Connect with us

कोरबा

छुईहापारा से मेन रोड तक 500 मीटर सीसी सड़क सह नाली निर्माण का कार्य मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना में स्वीकृत

Published

on

कोरबी में ग्रामीण सड़क अधोसंरचना को मिलेगी मजबूती, सोशल मीडिया में प्रसारित जानकारी पर विभाग ने स्पष्ट की वस्तुस्थिति

कोरबा। मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के अंतर्गत कोरबा जिले के कोरबी क्षेत्र में छुईहापारा से मेन रोड तक 0.50 किलोमीटर अर्थात 500 मीटर लंबाई की सीसी सड़क सह नाली निर्माण का कार्य स्वीकृत है। इस संबंध में कार्यपालन अभियंता, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, परियोजना क्रियान्वयन इकाई कोरबा द्वारा सोशल मीडिया में प्रसारित जानकारी के संबंध में वस्तुस्थिति स्पष्ट की गई है।
मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के पैकेज में शामिल है कार्य
उक्त सड़क निर्माण कार्य मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के वर्ष 2025-26 में स्वीकृत पैकेज क्रमांक  MMGGPY-KOR-25  के अंतर्गत शामिल है। इस पैकेज में कुल 05 कार्यों का प्रावधान है। छुईहापारा से मेन रोड तक सड़क सह नाली निर्माण के लिए मेसर्स मनोज कुमार पाण्डेय, कोरबा को कार्य दिया गया है। उपलब्ध कार्यादेश के अनुसार संबंधित ठेकेदार के साथ 24 नवंबर 2025 को अनुबंध किया गया तथा कार्य प्रारंभ करने के निर्देश जारी किए गए।
177.90 लाख रुपये की निविदा राशि, 137.22 लाख रुपये में अनुबंध
दस्तावेज के अनुसार कार्य की निविदा राशि 150.76 लाख रुपये निर्माण कार्य तथा 18 प्रतिशत जीएसटी के 27.14 लाख रुपये, इस प्रकार कुल 177.90 लाख रुपये निर्धारित थी।
इसके विरुद्ध ठेकेदार द्वारा 22.87 प्रतिशत कम दर पर कार्य लिया गया। अनुबंध में निर्माण कार्य की राशि 116.29 लाख रुपये तथा 18 प्रतिशत जीएसटी की राशि 20.93 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस प्रकार कुल अनुबंध राशि 137.22 लाख रुपये है।
पांच माह में कार्य पूर्ण करने का प्रावधान
कार्यादेश के अनुसार कार्य को 05 माह की अवधि में पूर्ण किया जाना है, जिसमें वर्षा ऋतु भी शामिल है। कार्य से संबंधित अनुबंध की प्रति तथा कार्यादेश संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी प्रेषित किया गया है।
सोशल मीडिया में प्रसारित जानकारी पर विभाग ने स्पष्ट की स्थिति
14 अगस्त 2026 को जारी विभागीय पत्र में सोशल मीडिया में प्रसारित खबर का उल्लेख करते हुए कार्य की स्थिति और राशि के संबंध में विभागीय पक्ष स्पष्ट किया गया है। पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया में उक्त कार्य की कार्य पूर्णता तिथि 07 मई 2026 बताए जाने तथा कार्य पूर्ण होने संबंधी जानकारी प्रसारित की जा रही थी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में कार्य अप्रारंभ है तथा स्थल पर साफ-सफाई, बोर्ड एवं जीएसबी संबंधी कार्य ही किया गया है। साथ ही कार्य के लिए समयवृद्धि की कार्रवाई प्रक्रियाधीन बताई गई है।
विभागीय पत्र में सोशल मीडिया में कार्य की राशि को लेकर प्रसारित जानकारी पर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। पत्र के अनुसार बोर्ड पर दर्शाई गई 44 लाख रुपये की राशि को भ्रष्टाचार की राशि के रूप में बताया गया था, जबकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड में प्रदर्शित राशि प्रशासकीय स्वीकृति से संबंधित है। विभाग के अनुसार वर्तमान में कार्य पर मात्र 3 लाख रुपये का व्यय किया गया है।
कार्यपालन अभियंता द्वारा पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि चंद्रशेखर पाण्डेय द्वारा सोशल मीडिया में प्रसारित खबर के संबंध में कार्यालय से पक्ष जाने बिना जानकारी प्रसारित की गई तथा खबर को भ्रामक बताया गया है। विभाग ने इसी संदर्भ में सोशल मीडिया में प्रसारित जानकारी को असत्य एवं भ्रामक बताते हुए अपनी वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है।
ग्रामीण आवागमन और जल निकासी व्यवस्था को मिलेगी सुविधा
छुईहापारा से मेन रोड तक प्रस्तावित 500 मीटर सीसी सड़क सह नाली निर्माण से क्षेत्र में ग्रामीण आवागमन को बेहतर बनाने के साथ सड़क किनारे जल निकासी की व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को बेहतर बनाने की दिशा में यह कार्य महत्वपूर्ण है।
विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विकास कार्य से संबंधित जानकारी के लिए सोशल मीडिया में प्रसारित अपुष्ट जानकारी पर भरोसा करने के बजाय संबंधित विभाग से वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें।

