Connect with us

कोरबा

पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर को रायपुर पुलिस ने किया नजरबंद:अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठने वाले थे, कोरबा-कलेक्टर को हटाने पर अड़े

Published

on

रायपुर/कोरबा। रायपुर पुलिस ने पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर को गहोई भवन में नजरबंद कर दिया है। वो अपने ही सरकार के खिलाफ सीएम हाउस के बाहर धरने पर बैठने वाले थे। इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने उन्हें एम्स के पास रोक लिया।

लेकिन वे गेट कूदकर निकलने की कोशिश करते रहे। उनका कहना है कि, अगर यही रवैया रहा तो अगली बार भाजपा की सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि, जनता बोल रही है कि, अगली बार 15 सीट से ज्यादा सीटें बीजेपी को नहीं मिलेगी।

ये तस्वीर पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर की है। (फाइल फोटो)

ये तस्वीर पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर की है। (फाइल फोटो)

पूर्व गृहमंत्री ने जिला प्रशासन को दिया था पत्र

दरअसल, पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर ने भ्रष्टाचार को लेकर कोरबा कलेक्टर अजित वसंत हटाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि 4 अक्टूबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो वे रायपुर में धरने पर बैठेंगे। इसके लिए वो शुक्रवार देर शाम रायपुर पहुंचे थे।

उन्होंने धरने को लेकर रायपुर जिला प्रशासन को पत्र भी दिया था। शनिवार सुबह के 10.30 बजे से वो धरने पर बैठने वाले थे। जब वो होटल से धरना स्थल के निकले, इस दौरान पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें रोक लिया।

आदेश मिलते ही जांच कर रिपोर्ट सौंपेंगे अफसर

राज्य शासन ने ननकीराम कंवर के शिकायती पत्र पर बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन से जांच प्रतिवेदन मांगा है। हालांकि, सुनील जैन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, शासन की ओर से उन्हें अभी तक लिखित आदेश नहीं मिला है।

आदेश मिलते ही वे जांच कर रिपोर्ट सौंप देंगे। यह भी बताया जा रहा है कि इस मामले में शासन ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा विवाद ?

ननकीराम कंवर ने आरोप लगाया है कि, कोरबा में कलेक्टर हिटलरशाही तरीके से प्रशासन चला रहे हैं। उनके खिलाफ सैकड़ों भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप है। उन्होंने कहा कि 40,000 स्व-सहायता समूह की महिलाओं से अरबों की ठगी, मालगांव और रलिया में फर्जी मुआवजे के नाम पर करोड़ों रुपए की अनियमितता जैसे मामलों में कलेक्टर की सीधी संलिप्तता है।

पहले भी पूर्व मंत्री को कलेक्टर ने भेजा था नोटिस

पूर्व मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि, भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को कोरबा कलेक्टर टारगेट कर रहे हैं। इसमें एक पत्रकार का मकान गिराने, पार्टी कार्यकर्ताओं के राइस मिल और पेट्रोल पंप को सील किए जाने की घटनाएं शामिल हैं।

यह विवाद पहले भी चर्चा में रहा है, जब कलेक्टर अजित वसंत ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को एक फेसबुक पोस्ट के लिए नोटिस भेजा था। कलेक्टर का कहना था कि, पोस्ट प्रशासन की छवि खराब करती है।

