Connect with us

कोरबा

पाली परिक्षेत्र में हरियाली पर संकट: जंगल में औषधीय पौधों को चट कर रहे भेंड़

Published

on

कोरबा/पाली। कटघोरा वनमंडल अंतर्गत पाली परिक्षेत्र के घने और औषधीय महत्व वाले जंगलों की हरियाली पर इन दिनों गहरा संकट मंडरा रहा है। शासन स्तर पर छत्तीसगढ़ के सुरक्षित वनों में बाहरी राज्यों के मवेशियों का प्रवेश और चराई पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद राजस्थान और गुजरात से आए चरवाहे हजारों की संख्या में भेड़, बकरी और ऊंट लेकर पिछले एक महीने से जंगलों में बेधड़क डेरा डाले हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन कर्मियों की मौन सहमति और संरक्षण के खेल में जंगल की प्राकृतिक वनस्पति और नर्सरियां बुरी तरह रौंदी जा रही हैं।

वर्तमान में चरवाहों का सबसे बड़ा डेरा लाफा सर्किल के नगोई-भादा जंगल में देखा जा रहा है। जंगल के बीचों-बीच सैकड़ों भेड़-बकरियों और ऊंटों की चहलकदमी से छोटे पौधे नष्ट हो रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जिस क्षेत्र में ये मवेशी रुकते हैं, वहां की वनस्पतियां जड़ से समाप्त हो जाती हैं।

अंधाधूंध चराई और मानवीय दखल के कारण उत्पन्न शोरगुल से जंगली जानवरों का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहा है, जिससे वन्यजीव अन्य क्षेत्रों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। हर साल सितंबर और अक्टूबर के महीने में राजस्थानी व गुजराती चरवाहे योजनाबद्ध तरीके से पाली परिक्षेत्र में प्रवेश करते हैं।

ये समूह बतरा, लाफा, बुड़बुड़, सराईपाली, पुटा-उड़ता के जंगलों से गुजरते हुए सीमावर्ती बिलासपुर जिले के खोंदरा वन क्षेत्र की ओर आगे बढ़ते हैं। रास्ते में अवैध रूप से मवेशियों की खरीद-बिक्री भी की जाती है। स्थानीय निवासियों का सीधा आरोप है कि बीट स्तर के वन कर्मियों को इस अवैध घुसपैठ की पूरी जानकारी रहती है। कथित तौर पर आर्थिक लाभ के चक्कर में न तो चरवाहों पर कोई दंडात्मक कार्रवाई की जाती है और न ही इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाती है। यदि समय रहते इस पर कड़ा संज्ञान नहीं लिया गया, तो पाली के समृद्ध और औषधीय जंगल जल्द ही बंजर भूमि में तब्दील हो जाएंगे।

मामले की जानकारी बीट गार्ड के माध्यम से मुझे नहीं मिली थी। खबर संज्ञान में आने के बाद तत्काल वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। अवैध रूप से चराई करा रहे चरवाहों और मवेशियों को जब्त कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
योगेश्वर प्रसाद
वन परिक्षेत्राधिकारी वनपरिक्षेेत्र पाली

Continue Reading

कोरबा

घने कोहरे की चादर में लिपटा कोरबा,चिमनियां तक हुईं ओझल:लगातार बारिश के बाद तीसरे दिन बदला मौसम, कुछ मीटर दूर तक देखना हुआ मुश्किल

Published

on

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। पूरा शहर सफेद घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। चारों तरफ धुंध छाई रही। स्थिति यह थी कि औद्योगिक संयंत्रों की ऊंची-ऊंची चिमनियां भी कोहरे में ओझल हो गईं। शहर का नजारा ऐसा लग रहा था, मानो कोरबा नहीं, कश्मीर हो।

पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद रविवार को तीसरे दिन भी आसमान में बदली छाई रही। सुबह से ही घने कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। दृश्यता इतनी कम हो गई कि कुछ मीटर दूर तक देखना भी मुश्किल हो रहा था। सुबह 8 बजे के बाद भी कोहरा छाया रहा। हालांकि, धीरे-धीरे धूप निकलने के साथ कोहरा छंटने लगा।

मॉर्निंग वॉक करने वालों ने उठाया मौसम का लुत्फ

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने बदले मौसम का जमकर आनंद लिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि कोरबा में लंबे समय बाद इतना घना कोहरा देखने को मिला है।

ठंडी हवाओं और धुंध के बीच लोग चाय की चुस्कियों के साथ मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। कई लोगों ने कोहरे से ढके शहर के खूबसूरत नजारे को मोबाइल में कैद किया।