Continue Reading

कोरबा

संकल्प से शिखर तक की यात्रा

Published

on

17 सितम्बर:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर विशेष लेख


देश में जितने भी महान व्यक्तित्व हुए हैं, उनका जन्म कहीं न कहीं से शुभ नक्षत्र और देवपुरूषों की जयंती से जुड़ा हुआ है। 17 सितम्बर को आदिशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती होती है। 17 सितम्बर को ही देश को सशक्त नेतृत्व देने वाले सक्षम प्रधानमंत्री नरेन्द्र दामोदर भाई मोदी का भी जन्मदिन है। पूरे भारतवर्ष में भाजपा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न रचनात्मक कार्यों को अंजाम देगा। प्रथम दिन 17 सितम्बर को संध्या गोधूली बेला में भाजपा कार्यकर्ता देश के कोने-कोने में आशीर्वाद का दीया जलाएंगे। यह शाम ऐतिहासिक होगी और दिवाली की तरह यह शाम भी जगमग होगी।
17 सितम्बर 1950 में गुजरात के वडनगर में दामोदर दास मोदी-हीरा बेन के घर में एक बालक का जन्म हुआ, जो आगे चलकर देश का प्रधानमंत्री बना।
संघर्षों से रहा नाता
नरेन्द्र दामोदर भाई मोदी का प्रधानमंत्री के रूप में जनता ने यूं ही राजतिलक नहीं किया, बल्कि उनका बचपन से लेकर युवा कार्यकाल तक का काल संघर्षों से भरा रहा। रेलवे स्टेशन में चाय बेचने वाले परिवार से निकल कर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक और भाजपा संगठन में बतौर कार्यकर्ता के रूप में मोदी जी ने राजनीति के गुर सीखे और संघर्षों का रास्ता तय करते हुए माँ भारती की सेवा के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया और आज एक साथ सबसे लम्बे समय तक प्रधानमंत्री बनने वाले प्रथम व्यक्ति बन गए। 2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने गुजरात माडल देश को दिया, उनके कार्यकाल में गुजरात विकास के नए सोपानों को तय किया और मोदी जी ने गुजरात माडल ऑफ डेवलपमेंट को देश के सामने रखा।
2014 में पहली बार और फिर 2019 तथा 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर नया इतिहास रच दिया। अब तक के उनके कार्यकाल को सख्त फैसलों वाला कहा जा सकता है। जम्मू-कश्मीर में धारा 370, अनुच्छेद 35ए को हटाना, नोट बंदी, पूरे देश में जीएसटी लागू, पाक के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करना प्रमुख फैसले थे। उनकी योजनाओं में स्वच्छ भारत मिशन ने देश की तस्वीर ही बदल दी। जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, डीजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्ट अफ इंडिया से सीधा लाभ जनता को मिला। आज मोदी वैश्विक नेता बन चुके हैं। यूं कहें तो संकल्प से शिखर तक रही उनकी यात्रा।

Continue Reading

कोरबा

HMS की सदस्यता में भारी गिरावट, गेवरा/दीपका क्षेत्र में 1,107 सदस्य घटे, रू.11.07 लाख का नुकसान

Published

on

कोरबागेवरा/दीपका/। कोयला मजदूर सभा (HMS) के SECL गेवरा–दीपका एवं CEWS गेवरा क्षेत्रों में वर्ष 2026 के यूनियन सदस्यता सत्यापन के आंकड़ों ने संगठन के जनाधार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में HMS की सदस्यता में रिकॉर्ड तोड़ 1,107 सदस्यों की भारी गिरावट दर्ज की गई है ।

