Connect with us

कोरबा

डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्री-स्टेक सत्यापन समय-सीमा में पूरा करें-कलेक्टर

Published

on

मैनुअल गिरदावरी नहीं होगी, पॉलीगॉन ऐप से कराएं प्रविष्टि

समय सीमा की बैठक

कोरबा, 06 अक्टूबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मंत्रियों, पीएमओ पीजी पोर्टल तथा विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) और एग्री-स्टेक सत्यापन में तेजी लाने को कहा। उन्होंने सभी तहसीलदारों को पटवारियों के माध्यम से डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रविष्टि का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। अब तक हुई प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने लंबित प्रविष्टियां शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि गिरदावरी मैनुअल तरीके से नहीं होगी। पॉलीगॉन ऐप के माध्यम से सर्वेयरों को कार्य में लगाकर प्रविष्टि कराई जाए। जिन किसानों के खसरे ऐप में दिखाई नहीं दे रहे हैं, उनकी जानकारी भी नियमानुसार दर्ज कराई जाए। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों को पॉलीगॉन ट्रेसिंग में तेजी लाने तथा गैर-कृषि खसरों की ट्रेसिंग शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए। एग्री-स्टेक सत्यापन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (सीसीबी) के नोडल अधिकारी, उप पंजीयक सहकारिता और सहकारिता निरीक्षकों को फील्ड में जाकर प्रगति लाने को कहा। उन्होंने डीआरसीएस को भी मैदानी स्तर पर कार्य की समीक्षा करने तथा प्रभारी अधिकारी को इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि 20 अक्टूबर से पहले एग्री-स्टेक से संबंधित कार्य पूर्ण कराकर सत्यापन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किया जाए। कोई पात्र किसान छूटने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एसडीएम को समितियों के साथ बैठक कर कार्य की प्रगति की समीक्षा करने को भी कहा।
बैठक में विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के लिए पोर्टल पर पंजीयन और लंबित अनुमोदन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को महाविद्यालयों से समन्वय कर छात्रवृत्ति प्रकरणों का समय पर अनुमोदन कराने के निर्देश दिए। श्रम विभाग से ई-केवाईसी की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने वार्डों में शिविर लगाकर कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने नगर निकायों के सीएमओ को पार्षदों के साथ समन्वय करने और जनपद पंचायतों के सीईओ को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सीएससी केंद्रों के माध्यम से ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सुनालिया नहर मार्ग पर 11 केवी विद्युत लाइन शिफ्टिंग के संबंध में विद्युत विभाग और संबंधित ब्रिज निर्माण एजेंसी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को कार्य प्रारंभ करने और सड़क निर्माण कार्यों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जनपद पंचायतों के सीईओ को भी अपने क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा।
बैठक में वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

15 शासकीय विद्यालयों को शिक्षण और खेल सामग्री भेंट कर अदाणी फाउंडेशन ने दिया शिक्षा को बढ़ावा

Published

on

कोरबा। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने सकारात्मक पहल की है। कोरबा पॉवर लिमिटेड की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत आसपास के 15 शासकीय विद्यालयों को शिक्षण एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। इनमें 9 प्राथमिक, 4 माध्यमिक तथा 2 हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उनके शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है। अदाणी फाउंडेशन की ओर से बेंगचुल, दर्रानहठा, पथाडी, खोदडेल, न्यू पहंदा, ओल्ड पहंदा, रिसदिहापारा, सरगबुंदिया और धंधानी गांवों के विद्यालयों को विभिन्न प्रकार की सामग्री दी गई। इसमें सफेद एवं हरे रंग के दोहरे बोर्ड, बोर्ड मार्कर, चॉक, कक्षा घड़ियां और प्रार्थना सभा सहित विद्यालयीन आयोजनों के लिए ध्वनि यंत्र शामिल हैं। विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए कूड़ेदान भी उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों को बैग, ज्यामिति बॉक्स और कॉपियों का एक-एक सेट स्कूल किट के रूप में दिया गया। इस तरह कुल 172 विद्यार्थियों को स्कूल किट वितरित की गई।