मैदान में गेंद तक नहीं दिखी, अभ्यास प्रभावित

घने कोहरे का असर खेल गतिविधियों पर भी पड़ा। सुबह क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ियों को मैदान में दृश्यता कम होने के कारण खेल शुरू करने में देरी हुई। कोहरे के चलते गेंद तक दिखाई नहीं दे रही थी, जिससे खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हुआ।

सड़कों पर हेडलाइट जलाकर चले वाहन

रेलवे स्टेशन, टीपी नगर बस स्टैंड और पुराना बस स्टैंड पहुंचे यात्रियों ने भी सुबह कोहरे का नजारा देखा। बसों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी इसका हल्का असर नजर आया। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

दो दिन ऐसा ही रह सकता है मौसम

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरा घना हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी और प्रदूषण से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। साथ ही ठंड में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

Continue Reading

कोरबा

रू.2000 के लिए 70 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या:आरोपी ने हाथ, पत्नी ने पैर पकड़े, रस्सी से घोंटा गला, दोस्त देता रहा पहरा

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा के ग्राम लाद में महज 2 हजार रुपए के लिए 70 साल की बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को उसके घर में गाय चराने वाला इंद्रपाल अगरिया, उसकी पत्नी राजकुमारी और दोस्त देव कुमार ने मिलकर अंजाम दिया।

वारदात के समय चरवाहे ने बुजुर्ग महिला के हाथ पकड़े। पत्नी ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर पकड़ लिए। जबकि दोस्त को घर के बाहर निगरानी के लिए खड़ा कर दिया।

इसके बाद दोनों ने घर में रखी नायलॉन रस्सी से उसका गला घोंट दिया। वारदात के बाद बैग में रखे 2000 रुपए लेकर फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोरबी चौकी क्षेत्र का है।

घर में खाट पर मिला महिला का शव।

घर में खाट पर मिला महिला का शव।

पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, भगमतिया बाई (70) सड़क किनारे बने अपने मकान में अकेली रहती थी। उसका बेटा बबलू मरकाम और बहू पास के दूसरे मकान में रहते हैं। 19 नवंबर की रात भगमतिया बाई घर में सो रही थी।

बहू सुबह पहुंची तो चारपाई पर मिला शव

20 नवंबर की सुबह बहू रोज की तरह सास के घर पहुंची। दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो भगमतिया बाई चारपाई पर मृत पड़ी थी। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और गले में नायलॉन की रस्सी बंधी थी।

यह देखकर बहू घबरा गई और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के बेटे बबलू मरकाम ने 20 नवंबर को कोरबी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद भी ली। खोजी कुत्ता घटनास्थल के बाद बाघा गांव के तालाब तक पहुंचा, लेकिन बारिश के कारण आगे के सुराग नहीं मिल सके।

गाय चराने वाले पर हुआ शक

जांच के दौरान पुलिस को मृतका के घर में गाय चराने का काम करने वाले इंद्रपाल अगरिया (43) पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पत्नी राजकुमारी अगरिया (33) और दोस्त देव कुमार मरकाम (26) के साथ मिलकर हत्या करना कबूल कर लिया।

पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर की थी प्लानिंग

पुलिस के मुताबिक, इंद्रपाल काम के सिलसिले में कोरबा गया था। लौटते समय बस में उसकी मुलाकात पुराने परिचित देव कुमार से हुई। वह उसे शराब पिलाने का लालच देकर अपने घर गोजापुर ले आया। वहां अपनी बेटी को 100 रुपए देकर शराब मंगवाई। इसके बाद इंद्रपाल, उसकी पत्नी राजकुमारी और देव कुमार ने साथ बैठकर शराब पी।

शाम को तीनों भगमतिया बाई के घर गाय-बैल चराने के काम के पैसे लेने पहुंचे। भगमतिया बाई ने उन्हें 500 रुपए दिए। इसके बाद तीनों ने वहीं बैठकर शराब पी। इसी दौरान उनकी नजर घर में रखी पेटी में मौजूद पैसों पर पड़ी। रुपए देखकर तीनों के मन में लालच आ गया। उन्होंने रात में भगमतिया बाई के सोने के बाद घर में चोरी करने की प्लानिंग की।

दोस्त बाहर करता रहा निगरानी

योजना के मुताबिक, रात में तीनों दोबारा भगमतिया बाई के घर पहुंचे। देव कुमार को घर के बाहर निगरानी के लिए खड़ा कर दिया। इंद्रपाल और राजकुमारी घर के अंदर घुसे। उस समय भगमतिया बाई सो रही थी। इंद्रपाल ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि राजकुमारी ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर पकड़ लिए।

