Connect with us

कोरबा

कोरबा में युवक बाइक समेत खुले नाले में गिरा:दलदल में फंसा रहा, स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर निकाला, निगम पर आक्रोश

Published

on

कोरबा। कोरबा में शुक्रवार रात डीएम रोड स्थित साईं पैलेस के पास एक खुले नाले में मुड़ापार निवासी बाइक सवार युवक ओम प्रकाश गिर गया। इस हादसे में युवक को चोटें आई हैं। घटना ने नगर पालिक निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश अपनी बाइक से डीएम रोड से गुजर रहे थे। साईं पैलेस के समीप अचानक संतुलन बिगड़ने से वे बाइक समेत खुले नाले में जा गिरे। नाला काफी गहरा और दलदल से भरा था, जिससे युवक बाइक सहित उसमें फंस गया और मदद के लिए चिल्लाने लगा। उनकी आवाज सुनकर राहगीर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

नाला लंबे समय से खुला पड़ा

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह नाला लंबे समय से खुला पड़ा है और इसकी नियमित सफाई भी नहीं हुई है। नाले की मौजूदा हालत देखकर यह स्पष्ट होता है कि सफाई के नाम पर केवल औपचारिकता पूरी की जा रही है।

मोहल्ले वालों ने पहले रस्सी की सहायता से उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन नाले की गहराई और कीचड़ के कारण यह संभव नहीं हो पाया। इसके बाद लोगों ने एक सीढ़ी मंगवाई।

भारी मात्रा में कचरा और गाद से भरा नाला

जब सीढ़ी को नाले में डाला गया, तो उसका आधा हिस्सा दलदल में धंस गया, जिससे नाले में जमा कचरे और गाद की मात्रा का अंदाजा लगाया जा सकता है। काफी मशक्कत के बाद, सीढ़ी के सहारे युवक ओम प्रकाश को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में निगम प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि शहर में कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं और उनकी नियमित सफाई नहीं होती।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा तहसील कार्यालय में अलमारी के पीछे कोबरा मिला:फुंकार सुनकर कर्मचारी भागे, RCRS टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा तहसील कार्यालय के अंदर अलमारी के पीछे कोबरा सांप मिला। सांप की फुंकार सुनकर कर्मचारी घबरा गए और वहां से भागने लगे। कार्यालय में रोज बड़ी संख्या में लोग राजस्व संबंधी कामों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में विषैले कोबरा की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बन गई थी।

सूचना मिलने पर वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया।

अलमारी के पीछे दुबका था कोबरा

कोबरा दिखाई देने के बाद तत्काल वन विभाग और RCRS कोरबा को सूचना दी गई। इसके बाद RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव टीम के सदस्य मानस के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे। कोबरा अलमारी के पीछे छिपा हुआ था, जिससे उसे सुरक्षित बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था।

टीम ने सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा के साथ सांप को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकालने पर विशेष ध्यान दिया गया।

रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा

सुरक्षित रेस्क्यू के बाद उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा के मार्गदर्शन में कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास के अनुकूल जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग और RCRS की तत्परता से संभावित अप्रिय घटना टल गई।

सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें

वन विभाग और RCRS की टीम ने लोगों से अपील की है कि घर, कार्यालय, दुकान, स्कूल या किसी सार्वजनिक स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। विशेषकर कोबरा जैसे विषैले सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

सांप पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे चूहों सहित कई जीवों की आबादी को नियंत्रित करने में भूमिका निभाते हैं। ऐसे में मानव और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए समय पर सूचना देना और प्रशिक्षित टीम की मदद लेना जरूरी है।

Continue Reading

कोरबा

अवैध शराब बिक्री से परेशान ग्रामीण पहुंचे थाने:डगनियाखार में कई सालों से बिक रही शराब, महिलाओं ने कहा- पति-बेटे करते हैं मारपीट

Published

on

कोरबा। कोरबा के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम डगनियाखार में अवैध शराब की बिक्री से परेशान होकर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि गांव के कुछ घरों में पिछले कई सालों से अवैध शराब बेची जा रही है। शराब पीने के बाद गांव के लोग अपने घरों में गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे परिवार के लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ती है। बाहर से भी लोग गांव में शराब पीने आते हैं, जिससे माहौल खराब हो रहा है।

