Connect with us

कोरबा

सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने कलेक्टर व एसपी ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

Published

on

दुर्घटना संभावित व चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता से सुरक्षा संबंधी सुधार कार्य कराने हेतु किया निर्देशित

राष्ट्रीय राजमार्ग में अवैध रूप से भारी वाहनों के खड़े होने, अतिक्रमण सहित अन्य गतिविधियों पर कड़ी कार्यवाही करने किया निर्देशित

निर्धारित समय-सीमा में सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य करें पूरा: कलेक्टर कुणाल दुदावत

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर करें कड़ी कार्रवाई: एसपी सिद्धार्थ तिवारी

कोरबा। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। यातायात नियमों के प्रभावी पालन, विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ बनाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों में तेजी लाने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन,  नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय,  अपर कलेक्टर द्वय देबेन्द्र पटेल, ओंकार यादव, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों एवं लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना आवश्यक है। कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्ययोजना एवं लक्ष्यों के अनुरूप सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपायों को शीघ्र लागू कर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने  जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विभागों द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के तीव्र मोड़ों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर एवं क्रैश बैरियर स्थापित कर यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

रिस्दा ब्रिज के मरम्मत हेतु समयावधि में प्रस्ताव  प्रस्तुत नही करने पर एसडीओ ब्रिज को नोटिस जारी

कलेक्टर ने बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग में सड़क मरम्मत के लिए  ट्रैफिक डायवर्सन हेतु कमिटी गठन कर वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ईई पीडब्ल्यूडी  को यातायात विभाग से समन्वय कर मार्ग में  सुधार कार्य शीघ्रता से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिस्दा ब्रिज के मरम्मत हेतु समयावधि में प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत नही करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एसडीओ लोक निर्माण विभाग सेतु को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग में अवैध रूप से भारी वाहनों के खड़े होने, अतिक्रमण सहित अन्य गतिविधियों पर भी कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस हेतु बिलासपुर-अंबिकापुर, कोरबा-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग में  ढाबा, रेस्टोरेंट सहित अन्य स्थानों में अवैध रूप से ट्रकों के खड़े रहने , अतिक्रमण को हटाने की  कार्यवाही सुनिश्चित करने एवं एनएच में यथास्थानों पर भारी वाहन खड़े होने का संकेत बोर्ड प्रदर्शित करने निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिला शिक्षा अधिकारी को परिवहन एवं यातायात विभाग के समन्वय से प्रत्येक सप्ताह स्कूल- कॉलेजों में व्यापक स्तर पर विद्यार्थियों की सहभागिता से हेलमेट रैली, निबंध, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक सहित  सड़क सुरक्षा के प्रति विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

नाबालिग वाहन चालकों पर अभियान चलाकर करें कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक

सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी विशेष अभियान संचालित कर कार्यवाही करने के लिए कहा। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यो की बैठक लेकर उन्हें नाबालिक छात्र – छात्राओं के स्कूल आवागमन में दोपहिया वाहनों के उपयोग पर रोक लगाने एवं संस्थान परिसरों में विद्यार्थियों से ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीड वाहन संचालन, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

Continue Reading

कुसमुंडा

SECL कुसमुंडा में कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, लिये गए कई बड़े फैसले, मजदूर हित सर्वोपरि

Published

on

​कोरबा/कुसमुंडा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के कुसमुंडा क्षेत्र में 29 जुलाई को कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और आवश्यक बैठक संपन्न हुई। यह बैठक हिन्द खदान मजदूर फेडरेशन के अध्यक्ष व कोयला मजदूर पंचायत (केंद्रीय) के अध्यक्ष रेशम लाल यादव एवं केंद्रीय महामंत्री विनय कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित की गई ।

​बैठक में संगठन की मजबूती और मजदूर हितों को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए जिसने क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में एक नया मोड़ ला दिया है ।

भेदभाव और परिवारवाद के खिलाफ नाराजगी, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने छोड़ी सभा

​इस बैठक के दौरान कुसमुंडा क्षेत्र में कोयला मजदूर सभा (HMS) को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब संगठन के क्रियाकलापों आंतरिक भेदभाव वित्तीय अनियमितताओं और हावी हो चुके परिवारवाद से असंतुष्ट होकर सैकड़ों पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कोयला मजदूर सभा का परित्याग कर दिया इन सभी साथियों ने पूरी निष्ठा के साथ कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की सदस्यता ग्रहण की।

