सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सुरक्षित एवं सुगम यातायात के लिए विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए गए निर्देश
सड़क दुर्घटना पीड़ितों को पीएम राहत योजना का लाभ दिलाने व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता विजेताओं को किया गया सम्मानित
कोरबा 08 सितम्बर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा यातायात नियमों के पालन को और बेहतर बनाने हेतु जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों तथा सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय राजमार्ग में सड़क हादसे में हुए मृत्यु प्रकरणों के संभावित स्थिति व कारणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने निर्देशित किया। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण, संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग में सड़क हादसों में कमी लाने हेतु पूर्व बैठक में दिए निर्देशों के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए विभागीय प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एनएचएआई को एनएच में हादसे रोकने हेतु दिए निर्देशों का गम्भीरता से पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री दुदावत ने कटघोरा-अंबिकापुर राजमार्ग के चिन्हाकित ब्लैक स्पॉट, तीव्र मोड़ों, घाट एवं अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर, क्रैश बैरियर एवं स्पीडोमीटर स्थापित कर यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश एनएचएआई को दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर रेडियमयुक्त चेतावनी व संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, केटआई, डेलिनेटर तथा सोलर लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएच के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों की गति धीमी रखने हेतु अन्य प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के लिए कहा।’ साथ ही भारी वाहनों के पीछे विजिबल रेडियम पट्टी लगाने के लिये कहा। जिससे रात्रि में वाहन के राजमार्ग में खड़े होने पर वाहन चालक को जानकारी हो सके। उन्होंने यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमित जांच एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
रोड सेफ्टी के कार्यों में धीमी प्रगति पर ईई पीडब्ल्यूडी को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के भैंसमा स्कूल से सक्ती मोड़, बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग, दीपका-झाबर रोड, दीपका थाना चौक सहित अन्य स्थानों पर सड़क निर्माण, जंक्शन सुधार, रंबल स्ट्रिप एवं संकेतक बोर्ड लगाने जैसे सौपे गए कार्यों में लोक निर्माण विभाग द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। ’उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालो पर होगी कार्यवाही – पुलिस अधीक्षक सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एसपी श्री तिवारी ने ओवरस्पीड व शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी विशेष अभियान संचालित कर कार्यवाही करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री दुदावत ने सड़क दुर्घटना में होने वाले घायलों का अस्पताल में पीएम राहत में प्रकरण दर्ज कर उपचार करने के निर्देश दिए। इस हेतु स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों में पीएम राहत योजना के सम्बंध बैठक लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन सहित ग्रामीण क्षेत्रो में बैनर पोस्टर के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने राहवीर योजना के संबंध में भी आमजनों में जागरूकता हेतु प्रभावी कार्य करने के लिए कहा। बैठक में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के विजेता स्कूली छात्र छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। जिसके अंतर्गत बालिका वर्ग में तृतीय स्थान सावित्री खैरवार, द्वितीय स्थान सौम्या जायसवाल एवं प्रथम स्थान विभूति ताम्रकार, बालक वर्ग में प्रथम रितेश अनंत, द्वितीय जितेश कुमार व तृतीय स्थान खगेश यादव ने हासिल किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर/कोरबा। CG Forest Department Pramotion: छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (Forest and Climate Change Department) ने 18 वन क्षेत्रपालों को प्रमोशन दिया है।
जारी आदेश के अनुसार 18 अधिकारियों की पदोन्नति (CG Forest Department Pramotion) की गई है। इनमें विभिन्न वन मंडलों में तैनात वन क्षेत्रपाल शामिल हैं। प्रमोशन के बाद इन्हें सहायक वन संरक्षक (CG Forest Department Pramotion) के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
किन अधिकारियों को मिली पदोन्नति
पदोन्नति पाने वालों में राममूर्ति घघेल, मृत्युंजय शर्मा, जोगेश्वर भट, राजेंद्र कुमार रावत, कुंवर बहादुर सिंह, अभिषेक कुमार दुबे, देव सिंह ठाकुर, निखिल सक्सेना, पुष्पेंद्र चंद्र गोस्वामी, प्रतीक वर्मा, मनीष सिंह, अनुराग वर्मा, ज्योति गुप्ता, तीरथराज साहू, किशोर कुमार साहू, धीरेंद्र साहू, सौरभ रजक और ऋषि माधुरी सिंह शामिल हैं।
कोरबा 08 सितंबर 2026। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 1028.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील अजगरबहार में 918.1, कोरबा 1384.1 मिलीमीटर, भैंसमा, 1148.2, करतला 1132.9, बरपाली 895.6, कटघोरा 1001.2, दीपका 1090.6, दर्री 1119.6, पाली 1017.3, हरदीबाजार 797.8, पोंड़ी उपरोड़ा 976.8, और पसान तहसील में 856.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 1.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक एवं रिसदा से रिसदी चौक तक सड़क निर्माण का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण
ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी लिया जायजा, डायवर्सन और सड़क निर्माण को लेकर दिए आवश्यक निर्देश कोरबा, 08 सितम्बर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आज ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं सड़क की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा शीघ्रता से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों एवं अन्य वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए उचित डायवर्सन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने सड़क पर उतरकर निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क के प्रभावित हिस्सों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने तक आम नागरिकों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। सड़क की स्थिति का नियमित निरीक्षण करते हुए जहां आवश्यक हो, तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सड़क तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं एसपी ने निरीक्षण के दौरान ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने पुल पर सड़क की स्थिति तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सेतु लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रिसदा-बेलगिरी पुल पर आवागमन को सुचारू बनाने तथा पुल के आसपास बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसी तरह बजरंग चौक परसाभाठा क्षेत्र में भी आवागमन सुचारू रखने के लिए सड़क निर्माण के दौरान बेहतर डायवर्सन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उल्लेखनीय है कि ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक कुल 5.74 किलोमीटर सड़क को टू-लेन सीसी सड़क के रूप में विकसित करने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 29 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। वहीं ढेंगुरनाला एवं बेलगिरी पुल के मरम्मत कार्य के लिए भी कार्यादेश जारी किया जा चुका है तथा शीघ्र ही मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या, एसडीओ राकेश द्विवेदी सहित नगर निगम, सेतु लोक निर्माण विभाग एवं बालको के अधिकारी उपस्थित रहे।