इसके बाद घर में रखी पीले रंग की नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद तीनों ने पेटी और बैग में रखे 2000 रुपए निकाल लिए और आपस में बांटकर अपने-अपने घर चले गए।

48 घंटे में पकड़े गए तीनों आरोपी

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Continue Reading

कोरबा

Korba health breaking News : 77 साल की उम्र में फिर चलने-फिरने की उम्मीद: शिवाय हास्पिटल में मीना देशमुख के दोनों घुटनों का सफल रिप्लेसमेंट

Published

on

15 दिन की फिजियोथैरेपी से मिली नई राह

कोरबा। उम्र के 77वें पड़ाव पर जब घुटनों का दर्द जिंदगी की रफ्तार थामने लगे, चलना-फिरना मुश्किल हो जाए और रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम भी चुनौती बन जाएं, तब उम्मीद की एक किरण किसी वरदान से कम नहीं होती। कुछ ऐसी ही कहानी है कोरबा की 77 वर्षीय श्रीमती मीना मनोहरराव देशमुख की, जिन्होंने घुटनों की गंभीर परेशानी से राहत पाने के लिए उपचार का रास्ता चुना। टीपी नगर स्थित शिवाय हॉस्पिटल में उनके दोनों घुटनों का सफल रिप्लेसमेंट किया गया।
इस सर्जरी को वरिष्ठ जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. संतोष राठौड़ (Ms Ortho) ने अंजाम दिया। सर्जरी के बाद बेहतर रिकवरी के लिए मरीज को नियमित फिजियोथेरेपी से जोड़ा गया। डॉ. अमन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में लगातार 15 दिनों तक फिजियोथेरेपी कराई गई। उपचार के बाद मीना देशमुख की सामान्य गतिविधियों की ओर वापसी की प्रक्रिया में सुधार देखने को मिल रहा है।
77 साल की उम्र, लेकिन उम्मीदों ने नहीं मानी हार
बढ़ती उम्र के साथ घुटनों की परेशानी कई बार इंसान को दूसरों पर निर्भर बना देती है। चलने, उठने-बैठने और दैनिक कामकाज में होने वाला दर्द जीवन की सहजता छीन लेता है। 77 वर्षीय मीना देशमुख के लिए भी घुटनों की समस्या एक बड़ी चुनौती थी।
ऐसे समय में दोनों घुटनों का रिप्लेसमेंट कराने का निर्णय उनके बेहतर जीवन की उम्मीद से जुड़ा था। शिवाय हॉस्पिटल की मेडिकल टीम ने सर्जरी और उसके बाद की रिकवरी की प्रक्रिया को योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया।
ऑपरेशन के बाद 15 दिन तक जारी रही मेहनत, फिजियोथेरेपी ने निभाई अहम भूमिका
नी रिप्लेसमेंट सर्जरी के बाद असली चुनौती मरीज को दोबारा चलने-फिरने के लिए तैयार करना होता है। इसमें फिजियोथेरेपी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
मीना देशमुख ने डॉ. अमन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में 15 दिनों तक नियमित फिजियोथेरेपी कराई। चरणबद्ध व्यायाम और लगातार अभ्यास के जरिए घुटनों के मूवमेंट, मांसपेशियों की मजबूती और चलने-फिरने की क्षमता को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया गया।
कोरबा में ही उपलब्ध हो रही आधुनिक ऑर्थोपेडिक चिकित्सा सुविधा
शिवाय हॉस्पिटल की इस सर्जरी को कोरबा और आसपास के मरीजों के लिए एक सकारात्मक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। अब जोड़ प्रत्यारोपण और उसके बाद पुनर्वास जैसी सुविधाओं के लिए स्थानीय स्तर पर उपचार का विकल्प उपलब्ध है।
डॉ. संतोष राठौड़ के नेतृत्व में सफल सर्जरी और डॉ. अमन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में फिजियोथेरेपी की प्रक्रिया ने यह संदेश दिया है कि बेहतर चिकित्सा और नियमित पुनर्वास से उम्र के इस पड़ाव पर भी बेहतर जीवन की उम्मीद कायम रखी जा सकती है। मीना देशमुख की कहानी सिर्फ एक सर्जरी की सफलता नहीं, बल्कि उम्र के उस पड़ाव पर नई उम्मीद की कहानी है, जहां इंसान फिर से अपने पैरों पर आत्मनिर्भर होकर चलने का सपना देखता है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677