ननकीराम कंवर की क्या हैं मांगें

  • रजगालार पंचायत में भेदभावपूर्ण कार्रवाई: 50 वर्षों से बसे 3000 लोगों में से केवल एक व्यक्ति को अवैध कब्जे का नोटिस भेजा गया, राजनीतिक दबाव का आरोप।
  • पत्रकार के घर पर कार्रवाई: वरिष्ठ पत्रकार रमेश राठौर के मकान को बारिश में तोड़वाया गया, जबकि बाकी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।
  • महिला ठगी मामला: जिले की 40,000 महिलाओं से अरबों की ठगी का मामला दबाया गया, सीमित FIR दर्ज, प्रशासनिक संरक्षण का आरोप।
  • टोल प्लाजा प्रकरण: मदनपुर में कलेक्टर की पत्नी के वाहन को बिना टोल टैक्स रोके जाने पर दो स्थानीय युवकों को जेल भेजवाया गया।
  • पूर्व सैनिक को धमकी: कारगिल योद्धा प्रेमचंद पांडेय को धमकी और फर्जी मामले में फंसाने का प्रयास, पुलिस दबाव में कार्रवाई।
  • खनिज न्यास निधि में भ्रष्टाचार: DMF की करोड़ों राशि मुआवजे के नाम पर बांटी गई, निजी लाभ के लिए बालको कंपनी से मिलीभगत।
  • फर्जी मुआवजा प्रकरण: मालगांव-रलिया में 152 लोगों को बिना जमीन फर्जी मुआवजा, जांच के बाद भी वसूली नहीं।
  • कलेक्टर की पत्नी को अवैध भुगतान: डॉ. रूपल ठाकुर को DMF निधि से चिकित्सक पद पर वेतन, कार्य न करने के बावजूद हर महीने लाखों का भुगतान हुआ।
Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

ड्रोन और थर्मल तकनीक से खनिज माफियाओं पर शिकंजा:कोरबा हसदेव नदी में JCB, टीपर और ट्रैक्टर जब्त, रात में भी होगी कार्रवाई

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में अवैध खनिज उत्खनन पर शिकंजा कसने के लिए खनिज विभाग ने अब अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लेना शुरू कर दिया है। शुक्रवार (26 जून) को सीतामढ़ी क्षेत्र में हसदेव नदी पर ड्रोन कैमरे से निगरानी के दौरान अवैध रेत उत्खनन करते वाहनों का पता लगाया।

विभाग ने एक जेसीबी, एक टीपर और एक ट्रैक्टर सहित कुल तीन वाहनों को जब्त किया। यह कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में की गई।

ड्रोन से ट्रैक हुई जेसीबी की लोकेशन

अभियान के दौरान ड्रोन कैमरे में हसदेव नदी से अवैध रेत उत्खनन करती एक जेसीबी की गतिविधियां रिकॉर्ड हुईं। ड्रोन की मदद से वाहन की लोकेशन इमलीडुग्गू तक ट्रैक की गई। इसके बाद खनिज विभाग की जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी और अवैध रेत परिवहन कर रहे एक टीपर को जब्त कर उरगा स्थित खनिज जांच चौकी की अभिरक्षा में रखा गया।

राताखार में भी ट्रैक्टर जब्त

इसी अभियान के तहत राताखार क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया। जब्त वाहन को रामपुर थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

ड्रोन और थर्मल इमेजिंग से होगी निगरानी

खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अब ड्रोन तकनीक का नियमित उपयोग किया जाएगा। रात के समय अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए थर्मल इमेजिंग तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

सबूतों के आधार पर होगी कार्रवाई

सहायक खनि अधिकारी राकेश वर्मा ने बताया कि ड्रोन कैमरे में रिकॉर्ड हुए सबूतों के आधार पर भागने या वाहन छिपाने की कोशिश करने वाले भी कार्रवाई से बच नहीं पाएंगे।

उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Continue Reading

कोरबा

कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज में 13 हाथियों का जलक्रीड़ा

Published

on

कोरबा/कटघोरा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल में 13 हाथियों के झुंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथी ऐतमा नगर परिक्षेत्र स्थित सलिहाभाठा जलाशय में जलक्रीड़ा करते और ‘डस्ट बाथ’ लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वन्यजीवों का यह दुर्लभ दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में हाथियों का झुंड पानी में उतरकर एक-दूसरे पर सूंड़ से पानी उछालते और मस्ती करता नजर आ रहा है। कुछ हाथी पानी में लोट लगाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि अन्य हाथी जलाशय के किनारे सूंड़ से धूल-मिट्टी उड़ाकर अपने शरीर पर डालते नजर आते हैं।

