घंटाघर चौक पर 51 हजार से अधिक दीयों से सजा भव्य आयोजन, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कोरबा नगर के हृदय स्थल घंटाघर चौक परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में 51 हजार से अधिक दीये प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा घंटाघर चौक परिसर जगमगा उठा और आयोजन स्थल उत्सवी वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डां. पवन सिंह कंवर, जनप्रतिनिधि गोपाल मोदी, पार्षदगण, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत का संकल्प
आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा की भावना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया। इसी क्रम में जिले के विभिन्न नगरीय निकायों, जनपद पंचायत क्षेत्रों एवं शासकीय कार्यालयों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीये किए गए प्रज्वलित
जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में कुल 5 लाख 50 हजार दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिले के 11 प्रमुख स्थलों पर 1 लाख 17 हजार 700 दीयों का सामूहिक प्रज्वलन किया गया। इसके अतिरिक्त नागरिकों द्वारा अपने-अपने घरों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। नागरिकों तक दीये पहुंचाने के लिए राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों एवं गैस केंद्रों के माध्यम से भी व्यवस्था की गई थी। नगर पालिक निगम कोरबा के घंटाघर चौक के अलावा कटघोरा के राधासागर तालाब एवं शिव मंदिर परिसर, बांकीमोंगरा के गजरा ग्राउंड तथा दीपका के राधासागर तालाब एवं पुष्प वाटिका में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन किया गया।
दीपों की रोशनी में दिखी जनभागीदारी
घंटाघर चौक परिसर में एक साथ हजारों दीये प्रज्वलित होते ही पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। ‘आशीर्वाद का दीया’ के रूप में सजे दीपों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक -मंत्री देवांगन
इस अवसर पर उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दीपक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के प्रति कृतज्ञता एवं शुभकामनाओं का प्रतीक है। श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अक्टूबर 2025 में उन्होंने सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा के 25वें वर्ष में प्रवेश किया था। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से साकार होगा। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है।
कोरबा के विकास में भी दिख रहा सेवा और विकास का संकल्प
श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी जिला खनिज न्यास से स्वीकृति दी गई है। 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। जिले में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है।
साढ़े पांच लाख से अधिक दीयों से रोशन हुआ जिला
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्य आयोजन स्थल पर 51 हजार से अधिक दीये जलाए गए, जबकि जिलेभर में साढ़े पांच लाख से अधिक दीयों के प्रज्वलन का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने अपने घरों में भी दीप जलाकर सहभागिता की। यह सामूहिक सहभागिता सेवा और संकल्प की भावना को और मजबूत करती है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं तथा उनके लाभों की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं की सही जानकारी नागरिकों तक पहुंचने से पात्र हितग्राही उनका लाभ लेने के लिए आगे आ सकेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से सेवा, जनभागीदारी और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कोरबा के लिए गौरव का अवसर- महापौर
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि आज कोरबा के लिए खुशी और गौरव का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष के अवसर पर कोरबा के हृदयस्थल घंटाघर चौक में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज प्रज्वलित किए गए दीप जनभागीदारी और शुभकामनाओं के प्रतीक हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने कोरबा में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत को दीपों की रोशनी, जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प के साथ विशेष स्वरूप प्रदान किया।
गोपाल मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना और सेवा को संकल्प मानने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को नमन करते हैं। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने विकास को नई गति दी। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, भारतमाला, राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे जैसी उल्लेखनीय कार्याे से जनसुविधाओं और आधारभूत संरचना का विस्तार हुआ। देश ने आर्थिक, तकनीकी, स्वास्थ्य और रक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति की है। राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 से जुड़े संवैधानिक बदलाव और तीन तलाक के खिलाफ कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों ने देश के इतिहास में नई दिशा दी। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और 2047 तक ‘विकसित भारत’ का संकल्प जनभागीदारी से ही साकार होगा। हम सभी मिलकर इस संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान दें, यही प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति सच्ची शुभकामना और राष्ट्रसेवा है।”
