घंटाघर चौक पर 51 हजार से अधिक दीयों से सजा भव्य आयोजन, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कोरबा नगर के हृदय स्थल घंटाघर चौक परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में 51 हजार से अधिक दीये प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा घंटाघर चौक परिसर जगमगा उठा और आयोजन स्थल उत्सवी वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डां. पवन सिंह कंवर, जनप्रतिनिधि गोपाल मोदी, पार्षदगण, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत का संकल्प
आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा की भावना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया। इसी क्रम में जिले के विभिन्न नगरीय निकायों, जनपद पंचायत क्षेत्रों एवं शासकीय कार्यालयों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीये किए गए प्रज्वलित
जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में कुल 5 लाख 50 हजार दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिले के 11 प्रमुख स्थलों पर 1 लाख 17 हजार 700 दीयों का सामूहिक प्रज्वलन किया गया। इसके अतिरिक्त नागरिकों द्वारा अपने-अपने घरों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। नागरिकों तक दीये पहुंचाने के लिए राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों एवं गैस केंद्रों के माध्यम से भी व्यवस्था की गई थी। नगर पालिक निगम कोरबा के घंटाघर चौक के अलावा कटघोरा के राधासागर तालाब एवं शिव मंदिर परिसर, बांकीमोंगरा के गजरा ग्राउंड तथा दीपका के राधासागर तालाब एवं पुष्प वाटिका में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन किया गया।
दीपों की रोशनी में दिखी जनभागीदारी
घंटाघर चौक परिसर में एक साथ हजारों दीये प्रज्वलित होते ही पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। ‘आशीर्वाद का दीया’ के रूप में सजे दीपों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक -मंत्री देवांगन
इस अवसर पर उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दीपक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के प्रति कृतज्ञता एवं शुभकामनाओं का प्रतीक है। श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अक्टूबर 2025 में उन्होंने सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा के 25वें वर्ष में प्रवेश किया था। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से साकार होगा। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है।
कोरबा के विकास में भी दिख रहा सेवा और विकास का संकल्प
श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी जिला खनिज न्यास से स्वीकृति दी गई है। 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। जिले में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है।
साढ़े पांच लाख से अधिक दीयों से रोशन हुआ जिला
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्य आयोजन स्थल पर 51 हजार से अधिक दीये जलाए गए, जबकि जिलेभर में साढ़े पांच लाख से अधिक दीयों के प्रज्वलन का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने अपने घरों में भी दीप जलाकर सहभागिता की। यह सामूहिक सहभागिता सेवा और संकल्प की भावना को और मजबूत करती है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं तथा उनके लाभों की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं की सही जानकारी नागरिकों तक पहुंचने से पात्र हितग्राही उनका लाभ लेने के लिए आगे आ सकेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से सेवा, जनभागीदारी और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कोरबा के लिए गौरव का अवसर- महापौर
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि आज कोरबा के लिए खुशी और गौरव का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष के अवसर पर कोरबा के हृदयस्थल घंटाघर चौक में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज प्रज्वलित किए गए दीप जनभागीदारी और शुभकामनाओं के प्रतीक हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने कोरबा में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत को दीपों की रोशनी, जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प के साथ विशेष स्वरूप प्रदान किया।
गोपाल मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना और सेवा को संकल्प मानने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को नमन करते हैं। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने विकास को नई गति दी। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, भारतमाला, राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे जैसी उल्लेखनीय कार्याे से जनसुविधाओं और आधारभूत संरचना का विस्तार हुआ। देश ने आर्थिक, तकनीकी, स्वास्थ्य और रक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति की है। राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 से जुड़े संवैधानिक बदलाव और तीन तलाक के खिलाफ कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों ने देश के इतिहास में नई दिशा दी। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और 2047 तक ‘विकसित भारत’ का संकल्प जनभागीदारी से ही साकार होगा। हम सभी मिलकर इस संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान दें, यही प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति सच्ची शुभकामना और राष्ट्रसेवा है।”
सम्मान एवं दीपमाला का आयोजन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कृष्णा देवी, गीता कश्यप, रमिला देवी, सरिता प्रजापति, सरस्वती पटेल, कुंवर सिंह, रंगीला नेगी, रगैया, वनिता लावरिया एवं राम नरेश शामिल रहे।
