सक्ती ।सक्ती में बंद कमरे में तंत्र साधना के दौरान 2 सगे भाइयों की मौत हो गई। जबकि परिवार के 4 लोग पागलों की तरह चिल्लाते हुए बेहोश हो गए। ये लोग 7 दिन से उपवास रखकर साधना कर रहे थे। मामला बारद्वारा थाना क्षेत्र का है।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला, उसकी 2 बेटियों और एक बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि चारों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस जब पहुंची तो परिवार के सभी लोग साधना कर रहे थे।जबकि दोनों भाई जमीन पर पड़े थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनके शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
बाबा की फोटो रखकर कर रहे थे साधना
पुलिस ने बताया कि, ग्राम तांदुलडीह निवासी फिरित बाई के पति की मौत हो चुकी है। वह अपने 3 बेटे और 2 बेटियां के साथ घर के एक कमरे में तांत्रिक साधना कर रही थी। सामने उज्जैन के किसी बाबा की फोटो रखी थी। यह सब कुछ 7 दिनों से चल रहा था।
इतने दिनों तक घर से किसी के बाहर नहीं निकलने और चिल्लाने की आवाजें सुनकर पड़ोसियों ने रिश्तेदार को सूचना दी। इस पर फिरित बाई का भतीजा पहुंचा और उसने पड़ोसियों के साथ मिलकर दरवाजा खुलवाया। फिरित बाई ने दरवाजा खोलते हुए कहा कि घर में पूजा-पाठ चल रही है।
महिला बोली- दोनों बेटे सत्संग सुनने गए हैं
इसके बाद ग्रामीणों ने कमरे में झांककर देखा तो पता चला कि फिरित बाई का बेटा विकास गोड़ (25) और विक्की गोड़ (22) जमीन पर पड़े हुए हैं। बाकी लोग भी चिल्ला रहे हैं। इस पर ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस पहुंची तो महिला बोली की सत्संग सुनने के लिए बैठ जाओ।
महिला अपनी दोनों बेटियों को सामने बिठाए हुए थी। बोल रही थी कि नागलोक से भी लोग आए हैं। यहां सब लोग बैठ जाओ। इस दौरान महिला जय गुरुदेव के नारे लगवाती है। वहीं जमीन पर पड़े अपने दोनों बेटों के लिए कहती है कि वो सत्संग सुनने के लिए गए हैं।
मनीष कुंवर, डीएसपी सक्ती ने कहा कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
FSL और जिला पुलिस की टीम जांच में जुटी
पुलिस और ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया। इस दौरान चिल्लाते हुए सभी लोग बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद सभी को अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। DSP मनीष कुंवर ने बताया कि FSL और जिला पुलिस की टीम जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि, परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मौके पर जो भी सामान बरामद किया गया है, उसे भी क्रॉस चेक किया जाएगा। इस एंगल से भी जांच की जा रही है कि उन्होंने जो मेडिसिनल चीजें ली है, उससे तो कही उनके बिहेवियर पर प्रभाव नहीं पड़ा।
मौके से पूजा और पठन सामग्री मिली
घटनास्थल पर पूजा और पठन सामग्री और कुछ कपड़े मिले हैं। काफी दिनों से कमरा बंद था। उनकी मौत दम घुटने से हुई है या हत्या है या आत्महत्या यह एक्सपर्ट की राय पर निर्भर है। वहीं लोगों का कहना है कि धन-संपत्ति के लालच में तांत्रिक क्रिया की जा रही थी।
कोरबा। आरजीआई पोर्टल से आनलाईन जन्म-मृत्यु पंजीयन हेतु 13 फरवरी को जनपद पंचायत पोंड़ी उपरोड़ा के सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से अपरांह 01 बजे तक तथा दोपहर 02 बजे से 04 बजे तक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा दिया जायेगा। जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी ने बताया कि प्रातः 11 बजे से अपरांह 01 बजे तक आयोजित प्रशिक्षण में जनपद पंचायत पोंड़ीउपरोड़ा अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पोंड़ीउपरोड़ा, समस्त प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल रहेंगे और दोपहर 02 बजे से 04 बजे तक आयोजित प्रशिक्षण में जनपद पंचायत पोंड़ीउपरोड़ा अंतर्गत समस्त ग्राम पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण दिया जायेगा।
कोरबा। कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ,जिला कोरबा द्वारा जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत विभिन्न रिक्त संविदा पदों पर पात्र इच्छुक अभ्यर्थियों से 27 फरवरी शाम 5.30 बजे तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सूचना पटल पर देखा जा सकता है एवं जिला कोरबा के बेबसाईट www.korba.gov. in में उपलब्ध है जिसका अवलोकन किया जा सकता है।
रोजगार मूलक ट्रेड प्रारंभ कर प्रशिक्षण आयोजित करने के दिए निर्देश
कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों, सभी हायर सेकेण्डरी स्कूलों, कॉलेजों, उच्च शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब गठित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज 11 फरवरी को शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ई.एल.सी) का गठन किया गया। इस अवसर पर मतदाता साक्षरता क्लब (ई.एल.सी.) एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर) के महत्व पर केंद्रित कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपस्थित ई.एल.सी. क्लब के मेंबर्स, युवा छात्र -छात्राओं को सम्बोधित करते हुए सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने मतदाता साक्षरता क्लब के गठन के उद्देश्यों के बारें में बताया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के महत्व के बारें में जानकारी देते हुए मज़बूत लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं को एक मतदाता के रूप में पंजीकृत होकर अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के लिए प्रेरित किये। सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी ने नवीन मतदाता के रूप में पहली बार मतदाता बनने जा रहें सभी युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्त्तव्य को निभाने के लिए एक मतदाता के रूप में अनिवार्य रूप से अपना नाम पंजीकृत करवाने के लिए अपील की।
इस अवसर पर डॉ. हर्ष पांडेय प्राध्यापक समाजशास्त्र एवं मतदाता साक्षरता क्लब के मेम्बर्स छात्र -छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये। महाविद्यालय की छात्राओं के द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई एवं हाथों में मेंहदी सजाकर मतदाता साक्षरता क्लब एवं एस.आई.आर.के महत्व को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रीता पटेल महाविद्यालयीन स्वीप नोडल अधिकारी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण – टी.आर. कश्यप, डॉ.शेख तस्लीम अहमद, डॉ. कविता ठक्कर, संत राम खांडेकर, वर्षा लकड़ा सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।