Connect with us

कोरबा

निर्माण कार्यों में गड़बड़ी पर होगी एफआईआर – कलेक्टर कुणाल दुदावत

Published

on

सेजेस के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा

कोरबा, 08 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) एवं निर्माण कार्यों की क्रियान्वयन एजेंसियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी निर्माण कार्य निर्धारित प्राक्कलन एवं स्वीकृत मापदंडों के अनुरूप ही किए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के साथ कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन अथवा गुणवत्ताविहीन सामग्री के उपयोग की शिकायत या जांच में पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों द्वारा निर्माण कार्य पूर्ण किए जाने के बाद भुगतान संबंधी प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि बिना ठोस कारण के किसी ग्राम पंचायत के दस्तावेज अथवा भुगतान संबंधी प्रकरण को रोका जाता है और भुगतान में अनावश्यक विलंब होता है, तो संबंधित लिपिक एवं जनपद सीईओ की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही मत्स्य पालन एवं पशुधन चिकित्सा विभाग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने माय भारत पोर्टल अंतर्गत युवाओं को जोड़ने और प्रश्नोत्तरी आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कौशल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए ड्रोन दीदी प्रशिक्षण सहित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के अंतर्गत संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए तथा प्रशिक्षण के बाद उन्हें आजीविका एवं रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जाएं।
बैठक में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस तथा ई-ऑफिस में अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों की ऑनलाइन बायोमेट्रिक उपस्थिति की भी समीक्षा की और सभी विभागों को निर्धारित समय पर बायोमेट्रिक अटेंडेंस दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन समय में कर्मचारियों की उपस्थिति एवं समयबद्धता को गंभीरता से सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने नियमित रूप से समय पर कार्यालय पहुंचने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति का रिकॉर्ड निकालकर उत्कृष्ट समयपालन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), मुख्यमंत्री जनदर्शन सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं लंबित पत्रों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन,निगमायुक्त आशुतोष पांडेय,अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओएसडी तरुण कुमार किरण (आईएएस), एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे (आईएएस) सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल एवं शिवाय हास्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर 25 को

Published

on

रक्त जांच, मधुमेह जांच, ब्लड प्रेशर जांच एवं अन्य स्वास्थ्य परीक्षण
आयोजन एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) में प्रात: 10.00 बजे से

कोरबा। छत्तीसगढ़ का सर्वोत्कृष्ट 07 स्टार रैकिंग सीबीएसई अंग्रेजी माध्यम का विद्यालय नितेश कुमार लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा उत्कृष्ट शिक्षा देने के साथ-साथ रचनात्मक कार्यों के लिए भी कोरबा जिले में अलग पहचान रखता है। इसी कड़ी में 25 अक्टूबर 2026 दिन रविवार को प्रात: 10.00 से नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल के सभागार में वृहद स्वास्थ्य एवं परीक्षण शिविर का आयोजन विद्यालय प्रबंधन, शिवाय हास्पिटल एवं लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक समाजसेवी पीडिजी पीएमजेएफ लॉयन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य पहुंचाने का प्रयास विद्यालय एवं लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के माध्यम से करना हमारा प्रयास रहता है। इस रचनात्मक कार्य में कोरबा के लब्धप्रतिष्ठित मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल शिवाय हास्पिटल प्रबंधन ने खरहरकुड़ा (मड़वारानी) स्थित एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा में स्वास्थ्य शिविर में अपनी टीम भेजने की अनुमति प्रदान की और 25 अक्टूबर को प्रात: 10.00 बजे से स्वास्थ्य एवं परीक्षण शिविर लगाने का फैसला किया गया।
क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील

पीएमजेएफ लॉयन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील की है कि इस वृहद स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे और क्षेत्र को स्वस्थ क्षेत्र बनाने में अपना योगदान दें। लॉयन अग्रवाल ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर को क्षेत्र में अच्छा प्रतिसाद मिलता है और शिविर के माध्यम से ग्रामीण स्वास्थ्य धन के प्रति जागरूक भी होने लगे हैं। क्षेत्र में शिविर के माध्यम से नशामुक्ति अभियान के लिए भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाता है।

Continue Reading

कोरबा

मासूम की हत्यारे को सजा दिलाने टीम बनाकर करेंगे मदद – नूतन सिंह ठाकुर

Published

on

कोरबा। राजगामार पुलिस थाना अंतर्गत 7 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और नृशंक हत्या के मामले ने पूरे कोरबा को झाकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले की त्वरित गिरफ्तारी संतोष जनक है लेकिन इस मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने किया है। अधिवक्ता संघ कोरबा के वरिष्ठ अधिवक्ताओं और महिला अधिवक्ताओं ने भी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आरोपी की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिया है वह स्वागत योग्य है। मासूम बच्ची के हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सभापति नूतन सिंह के साथ अधिवक्ता संघ कोरबा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि शर्मा, महिला उपाध्यक्ष उर्मिला सिंह , सहसचिव रवि भगत की टीम पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करेगा।
नूतनसिंह ठाकुर ने कहा कि समाज में ऐसे दरिदों को जीवित रहने का अधिकार नहीं है, हत्यारे को शीघ्र फांसी की सजा दिलाने के लिए निःशुल्क कानूनी मदद करेंगे।

कोरबा शहर में बढ़ रहे अपराध हो बड़ा कारण नशे के कारोबार में वृद्धि है, नूतन सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मांग किया है कि नशे के खिलाफ पुलिस वृहद स्तर पर अभियान चलाएं तथा युवाओं को नशा परोसने वाले लोगों कड़ी से कड़ी कार्रवाई किया जाए।

Continue Reading

कोरबा

रजगामार में 7 वर्षीय बालिका की हत्या पर सांसद ने जताया गहरा दुख, एसपी से की चर्चा, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम बालिका के अपहरण एवं हत्या की घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। इस घटना से मन व्यथित है। इतनी कम उम्र की बच्ची के साथ हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
सांसद श्रीमती महंत ने इस संबंध में कोरबा पुलिस अधीक्षक  सिद्धार्थ तिवारी से दूरभाष पर चर्चा कर मामले की जानकारी ली तथा प्रकरण में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सांसद ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक ओर हम नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसी घटना सामने आई है। बच्चों की सुरक्षा समाज और प्रशासन, दोनों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और इनके प्रति संवेदनशीलता के साथ कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि मामले की जांच निष्पक्षता और गंभीरता से की जाए तथा प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही, सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए और कानून के अनुसार कठोरतम सजा दिलाई जाए।
सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्कता बढ़ाने और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने दिवंगत बालिका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

नशा व सूखे नशे पर हो कठोर कार्यवाही

कोरबा साँसद ने कोरबा क्षेत्र के मुड़ापार में युवक की हुई हत्या के मामले में गहरी चिंता जताते हुए एसपी से कहा है कि क्षेत्र में नशा व खासकर सूखा नशे में लिप्त लोगो के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जरूरत है !

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677