Connect with us

छत्तीसगढ़

पुलिस विभाग में गाड़ी लगवाने 40 लाख की ठगी:ट्रेवल्स कंपनी के जरिए किराए में वाहन लगाने का झांसा, दर्जन भर लोगों से वसूले पैसे

Published

on

बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर में ट्रेवल्स कंपनी के जरिए पुलिस विभाग में किराए पर गाड़ियां लगवाने के नाम पर 40 लाख रुपए की ठगी की गई है। ट्रेवल्स कंपनी के पार्टनर और केयर टेकर करीब दर्जन भर लोगों को झांसा देकर रुपए वसूल लिए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, कोनी के बिरकोना निवासी कन्हैया लाल धीवर चिकन व्यवसायी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पहचान पल्लवी ट्रेवल्स और राधा रानी ट्रेवल्स के पार्टनर और सह मैनेजर किशोर शर्मा से हुई। दो साल पहले जब जान-पहचान बढ़ी तो उसने बताया कि राधा रानी ट्रेवल्स के केयर टेकर रूपेंद्र शुक्ला गाड़ियों को पुलिस विभाग में किराए पर लगाता है, जिससे अच्छी आय हो जाती है।

किशोर ने उनकी मुलाकात रूपेंद्र शुक्ला और उनकी पत्नी श्रद्धा शुक्ला से कराई। इस दौरान उन्होंने मिलकर पुलिस विभाग में गाड़ियां लगाने की बात बताई।

किराए से अच्छी आमदनी होने का दिया झांसा

उन्होंने समझाया कि बोलेरो पर 70 हजार, स्कॉर्पियो पर 60 से 90 हजार और इनोवा लगाने पर एक लाख रुपए तक मासिक किराया मिलेगा। साथ ही कहा कि पुलिस लाइन में गाड़ी चलाने के लिए डिपॉजिट जमा करना होगा, जो एक महीने के किराए के बराबर होगा। गाड़ियों के किराए का भुगतान दो महीने बाद किया जाएगा।

दर्जन भर लोगों को बनाया शिकार, किसी ने गाड़ी खरीदी तो किसी ने दिए कैश

इस दौरान किशोर और रूपेंद्र के साथ ही उसकी पत्नी ने मिलकर कन्हैया धीवर समेत करीब दर्जन भर लोगों को अपना शिकार बनाया। कुछ लोगों से रकम ऑनलाइन खाते में ली और कुछ से कैश वसूली की। इसके साथ ही उन्हें अपनी पसंद की गाड़ियां लोगों से खरीदी कराई।

इस तरह तीनों ने कन्हैया लाल धीवर समेत दर्जन भर से अधिक लोगों से करीब 40 लाख रुपए की ठगी कर ली। इस मामले की शिकायत पीड़ितों ने एक हफ्ते पहले एसएसपी रजनेश सिंह से की थी। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए और सख्ती से कार्रवाई करने कहा, जिसके बाद पुलिस ने ट्रेवल्स कंपनी के पार्टनर किशोर शर्मा, केयर टेकर रूपेंद्र शुक्ला, उसकी पत्नी श्रद्धा शुक्ला और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा पहुंचे कवियों का अभिनंदन किया छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ ने

Published

on

कोरबा। 18 नवम्बर को घंटाघर स्थित अम्बेडकर ओपन थियेटर में हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देर तक दर्शकों एवं श्रोतागणों ने हास्य और व्यंग्य कविताओं का आनंद लिया। कार्तिक शुक्ल नवमी (आंवला नवमी) की गुलाबी रात में कवियों ने श्रोताओं को जमकर हंसाया, गुदगुदाया। दर्शक दीर्घा से तालियों की गूंज दूर तक पहुंच रही थी। इसके पूर्व छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई ने कोरबा पधारे कवियों का अभिनंदन किया। कवि सम्मेलन में लब्धप्रतिष्ठत हास्य कवि एवं व्यंग्य कवि अखिलेश द्विवेदी (हास्य) प्रयागराज, मीर अली मीर-गीतकार रायपुर, पवन बांके बिहारी-हास्य पश्चिम बंगाल, प्रियंका मिश्रा-श्रृंगार कटनी, हीरामणी वैष्णव-हास्य कोरबा, शशिभूषण स्नेही-हास्य बिलाईगढ़ एवं कमलेश यादव धाकड़-हास्य बरमकेला आदि ने अपनी प्रस्तुति दी। इन कवियों का अखबार वितरक संघ ने सम्मान किया और इस अवसर पर जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, संरक्षक रेश्म साहू, मीडिया प्रभारी रामायण सिंह, अनिल गिरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कवियों ने अभिनंदन पर संघ का अभिवादन किया और कहा कि कोरबा आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है।

Continue Reading

कोरबा

गौमाता चौक में मनाई गई गोपाष्टमी, आयुक्त पाण्डेय रहे मुख्य अतिथि

Published

on

कोरबा। जय माँ सर्वमंगला गौ सेवाधाम कोरबा द्वारा लगातार चौथे वर्ष गौमाता चौक कोरबा पर गोपाष्टमी पर दीपोत्सव गौसेवकों द्वारा मनाया गया। मुख्य अतिथि नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय, विशिष्ट अतिथि शंकर लाल अग्रवाल, राणा मुखर्जी और विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश सहसंगठन मंत्री विजय राठौर एवं गौसेवक राजू ठाकुर, उमंग सोनी, विनय शर्मा, आशीष गोयल, दीपक, अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, सचिव टामेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद सुफल दास सहित शहर के गौसेवकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति थी।
गौसेवकों द्वारा गौ माताओं की पूजा की गई और उन्हें पत्तल पर भोजन कराया। मुख्य अतिथि आशुतोष पाण्डेय ने सबसे पहले गौ माताओं को खीर-पुड़ी, फल खिलाया और प्रणाम किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि गौ को हम यूं ही माता नहीं कहते, वेद-पुराणों में कहा गया है कि भगवान भी गौ माता की पूजा करते हैं, क्योंकि गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गौ माता की पूजा करनी चाहिए और जिनके घरों में पर्याप्त जगह है, उन्हें गोपालन भी करना चाहिए। अन्य अतिथियों ने भी गाय माता की महिमा बताई।

Continue Reading

कोरबा

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा में हर्षोल्लास से मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा जयंती

Published

on

कोरबा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा, कोरबा में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें भाषण, कविता, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। छात्राओं ने आदिवासी समूह नृत्य एवं पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि श्रीमती गिरी नंदिनी सिंह, अध्यक्ष आदिवासी विकास परिषद महिला प्रभाग, सेवती नेताम, उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन, अदम्य साहस, देशभक्ति तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने छात्राओं में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं जनजातीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677