​केंद्रीय अध्यक्ष रेशम लाल यादव एवं महामंत्री विनय कुमार सिंह ने संगठन में शामिल हुए सभी साथियों का फूल-माला पहनाकर ससम्मान स्वागत किया और उन्हें पार्टी की मुख्यधारा में शामिल किया ।

​मजदूर हित सर्वोपरि, एसईसीएल के सभी क्षेत्रों में होगा दौरा

​बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष एवं महामंत्री ने संगठन के उद्देश्यों और विचारों को विस्तार से साझा किया उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि हमारे संगठन के लिए मजदूर हित सर्वोपरि है श्रमिकों के अधिकारों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा ​इसके साथ ही बैठक में यह बड़ा निर्णय लिया गया कि कोयला मजदूर पंचायत की क्षेत्रीय कमेटियों द्वारा जल्द ही एसईसीएल (SECL) के सभी क्षेत्रों का सघन दौरा किया जाएगा और नई कमेटियों का गठन कर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जाएगा ।

इन्होंने ली सदस्यता (प्रमुख नाम):-

​कोयला मजदूर पंचायत की नीति और नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कुसमुंडा क्षेत्र से मिलन पाण्डेय मनोज सिंह राजदेव सिंह सुशील साहू सरफराज अहमद संतान सोभन दास साहू अभिलाष मिश्रा राजू राजभर विजय गुप्ता जनार्दन यादव उत्तम दास विजय साहू जीवनलाल साहू किरण कुमार विनोद यादव अभिजीत भारद्वाज, दिनेश कुमार भूपेंद्र यादव कमल यादव जयप्रकाश यादव श्रवण कुमार योगेश राजेंद्र सहित सैकड़ों श्रमिक साथियों ने संगठन का दामन थामा ।

​नए शामिल हुए सदस्यों ने संकल्प लेते हुए कहा कि वे सभी कोयला मजदूर पंचायत में कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे ।

​बैठक में ये रहे उपस्थित:-

​इस महत्वपूर्ण बैठक में गेवरा दीपका एवं कुसमुंडा क्षेत्र के कोयला मजदूर पंचायत के वरिष्ठ पदाधिकारी संजय सिंह जुगनू खान गजेंद्र सिंह तंवर तरुण राहा अनिरुद्ध सिंह एस. डी. मानिकपुरी एस. सी. मंसूरी उड्डयन रविन्द्र स्वर्णकार बसंत कुमार राजन कुमार सोनू राम आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।

Continue Reading

कोरबा

कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की नई केंद्रीय कार्यकारिणी का गठन, रेशम लाल यादव अध्यक्ष और विनय सिंह पुनः महामंत्री निर्वाचित

Published

on

कानूनी प्रावधानों के तहत कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी व सदस्य संरक्षित कर्मचारी (Protected Workmen) घोषित

SECL के सभी क्षेत्रों के कोयला कामगारों के अधिकारों की रक्षा के लिए नई टीम पूरी मुस्तैदी से करेगी कार्य

बिलासपुर/कोरबा। कोयला उद्योग के श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित देश के प्रमुख श्रम संगठन कोयला मजदूर पंचायत संबद्ध: हिन्द मजदूर सभा (HMS) की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति का भव्य पुनर्गठन संपन्न हो गया है। संगठन के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूती प्रदान करते हुए आगामी कार्यकाल के लिए ऊर्जावान अनुभवी और कर्मठ पदाधिकारियों की एक सशक्त टीम की घोषणा की गई है ।

नवगठित केंद्रीय कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से रेशम लाल यादव (पूर्व कर्मचारी गेवरा क्षेत्र) को केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया है, वहीं संगठन की कमान को निरंतरता देते हुए विनय सिंह (विद्युत पर्यवेक्षक सोहागपुर क्षेत्र) को पुनः केंद्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही श्रमिक आंदोलन को प्रखर गति देने के लिए रामेश्वर दुबे (चिरमिरी क्षेत्र) और हरी यादव (बैकुंठपुर क्षेत्र) को कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत किया गया है ।

