कोरबा – पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबावासियों को धनतेरस एवं दीपावली पर्व पर बधाई देते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दी है ।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि दीपोत्सव का पावन पर्व पर हम सभी के जीवन में ज्ञान का प्रकाश हो और मॉं लक्ष्मी की कृपा से सुख – समृद्धि, सुख – शांति, यश – कीर्ति, रिद्धी – सिद्धि, धन – वैभव व आरोग्य की प्राप्ति हो ।
समस्त कोरबावासियों को धनतेरस, नरकचतुदर्शी, दीपावली, अन्नकूट एवं भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं । ये पंचपर्व हम सब के जीवन में सुख – समृद्धि और साैहार्द से आलोकित करें यही प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है ।
पैवेलियन में औद्योगिक संचालन में महिला नेतृत्व, तकनीकी नवाचार और सामुदायिक विकास की झलक
बालकोनगर, 6 नवंबर 2026। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 में सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रम श्रेणी के अंतर्गत अपने प्रदर्शनी पैवेलियन के लिए तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह पुरस्कार बालको की संवाद प्रमुख सुश्री शुभ्रा आर. तथा जनसंपर्क अधिकारी विजय बाजपेयी को प्रदान किया। यह सम्मान बालको की औद्योगिक क्षमताओं, महिला नेतृत्व वाले संचालन, तकनीकी नवाचारों और सामुदायिक विकास पहलों की प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए दिया गया। छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया।
बालको के पैवेलियन की परिकल्पना ‘महिला शक्ति से विकसित भारत की नई उड़ान’ थीम पर आधारित थी, जिसमें भारत की औद्योगिक और सामाजिक-आर्थिक प्रगति को आकार देने में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया गया। राज्योत्सव-2026 की व्यापक थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के अनुरूप प्रदर्शनी में औद्योगिक संचालन, तकनीक और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को प्रमुखता दी गई। इसमें बालको के उन प्रयासों को दर्शाया गया, जिनके माध्यम से महिलाओं को एक प्रगतिशील और भविष्य के लिए तैयार औद्योगिक परिवेश में योगदान देने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। यह विकसित भारत की यात्रा में महिलाओं की सशक्त भूमिका को भी प्रतिबिंबित करता है।
प्रदर्शनी में बालको की विनिर्माण क्षमताओं और भारत के एल्युमिनियम उद्योग को सशक्त बनाने में कंपनी के योगदान को भी प्रस्तुत किया गया। पैवेलियन का प्रमुख आकर्षण भारत के पहले और सबसे बड़े 525 किलो-एम्पीयर एल्युमिनियम स्मेल्टर की प्रस्तुति रही, जो तकनीकी नवाचार, उत्पादन उत्कृष्टता और भविष्य के लिए तैयार विनिर्माण क्षमताओं के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आगंतुकों को एल्युमिनियम की संपूर्ण उत्पादन प्रक्रिया और मूल्य श्रृंखला के साथ-साथ बुनियादी ढांचे के विकास, राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण में इस धातु के महत्व की जानकारी भी दी गई।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा, “छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में प्राप्त यह सम्मान बालको टीम के सामूहिक प्रयासों और उत्कृष्टता के प्रति हमारी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है। अपने पैवेलियन के माध्यम से हमने प्रदर्शित किया है कि औद्योगिक प्रगति और सामाजिक विकास एक-दूसरे के पूरक हैं, जिनमें महिलाएं तेजी से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रौद्योगिकी और नवाचार के माध्यम से अपनी विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करते हुए हम अवसरों के सृजन, समुदाय के सशक्तिकरण और छत्तीसगढ़ के विकास के साथ-साथ राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
सामुदायिक विकास को आगे बढ़ाने में बालको की भूमिका को रेखांकित करते हुए, बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा ने कहा, “सतत प्रगति लोगों को सशक्त बनाने और समुदाय को मजबूत करने से संभव होती है। कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, सतत कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रयासों के माध्यम से हम ऐसे अवसरों का सृजन कर रहे हैं, जो दीर्घकालिक सकारात्मक प्रभाव सुनिश्चित करने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक हैं।”
औद्योगिक उपलब्धियों के साथ बालको ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवा कौशल विकास और आजीविका संवर्धन के क्षेत्रों में अपनी सामुदायिक विकास पहलों को भी प्रदर्शित किया। इन प्रयासों के माध्यम से कंपनी ने 128 गांवों में सकारात्मक बदलाव लाने और 1.8 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने में योगदान दिया है।
तीन दिवसीय राज्योत्सव के दौरान बालको के पैवेलियन में प्रदेशभर से आए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और शासन के अधिकारियों ने अवलोकन किया। यह सम्मान औद्योगिक उत्कृष्टता को आगे बढ़ाने के साथ-साथ समावेशी और सतत विकास में योगदान देने तथा विकसित भारत की यात्रा को सशक्त बनाने के प्रति बालको की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
लोकतंत्र में मतदान और मतदाता सूची के महत्व पर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक, खुशी श्रीवास और नेहा चौधरी ने हासिल किया प्रथम स्थान
