महासंकल्प 2026 अभियान में 15,500 से अधिक हस्ताक्षरों के साथ शहर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
ऐतिहासिक पल में शामिल होने आमनागरिको में दिखा उत्साह
कोरबा। कोरबा ने आज स्वच्छता के इतिहास में एक अभूतपूर्व अध्याय जोड़ते हुए पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। “महासंकल्प 2026” अभियान के तहत कोरबावासियों ने न केवल स्वच्छता की शपथ ली, बल्कि स्वच्छता शपथ बैनर पर हस्ताक्षर कर एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जिसने शहर का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा दिया। इस रिकॉर्ड से पहले शहर की सड़कों पर सुबह से ही नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। हर आयु, हर वर्ग और हर समुदाय के लोग हाथों में संकल्प लिए हुए इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने पहुँचे थे। आखिरकार सभी की सहभागिता से महासंकल्प 2026 सफल रहा। इस उपलब्धि के लिए कोरबा को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के एशिया हेड डॉ मनीष विश्नोई, शशांक वर्मा द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
रविशंकर शुक्ल रोड पर बनाए गए 280 मीटर लंबे विशाल बैनर ने आज कोरबा की एकता और जागरूकता को साकार रूप दिया। 14 जोन और 70 सेक्टर में विभाजित इस स्थान पर लगातार बढ़ती भीड़ में लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। युवा, महिलाएँ, बुजुर्ग, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, छात्र, समाजसेवी संगठन, औद्योगिक संस्थान और आम नागरिक, सभी ने बढ़-चढ़कर हस्ताक्षर किए। यहां सामूहिक रूप से नारों की गूंज और जोश से भरे वातावरण ने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस रिकॉर्ड को कोरबा के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है, यह सामुदायिक जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की स्वच्छ छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने में कोरबा एक मजबूत कदम आगे बढ़ा है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और कचरा निर्धारित वाहनों में ही डालें। उन्होंने सभी को स्वच्छता की शपथ भी दिलवाई।
स्वच्छता महाभियान में कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन सहित, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, एसपी सिद्धार्थ तिवारी, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, आमनागरिकों ने हस्ताक्षर कर अभियान की सफलता में अपनी भूमिका निभाई। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अभियान की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि कोरबा वासियों की एकजुटता और जागरूकता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने नगर निगम और अभियान में शामिल सभी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि स्वच्छता को आदत बनाना ही इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने इस रिकॉर्ड को केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का अध्याय बताते हुए कहा कि अब प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि इस संकल्प को प्रतिदिन के व्यवहार में उतारे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब नागरिक स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएँ। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि महासंकल्प 2026 अभियान शहर को स्वच्छता के नए मानकों तक पहुँचाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की अभूतपूर्व भागीदारी से यह स्पष्ट है कि कोरबा स्वच्छता को लेकर सजग और प्रतिबद्ध है। उन्होंने रिकॉर्ड-निर्माण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 1 घंटे की अवधि में 15 हजार 500 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर नया इतिहास रच दिया।
इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, वन विभाग, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, रेडक्रॉस सोसाइटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, पुलिस विभाग, बैंकों, स्वास्थ्य संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों, सामाजिक संगठनों, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्रों और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने व्यापक उपस्थिति दर्ज कराई। एनटीपीसी, एसईसीएल, बालको सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में इस अभियान का हिस्सा बने। इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के प्रतिनिधि डॉ मनीष विश्नोई, शशांक वर्मा भी उपस्थित रहें।
जायसवाल कलार समाज का सामाजिक विकास एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठित करने में महत्वपूर्ण योगदान : जयसिंह अग्रवाल
कोरबा। भगवान सहस्त्रबाहु जयंती के पावन अवसर पर आज छत्तीसगढ़ कलार महासभा परिक्षेत्र, कोरबा द्वारा SECL हेलीपैड के समीप स्थित जायसवाल समाज के सामाजिक भवन में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के प्रथम सत्र में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि समाज के प्रदेश अध्यक्ष विजय जायसवाल प्रथम सत्र के कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना एवं आरती में सहभागिता कर समाज की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर समाज के लोगों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने समस्त समाजजनों को भगवान सहस्त्रबाहु जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जायसवाल कलार समाज ने सामाजिक एकता, संगठन, शिक्षा, संस्कृति एवं समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। समाज की संगठित शक्ति और आपसी सहयोग ही उसकी प्रगति का आधार है। उन्होंने समाज द्वारा आयोजित भव्य समारोह एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजकों और समस्त समाजजनों को बधाई दी।
श्री अग्रवाल ने कहा कि अपने मंत्रीत्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने कोरबा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सभी समाजों की सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अनेक समाजों को भूमि एवं भवन उपलब्ध कराने की पहल की थी। उनका सदैव प्रयास रहा है कि प्रत्येक समाज को अपने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए समुचित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अवसर मिलने पर समाज की आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे कोरबा नगर पालिक निगम के पार्षद एवं समाज के कोरबा अध्यक्ष अनुज जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जयसिंह अग्रवाल का समाज के प्रति योगदान केवल भूमि एवं भवन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भवन में पानी, बिजली सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उनके प्रयासों से उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने कहा कि श्री अग्रवाल ने हमेशा समाज के सभी वर्गों और समुदायों के उत्थान, सामाजिक संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा आपसी सद्भाव एवं समरसता को बढ़ावा देने के लिए सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने समाज की ओर से श्री अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
समारोह में समाज के पदाधिकारीगण, वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, उत्साह एवं सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
कोरबा। पूर्वांचल के लोकआस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल आज प्रातः कोरबा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के साथ उदीयमान भगवान सूर्य नारायण को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण से समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली बनाए रखने की मंगल कामना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है, जो आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देता है।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा के पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बी.एन. सिंह, दर्री ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी सहित पूर्वांचल समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी आवास आवंटन की दिशा में महत्वपूर्ण डिजिटल पहल
बिलासपुर/कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में 17 अगस्त 2026 से 16 नवंबर 2026 तक संचालित तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के समापन अवसर पर ऑनलाइन ‘ई-आवास’ पोर्टल का लोकार्पण किया गया। यह पोर्टल आवास आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल, त्वरित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एसईसीएल की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है।
पोर्टल का लोकार्पण हरीश दुहन, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, एसईसीएल द्वारा बिरंची दास, निदेशक (मानव संसाधन); डी. सुनील कुमार, निदेशक (वित्त); हिमांशु जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा नृपेंद्र नाथ, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
‘ई-आवास’ पोर्टल का विकास सतर्कता विभाग की पहल पर मानव संसाधन विभाग एवं सिस्टम विभाग के समन्वित सहयोग से किया गया है। यह पोर्टल कर्मचारियों को आवास संबंधी सेवाएँ एकीकृत एवं डिजिटल माध्यम से प्रदान करेगा तथा आवास आवंटन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप को न्यूनतम करते हुए पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करेगा।
अपने संबोधन में हरीश दुहन ने पोर्टल के विकास में योगदान देने वाली सतर्कता, मानव संसाधन एवं सिस्टम विभाग की टीमों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल कर्मचारियों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विशेष रूप से मानव संसाधन विभाग द्वारा कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई इस प्रणाली की सराहना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि इससे आवास प्रबंधन और आवंटन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनेगी।
ई-आवास पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन एवं ट्रैकिंग, HR/SAP आधारित सत्यापन, स्वचालित वरिष्ठता सूची निर्माण, नियमानुसार आवास आवंटन, आरक्षण एवं विशेष प्रावधानों का अनुपालन, डिजिटल आवंटन आदेश जारी करना, आवासों की रियल-टाइम स्थिति, आवास परिवर्तन एवं पारस्परिक विनिमय की सुविधा तथा सुरक्षित डिजिटल अभिलेख एवं ऑडिट ट्रेल जैसी उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
श्री दुहन ने यह भी कहा कि तीन माह के सतर्कता अभियान की समाप्ति के बाद भी इस दौरान प्राप्त सीख और अपनाई गई सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, ताकि पारदर्शिता, सतर्कता तथा सत्यनिष्ठा संगठन के प्रत्येक स्तर पर और अधिक सुदृढ़ हो सके। निवारक सतर्कता अभियान के समापन अवसर पर ई-आवास पोर्टल का लोकार्पण एसईसीएल में डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी प्रशासन एवं कर्मचारी-केंद्रित मानव संसाधन प्रबंधन को नई दिशा प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।