सम्मान एवं दीपमाला का आयोजन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कृष्णा देवी, गीता कश्यप, रमिला देवी, सरिता प्रजापति, सरस्वती पटेल, कुंवर सिंह, रंगीला नेगी, रगैया, वनिता लावरिया एवं राम नरेश शामिल रहे।
इसी अवसर पर सुंदर एवं आकर्षक रंगोली के माध्यम से भारत के मानचित्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र उकेरने के लिए मनीषा अग्रवाल, सोनिया महंत, अदिति गर्ग, महावीर एवं उनके साथियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने 51 हजार दीपो से सजी भव्य दीपमाला एवं कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई आकर्षक रंगोली का अवलोकन किया। रंगोली में भारत के मानचित्र के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सुंदर चित्र उकेरा गया था, जिसे देखकर अतिथियों ने कलाकारों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की।
मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल के दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कोरबा, 18 सितंबर। मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल, कोरबा द्वारा ऋषि पंचमी के पावन अवसर पर 15 एवं 16 सितंबर को परशुराम भवन में दो दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार एवं शास्त्रोक्त धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक वातावरण से भर दिया।
इस दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में श्रीहरि परिवार के संस्थापक आचार्य भूषण कृष्ण शास्त्री का विशेष सान्निध्य एवं मार्गदर्शन रहा। उनके साथ उनके अनुज ज्योतिर्विद पंडित कुशल शास्त्री तथा सहयोगकर्ता विद्यार्थी अनमोल पांडे के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान वैदिक एवं शास्त्रोक्त विधि-विधान से संपन्न कराए गए। मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधियों के बीच श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ लिया।
सप्तऋषियों का विधि-विधानपूर्वक पूजन
ऋषि पंचमी के अवसर पर समाज की महिलाओं ने सप्तऋषियों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। परिवार, समाज एवं समस्त मानव समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
श्रीमती रेनू पुजारी के नेतृत्व में हुआ आयोजन
मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रेनू पुजारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिला मंडल की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
धर्म, संस्कृति और संस्कारों का संदेश
आचार्य भूषण कृष्ण शास्त्री एवं उनके सहयोगी आचार्यों के मार्गदर्शन में संपन्न धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से वैदिक परंपराओं, भारतीय संस्कृति एवं सनातन संस्कारों के संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने धार्मिक एवं सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया।
महिला मंडल की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाली सभी बहनों एवं आचार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सप्तऋषियों का आशीर्वाद समाज के सभी सदस्यों पर सदैव बना रहने तथा समाज की सुख-समृद्धि, एकता एवं प्रगति के लिए प्रार्थना की गई।
ऋषि पंचमी के अवसर पर परशुराम भवन में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में श्रीहरि परिवार के संस्थापक आचार्य भूषण कृष्ण शास्त्री, ज्योतिर्विद पंडित कुशल शास्त्री, आचार्य अनमोल पांडे एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की पदाधिकारी व सदस्यगण।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में जिलेभर में सेवा एवं जनभागीदारी कार्यक्रम, टी.पी. नगर स्थित जिला भाजपा कार्यालय दीपों से हुआ जगमग
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में कोरबा जिले में भी सेवा, जनभागीदारी और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत गुरुवार को जिला कलेक्टर कार्यालय, कोरबा से ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के रथ का भव्य शुभारंभ किया गया। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सेवा संकल्प रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, महापौर संजू देवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, निगम सभापति नूतन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, राजीव सिंग, अजय विश्वकर्मा, नवीन अरोड़ा, अर्जुन गुप्ता एवं संजय राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पांचों विकासखंडों में पहुंचेगा सेवा संकल्प रथ
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के पांचों विकासखंडों के लिए रथ रवाना किया गया है। यह रथ जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा। रथ के माध्यम से एलईडी स्क्रीन पर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और सेवा संकल्प से जुड़े संदेशों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देने तथा सेवा एवं जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
‘प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर घर-घर जगमगाए आशीर्वाद का दीप’ : गोपाल मोदी
इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में घर-घर पहुंचकर दीप प्रज्वलित किए। कार्यकर्ताओं ने नागरिकों से सेवा, समाजहित और जनभागीदारी के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
