पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की उपस्थिति में कोरबा जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद कर कांग्रेसजनों ने देश सेवा का लिया संकल्प
कोरबा।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 09 अगस्त‘क्रांति दिवस’ (भारत छोड़ो आंदोलन)के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, कोरबा में स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर योद्धाओं के सम्मान में एक विशेष श्रद्धांजलि सभा एवं विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वतंत्रता आंदोलन के महान अमर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
प्रमुख वक्ताओं के विचार:
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल:
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा—
“9 अगस्त 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक ऐतिहासिक मोड़ था। देश की आजादी के लिए हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर योद्धाओं ने जो त्याग, तपस्या और बलिदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज का दिन उन अमर शहीदों को नमन करने और उनके द्वारा दिखाए गए सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का दिन है।”
शहर जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर:
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण के महान संघर्षों से जुड़ा हुआ है। आज भी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता देश की लोकतांत्रिक मर्यादाओं और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से प्रतिबद्ध है।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान:
अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने भारत छोड़ो आंदोलन के जरिए अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी और उन्हें देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया था।
पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद:
उन्होंने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों पर प्रकाश डालते हुए उन ऐतिहासिक परिस्थितियों के बारे में विस्तार से बताया, जिनकी वजह से ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की शुरुआत हुई और इस दिन को देश भर में क्रांति दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।
पूर्व निगम सभापति श्यामसुंदर सोनी:
महान वीर सपूतों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि वे चाहते तो परिस्थितियों से समझौता कर अपने परिवारों के साथ सुखपूर्वक रह सकते थे, लेकिन उन्हें देशवासियों की गुलामी स्वीकार नहीं थी। आने वाली पीढ़ियों को आजादी दिलाने के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष (शहर) कुसुम द्विवेदी:
स्वतंत्रता आंदोलन में नारी शक्ति के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि असंख्य महिलाओं ने अपना घर-परिवार त्यागकर क्रांतिवीरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आजादी की लड़ाई लड़ी। उनके इसी अमूल्य बलिदान की बदौलत आज हम आजाद भारत में सांस ले पा रहे हैं।
पूर्व शहर जिलाध्यक्ष सपना चौहान:
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने हमारे देश की अकूत संपदा को लूटा और किसानों, मजदूरों व महिलाओं पर अत्याचार किए। नागरिकों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर किया गया था। आज हम जिस आजादी का आनंद ले रहे हैं, वह हमारे वीर सपूतों के संघर्षों और बलिदानों का ही परिणाम है।
सभी मोर्चा, प्रकोष्ठों एवं संगठनों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के निर्माण में सेनानियों की भूमिका पर विचार रखे। इस अवसर पर ब्लाक अध्यक्ष पालूराम साहू, ए.डी.जोशी, बसंतचंद्रा, मंडल अध्यक्ष जवाहर निर्मलकर, मनीष शर्मा, प्रदीप जायसवाल, पार्षद रवि सिंह चंदेल, सुखसागर निर्मलकर, सुभाष राठौर, नारायण लाल कुर्रे के साथ ही अर्चना उपाध्याय, रेखा त्रिपाठी, सुधीर जैन, मस्तूल सिंह कँवर,सांता मंडावे, एफ.डी. मानिकपुरी, रामगोपाल यादव, महेंद्र थवाईत, देवीदयाल तिवारी, रवि खूंटे, हिमांशु सिंह, गणेश दस महंत, पुष्पा पात्रे, ग्रेडिंन गैलियर, एहसान अली, चन्द्रकुमार पाण्डेय, निर्मल कुमार साहू, लीलूराम केवंत, पतंग कुमार केवट, पवन चौहान, जीवन चौहान, संजय कँवर, संजय पटेल, मुस्लिम खान, समसुद्दीन, हरनारायण राठोर, सुखनंदन सिंह सोनकर, ज्योतिदास दीवान, धनराज साह, कुंजबिहारी साहू, चालेस्वर सिंह, हरवेन्द्र सिंह, मनोज सिंह राठौर, संगीता श्रीवास, लक्ष्मी महंत, सुभद्रा सिंह सहित जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल तथा विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठों व विभागों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कांग्रेसजनों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
कोरबा। कोरबा में तीन दिनों की रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद रविवार शाम को आकाश में इंद्रधनुष दिखाई दिया। शाम करीब 6 बजे यह अद्भुत प्राकृतिक नजारा सामने आया, जिसे देखने के लिए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लगातार बारिश और काली घटाओं के बाद इंद्रधनुष के दर्शन से शहरवासियों का मन प्रसन्न हो उठा।
रविवार सुबह से ही मौसम साफ था और दोपहर होते-होते तेज धूप भी निकल आई थी। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण लोग घरों में ही थे। ऐसे में धूप के साथ निकले इंद्रधनुष ने लोगों को सुकून और राहत प्रदान की।
15 मिनट तक दिखा इंद्रधनुष
प्रकृति के इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए लोग छतों और सड़कों पर जमा हो गए। इंद्रधनुष लगभग 15 मिनट तक आकाश में स्पष्ट रूप से दिखाई देता रहा। खुले बादलों के बीच सात रंगों का यह खूबसूरत चाप दूर-दूर तक नजर आ रहा था। लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस पल को कैद किया और सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
क्या बोले लोग ?