इसी अवसर पर सुंदर एवं आकर्षक रंगोली के माध्यम से भारत के मानचित्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र उकेरने के लिए मनीषा अग्रवाल, सोनिया महंत, अदिति गर्ग, महावीर एवं उनके साथियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने 51 हजार दीपो से सजी भव्य दीपमाला एवं कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई आकर्षक रंगोली का अवलोकन किया। रंगोली में भारत के मानचित्र के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सुंदर चित्र उकेरा गया था, जिसे देखकर अतिथियों ने कलाकारों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की।
नमो सेवा गाथा पर विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति, लगभग 495 लोग हुए शामिल कोरबा, 07 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पाली में ‘नमो सेवाकृअनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और नमो सेवा गाथा पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति से ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, पालक और छात्र-छात्राएं उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और पालकों सहित लगभग 495 लोग उपस्थित रहे।
कोरबा, 7 अक्टूबर 2026। समाज कल्याण विभाग द्वारा आज प्रतीक जैन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा, ओएसडी तरुण कुमार किरण की उपस्थिति में पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से दी गई इस सहायता से उनके आवागमन में सुविधा होगी और वे दैनिक कार्य अधिक सुगमता से कर सकेंगे। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाले हितग्राहियों में रेल्वे कॉलोनी, कोरबा निवासी 55 वर्षीय सैय्यद याकूब, पिता सैय्यद अब्दुल कादर, सुभाष ब्लॉक, कोरबा निवासी 44 वर्षीय श्रीमती सुनीता दास, पिता बाबू राज, शांति नगर, कुसमुंडा निवासी 34 वर्षीय श्रीमती सीमा कुमारी, पिता अदरू, तथा गुरसिया, कटघोरा निवासी 20 वर्षीय प्रदीप कुमार उरांव, पिता हरिराम शामिल हैं। ट्राईसाइकिल मिलने पर हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस सहायता से उनकी गतिशीलता बढ़ेगी और वे अपने दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
सुरक्षित छत और रंगीन दीवारों ने बदला माहौल, बरपाली आंगनबाड़ी में बढ़ी नौनिहालों की उपस्थिति कोरबा, 07 अक्टूबर 2026। कभी जर्जर भवन की दीवारों और असुविधाओं के बीच संचालित होने वाला आंगनबाड़ी केंद्र अब बच्चों की खिलखिलाहट और रंग-बिरंगे चित्रों से गुलजार है। जहां पहले पालकों को अपने छोटे बच्चों को केंद्र भेजते समय उनकी सुरक्षा की चिंता रहती थी, वहीं अब ग्राम पंचायत बरपाली का नया आंगनबाड़ी भवन नौनिहालों के लिए सुरक्षित, सुंदर और सहज वातावरण बन गया है। जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ मद से 11.69 लाख की लागत से निर्मित नए भवन में पक्की छत, मजबूत दीवार, पक्का फर्श, रंगीन चित्र और बच्चों के लिए खिलौनों सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसका असर बच्चों की उपस्थिति में भी दिखाई दे रहा है और 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे नियमित रूप से आंगनबाड़ी पहुंच रहे हैं। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के बरपाली स्थित इस आंगनबाड़ी केंद्र में वर्तमान में 30 बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के 17 तथा 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 13 बच्चे शामिल हैं। इसके साथ ही 2 गर्भवती महिलाएं, 3 शिशुवती माताएं और 6 किशोरी बालिकाएं भी केंद्र की सेवाओं से लाभान्वित हो रही हैं। नए भवन के बाद बच्चों के लिए उपलब्ध स्थान और वातावरण में आए बदलाव ने केंद्र की गतिविधियों को भी अधिक व्यवस्थित किया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती शिवकला बताती हैं कि पुराने भवन की स्थिति ऐसी थी कि बच्चों को केंद्र में रखते समय उनकी सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। भवन जर्जर होने के कारण पालक भी बच्चों को आंगनबाड़ी भेजने में सहज महसूस नहीं करते थे। नए भवन के बनने से सबसे बड़ा बदलाव बच्चों की सुरक्षा और उनके सहज वातावरण में आया है। अब पक्की छत, मजबूत दीवार और पक्के फर्श वाले भवन में बच्चे आराम से बैठते हैं, खेलते हैं और विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। श्रीमती शिवकला के अनुसार नए भवन की दीवारों पर बने रंग-बिरंगे चित्र बच्चों को खूब आकर्षित करते हैं। बच्चे चित्रों को देखकर उनके बारे में जानने की उत्सुकता दिखाते हैं और आसपास की वस्तुओं को पहचानने का प्रयास करते हैं। खिलौनों और आकर्षक वातावरण के कारण उनमें केंद्र आने की रुचि भी बढ़ी है। पहले की तुलना में अब बच्चे अधिक संख्या में आंगनबाड़ी पहुंचते हैं और 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की नियमित उपस्थिति दिखाई देती है। बच्चों के लिए केंद्र अब केवल आने-जाने की जगह नहीं रहा, यहां वे खेलते हुए सीखते हैं और सहज माहौल में अपनी प्रारंभिक शिक्षा की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती चमेली बाई बताती हैं कि नए भवन में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने और उन्हें भोजन कराने में भी काफी सुविधा हुई है। निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार सुबह बच्चों को मीठा या नमकीन दलिया दिया जाता है। इसके बाद दाल, चावल और सब्जी सहित भोजन उपलब्ध कराया जाता है। सुरक्षित और सुविधाजनक भवन में बच्चों को भोजन कराने तथा उनकी देखभाल करने में आसानी होती है। बच्चों का नियमित रूप से केंद्र आना उनके लिए भी उत्साह का विषय है।
कार्यकर्ता श्रीमती शिवकला कहती हैं कि पहले भवन की स्थिति के कारण बच्चों और पालकों में जो संकोच था, वह अब दूर हुआ है। नए भवन ने बच्चों को सुरक्षित जगह दी है और आकर्षक वातावरण ने उनके मन में आंगनबाड़ी के प्रति अपनापन बढ़ाया है। बच्चे सुबह केंद्र आने के लिए उत्साहित रहते हैं और यहां होने वाली गतिविधियों में रुचि के साथ शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए ऐसी बेहतर सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें अपने कार्य में भी संतोष और उत्साह मिलता है। नौनिहालों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की इस पहल के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।