संगठन के केंद्रीय महामंत्री विनय सिंह ने बताया कि नवगठित कार्यकारिणी की आधिकारिक सूचना चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक (CMD) एसईसीएल (SECL) सीपत रोड बिलासपुर को प्रेषित कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 की धारा 33.4 औद्योगिक विवाद सेन्ट्रल रूल्स 1957 की धारा 61 व आई.आर. कोड 2020 सेन्ट्रल रूल 2026 की धारा 39.1 के स्थापित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्यकारिणी के ये सभी निर्वाचित पदाधिकारी व सदस्य संरक्षित कर्मचारी (Protected Workmen) की श्रेणी में मान्य होंगे ।

मुख्य संगठनात्मक नियुक्तियाँ एक नज़र में

केंद्रीय अध्यक्ष रेशम लाल यादव (गेवरा क्षेत्र) कार्यवाहक अध्यक्ष, रामेश्वर दुबे (चिरमिरी) एवं हरी यादव (बैकुंठपुर) केंद्रीय महामंत्री, विनय सिंह (सोहागपुर क्षेत्र) केंद्रीय उपाध्यक्ष, तेज बहादुर सिंह (भटगांव) शिवनारायण मिश्रा (सोहागपुर) अनिद्ध सिंह क्षत्री (गेवरा) डॉ. एन.एल. पटेल (जोहिला) आदि केंद्रीय उप-महामंत्री अख्तर जावेद उस्मानी (हसदेव क्षेत्र) एवं एस.सी. मंसूरी (गेवरा क्षेत्र) केंद्रीय कोषाध्यक्ष उमेश कुमार (चिरमिरी क्षेत्र)।

इस पुनर्गठन में गेवरा कुसमुंडा सोहागपुर चिरमिरी हसदेव जोहिला दीपका बैकुंठपुर जमुना कोतमा और रायगढ़ सहित पूरे एसईसीएल क्षेत्र के जुझारू श्रमिक प्रतिनिधियों को सह-सचिव संगठन सचिव और कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है ।

नव-निर्वाचित अध्यक्ष रेशम लाल यादव और महामंत्री विनय सिंह ने अपने संयुक्त बयान में कहा हमारी नई टीम कोयला श्रमिकों के कल्याण सुरक्षा उचित वेतनमान और उनके विधिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगी प्रबंधन और कामगारों के बीच सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों को बढ़ावा देने के साथ-साथ श्रमिकों के शोषण के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष तेज किया जाएगा ।

इस विज्ञप्ति की प्रतिलिपि रजिस्ट्रार व्यावसायिक संघ (रायपुर) अध्यक्ष/निदेशक (HR) कोल इण्डिया लिमिटेड (कोलकाता) उप मुख्य श्रमायुक्त (केन्द्रीय) रायपुर/जबलपुर एवं समस्त क्षेत्रीय महाप्रबंधकगण (SECL) को सूचनार्थ प्रेषित की जा चुकी है ।

Continue Reading

कोरबा

SECL दीपका के सीनियर ओवरमैन की ड्यूटी के दौरान मौत:तबीयत बिगड़ने पर सहकर्मियों ने CPR दिया, हार्ट अटैक से मौत की आशंका

Published

on

कोरबा। कोरबा SECL की दीपका विस्तार परियोजना में कार्यरत सीनियर ओवरमैन सुरेंद्र कुमार वर्मा का मंगलवार को ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। खदान में कार्य करते समय उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरूआती तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कुमार वर्मा मंगलवार (4 अगस्त) सुबह रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। खदान के फेस पर कार्य के दौरान अचानक वे बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देकर बचाने का प्रयास किया।

इसके बाद बिना देर किए उन्हें एनसीएच हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।हॉस्पिटल में उनके शुभचिंतकों और परिजनों की भीड़ जुट गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुरेंद्र कुमार वर्मा मूल रूप से ग्वालियर के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्र बेंगलुरु में कार्यरत है, जबकि पुत्री नोएडा (दिल्ली-एनसीआर) में नौकरी करती हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार और सहकर्मियों में गहरा शोक है।

घटना की जानकारी मिलने पर दीपका एरिया के महाप्रबंधक अशोक कुमार, महाप्रबंधक (खनन) एन.के. साहू सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677