Connect with us

कोरबा

डीपीएस बालको: लगातार दूसरे साल भी सीबीएसई क्लस्टर-2 जीता

Published

on

कोरबा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, बालको ने सीबीएसई क्लस्टर-2 एथलेटिक्स मीट 2026 में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब लगातार दूसरे साल जीत लिया। यह मीट केआईटी इंटरनेशनल स्कूल में हुआ, जिसमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के 250 से ज्यादा स्कूलों के 1,500 से ज्यादा एथलीट शामिल हुए।

डीपीएस बालको अंडर-14 और अंडर-17 में लड़के और लड़कियों की दोनों कैटेगरी में चैंपियन बना। अंडर-19 में टीम रनर-अप रही। स्कूल ने कुल 21 मेडल जीते इनमें 9 गोल्ड, 7 सिल्वर, 5 ब्रॉन्ज हैं। टीम ने कई मीट रिकॉर्ड भी तोड़े। इनमें अंडर-19 और अंडर-14 गर्ल्स रिले टीमें शामिल रहीं। जान्हवी साहू, अशिता यादव के रिकॉर्ड भी शामिल रहे। इसके बाद स्कूल के 16 एथलीट अक्टूबर में पटियाला में होने वाली सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई हुए।

क्वालिफाई एथलीटों में अशिता यादव, जान्हवी साहू, काजल यादव, गीतांजलि साहू, कृति झा, अस्मी साहू, भूमिका सोनी, अवनी साहू, अनन्या चक्रधारी, अक्षिता ठाकुर, ऐश्वर्या साहू, जीवंशी साहू, पलक ठाकुर, खुशी पासवान, अर्ना साहू, नवरा शामिल हैं। अंडर-14 बॉयज रिले टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। टीम में हार्दिक अग्रवाल, अभिज्ञान चंद्राकर, पार्थ बारेथ, आराध्या सोनी, आदित्य शुक्ला रहे। अंडर-17 बॉयज रिले टीम ने सिल्वर मेडल जीता। टीम में तनिष्क साहू, विकल्प वर्मा, अथर्व अग्रवाल, ऐश्वर्या साहू, शिवेंद्र सिंह, विश्वेश्वर नायक रहे। अंडर-17 गर्ल्स 4×100 मीटर रिले टीम ने सिल्वर मेडल जीता। 4×400 मीटर रिले टीम ने गोल्ड मेडल जीता। ओवरऑल चैंपियनशिप में इन रिले टीमों की भूमिका अहम रही।

Continue Reading

कोरबा

तेज रफ्तार कार ने चार गौवंश को रौंदा,3 मौत:बजरंग दल ने की कार्रवाई की मांग, इधर कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत में 4 घायल

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में नशे की हालत में तेज रफ्तार कार चलाने के दौरान चार गौवंश हादसे की चपेट में आ गए। घटना गुरुवार देर रात उरगा थाना क्षेत्र के भैंसमा पॉवर जनरेट ऑफिस के सामने हुई। तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बैठे चार गौवंश को टक्कर मार दी। हादसे में तीन गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

पुलिस के अनुसार, वाहन क्रमांक CG 12 AT 3731 (टाटा टियागो) का चालक कथित तौर पर नशे की हालत में तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान सड़क पर बैठे गौवंश कार की चपेट में आ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताने लगे।

सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम

स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बजरंग दल और गौसेवकों ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सदस्य और गौसेवक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत गौवंश को सड़क से हटवाया और घायल गौवंश को उपचार के लिए भेजा। घायल गौवंश का इलाज गौसेवकों की देखरेख में कराया जा रहा है।

नशे में ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग

बजरंग दल कोरबा ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नशे में वाहन चलाना गंभीर अपराध है। संगठन ने मांग की है कि जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि होने पर इसे सामान्य सड़क हादसा न माना जाए।

संगठन ने चालक का ब्रेथ एनालाइजर और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही रिपोर्ट के आधार पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना) और धारा 184 (तेज एवं खतरनाक ड्राइविंग) के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कुछ दिन पहले भी सात मवेशियों की हुई थी मौत

कुछ दिन पहले दर्री थाना क्षेत्र में भी भारी वाहन की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हुए थे। घटना के विरोध में लोगों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। लगातार हो रहे सड़क हादसों में मवेशियों की मौत को लेकर अब जिले में सवाल उठने लगे हैं।

तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा में भिड़ंत

कोरबा के बुधवारी बायपास पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन-चार महिलाओं, एक बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

हादसे में एक युवती के पैर में गंभीर चोट आई है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और एंबुलेंस को सूचना दी।

नाबालिग चला रहा था ई-रिक्शा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। ई-रिक्शा एक नाबालिग चला रहा था, जिसे इस मार्ग पर अक्सर वाहन चलाते देखा जाता है। पुलिस अब नाबालिग के वाहन चलाने समेत हादसे के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