कोरबा। सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री में मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की आवश्यकता तथा निष्पक्ष और अनिवार्य मतदान के प्रति जागरूक किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की। वहीं, पूरे आयोजन का कुशल निर्देशन श्रीमती माधुरी देवांगन एवं आशीष शाह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं संस्था प्रमुख द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को मतदान की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और एक जागरूक नागरिक के रूप में उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई।
मतदान के महत्व पर आयोजित हुई निबंध प्रतियोगिता मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत आयोजित निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘लोकतंत्र में मतदान सूची व मतदान का महत्व’ रखा गया था। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदान के अधिकार का उपयोग करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में नागरिकों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। छात्र-छात्राओं ने विषय पर अपने प्रभावशाली विचारों को लेखन के माध्यम से प्रस्तुत किया।
ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में निर्वाचन प्रणाली से जुड़े सवाल कार्यक्रम के अंतर्गत ऑनलाइन क्विज (प्रश्नोत्तरी) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें भारतीय निर्वाचन प्रणाली, मतदान की प्रक्रिया और नागरिक अधिकारों से संबंधित ज्ञानवर्धक प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को चुनावी व्यवस्था की बुनियादी जानकारी देना और मतदान के प्रति उनकी समझ विकसित करना था। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए और अपनी जानकारी का परिचय दिया।
दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं की हुई घोषणा प्रतियोगिताओं के समापन के बाद निर्णायक मंडल द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर विजेताओं के नाम घोषित किए गए। निबंध प्रतियोगिता में खुशी श्रीवास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रज्ञा यादव द्वितीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में नेहा चौधरी ने प्रथम स्थान हासिल किया और सोनिया देवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
युवाओं से मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील कार्यक्रम के समापन अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती सुषमा बारस्कर ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। इसलिए युवाओं को लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल स्वयं मतदान करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। प्रत्येक नागरिक की मतदान में भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार और उसके महत्व की जानकारी देने के साथ ही समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और निर्वाचन प्रक्रिया को समझने का अवसर प्रदान किया।
नई डिजिटल व्यवस्था से खाद की उपलब्धता और बिक्री पर रहेगी निगरानी
कोरबा 05 नवंबर 2026। रबी सीजन 2026-27 में रासायनिक उर्वरकों का पारदर्शी और सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिले में आज से ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (एफएफएस) सॉफ्टवेयर के माध्यम से टोकन आधारित व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत किसान मोबाइल ऐप से खाद की प्री-बुकिंग कर ई-टोकन प्राप्त कर सकते हैं। दुकान पर टोकन का क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद उर्वरक दिया जाएगा।
नई व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना, वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना और कालाबाजारी पर रोक लगाना है। एफएफएस सॉफ्टवेयर के जरिए विक्रेताओं के स्टॉक, उर्वरक की प्राप्ति, दैनिक बिक्री और शेष उपलब्धता का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। यूरिया, डीएपी, एसएसपी, एमओपी, एनपीके सहित अन्य उर्वरकों की बिक्री और स्टॉक की जानकारी के आधार पर अधिकारी मांग, आपूर्ति और वितरण की नियमित समीक्षा कर सकेंगे। जिले के किसान आधार कार्ड या फार्मर आईडी की सहायता से ऐप में लॉगिन कर सकते हैं। ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। किसान घर बैठे खाद की प्री-बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के बाद 48 घंटे के भीतर संबंधित दुकान पर टोकन का क्यूआर कोड स्कैन कराना जरूरी होगा। निर्धारित समय में स्कैन नहीं कराने पर बुकिंग स्वतः निरस्त हो जाएगी। किसान कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से भी टोकन प्राप्त कर सकते हैं। आज मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-टोकन जारी किए गए। नई प्रक्रिया के तहत उर्वरक प्राप्त करने वाले किसानों ने व्यवस्था को सहज बताया। इसके सुचारू संचालन के लिए कृषि विभाग और सहकारी समितियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से एफएफएस ऐप के माध्यम से ही खाद की बुकिंग और खरीदी करने की अपील की है। ऐप पर टोकन बनाने में किसी प्रकार की समस्या आने पर किसान नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय या सहकारी समिति के अधिकारियों-कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं।