छत्तीसगढ़
बिजली-कटौती पर हाईकोर्ट सख्त, शासन का जवाब- व्यवस्था सुधारने प्लानिंग:डिवीजन बेंच ने कहा- केवल प्लान बनाने से काम नहीं चलेगा, जमीन पर दिखना चाहिए
बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बारिश और आंधी-तूफान के बाद बार-बार हो रही बिजली कटौती के मामले में राज्य शासन ने हाईकोर्ट को बताया कि व्यवस्था सुधारने के लिए एक एक्शन प्लान तैयार किया गया है। सरकार का कहना है कि आने वाले समय में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा।
इस जवाब पर चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने प्रशासनिक दावों पर कड़ी टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि केवल कागजी कार्ययोजनाएं बनाने से काम नहीं चलेगा। जब तक योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभाव नहीं दिखेगा और आम जनता को वास्तविक राहत नहीं मिलेगी।

क्या है पूरा मामला
पिछले दिनों बिलासपुर में हुई झमाझम बारिश के बाद शहर में पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। वीवीआईपी क्षेत्र कलेक्ट्रेट और सिविल लाइन में भी देर रात तक बिजली नहीं रही। इससे पहले भी आंधी-बारिश के दौरान बिजली विभाग की लचर व्यवस्था सामने आ चुकी है।
इसी अव्यवस्था को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका के रूप में सुनवाई शुरू की। मामले में हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने ऊर्जा सचिव और सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) को शपथपत्र के साथ जवाब पेश करने के निर्देश दिए थे।
ऊर्जा सचिव और CSPDCL के एमडी बोले- एक्शन प्लान पर चल रहा काम
ऊर्जा सचिव और CSPDCL के एमडी ने बुधवार को हाईकोर्ट को बताया कि बिलासपुर की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक राज्य स्तरीय बैठक में 9 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। शहर में अब क्षतिग्रस्त सीमेंट पोल की जगह और नए इंस्टॉलेशन के लिए सिर्फ लोहे के खंभे लगाए जाएंगे, ताकि आंधी या हादसों में ये बार-बार न टूटें।
इसके अलावा उपभोक्ताओं की समस्याओं के तेजी से निपटारे और लोड कम करने के लिए मंगला और कोनी के रूप में दो नए सप्लाई जोन बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण और सामान्य विकास योजना से 10 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं, जिससे बार-बार फॉल्ट वाले इलाकों में खुले तारों को हटाकर कवर्ड केबल बिछाई जाएगी।
नए सब-स्टेशन बनाए जा रहे
इसके साथ ही बढ़ते लोड को देखते हुए शहर में एक सब-स्टेशन और दो 33/11 केवी सब-स्टेशन बनाने के लिए जिला प्रशासन से जमीन मांगी गई है। पेड़ों की कटाई और फॉल्ट सुधार के लिए अतिरिक्त स्काईलिफ्ट गाड़ियां तैनात की जा रही हैं और नई भर्ती के जरिए मैनपावर बढ़ाई जा रही है।
नगर निगम ने कहा- बाढ़ नियंत्रण कक्ष तैयार, अप्रैल से चल रही सफाई
नगर निगम कमिश्नर ने अपने शपथ पत्र में दावा किया कि मानसून और जलभराव से निपटने के लिए निगम पूरी तरह मुस्तैद है। विकास भवन में बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जहां शिफ्टवार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जलभराव से निपटने और गाद निकालने के लिए निगम के पास 14 वाहनों का बेड़ा 24 घंटे तैयार है। अप्रैल 2026 से ही शहर के सभी 8 जोन में छोटी-बड़ी नालियों की सफाई और सिल्ट निकालने का अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी जियो-टैग्ड तस्वीरें भी हाई कोर्ट में पेश की गईं।
हाईकोर्ट बोला- केवल एक्शन प्लान नहीं, आम जनता को मिले लाभ
अफसरों के शपथ-पत्र में जानकारी का परीक्षण करने के बाद हाईकोर्ट ने सख्त रूख अपनाया है। डिवीजन बेंच ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर योजनाएं तो तैयार की गई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अभी बहुत काम किया जाना बाकी है।
कोर्ट ने दो टूक कहा कि प्रस्तावित उपायों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होना चाहिए। चल रहे मानसून सत्र के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि सार्वजनिक सड़कों व गलियों में अनावश्यक जलभराव न हो और बिजली आपूर्ति निर्बाध बनी रहे।
अगर कहीं से भी शिकायत आती है, तो बिना देरी के उसका तुरंत निवारण किया जाए। कोर्ट ने नगर निगम कमिश्नर और उर्जा सचिव से शपथ पत्र के साथ प्रोग्रेस रिपोर्ट की जानकारी पेश करने का निर्देश दिया है। वहीं, मामले की अगली सुनवाई 30 जुलाई को होगी।

छत्तीसगढ़
रायपुर : रेडियो के ‘दीदी के गोठ’ से महिलाओं को आगे बढ़ने मिलती है प्रेरक और रोचक जानकारियां : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
एक वर्ष में 12 एपिसोड के माध्यम से हजारों महिलाओं तक पहुँची सफलता की कहानियां
मुख्यमंत्री ने ‘दीदी के गोठ’ कॉफी टेबल बुक, ‘बिहान वाणी’ त्रैमासिक पत्रिका एवं ‘मोर गांव मोर पानी’ पुस्तक का किया विमोचन
सफलता की कहानी साझा करने वाली दीदियों का किया सम्मान, प्रदर्शनी का अवलोकन कर जाना नवाचारों का सफर


रायपुर। ‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए प्रेरणा का सशक्त माध्यम बन गया है। इस कार्यक्रम के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भरता, आजीविका, नवाचार और स्वरोजगार से जुड़ी अत्यंत रोचक एवं प्रेरक जानकारियां मिल रही हैं। एक सफल दीदी की कहानी हजारों अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है और यही इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘दीदी के गोठ’ वार्षिकोत्सव-2026 एवं संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर ‘दीदी के गोठ’ कॉफी टेबल बुक, ‘बिहान वाणी’ त्रैमासिक पत्रिका तथा ‘मोर गांव मोर पानी’ पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने अपनी सफलता की कहानी साझा करने वाली दीदियों को सम्मानित किया तथा ‘दीदी के गोठ’ के 12 एपिसोड पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिलाओं से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ऑडिटोरियम परिसर में आयोजित ‘दीदी के गोठ’ फोटो गैलरी का अवलोकन किया तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर उनके नवाचारों एवं आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान दुर्ग जिले से वर्चुअल माध्यम से जुड़ीं लखपति दीदी श्रीमती विद्या निषाद से चर्चा की। श्रीमती निषाद ने बताया कि कोरोना काल में पति के निधन के बाद उन्हें बिहान समूह से प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन मिला। उन्होंने कपड़े एवं फैंसी स्टोर का व्यवसाय शुरू किया और आज प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘दीदी के गोठ’ ने एक वर्ष का सफल सफर पूरा कर लिया है और अब तक 12 एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं। प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को एक सफल दीदी अपनी संघर्ष एवं सफलता की कहानी स्वयं अपनी बोली में साझा करती है, जिससे प्रदेशभर की महिलाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को देवी स्वरूप माना गया है। वेदों में कहा गया है – “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता।” आज महिलाएं बिहान से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। कोई ड्रोन दीदी बनी है, कोई राजमिस्त्री, कोई ऑर्गेनिक खेती कर रही है, तो कोई सेटरिंग प्लेट , पशुपालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि आज की लखपति दीदियां आने वाले समय में करोड़पति बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सुशासन तिहार के दौरान आरंग क्षेत्र के भ्रमण का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां मातृशक्ति द्वारा संचालित ‘गोट यूनिट’ में बकरी, मुर्गी एवं मछली पालन का एकीकृत मॉडल विकसित किया गया है, जिससे वह लखपति बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार पूरे प्रदेश की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को ढाई वर्षों में पूरा किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश को 18 लाख आवासों की स्वीकृति मिली, जिनमें से 11 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक-एक हजार रुपये की राशि अंतरित की जा रही है। अब तक 28 किश्तों के माध्यम से लगभग 18 हजार करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 