गोपाल मोदी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर घर-घर आशीर्वाद का दीप जगमगाए, यही सेवा संकल्प का संदेश है। सेवा और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।” घर-घर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्सवी वातावरण देखने को मिला।
दीपों से जगमगाया भाजपा जिला कार्यालय
वहीं टी.पी. नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यालय परिसर में सुंदर रंगोली बनाई गई तथा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की। दीपों की रोशनी से भाजपा जिला कार्यालय जगमगा उठा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और जनभागीदारी को अभियान का आधार बनाते हुए जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
मंडल से बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सहभागिता
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि सेवा और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। जिले के विभिन्न मंडलों से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सहभागिता के माध्यम से अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले में सेवा संकल्प यात्रा, ग्राम पंचायतों तक पहुंचने वाले रथ और घर-घर दीप प्रज्वलन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, संगठन और सामाजिक सहभागिता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
अस्पताल व हॉस्टल भवन को ढहाए जाने से ग्रामीणों की उम्मीदें टूटीं, भारी पुलिस बल की मौजूदगी से गांव में कर्फ्यू जैसा माहौल
मुआवजा विसंगति रोजगार और पुनर्वास स्थल की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में गहरा असंतोष, भविष्य को लेकर अनिश्चितता
देश हित में कोयला जरूरी, लेकिन किसानों के सीने पर चढ़कर विकास मंजूर नहीं — ग्राम पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण
कोरबा/हरदीबाजार। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड SECL दीपका क्षेत्र द्वारा प्रशासन पुलिस बल और CISF की मौजूदगी में सुबह 5:00 बजे हरदीबाजार स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल) एवं हॉस्टल भवन को जबरन ढहाए जाने की कार्रवाई से क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव व्याप्त है। प्रशासनिक तंत्र के बल पर की गई इस कार्रवाई से अपनी वाजिब मांगों के निराकरण का इंतजार कर रहे स्थानीय किसानों और ग्रामीणों की उम्मीदें पूरी तरह टूट गई हैं ।
ग्रामीणों का आरोप है कि SECL और प्रशासन की प्राथमिकता केवल खदान विस्तार और कोयला उत्खनन तक सीमित है, जबकि प्रभावितों के मौलिक अधिकारों और समस्याओं की निरंतर अनदेखी की जा रही है ।
ग्रामीणों द्वारा उठाए गए प्रमुख मुद्दे एवं समस्याएं
मुआवजा और रोजगार में विसंगति:- भू-स्वामियों को तय नीति के अनुसार मुआवजा और रोजगार उपलब्ध कराने में भारी अनियमितता बरती जा रही है। पात्र युवाओं को वैकल्पिक रोजगार न देकर भटकने पर मजबूर किया जा रहा है ।
पुनर्वास (बसाहट) स्थल की दयनीय स्थिति:- SECL द्वारा बसाहट के लिए प्रस्तावित स्थलों पर निर्माण व विकास कार्य अत्यंत निराशाजनक और अधूरे पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों के पुनर्वास पर संकट खड़ा हो गया है ।
जल संकट और प्रदूषण की गंभीर समस्या:- दीपका खदान की दूरी हरदीबाजार से महज 25 मीटर रह गई है। खदान विस्तार से भू-जल स्तर तेजी से गिर रहा है। ठंड का मौसम खत्म होने से पहले ही कुएं बोरवेल और हैंडपंप सूख जाते हैं। लोगों को 2-3 दिनों तक नहाने और भोजन पकाने तक के लिए पानी नसीब नहीं होता। SECL द्वारा जलापूर्ति के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये के टेंडर निकालकर केवल खानापूर्ति की जा रही है ।
हैवी ब्लास्टिंग व सुरक्षा का खतरा:- खदान के अत्यधिक निकट होने के कारण हैवी ब्लास्टिंग से मकानों को क्षति पहुंच रही है और पर्यावरण व स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं ।
प्रशासनिक अनदेखी पर उठे गंभीर सवाल
ग्रामीणों ने व्यथित होकर कहा कि जब-जब दीपका प्रबंधन को जरूरत होती है, जिला प्रशासन पुलिस बल लगाकर बलपूर्वक काम करवा लेता है। पूर्व में नापी और सर्वे के दौरान भी गांव को छावनी में तब्दील कर कर्फ्यू जैसा माहौल बना दिया गया था, लेकिन जब किसानों के मुआवजे रोजगार बसाहट और जल संकट के स्थायी समाधान की बात आती है, तो प्रशासन अपनी जवाबदेही से पल्ला झाड़ लेता है । ग्रामीण और प्रभावित किसान अपनी फरियाद लेकर कलेक्टर एसडीएम कार्यालय से लेकर SECL बिलासपुर मुख्यालय (CMD) तक के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं, परंतु कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है ।
पंचायत प्रतिनिधियों का स्पष्ट रुख
हरदीबाजार ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि देश हित में कोयला और ऊर्जा आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है तथा इसके लिए भूमि का अधिग्रहण भी जरूरी है, लेकिन स्थानीय किसानों और ग्रामीणों के सीने पर चढ़कर और उनके भविष्य को रौंदकर किया जाने वाला विकास किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है ।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक मुआवजा विसंगति का समाधान, पात्र भू-स्वामियों को रोजगार, व्यवस्थित बसाहट और पेयजल का स्थायी प्रबंध नहीं किया जाता, तब तक SECL और प्रशासन की इस एकतरफा व दमनकारी नीति का विरोध जारी रहेगा ।