धूप और कीड़ों से बचाव के लिए लेते हैं ‘डस्ट बाथ’

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, हाथियों द्वारा धूल-मिट्टी शरीर पर डालने की प्रक्रिया को ‘डस्ट बाथ’ कहा जाता है। यह उनकी प्राकृतिक आदत है, जिससे उनकी त्वचा तेज धूप, गर्मी और कीड़ों के हमले से सुरक्षित रहती है। जलक्रीड़ा के बाद हाथी अक्सर इस प्रक्रिया को अपनाते हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ाई गई निगरानी

वीडियो सामने आने के बाद कटघोरा वन विभाग अलर्ट हो गया है। वन विभाग की टीम ने सलिहाभाठा जलाशय और आसपास के गांवों में गश्त तेज कर दी है। अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से जलाशय के आसपास नहीं जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

ग्रामीणों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह

वन विभाग ने ग्रामीणों को हिदायत दी है कि हाथियों के दिखने पर शोर न मचाएं, पटाखे न जलाएं और उन्हें किसी भी तरह से परेशान करने का प्रयास न करें। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों को उकसाने से मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति पैदा हो सकती है।

गर्मी में जलस्रोतों की ओर बढ़ता है हाथियों का रुख

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गर्मी के मौसम में जंगलों में जलस्रोत सूखने लगते हैं। ऐसे में हाथियों के झुंड पानी की तलाश में जलाशयों, नदी-नालों और तालाबों की ओर रुख करते हैं। कटघोरा वनमंडल में करीब 50 हाथियों का एक स्थायी दल विचरण करता है, जो अक्सर रात के समय खेतों और जलस्रोतों के आसपास पहुंच जाता है।

ड्रोन और सीसीटीवी से रखी जा रही निगरानी

वन विभाग ने हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का उपयोग शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि निगरानी के जरिए हाथियों की लोकेशन पर नजर रखी जा रही है, ताकि समय रहते ग्रामीणों को सतर्क किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में झपटमारी और चोरी की दो वारदातें:युवती से वेतन-मोबाइल छीना,बस यात्रा के दौरान महिला का मंगलसूत्र गायब,पुलिस जांच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा शहर में झपटमारी और चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र में काम से लौट रही एक युवती से बाइक सवार बदमाश वेतन और मोबाइल झपटकर फरार हो गए।

जबकि बिलासपुर से बस में लौट रही एक महिला का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर लौट रही युवती से वेतन और मोबाइल छीना

पहली घटना चिमनी भट्ठा निवासी नेहा पाण्डेय (24) के साथ हुई। नेहा श्रीराम वस्त्रालय, हीरानंद कॉम्प्लेक्स में कार्यरत हैं। मंगलवार रात करीब 9:50 बजे ड्यूटी समाप्त कर वह पैदल घर लौट रही थीं। उनके पास वेतन के 9,840 रुपये और एक वीवो मोबाइल फोन था।

जैसे ही वह एक्सिस बैंक के पास पहुंचीं, पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल और नकदी झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। छीने गए मोबाइल की कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है। इस वारदात में पीड़िता को कुल 13,840 रुपये का नुकसान हुआ।

नेहा ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों की उम्र करीब 22 से 24 वर्ष थी। बाइक चला रहा युवक गहरे नीले रंग की पूरी बाजू की शर्ट पहने हुए था।

बस से लौट रही महिला का मंगलसूत्र चोरी

दूसरी घटना में कोरबा निवासी एक महिला बिलासपुर से बस के जरिए वापस लौटी थीं। बुधवारी बस स्टॉप पर उतरते समय उन्हें पता चला कि उनके गले से सोने का मंगलसूत्र गायब है। बस यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंगलसूत्र चोरी कर लिया। महिला ने सीएसईबी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोरबा सीएसपी ने बताया कि दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। झपटमारी की घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। दोनों मामलों की जांच जारी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677