एसईसी एल निवासी किशोर यादव ने बताया, “इस तरह का दृश्य बहुत कम देखने को मिलता है। बारिश रुकने के बाद जब धूप निकली तो अचानक आसमान में इंद्रधनुष दिखा। बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी इसे देखने के लिए बाहर आ गए थे। हमने भी इसकी तस्वीरें और वीडियो बनाए।”
वार्ड पार्षद शैलेंद्र सिंह उर्फ पप्पू ने कहा, “हल्की बारिश, धूप और उसके बाद इंद्रधनुष का एक साथ दिखना बेहद दुर्लभ होता है। लोगों में इसको लेकर काफी उत्साह था। बच्चे खुशी से चिल्ला रहे थे।”
कैसे बनता है इंद्रधनुष
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इंद्रधनुष तब बनता है जब सूरज की किरणें हवा में मौजूद पानी की बूंदों से टकराकर सात रंगों में बिखर जाती हैं। यह एक प्राकृतिक प्रकाशीय घटना है।
लगातार उमस और बारिश भरे मौसम के बाद निकले इस इंद्रधनुष ने लोगों को कुछ पल के लिए अपनी परेशानियां भुलाने का मौका दिया। सोशल मीडिया पर भी #KorbaRainbow खूब ट्रेंड कर रहा था। शहरवासी इस मनमोहक नजारे को प्रकृति का एक अनुपम उपहार बता रहे थे।
06 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं घटना में प्रयुक्त कैंची बरामद
कोरबा। कोरबा पुलिस द्वारा “ सजग कोरबा, सतर्क कोरबा ” अभियान के तहत अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायता केन्द्र मानिकपुर, थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई।
मारपीट एवं कैंची से हमला करने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार
दिनांक 08.08.2026 को प्राप्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 666/2026, धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5), 118(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मानिकपुर सहायता केन्द्र पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी हेतु टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों एवं विवेचना के आधार पर दोनों आरोपियों को दिनांक 08.08.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त कैंची बरामद कर जप्त की गई। जप्ती की कार्रवाई का ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियो तैयार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी फैजान खान, पिता हसन खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी मुड़ापार रामनगर, पु स के मानिकपुर। निखिल थवाईत, पिता स्व. सत्यनारायण, उम्र 19 वर्ष, निवासी मुड़ापार निषादपारा, पु स के मानिकपुर।
अवैध महुआ शराब के विरुद्ध कार्रवाई
दिनांक 09.08.2026 को मानिकपुर सहायता केन्द्र की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कदमहाखार उरांव बस्ती निवासी झंगलू उरांव द्वारा अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री की जा रही है।सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल सूचना की तस्दीक कर मौके पर दबिश दी गई तथा आरोपी झंगलू उरांव को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 06 लीटर कच्ची महुआ शराब, कीमत लगभग रू.600 बरामद कर विधिवत जप्त की गई। साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त रू.100 नगद भी जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
मानिकपुर सहायता केन्द्र पुलिस की प्रमुख कार्रवाई मुखबिर सूचना पर तत्काल तस्दीक एवं दबिश। मारपीट प्रकरण में 02 आरोपियों की गिरफ्तारी। घटना में प्रयुक्त कैंची बरामद एवं जप्त। 06 लीटर कच्ची महुआ शराब, कीमत लगभग रू.600 बरामद। शराब बिक्री से प्राप्त रू.100 नगद जप्त। दोनों प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय पेश।
➡️ कोरबा पुलिस द्वारा “ सजग कोरबा, सतर्क कोरबा ” अभियान के तहत अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई जारी है।
सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान के तहत उरगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम बरपाली स्थित दुकान में दिनांक 07.08.2026 की रात्रि चोरी की घटना हुई थी। सुबह दुकान खोलने पर शटर का ताला टूटा हुआ मिला तथा दुकान में रखी नगदी चोरी होना पाया गया।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 449/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
CCTV फुटेज से मिला महत्वपूर्ण सुराग
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। CCTV फुटेज से मिले सुरागों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें पकड़ा गया।
बिलासपुर से लौटते समय बनाई चोरी की योजना
पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे बिलासपुर गए थे और वहां से वापस लौटते समय दुकान का शटर बंद होने तथा शटर एवं जमीन के बीच गैप दिखाई देने पर चोरी करने की योजना बनाई। इसके बाद आरोपीगण मड़वारानी के पास से सरिया लेकर आए और उसी सरिया की सहायता से दुकान का शटर उठाकर अंदर प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
मुख्य आरोपी
युवराज सिंह राजपूत, पिता दीनदयाल सिंह राजपूत, उम्र 19 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक पंप हाउस, कोरबा के साथ 02 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।
बरामदगी आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त लोहे की सरिया, घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं चोरी की गई नगद 9000रुपए बरामद की गई है। मुख्य आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की भूमिका CCTV फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र की मदद से उरगा पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा किया। ➡️ कोरबा पुलिस द्वारा “ सजग कोरबा–सतर्क कोरबा ” अभियान के तहत चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है।