Connect with us

कोरबा

सत्यनिष्ठा से समृद्धि की ओर—एसईसीएल में तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान का शुभारंभ

Published

on

सीएमडी हरीश दुहन ने किया अभियान का शुभारंभ, कोल इंडिया के सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशिष्ट अतिथि के रूप में हुए शामिल

बिलासपुर/कोरबा। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में केंद्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान का शुभारंभ हुआ। 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने किया। कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र तथा विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात वंदे मातरम्, कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई। सीएमडी हरीश दुहन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी संगठन की सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि निवारक सतर्कता केवल अनियमितताओं की रोकथाम नहीं, बल्कि ऐसी कार्यप्रणालियाँ विकसित करने का माध्यम है, जिससे निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं जवाबदेह बने। उन्होंने सभी से केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कोल इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि निवारक सतर्कता का उद्देश्य प्रक्रियाओं एवं प्रणालियों को सुदृढ़ कर संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करना है। उन्होंने कहा कि “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” तभी सार्थक होगी, जब सत्यनिष्ठा दैनिक कार्य-व्यवहार एवं निर्णय प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बने।

एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने कहा कि निवारक सतर्कता सुशासन, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यसंस्कृति की आधारशिला है। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।

अभियान के दौरान एसईसीएल मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम, क्षमता निर्माण कार्यशालाएँ, संवाद सत्र, प्रश्नोत्तरी, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इनका उद्देश्य संगठन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की संस्कृति को मजबूत करने के साथ प्रक्रियागत सुधारों को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधक (सतर्कता), वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

Continue Reading

कोरबा

सरस्वती शिशु मंदिर पाली में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Published

on

ध्वजारोहण के साथ हुआ स्मार्ट क्लास का शुभारंभ

कोरबा/पाली। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात तिरंगे झंडे का ध्वजारोहण किया गया।
कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक कौशल सिंह राज, कोषाध्यक्ष बिहारीलाल नवलानी, संतोष श्रीवास, सुरेश सोनी, राजेश अवस्थी, शिवकुमार चौहान, अरविंद पांडे, जयपाल विनायक सहित पालकगण बसंत सोनी, जगदीश दुबे, पतराराम यादव, प्राचार्य चूड़ामणि साहू एवं आचार्य परिवार उपस्थित रहा।स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के भैया-बहनों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की उपस्थित अतिथियों ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर विद्यालय में स्मार्ट क्लास का भी शुभारंभ किया गया। नई तकनीक के माध्यम से कक्षा अध्यापन को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में स्मार्ट क्लास की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। व्यवस्थापक कौशल सिंह राज ने आचार्य एवं भैया-बहनों का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोषाध्यक्ष बिहारीलाल नवलानी ने स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं शिवकुमार चौहान ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य चूड़ामणि साहू ने उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों, आचार्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत शपथ कार्यक्रम आयोजित

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। भारत सरकार की पहल ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में 18 अगस्त 2026 को नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने प्रशासनिक भवन में निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
एसईसीएल द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Continue Reading

कोरबा

हुनर से आत्मनिर्भरता की नई पहचान, धान-चावल से बनी राखियों ने बटोरी खूब सराहना

Published

on

स्थानीय संसाधनों से सजी अनूठी राखियां, महतारी वंदन योजना से दीदियों के हुनर को मिल रहा नया विस्तार

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बढ़ाया बहनों का उत्साह

कोरबा 18 सितंबर 2026। आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि अपने हुनर और स्थानीय संसाधनों को नई पहचान देने का अवसर भी है। कोरबा जिले की महिला स्व सहायता समूह की दीदियां अपने परिश्रम, रचनात्मकता और नवाचार से इस दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। बेला कछार, दोनद्रो पंचायत का प्रसन्न स्व सहायता समूह भी ऐसी ही प्रेरक पहल का उदाहरण है, जहां महिलाओं ने स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर आकर्षक राखियां तैयार की हैं।

2018 से बिहान से जुड़ा 22 सदस्यीय समूह

प्रसन्न स्व सहायता समूह वर्ष 2018 से बिहान से जुड़कर महिला सशक्तिकरण और आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा है। समूह में कुल 22 सदस्य हैं। समूह की दीदियां मौसम और मांग के अनुरूप विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार करती हैं। इनमें बाती, अगरबत्ती, कॉस्मेटिक सामग्री और कपड़ों से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। समय के साथ समूह की महिलाओं ने अपने कार्यक्षेत्र में नए उत्पाद जोड़ते हुए अपनी आय के अवसरों को भी विस्तार दिया है।
रक्षाबंधन के अवसर पर समूह की दीदियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए पारंपरिक राखियों को स्थानीयता से जोड़ा है। धान, बर्रे भाजी, साबूदाना और चावल जैसे स्थानीय एवं प्राकृतिक संसाधनों से तैयार की गई राखियां लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इन राखियों की खासियत सिर्फ उनकी खूबसूरती नहीं, बल्कि इनके पीछे छिपा महिलाओं का हुनर और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग का विचार भी है। समूह की दीदियों द्वारा तैयार ये राखियां स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ महिला उद्यमिता की भावना को भी मजबूत कर रही हैं।

कलेक्टोरेट परिसर में लगाया स्टॉल, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बढ़ाया उत्साह

समूह की दीदियों श्रीमती नीतू कर्ष एवं श्रीमती मीरा देवांगन ने कलेक्टोरेट परिसर में राखियों का स्टॉल लगाया। यहां उन्होंने अपने हाथों से तैयार विभिन्न प्रकार की राखियां प्रदर्शित कीं। स्टॉल पर पहुंचकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भी राखियां खरीदीं और समूह की दीदियों के प्रयासों एवं हुनर की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर श्री दुदावत के प्रोत्साहन से दीदियों में अपने उत्पादों को और बेहतर बनाने तथा भविष्य में नई गतिविधियों को अपनाने का आत्मविश्वास बढ़ा है।

महतारी वंदन योजना बनी आर्थिक संबल

प्रसन्न स्व सहायता समूह की दीदियों ने बताया कि महतारी वंदन योजना से भी उन्हें आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है। योजना के तहत मिलने वाली राशि का उपयोग वे अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ अपने कार्यों और आजीविका संबंधी गतिविधियों में कर रही हैं।
दीदियों ने बताया कि उन्हें अब तक योजना की 30 किश्तें प्राप्त हो चुकी हैं। नियमित रूप से मिलने वाली आर्थिक सहायता से उन्हें काफी राहत मिली है और अपने छोटे-बड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग मिल रहा है। योजना से प्राप्त राशि उनके लिए आर्थिक सहारे के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम भी बनी है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के लिए बनाई विशेष राखी

रक्षाबंधन के इस अवसर पर समूह की दीदियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के लिए विशेष राखी भी तैयार की है। दीदियों ने बताया कि महतारी वंदन योजना से उन्हें लगातार आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिसके लिए वे भैया मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।

हुनर, मेहनत और अवसर से आत्मनिर्भरता की राह

प्रसन्न स्व सहायता समूह की कहानी यह दर्शाती है कि जब महिलाओं को संगठित होकर काम करने का अवसर, प्रशिक्षण एवं योजनाओं का सहयोग मिलता है, तो वे अपने हुनर को आजीविका का मजबूत माध्यम बना सकती हैं। स्थानीय संसाधनों से तैयार राखियों से लेकर अन्य उत्पादों तक, समूह की दीदियां अपने परिश्रम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दे रही हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677