प्रारंभ की है, जहां नागरिक बिजली, पानी, राजस्व, पुलिस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए लगभग 8 हजार अधिकारी कार्य कर रहे हैं तथा वे स्वयं इसकी नियमित समीक्षा करते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के माध्यम से दो वर्षों से बकाया बिजली उपभोक्ताओं को सरचार्ज में राहत प्रदान की जा रही है, जिसके तहत अब तक 700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि माफ की जा चुकी है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘दीदी के गोठ’ महिलाओं के लिए ज्ञान, नवाचार और प्रेरणा का मंच बन चुका है। राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में बिहान समूहों की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश में 11 लाख प्रधानमंत्री आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा इसके लिए राज्य सरकार ने 26 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘36 कला’ ब्रांड विकसित किया गया है। राज्य सरकार सभी समूहों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे महिलाएं अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा सकें और उन्हें अपने परिश्रम का पूरा लाभ मिले। उन्होंने खैरागढ़ की ड्रोन दीदी का उदाहरण देते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से महिलाएं बेहतर आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बैंक सखी, पशु सखी, सीएससी संचालन तथा अन्य गतिविधियों के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की भूमिका और अधिक बढ़ेगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आज प्रदेश की महिलाएं समूहों के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बन रही हैं। महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज, प्रदेश और राष्ट्र के विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को लखपति से करोड़पति बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘दीदी के गोठ’ के माध्यम से प्रदेशभर की महिलाओं तक नवाचार, सफलता और स्वरोजगार की प्रेरक कहानियां पहुंच रही हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
एक वर्ष में 12 एपिसोड, प्रेरणा और नवाचार का सशक्त मंच
‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम का प्रसारण 31 अगस्त 2025 से प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को किया जा रहा है। कार्यक्रम से प्रदेश के 25 जिलों की 38 दीदियां जुड़ी हुई हैं, जो अपनी स्थानीय बोली में नवाचार, आजीविका और सफलता की कहानियां साझा करती हैं। आज 9 जुलाई को कार्यक्रम का 12वां एपिसोड प्रदेशभर में प्रसारित किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत अब तक प्रसारित 12 एपिसोड में लखपति दीदी, नियद नेल्ला नार, वनोपज संग्रहण, प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं की भागीदारी, सरस मेला, ड्रोन दीदी, कृषि सखी एवं पशु सखी, नई चेतना 4.0, वित्तीय समावेशन, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, जनप्रतिनिधि बनीं महिलाओं की सफलता की कहानियां, लाइवस्टॉक, साइबर अपराध एवं बैंकिंग फ्रॉड से बचाव, ‘छत्तीसगढ़ कला’ ब्रांड तथा ‘दीदी के गोठ’ की एक वर्ष की प्रेरणादायी यात्रा जैसे विषयों पर जानकारी प्रसारित की गई है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, गुरु सौरभ साहेब, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के मिशन संचालक अश्वनी देवांगन सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बिहान की दीदियां उपस्थित थीं।

छत्तीसगढ़
नशे में टल्ली होकर जमीन पर लुढ़के हेडमास्टर:ग्रामीणों से कहा- फालतू बात मत करो, पटककर मारूंगा, डीईओ ने किया सस्पेंड
सूरजपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्राइमरी स्कूल का हेडमास्टर शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया। हेडमास्टर इस कदर नशे में धुत था कि वह खुद को संभाल भी नहीं पा रहा था और स्कूल के बाहर जहां जूते-चप्पल बाहर रखे थे, वहीं जमीन पर लेट गया। हेडमास्टर ने बच्चों और ग्रामीणों से नशे की हालत में गाली-गलौज की।
