Connect with us

छत्तीसगढ़

फर्जी SBI बैंक घोटाला…एक और आरोपी गिरफ्तार:सक्ती में नौकरी के नाम पर ठगी, अब तक 7 आरोपी पकड़े गए, इधर अवैध खनन-परिवहन पर कार्रवाई

Published

on

सक्ती। सक्ती जिले के छपोरा में फर्जी एसबीआई बैंक खोलकर नौकरी के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी पंकज टंडन (31) को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे टंडन को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

आरोपियों ने ग्राम छपोरा में फर्जी एसबीआई बैंक खेला था। वे लोगों को नौकरी का झांसा देते थे, बाकायदा इंटरव्यू लेते थे और फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करते थे। हर पीड़ित से करीब 30,000 रुपए की वसूली की गई थी, जिससे कई लोगों को सुनियोजित तरीके से ठगी का शिकार बनाया गया।

शिकायत के बाद खुला धोखाधड़ी का मामला

इस धोखाधड़ी का खुलासा एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा के जीवराखन कावड़े की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 318(4), 338, 336, 340, 3(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पहले ही कई आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने इससे पहले अनिल भास्कर, नरेंद्र साहू, हीरा दिवाकर उर्फ कुणाल दिवाकर, टुकेश्वर दास महंत और सुभद्रा महंत सहित छह अन्य आरोपियों को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

बाकी फरार आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, एएसपी पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

मुख्य आरोपी पंकज टंडन की गिरफ्तारी

इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी पंकज टंडन को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे हाल ही में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई

जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चंद्रपुर क्षेत्र में महानदी तट पर दबिश देकर जेसीबी मशीन और चार ट्रैक्टर जब्त किए गए। ये वाहन बिना वैध दस्तावेजों के रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे थे।

चंद्रपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कोसले की टीम ने ग्राम कलमा स्थित महानदी किनारे घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने मौके पर अवैध रूप से रेत खनन करते हुए वाहनों को पकड़ा। मौके पर मौजूद चालकों से रेत उत्खनन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके।

SP बोले- अवैध खनन और परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया। जब्त किए गए वाहनों में जेसीबी (OD 17 AB 2434) और चार ट्रैक्टर (CG 13 BD 9964, CG 11 BD 3353, CG 13 BG 8337, CG 13 BD 2253) शामिल हैं।

पुलिस ने इस मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि अवैध उत्खनन और परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Continue Reading

कोरबा

देवरी का टूटा पुल बना हजारों ग्रामीणों की परेशानी, भाजपा नेता राजेश यादव ने शासन पर उठाए सवाल

Published

on

सुशासन तिहार में आवेदन के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, बरसात में स्कूल जाने वाले बच्चों की बढ़ेगी मुश्किल

कोरबा/चाकाबुड़ा। विकासखंड कटघोरा के ग्राम देवरी में लगभग एक वर्ष पूर्व क्षतिग्रस्त हुआ पुल आज भी पुनर्निर्माण की बाट जोह रहा है। बरसात नजदीक होने के बावजूद शासन-प्रशासन की उदासीनता से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने इस गंभीर समस्या को लेकर शासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

राजेश यादव ने बताया कि उन्होंने 19 मई 2026 को सुशासन तिहार के दौरान लिखित आवेदन देकर देवरी-कोराई तथा देवरी-चाकाबुड़ा मार्ग पर आवागमन बाधित होने की समस्या से प्रशासन को अवगत कराया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि बरसात शुरू होते ही पुल पर डाली गई मिट्टी बह जाएगी और दोनों ओर से संपर्क पूरी तरह टूट जाएगा, जिससे कोराई ग्राम पंचायत सहित कई गांवों का आवागमन प्रभावित होगा। इसके बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी क्षेत्र के स्कूली बच्चों को होगी। देवरी स्थित विद्यालयों में पढ़ने वाले बुंदेली, कसाईपाली, चाकाबुड़ा एवं आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को बरसात के दिनों में लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी और कई विद्यार्थियों के नियमित विद्यालय पहुंचने पर भी संकट खड़ा हो सकता है।

राजेश यादव ने कहा कि यह केवल पुल का मामला नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और दैनिक जीवन से जुड़ा मुद्दा है। किसान अपनी उपज बाजार तक नहीं पहुंचा पाएंगे, मरीजों को अस्पताल जाने में कठिनाई होगी तथा आम लोगों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन का इस गंभीर विषय पर अब तक ध्यान नहीं देना अत्यंत चिंताजनक है।

उन्होंने जिला प्रशासन एवं राज्य शासन से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले तत्काल नए पुल के निर्माण की स्वीकृति देकर कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव हो सके और क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

पिस्टल की नोक पर व्यापारी का अपहरण:मरवाही में पुलिसकर्मी बनकर आए बदमाश, जबरन उठाया, 25 दिन पहले सर्राफा व्यापारी की हुई थी हत्या

Published

on

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, एजेंसी। छत्तीसगढ़ की गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में दिनदहाड़े 2 बदमाश पुलिसकर्मी बनकर घर आए और बंदूक की नोक पर व्यापारी को किडनैप कर लिया। जबरन व्यापारी को पकड़कर अपनी गाड़ी में बैठाकर साथ ले गए। इस घटना का लाइव CCTV वीडियो भी सामने आया है। मामला मरवाही थाना इलाके के उषाढ गांव का है।