लाठी-डंडे लेकर पहुंचे 15-20 युवक

हादसे के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। ई-रिक्शा चालक के करीब 15 से 20 साथी लाठी-डंडे लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ती देख सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों से डंडे जब्त किए और उन्हें फटकार लगाकर भीड़ को मौके से हटाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया गया।

कार पर पुलिस का मोनो होने का दावा

हादसे में शामिल कार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार पर पुलिस का मोनो लगा था और चालक खुद को पुलिसकर्मी बता रहा था। कार चालक के शराब के नशे में होने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नशे की पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।

दोनों वाहन जब्त, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सिविल लाइन पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे की वजह, दोनों वाहनों की गति, नाबालिग द्वारा ई-रिक्शा चलाने और कार चालक की पहचान समेत सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

नाबालिगों को वाहन न देने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नाबालिगों को वाहन चलाने न दें और तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

हाथियों का आतंक जारी, दंतैल ने तोड़ी घर की दीवार:परिवार ने भागकर बचाई जान, मंत्री के दावे के बाद फिर हुआ हाथी का हमला

Published

on

कोरबा। कोरबा के कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र स्थित तरईनार गांव में शुक्रवार सुबह एक दंतैल हाथी घुस गया। खाने की तलाश में गांव पहुंचे हाथी ने तरईनार के प्रकाश नायक के घर की दीवार तोड़ दी।

अचानक हाथी के घर के पास पहुंचने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन जान बचाकर दूसरे कमरे में भाग गए। हालांकि, इस घटना में किसी की जान नहीं गई।

यह घटना उस वक्त हुई जब दो दिन पहले कोरबा पहुंचे वन मंत्री केदार कश्यप ने दावा किया था कि ‘गज संकेत ऐप’ और अन्य नवाचारों से इस संघर्ष में कमी आ रही है और मृत्यु दर भी घटी है।

इस दौरान मंत्री ने दो दिनों तक कोरबा जिले में वन विभाग की तैयारियों और मानव-हाथी द्वंद्व पर अधिकारियों से चर्चा की थी। शुक्रवार सुबह उनके जांजगीर रवाना होने के बाद ही तरईनार गांव में हाथी के हमले की यह घटना सामने आ गई।

ग्रामीणों में डर का माहौल

इधर, हाथी के गांव में घुसने के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पसान इलाके में हाथियों की आवाजाही अब आम हो गई है। पिछले कई महीनों से हाथियों का दल गांवों के आसपास घूम रहा है।

हाथी कभी रात में घरों में घुसकर तोड़फोड़ करते हैं तो कभी खेतों में पहुंचकर धान और दूसरी फसलों को खाकर या रौंदकर नुकसान पहुंचाते हैं। इससे किसानों को काफी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि हाथी अचानक बस्ती के पास पहुंच जाते हैं। इससे लोगों को हर समय अपनी और परिवार की सुरक्षा की चिंता रहती है। रात में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। कई ग्रामीण लाठी और टॉर्च लेकर रात में पहरा देने को मजबूर हैं।

वन विभाग की हाथी गश्ती टीम लगातार ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रही है। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी जा रही है, ताकि ग्रामीण सावधानी बरत सकें।

Continue Reading

कोरबा

सरस्वती शिशु मंदिर एच.टी.पी.पी. दर्री में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Published

on

देशभक्ति गीत, भाषण, कविता और नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शिशु भारती एवं कन्या भारती के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ
बोर्ड कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

कोरबा/दर्री। सरस्वती शिशु मंदिर एच.टी.पी.पी. दर्री, कोरबा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह, अनुशासन और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हेमंत मावलीकर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में धनंजय सिंह, बद्रीप्रसाद स्वर्णकार, नवल किशोर शुक्ला एवं चंदू लाल राठौर ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों की परेड के साथ हुआ। परेड के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत, कविता और मनमोहक नृत्य की प्रस्तुतियां देकर समारोह में देशभक्ति का रंग भर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के साथ राष्ट्र के प्रति समर्पण और प्रेम की भावना को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रभावित किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय की शिशु भारती एवं कन्या भारती के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी कराया गया। इस अवसर पर धनंजय सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए विद्यालय एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड कक्षाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कक्षा पंचम में कृतिका कुलदीप ने प्रथम तथा नेहाली साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा अष्टम में दिव्या जाल प्रथम और यामिनी बरेठ द्वितीय स्थान पर रहीं। कक्षा दशम में खुशी श्रीवास ने प्रथम तथा गगनदीप साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा द्वादश में माही ने प्रथम और सविता ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का आयोजन विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रवण कुमार गुप्ता एवं सुश्री आरजू सहिस ने किया। दोनों ने कार्यक्रम के विभिन्न चरणों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाते हुए समारोह को गरिमापूर्ण रूप प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में सुश्री हेमलता साहू ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
सरस्वती शिशु मंदिर एच.टी.पी.पी. दर्री में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे समय राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उत्साह से ओत-प्रोत रहा। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों, पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान ने समारोह को विशेष बना दिया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677