कोरबा
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नकिया पंचायत के पहाड़ी कोरवा को मिलेगा समय पर राशन, कलेक्टर के निर्देश
पीएम आवास की राशि त्रुटिवश अन्य खाते में जमा, कलेक्टर ने जांच हेतु किया निर्देशित
दुर्घटना की आशंका को देखते हुए कुकरीचोली में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल की परीक्षण कर बदलने के निर्देश
कोरबा। जिला कार्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचल एवं शहरी क्षेत्रों से आए आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
आवेदकों ने एक एक कर अपने आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया एवं अपनी समस्याएं बताई। जनदर्शन में नकिया पंचायत के पहाड़ी कोरवा ग्रामीणों द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण में लापरवाही की शिकायत प्रस्तुत की गई। कलेक्टर श्री दुदावत ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए खाद्य अधिकारी को तत्काल जांच कराने तथा दो दिवस के भीतर सभी हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की राशन दुकानों से समय पर हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित हो, खाद्य निरीक्षक फील्ड पर इसका मॉनिटरिंग करें, साथ ही इस प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाही करते हुए उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाएं।

करतला तहसील के ग्राम भंवरखोल की निवासी भारती ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उसके पिता श्याम लाल कंवर के नाम से स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि आवेदन के दौरान खाता क्रमांक की गलत प्रविष्टि के कारण किसी अन्य व्यक्ति के खाते में अंतरित हो गई है। आवेदिका द्वारा राशि वापस दिलाने का आग्रह किया गया। कलेक्टर श्री दुदावत ने प्रकरण के सम्बंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए हितग्राही को राशि वापस दिलाने के निर्देश दिए।

कुकरीचोली के ग्रामीण द्वारा गांव के क्षतिग्रस्त विद्युत पोल को बदलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन में बताया गया कि विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण तार अत्यधिक झुक गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कलेक्टर ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर शीघ्र क्षतिग्रस्त विद्युत पोल को बदलने तथा सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार जनदर्शन में आज सीमांकन, बटांकन, सड़क दुर्घटना में मृत्यु पर आर्थिक सहायता, आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध कब्जा हटवाने, मुआवजा भुगतान, अधिक बिजली बिल की जांच सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 112 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी प्रकरणों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव, शिक्षा, कृषि, खाद्य, समाज कल्याण, श्रम, महिला बाल विकास, आदिवासी विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कोरबा
23-24 जुलाई को रद्द की गई 4 मेमू ट्रेन बहाल:चार ट्रेनें अब भी रद्द रहेंगी, भाटापारा-हथबंध में ऑटो सिग्नलिंग काम होगा
रायपुर, एजेंसी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भाटापारा-हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के कारण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। रेलवे ने पहले जिन ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की थी।
इनमें से चार मेमू ट्रेनों को बहाल (रिस्टोर) कर दिया है। ये ट्रेनें अब अपने निर्धारित समय पर चलेंगी।

ये 4 ट्रेनें अब रद्द नहीं होंगी
रेलवे के संशोधित आदेश के अनुसार 23 जुलाई को चलने वाली ये ट्रेनें अब सामान्य रूप से संचालित होंगी।
- 68728 रायपुर–बिलासपुर मेमू
- 68734 बिलासपुर–कोरबा मेमू
- 68733 कोरबा–बिलासपुर मेमू
- 68719 बिलासपुर–रायपुर मेमू
अब ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
संशोधित सूची के अनुसार अब भी ये ट्रेनें रद्द रहेंगी।
- 23 जुलाई: 58203 कोरबा–रायपुर पैसेंजर
- 23 जुलाई: 58204 रायपुर–कोरबा पैसेंजर
- 23 जुलाई: 68746 रायपुर–गेवरा रोड मेमू
- 24 जुलाई: 68745 कोरबा–रायपुर मेमू
इस ट्रेन का आंशिक परिचालन
23 जुलाई को चलने वाली 68862/68861 झारसुगुड़ा–गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू केवल बिलासपुर तक ही चलेगी। यह ट्रेन बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त और वहीं से प्रारंभ होगी। बिलासपुर–गोंदिया–बिलासपुर के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
क्यों किया गया बदलाव?
रेलवे के अनुसार रायपुर मंडल के भाटापारा-हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग की कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जा रहा है। इसी वजह से कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
यात्रियों के लिए सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES या हेल्पलाइन के माध्यम से जरूर जांच लें, क्योंकि इंजीनियरिंग कार्य के दौरान परिचालन में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
कोरबा
बिस्तर पर लिपटा करैत, सोते मासूम को डसा:कोरबा में इलाज के दौरान 6 साल के बच्ची की मौत, पिता के साथ सो रही थी
कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के आमाखोखरा गांव में करैत सांप के डसने से 6 साल की बच्ची सान्वी कंवर की मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ बिस्तर पर सो रही थी। रात करीब 1 बजे सांप ने उसे डस लिया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी।