वहां मौजूद ग्रामीणों ने हेडमास्टर को समझाया तो कहने लगा फालतू बात नहीं करना। मुझसे बात मत करना। ग्रामीणों ने जब कहा वीडियो कलेक्टर के पास पहुंच जाएगा। इस पर हेडमास्टर धमकाते हुए कहा पटककर मारूंगा। क्या कर लोगे मेरा। ग्रामीणों ने हेडमास्टर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नशे में धुत हेडमास्टर का नाम हरिनंदन सिंह है। वह रामानुजनगर ब्लॉक के प्राइमरी स्कूल खोरखोरीपारा में हेडमास्टर के पद पर पोस्टेड हैं। सूरजपुर डीईओ ने हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया है।
मामला रामानुजनगर ब्लॉक के खोरखोरीपारा प्राइमरी स्कूल का है। जानकारी के मुताबिक, यहां पदस्थ हेडमास्टर हरिनंदन सिंह गुरुवार (9 जुलाई) को शराब के नशे में लड़खड़ाते हुए स्कूल पहुंचे। स्कूल में वे बच्चों और शिक्षकों से गाली-गलौज कर रहे थे।
इसकी जानकारी जब ग्रामीणों को मिली तो वे स्कूल पहुंच गए। ग्रामीणों को देखते ही हेडमास्टर नशे की हालत में स्कूल परिसर में ही जमीन पर लेट गए।
जब ग्रामीणों ने कहा कि आप स्कूल के हेडमास्टर हैं। बच्चे आपके ऊपर आश्रित हैं और आप स्कूल शराब के नशे में आए हैं। बच्चों पर इसका बुरा असर होगा। इस पर हेडमास्टर ने फालतू बात नहीं करना। मेरे से बात मत करना।
इसी बीच ग्रामीणों ने कहा, वीडियो कलेक्टर को भेज देंगे तो गाली-गलौज करते हुए कहा, पटककर मारूंगा। क्या करोगे मेरा।
ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर किया वायरल
ग्रामीणों ने नशे की हालत में हेडमास्टर हरिनंदन सिंह का जमीन पर लेटे हुए वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में हेडमास्टर ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। वे नशे में बच्चों की चप्पलों पर ही सिर रखकर सो गए थे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की जानकारी प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक को मिली। इसके बाद उन्होंने रामानुजनगर बीईओ अवधेश कुमार साहू को जांच के लिए स्कूल भेजा। बीईओ ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।
जांच में हेडमास्टर के नशे की हालत में स्कूल आने और बच्चों व शिक्षकों से गाली-गलौज करने की बात सही पाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि हरिनंदन सिंह लंबे समय से इस स्कूल में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी हेडमास्टर के शराब पीकर स्कूल आने की शिकायतें की जा चुकी हैं।
डीईओ ने किया सस्पेंड
बीईओ ने जांच रिपोर्ट तुरंत सूरजपुर डीईओ को भेज दी। रिपोर्ट के आधार पर प्रभारी डीईओ लता बेक ने हेडमास्टर हरिनंदन सिंह को सस्पेंड कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय प्रतापपुर रखा गया है।
प्रभारी डीईओ ने बताया कि शराब के नशे में स्कूल आने वाले शिक्षकों की जानकारी जुटाई जा रही है। ऐसे शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा में 3 दिन से लापता बुजुर्ग का शव मिला:घर से नहाने निकले थे, नदी किनारे मिली थी साइकिल, पुलिस ने जांच शुरू की
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में तीन दिन से लापता एक बुजुर्ग का शव गुरुवार को महानदी में मिला। बिर्रा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी 64 वर्षीय साहेबलाल पटेल 7 जुलाई से लापता थे। ग्रामीणों की सूचना पर बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया।

पुलिस ने मृतक की पहचान बसंतपुर निवासी साहेबलाल पटेल (64) पुत्र मलेछराम पटेल के रूप में की है। परिजनों ने बताया कि साहेबलाल 7 जुलाई की शाम घर से नहाने के लिए निकले थे। नदी किनारे उनकी साइकिल पड़ी मिली थी, जिसके बाद से परिवार और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
गुरुवार को किकिरदा गांव के पास महानदी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकाला, जिसकी शिनाख्त परिजनों ने साहेबलाल पटेल के रूप में की।
बिर्रा थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पानी में डूबना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़3 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
