Connect with us

कोरबा

मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित सुशासन तिहार लाया खुशहाली, बेसहारा बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी अब शासन और प्रशासन की

Published

on

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेश भर में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में कोरबा जिला प्रशासन द्वारा जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ आम नागरिक सुगमता से अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन दे रहे हैं। इसी कड़ी में कोरबा में आयोजित शिविर ने दो मासूम बच्चों के जीवन में शिक्षा का उजियारा फैलाया है।

दादा की आँखों में उम्मीद और प्रशासन का साथ

वार्ड क्रमांक 19 निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग जीवराखन विश्वकर्मा ने अपने नाती उमा शंकर (8 वर्ष) और नातिन सृष्टि (7 वर्ष) के भविष्य को लेकर इस शिविर में अपनी गुहार लगाई थी। माता-पिता के आकस्मिक निधन के बाद इन बच्चों का लालन-पालन और सरस्वती शिशु मंदिर, बुधवारी में उनकी पढ़ाई का खर्च उठाना बुजुर्ग दादा के लिए एक भारी बोझ बन गया था। सुशासन तिहार के मंच ने उनकी इस चिंता को हमेशा के लिए दूर कर दिया।

शिक्षा की राह हुई आसान- स्कूल प्रबंधन और प्रशासन ने बढ़ाया हाथ

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप, पीड़ित परिवार की स्थिति और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्यवाही की गई। संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सरस्वती शिशु मंदिर, बुधवारी के विद्यालय प्रबंधन ने एक बच्चे की वार्षिक शैक्षणिक शुल्क की जिम्मेदारी स्वयं वहन करने की सहमति दी है। वहीं, दूसरे बच्चे की शिक्षा का पूरा वार्षिक व्यय जिला प्रशासन द्वारा वहन करने का निर्णय लिया गया है।

जनसमस्या निवारण शिविर बन रहे वरदान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू किया गया यह सुशासन तिहार आज आमजन के लिए वरदान साबित हो रहा है। जहाँ एक ओर सरकारी प्रक्रियाओं का सरलीकरण हुआ है, वहीं दूसरी ओर उमा शंकर और सृष्टि जैसे बच्चों को यह भरोसा मिला है कि उनके सपनों के साथ पूरा शासन खड़ा है। जीवराखन विश्वकर्मा ने इस मानवीय पहल के लिए मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया है।

Continue Reading

कोरबा

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना : जिले के अऋणी किसान 31 जुलाई  तक करा सकते हैं फसल बीमा

Published

on

कोरबा। खरीफ सीजन 2026 के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, अल्पवृष्टि, अतिवृष्टि, सूखा, ओलावृष्टि, कीट एवं रोग प्रकोप सहित अन्य प्राकृतिक जोखिमों से फसलों को होने वाली क्षति के विरुद्ध आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। योजना का उद्देश्य किसानों की आय को स्थिरता प्रदान करना तथा खेती को अधिक सुरक्षित और लाभकारी बनाना है।
योजना के अंतर्गत फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। खरीफ 2026 के लिए फसल ऋण लेने वाले ऋणी किसानों का बीमा संबंधित वित्तीय संस्थाओं द्वारा स्वतः कर दिया जाएगा। वहीं अऋणी किसानों को योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए स्वयं आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर फसल बीमा कराना होगा।
अऋणी किसान अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में जाकर फसल बीमा करा सकते हैं। इसके लिए वे अपने ग्राम के कृषक मित्र से भी संपर्क कर सकते हैं। किसान जिन फसलों का बीमा कराना चाहते हैं, उनका विवरण एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एआईसी) द्वारा निर्धारित प्रपत्र में भरकर जमा करना होगा।
खरीफ सीजन 2026 के लिए सिंचित धान की बीमित राशि 66 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है, जिस पर कृषक को मात्र दो प्रतिशत अर्थात 1,320 रुपये प्रति हेक्टेयर प्रीमियम देना होगा। असिंचित धान की बीमित राशि 47,300 रुपये तथा प्रीमियम 946 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित है। इसी प्रकार मक्का की बीमित राशि 39,600 रुपये एवं प्रीमियम 792 रुपये, कोदो की बीमित राशि 17,600 रुपये एवं प्रीमियम 352 रुपये, कुटकी की बीमित राशि 18,700 रुपये एवं प्रीमियम 374 रुपये, अरहर की बीमित राशि 38,500 रुपये एवं प्रीमियम 770 रुपये, रागी की बीमित राशि 16,500 रुपये एवं प्रीमियम 330 रुपये, उड़द तथा मूंग की बीमित राशि 24,200 रुपये एवं प्रीमियम 484 रुपये तथा मूंगफली की बीमित राशि 46,200 रुपये एवं प्रीमियम 924 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है।
अऋणी किसानों को फसल बीमा कराने के लिए नवीनतम आधार कार्ड की स्वप्रमाणित प्रति, स्वयं के नाम की भूमि अभिलेख (बी-1 एवं पी-2) की प्रति, बुआई प्रमाण-पत्र, सक्रिय बैंक खाते की प्रति जिसमें खाता संख्या, आईएफएससी कोड तथा बैंक शाखा का विवरण स्पष्ट अंकित हो, वैध मोबाइल नंबर, बटाईदार अथवा कास्तकार होने की स्थिति में घोषणा-पत्र तथा निर्धारित प्रीमियम राशि के साथ बीमा केंद्र में उपस्थित होना होगा। आवेदन प्रपत्र अपने ग्राम के कृषक मित्र से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
कृषि विभाग ने जिले के सभी पात्र कृषकों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाते हुए 31 जुलाई 2026 से पूर्व अपने निकटतम बैंक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से फसल बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य अधिसूचित जोखिमों की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

Continue Reading

कोरबा

नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं प्रवेश हेतु 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित

Published

on

कोरबा। जवाहर नवोदय विद्यालय, सलोरा (कोरबा) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6वीं की 80 सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कोरबा जिले के मान्यता प्राप्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया तथा पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी जवाहर नवोदय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

Continue Reading

कोरबा

विभिन्न पुरस्कारों हेतु 05 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन,खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों/प्रशिक्षकों/निर्णायकों को शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद विनोद चौबे सम्मान, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी पुरस्कार, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त खिलाड़ियों तथा अन्य को नगद राशि पुरस्कार, खेल वृत्ति एवं खेल संघों को प्रेरणा निधि प्रदान करने हेतु निर्धारित प्रपत्र में आवेदन 05 अगस्त तक आमंत्रित किया गया है। आवेदन प्रारुप संचालनालय के विभागीय वेबसाईट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट स्पोर्टसवाईडब्ल्यू डाट सीजी डाट जीओवी डाट इन पर देखे जा सकते हैं।
विस्तृत जानकारी हेतु आवेदक खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालय में कार्यालयीन अवधि में सम्पर्क कर सकते हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677