खेल और मनोरंजक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उनमें खेल भावना विकसित करने के लिए सभी 15 विद्यालयों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खेल सामग्री प्रदान की गई। हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, टेनिस क्रिकेट बैट और गेंद, बैडमिंटन रैकेट, शटल कॉक, कैरम बोर्ड तथा शतरंज के सेट दिए गए। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। वहीं, प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए उनकी उम्र के अनुरूप विशेष खेल सामग्री दी गई। इसमें नरम फुटबॉल, रस्सी कूद, हुला हूप, सॉफ्ट कोन, छोटे कैरम बोर्ड, लूडो, रिंग टॉस और मिनी क्रिकेट सेट शामिल हैं। बच्चों के मनोरंजन और सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने के लिए सांप-सीढ़ी, शतरंज, स्मृति कार्ड, चित्र कार्ड और विभिन्न प्रकार की पहेलियां भी उपलब्ध कराई गईं।

विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार

दीपावली के अवसर पर मिले इस सहयोग की विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहना की। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि नई सामग्री से कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था बेहतर होगी और बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। विद्यालय प्रबंधन ने अदाणी फाउंडेशन की ओर से पहले किए गए सहयोगात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए फाउंडेशन और उसकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। अदाणी फाउंडेशन की यह पहल शासकीय विद्यालयों में बुनियादी शिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाने, खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

Continue Reading

कोरबा

हसदेव नदी घाट में पानी भरने तथा खराब मौसम के कारण पुन्नी मेला जनवरी माह के लिए टला

Published

on

कोरबा। अकवान तूफान के कारण 24 नवंबर को पुरानी बस्ती हसदेव नदी पर आयोजित होने वाला पुन्नी मेला जनवरी तक के लिए टाल दिया गया है। पुन्नी मेला आयोजन समिति की आज एक आवश्यक बैठक पुरानी बस्ती में रखा गया। चक्रवाती अकवान तूफान के कारण दो दिनों की बारिश से हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके कारण दर्री बराज का गेट खोला गया।

दर्री बराज से पानी छोड़े जाने के कारण पुरानी बस्ती, दुरपा रोड, इंदिरा नगर के हसदेव नदी तट पर पानी का भराव बढ़ गया है , नदी घाट पर कीचड़ के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए पुन्नी मेला आयोजन समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए पुन्नी मेला को 24 नवंबर के स्थान पर जनवरी माह में मकर संक्रान्ति के दिन आयोजित करने का निर्णय लिया है। कोरबा में पहला अवसर था जब सर्व समाज कोरबा के द्वारा भव्य पुन्नी मेला का आयोजन किया जा रहा था लेकिन चक्रवर्ती तूफान ने आयोजन की तैयारियां पर पानी फेर दिया है। आयोजन समिति के संयोजक निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर, पार्षद टामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद रूबि देवी सागर सहित आयोजन समिति के सदस्यों भव्य तैयारी के साथ मकर संक्रान्ति के अवसर पर पुन्नी मेला आयोजित करने की जानकारी दिया है।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ में 10 ट्रेनें रद्द, 11 देरी से चलेंगी:6 से 18 दिसंबर तक गाड़ियां प्रभावित, चौथी लाइन का काम, 27 ट्रेनों पर असर

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें 6 से 18 दिसंबर के बीच रद्द रहेंगी। 6 ट्रेनें बीच में समाप्त होंगी और 11 ट्रेनें एक से 9 घंटे की देरी से चलेंगी। इस दौरान कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाया जाएगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का काम होगा। चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम भी किया जाएगा। रेलवे के इस काम से कुल 27 ट्रेनों पर असर पड़ेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की व्यवस्था

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) को कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का फैसला लिया है।

अंतिम चरण में बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन का काम

बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का काम अंतिम चरण में है। रेलवे इस परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने और सिग्नलिंग का काम पूरा कर रहा है।

रेलवे का कहना है कि चौथी रेल लाइन शुरू होने से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा।

इससे यात्री और मालगाड़ियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रेनों का परिचालन बेहतर होगा और भविष्य में इस रूट पर नई ट्रेनें चलाने की संभावना भी बढ़ेगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677