महिलाओं ने बताई घरों में होने वाली मारपीट की परेशानी

थाने के बाहर मौजूद महिलाओं ने बताया कि गांव में शराब बिकने के कारण घरों में रोज झगड़े होते हैं। पति और बेटे शराब पीकर आते हैं और मारपीट करते हैं। इससे बच्चे डरे-सहमे रहते हैं। महिलाओं के मुताबिक, कई बार समझाइश देने और गांव में बैठक कर शराब की बिक्री रोकने की कोशिश की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। मजबूर होकर उन्हें थाने पहुंचना पड़ा।

बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा असर

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है। बच्चे घरों में गाली-गलौज सुन रहे हैं, वहीं युवा नशे की लत में पड़कर अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। इससे पूरा गांव परेशान है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में अवैध शराब की बिक्री बंद कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर और एसपी कार्यालय में शिकायत की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ग्रामीण गांव में हड़ताल और आंदोलन भी करेंगे।

कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान मारपीट, दोनों पक्षों की FIR

कोरबा के रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर में दशहरा उत्सव के दौरान रावण दहन मैदान और दुर्गा पूजा पंडाल में विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं हुईं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR दर्ज की है। इनमें महिला से मारपीट और अपमान करने के साथ नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप भी शामिल हैं।

ग्राम पंचायत रजगामार की निर्वाचित महिला पंच और सार्वजनिक युवा दुर्गा एवं महिला उत्सव समिति ओमपुर की पदाधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक, रावण दहन के बाद रात करीब 10:40 बजे वह दुर्गा पंडाल पहुंची थी। वहां गजेन्द्र भार्गव उर्फ सोनू भार्गव, उमाशंकर, गौरीशंकर, शिवशंकर, झरना, धनाई बाई, बरखा, पुष्पा भार्गव, सोनम, सोनिया और उनके दामाद सहित अन्य लोग पहुंचे। आरोप है कि सभी ने एक राय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

बाइक चढ़ाने की कोशिश और साड़ी फाड़ने का आरोप

शिकायत के अनुसार, गौरीशंकर ने तेज रफ्तार से बाइक चलाकर महिला पर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद मारपीट कर उसकी साड़ी फाड़ दी, जिससे महिला को चोटें आईं और सार्वजनिक रूप से अपमानित होना पड़ा।

इस शिकायत पर रजगामार चौकी में अपराध क्रमांक 0624/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) में केस दर्ज किया गया है।

नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में दूसरी FIR

दूसरी ओर, 16 वर्षीय नाबालिग की शिकायत पर भी क्रॉस FIR दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गजेन्द्र भार्गव, शिवशंकर, उमाशंकर, गौरीशंकर और रामपाल सहित अन्य लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

बच्चों के पास स्काई शॉट पटाखा चलाने का वीडियो

रावण दहन के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें राम-लक्ष्मण की वेशभूषा में बैठे छोटे बच्चों और अन्य बच्चों के पास एक युवक हाथ में पटाखा लेकर स्काई शॉट चलाता नजर आ रहा है। वीडियो में बच्चे डरे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस कर रही जांच

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले दर्ज किए गए हैं। घटना में कौन-कौन शामिल था और विवाद किस क्रम में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Continue Reading

कोरबा

एमबीए में फाइनेंस एवं एचआर में गोल्ड मेडल प्राप्त कर मासूम गुप्ता ने बढ़ाया परिवार और समाज का मान

Published

on

कोरबा। जमनीपाली निवासी मासूम गुप्ता ने एमबीए (MBA) की पढ़ाई में फाइनेंस (वित्त) एवं एचआर (मानव संसाधन) के क्षेत्र में गोल्ड मेडल प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से गोल्ड मेडल प्राप्त कर उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया।

मासूम गुप्ता, जमनीपाली सिंघला ट्रेडर्स के संचालक शशि कुमार गुप्ता एवं श्रीमती सुनीता गुप्ता के सुपुत्र हैं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से उन्होंने अपने माता-पिता के साथ-साथ दर्री अग्रवाल समाज का भी नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से परिवारजनों, समाज के सदस्यों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। 26 अक्‍टूबर 2026, सोमवार, रायपुर स्थित पंडित दिनदयाल उपाध्‍याय ऑडिटोरियम में आई टी एम युनिवर्सिटी के कुल 16 छात्रों को गोल्‍ड मेडल से सम्‍मानित किया, वहीं शेष छात्रों को डिग्री प्रदान किया गया ।

मासूम गुप्ता की इस उपलब्धि को उनकी लगन, मेहनत और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी सफलता पर परिवारजनों एवं समाज के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677