किया जाना चाहिए।
वित्त मंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के शुरुआती वर्षों में पूरे प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। उन्होंने बताया कि लगभग 25-26 वर्ष पहले राज्य पीएमटी में करीब 50वीं रैंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी मेडिकल सीट प्राप्त करना कठिन होता था, क्योंकि पूरे राज्य में रायपुर में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। उन्होंने कहा कि उस स्थिति से आगे बढ़ते हुए छत्तीसगढ़ ने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार किया है और आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 20 से अधिक होने की दिशा में राज्य आगे बढ़ रहा है।
नवा रायपुर में देशभर से आए विशेषज्ञों का स्वागत
श्री चौधरी ने बाल्को मेडिकल सेंटर और सर्जिकल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से छत्तीसगढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने डॉ. यशवंत कश्यप, डॉ. दिवाकर पांडे, डॉ. आलोक कुमार स्वाइन और डॉ. अभिनव इंगले सहित आयोजन से जुड़े चिकित्सकों को धन्यवाद दिया तथा देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों का नवा रायपुर में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर छत्तीसगढ़ की ग्रीन कैपिटल सिटी है और यह एक ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित की जा रही है। नवा रायपुर के नियोजित विकास, हरित क्षेत्र और मनोरंजन सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने देशभर से आए चिकित्सकों से कॉन्क्लेव के साथ-साथ शहर को भी देखने और समझने का आग्रह किया।
वित्त मंत्री ने कहा कि नवा रायपुर के विकास में स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुसंधान और आधुनिक संस्थानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन प्रदेश में चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हैं तथा कैंसर उपचार के क्षेत्र में नई तकनीकों और बेहतर उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं।
कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चिकित्सक, कैंसर विशेषज्ञ और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में कैंसर केयर को अधिक प्रभावी, संतुलित और मरीज-केंद्रित बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रशिक्षक सौरभ कुमार जैन एवं कल्पना सिंह ने शिक्षकों को सिखाए प्रभावी कक्षा प्रबंधन के गुण
कोरबा, 20 सितंबर 2026। खरहरकुड़ा, मडवारानी स्थित नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), भुवनेश्वर के उत्कृष्टता केंद्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘क्षमता निर्माण कार्यक्रम’ रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 19 और 20 सितंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यशाला का मुख्य विषय ‘प्रभावी कक्षा प्रबंधन’ (Classroom Management) रहा, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन एवं डीपीएस की प्राचार्या श्रीमती कल्पना सिंह ने मुख्य स्रोत व्यक्ति (Resource Persons) के रूप में शिरकत की। दोनों विशेषज्ञों ने अपने व्यावहारिक अनुभवों और गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण और कक्षा प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया।
सौरभ कुमार जैन ने विभिन्न गतिविधियों और व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए बताया कि कक्षा प्रबंधन केवल अनुशासन बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक अनुकूल और सकारात्मक वातावरण तैयार करने की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं को समझते हुए विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों, समय प्रबंधन और संसाधनों के सही उपयोग के गुर सिखाए।
वहीं, श्रीमती कल्पना सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कक्षा में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने, विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के व्यावहारिक उपाय साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चेयरमैन पीएमजेएफ़ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल तथा प्राचार्या शोमा सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए इस तरह के आयोजनों को शिक्षकों के पेशेवर विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और आए हुए स्रोत व्यक्तियों व प्रतिभागी शिक्षकों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न interactive गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कक्षा प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश
कोरबा,20 सितंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितता एवं अमानक निर्माण पाए जाने पर उप अभियंता रामकुमार पोर्ते को 18 सितंबर 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई है।
कलेक्टर द्वारा 06 सितंबर 2026 को किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सलोरा ‘क’ में निर्माणाधीन पीडीएस दुकान-सह-गोदाम तथा ग्राम पंचायत जेंजरा में आंगनबाड़ी भवन एवं प्राथमिक शाला भवन निर्माण कार्यों में निर्धारित प्राक्कलन, मानक एवं गुणवत्ता के अनुरूप कार्य नहीं पाया गया। इस संबंध में जारी कारण बताओ सूचना पत्र के जवाब को असंतोषप्रद पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
विभागीय जांच के लिए श्रीमती यामिनी देवांगन, कार्यपालन अभियंता, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कोरबा को जांचकर्ता अधिकारी तथा बाबूलाल यादव, अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जनपद पंचायत पाली को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है। निलंबन अवधि में श्री पोर्ते का मुख्यालय ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, कोरबा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।