सान्वी के पिता किरण सिंह आमाखोखरा गांव में रहते हैं। वे मजदूरी और खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना वाली रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सोने चले गए। सान्वी अपने पिता के साथ एक कमरे में सो रही थी, जबकि उसकी मां और दूसरा बच्चा दूसरे कमरे में थे।

चिल्लाने पर खुली नींद
रात करीब 1 बजे करैत सांप ने पहले सान्वी के कान और फिर हाथ पर डस लिया। दर्द से वह चिल्लाते हुए उठी, जिससे परिवार की नींद खुल गई। शुरुआत में परिजनों को लगा कि किसी कीड़े ने काटा है, लेकिन सर्पदंश के लक्षण दिखने पर वे उसे तुरंत कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज रेफर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज शुरू किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

बिस्तर पर ही छिपा था करैत सांप
मासूम के पिता किरण सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्हें लगा कि सांप बाहर निकल गया होगा। बाद में देखा तो करैत सांप बिस्तर पर ही लिपटा हुआ था। उनका कहना है कि संभवतः सांप पहले से ही बिस्तर पर था, लेकिन अंधेरे में नजर नहीं आया।
बरसात में बढ़ जाता है सर्पदंश का खतरा
स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप घरों में घुस आते हैं, जिससे सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से मच्छरदानी लगाकर सोने, घर के आसपास साफ-सफाई रखने और सर्पदंश होने पर बिना देरी किए अस्पताल पहुंचने की अपील की। साथ ही झाड़-फूंक के बजाय तुरंत चिकित्सकीय इलाज कराने की सलाह दी।
कोरबा
बड़े ने कुल्हाड़ी से छोटे भाई को काट डाला:कोरबा में खाना खाने के विवाद में वारदात, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
कोरबा। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम नामलेपरा में मंगलवार देर रात खाना खाने के दौरान हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम नामलेपरा निवासी 42 वर्षीय मथुरा धनवार अपनी पत्नी प्रमिला धनवार के साथ बड़े भाई 45 वर्षीय कैलाश धनवार के घर खाना खाने गए थे। घर में मुर्गा-भात बना था और सभी लोग एक साथ भोजन कर रहे थे।
खाना खाने के बाद मथुरा आंगन में चला गया। वहां से वह अपनी पत्नी को बार-बार जल्दी खाना खत्म कर बाहर आने के लिए आवाज लगा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया
गुस्से में कुल्हाड़ी से किया ताबड़तोड़ हमला
पत्नी को लगातार आवाज लगाने से नाराज कैलाश धनवार गुस्से में आ गया। उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और आंगन में बैठे मथुरा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में मथुरा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान हो गया।
अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल मथुरा को 108 एंबुलेंस की मदद से पौड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
वारदात के बाद आरोपी कैलाश धनवार मौके से फरार हो गया। मृतक की पत्नी प्रमिला धनवार की शिकायत पर बांगो थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार तलाश की जा रही है।
-
Uncategorized10 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
Uncategorized11 months agoबाँकी कॉलोनी के दुर्गा भवन क्लब का होगा नवनिर्माण, नपा अध्यक्षा ने दिया आश्वाशन….देखे पूरी खबर
-
बाँकी मोगरा10 months agoथाना बाँकी–दर्री के सीमा सुमेधा पुल पर हुई लूट कांड, प्रार्थी तीन दिनों से भटक रहा, अब तक नहीं हुई शिकायत दर्ज…..।
-
कोरबा6 months agoकोरबा बांकीमोंगरा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म – मुख्य आरोपी तरुण व एक सहयोगी हिरासत में। अन्य की तलाश जारी…..देखे पूरी खबर…।
-
कोरबा2 years agoमहतारी वंदन योजना से महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने सहित समाज की प्रगति में दे रही योगदान’
-
कोरबा12 months agoबांकीमोंगरा सड़क निर्माण गुणवत्ताहीन की शिकायत पर पहुंची न.प्रशा. विकास विभाग परीक्षण टीम, नवनिर्माण सीसी सड़क का किया कोर कटिंग परीक्षण…देखे पूरी खबर
-
कोरबा11 months agoअंकित सिंह बने श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला उपाध्यक्ष
-
Uncategorized1 year agoबाकी मोगरा में गूंजी या अली या हुसैन की सदाएं, मुहर्रम ताजिया जुलूस व झांकी निकाल इमाम हुसैन को याद कर मनाया मुहर्रम पर्व…..।