सदस्यता सत्यापन 2025 बनाम 2026

वर्ष 2025 में जहाँ HMS को 1,326 श्रमिकों का मजबूत समर्थन हासिल था, वहीं वर्ष 2026 में यह आंकड़ा सिमटकर मात्र 219 रह गया है ।

क्षेत्रवार तुलनात्मक आंकड़े

गेवरा प्रोजेक्ट 562 (2025) ➔ 146 (2026) (कमी 416)
गेवरा क्षेत्रीय कार्यालय 147 (2025) ➔ 21 (2026) (कमी 126)
CEWS–गेवरा 50 (2025) ➔ 03 (2026) (कमी 47)
दीपका क्षेत्र 567 (2025) ➔ 49 (2026) (कमी 518)
कुल योग 1,326 से घटकर 219 (कुल कमी 1,107)

बैठकों और अपीलों का नहीं दिखा कोई असर

सत्यापन के दौरान यूनियन संगठन के केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व पदाधिकारियों की उपस्थिति व कई दौर की बैठकों के बावजूद आंकड़ों में कोई सुधार नहीं हो सका ।

स्थानीय नेतृत्व और जनाधार पर उठे सवाल

दीपका क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों द्वारा अपने समाज व सहकर्मियों से की गई अपीलों का भी कोई असर नहीं पड़ा, अपने ही गृह क्षेत्र दीपका में सदस्यता 567 से गिरकर 49 पर आ जाने को लेकर विज्ञप्ति में तीखा व्यंग्य करते हुए, इसे अपने ही घर में औंधे मुंह गिरने जैसा बताया गया है और उनके जनाधार पर सवाल खड़े किए गए हैं ।

रू.11.07 लाख का वित्तीय घाटा

प्रति सदस्य रू.1,000 सदस्यता शुल्क के आधार पर वर्ष 2025 में जहाँ संगठन को रू.13.26 लाख का राजस्व मिला था, वहीं 2026 में यह घटकर मात्र रू.2.19 लाख रह गया है। इसके चलते HMS को सीधे तौर पर रू.11.07 लाख का सीधा वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा है ।

Continue Reading

कोरबा

मालगाड़ी के इंजन पर पत्थर फेंकने वाला गिरफ्तार:लोको पायलट घायल हुआ था, नशे में घटना, रेलवे कोर्ट ने भेजा जेल

Published

on

कोरबा। कोरबा में मालगाड़ी के इंजन पर पत्थर फेंकने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने युवक को गिरफ्तार किया है। पत्थर लगने से इंजन में मौजूद लोको पायलट घायल हो गया था। आरोपी की पहचान दीपका के कृष्णानगर निवासी रोशन तिवारी (26) के रूप में हुई है। उसे बिलासपुर रेलवे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

घटना 10 सितंबर की रात करीब 2 बजे की है। मालगाड़ी नंबर एन बॉक्स/15 जूनाडीह से दीपका एसईसीएल साइडिंग की ओर जा रही थी। दीपका बाजार फाटक के पास अचानक इंजन पर पत्थर फेंका गया। पत्थर लगने से लोको पायलट को चोट लगी।

रेलवे एक्ट की धारा 153 में दर्ज हुआ केस

घटना के बाद RPF पोस्ट कोरबा में रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान RPF ने दीपका पुलिस की मदद से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूली पत्थर फेंकने की बात

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोशन तिवारी, पिता स्व. दुर्गा प्रसाद तिवारी, निवासी वार्ड नंबर 07, कृष्णानगर दीपका बताया। RPF के अनुसार, उसने पूछताछ में पत्थर फेंकने की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि घटना के समय वह शराब के नशे में था और इसी हालत में उसने मालगाड़ी के इंजन पर पत्थर फेंका।

15 सितंबर को कोर्ट में पेश किया, जेल भेजा गया

आरोपी को पहले से दर्ज मामले में गिरफ्तार कर 15 सितंबर 2026 को बिलासपुर रेलवे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत जेल और जुर्माने का प्रावधान है।

RPF ने लोगों से की पत्थरबाजी नहीं करने की अपील

RPF ने लोगों से रेलवे ट्रैक और ट्रेनों के आसपास पत्थरबाजी जैसी हरकतें नहीं करने की अपील की है। इससे रेल कर्मचारी घायल हो सकते हैं और बड़ा रेल हादसा भी हो सकता है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677