पुलिस केस दर्ज कर सीसीटीवी की मदद से आरोपियों और व्यापारी की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक फिरौती या किसी और चीज को लेकर कोई कॉल या मैसेज नहीं आया है। इससे 25 दिन पहले सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, व्यापारी गिरीश यादव अपने गांव उषाढ में ही किराना, छड़-सीमेंट और आटा चक्की का व्यवसाय करते हैं। शनिवार (20 जून) की सुबह 11 बजे गिरीश यादव घर के गलियारे पर सो रहे थे। उनका बेटा पंकज दुकान पर बैठा था।

इसी दौरान एक नीले रंग की कार से दो व्यक्ति वहां पहुंचे। बदमाशों ने दुकान से सिगरेट और पानी खरीदा। उसके बाद पंकज से उसके पिता के बारे में पूछा। पंकज जैसे ही अपने पिता को बुलाने अंदर जाने लगा, दोनों बदमाश जबरन घर में घुस गए। उन्होंने सो रहे गिरीश यादव को उठाया और स्टील रंग की पिस्तौल दिखाकर खुद को पुलिसकर्मी बताने लगे।

व्यापारी गिरीश यादव।

व्यापारी गिरीश यादव।

गोली मारने की धमकी, कार में बैठा ले गए

विरोध करने पर बदमाशों ने गिरीश यादव को पैर में गोली मारने की धमकी दी, उसे जबरन कार में बैठाकर बरौर बस्ती की ओर ले गए। परिजन चिल्लाते रहे, लेकिन वो रुके नहीं। पंकज ने कार के नंबर का कुछ हिस्सा ‘OD 8552’ देखा था।

यह वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें बदमाश जबरन व्यापारी को उठाकर अपने साथ ले जा रहे हैं। इसकी जानकारी लगने पर व्यापारी के पत्नी का मुंहबोला भाई मनीष जायसवाल ने बरौर में कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश मरवाही की तरफ तेजी से भाग गए।

पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत

पत्नी दुर्गा यादव ने मामले की शिकायत मरवाही थाने में दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने इसकी जांच की, जब पता चला कि वो पुलिस वाले नहीं है, तो केस दर्ज कर तलाश शुरू की गई। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग जगह दबिश दे रही है।

एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा ने बताया कि, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 3(5), 333, 351(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

25 दिन पहले सर्राफा व्यापारी की हुई थी हत्या

इससे पहले, 26 मई को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की कोटमी साप्ताहिक बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार बदमाश उनसे सोने-चांदी का बैग भी छीनकर भाग गए थे। इसके लिए बिहार-झारखंड से शूटर बुलाए गए थे।

इस वारदात का मास्टरमाइंड बिलासपुर जिले के बिटकुला गांव का रहने वाला खुशीराम साहू है। उसने बाजार में सोना-चांदी व्यापारियों की रेकी कर पूरी साजिश रची थी। इस काम में उसके भतीजे राजाराम साहू ने भी मदद की। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद कर लिया गया था।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में ISI स्लीपर सेल गिरफ्तार:किराए के मकान में रह रहा था, पाकिस्तान, सऊदी अरब के नंबरों से ISI संपर्क के सबूत मिले

Published

on

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। यह गिरफ्तारी अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान हुई।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान सेवक सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के तरन तारण जिले के पट्टी का रहने वाला है। उसके खिलाफ अकलतरा थाने में बीएनएस की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दरअसल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर जिले में संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में बाहरी राज्यों के कुछ लोग किराए पर रह रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस वहां किरायेदारों का सत्यापन करने पहुंची, जहां सेवक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां रह रहे किरायेदारों का वेरिफिकेशन शुरू किया। जांच के दौरान सेवक सिंह की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सेवक सिंह ने खुद को पाकिस्तान सीमा के पास के इलाके का रहने वाला बताया, लेकिन उसके जवाबों से पुलिस संतुष्ट नहीं हुई। शक गहराने पर पुलिस ने उसका मोबाइल फोन खंगाला।

जांच में मोबाइल से पाकिस्तान, सऊदी अरब और कुछ अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क होने के सबूत मिलने का दावा किया गया। इन्हीं जानकारियों के आधार पर पुलिस ने उस पर ISI से जुड़े होने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

ISI समर्थित नेटवर्क से संपर्क का आरोप

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान में बैठे ISI समर्थित लोगों के संपर्क में था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशी नंबरों और संदिग्ध लोगों से लगातार बातचीत करता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर छत्तीसगढ़ के कुछ महत्वपूर्ण लोगों, संवेदनशील जगहों, लोकेशन, वाहनों के नंबर और फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा करने का भी संदेह है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

मोबाइल से मिले महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत

पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई जरूरी डिजिटल सबूत मिले हैं। इसमें व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल के रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और कुछ अन्य जानकारियां शामिल हैं।

पुलिस ने मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि उसके सभी संपर्कों और गतिविधियों की अच्छे से जांच की जा सके।

हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग की थी साजिश

पुलिस जांच में यह भी बात सामने आई है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार मिलने की योजना थी। हथियार मिलने के बाद उसे वहां बैठे लोगों के कहने पर किसी खास व्यक्ति या जगह को निशाना बनाने जैसे काम दिए जा सकते थे।

हालांकि पुलिस का कहना है कि इसकी अभी पूरी पुष्टि नहीं हुई है और जांच व फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677