Connect with us

कोरबा

बिलासपुर में कोरबा के ट्रांसपोर्टर ने लगाई फांसी:सुसाइड नोट में लिखा- 7-8 महीने से डिप्रेशन में हूं,मम्मी-पापा मुझे माफ करना, लॉज में मिली लाश

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। बिलासपुर में कोरबा के ट्रांसपोर्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी लाश पुरानी बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज के कमरे में फंदे पर लटकती मिली। मृतक की पहचान कोरबा के दीपका निवासी प्रदीप जायसवाल (25) के रूप में हुई है।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि वह पिछले 7-8 महीने से डिप्रेशन में था और काफी तनाव में था। साथ ही मम्मी-पापा से माफी मांगी है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक दीपका निवासी प्रदीप की दादी बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी देखरेख के लिए वह कोरबा से बिलासपुर आया था। रविवार को उसका छोटा भाई भी बिलासपुर पहुंचा।

तीन-चार दिन से अस्पताल में होने के कारण उसने भाई प्रदीप को घर जाने के लिए ऑटो में बैठाया, लेकिन वह घर जाने के बजाए पुराना बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज पहुंच गया। वहां कमरा बुक कराने के बाद वह रात में वहीं रुका।

सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुला, परिजनों ने शुरू की तलाश

सोमवार सुबह लॉज के कमरे का दरवाजा बंद मिला। इधर, प्रदीप के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इस दौरान उसके ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से परिजनों को उसके शारदा लॉज में होने की जानकारी मिली। वे तत्काल लॉज पहुंचे और कमरे की जानकारी ली।

पुलिस की मौजूदगी में खोला लॉज का कमरा

परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर प्रदीप फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

सुसाइड नोट में लिखा- मम्मी-पापा मुझे माफ करना

जांच के दौरान पुलिस को कमरे से मिले सुसाइड नोट मिला, जिसमें प्रदीप ने लिखा है कि वह पिछले 7-8 महीने से डिप्रेशन और काफी तनाव में था। इसलिए फांसी लगाकर आत्महत्या कर रहा हूं। मम्मी-पापा मुझे माफ करना।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Continue Reading

कोरबा

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू, 154 किलोमीटर मार्गों पर होगा बीटी पैच कार्य

Published

on

लोक निर्माण विभाग ने चार उपसंभागों के लिए 280.05 लाख रुपये किए स्वीकृत, दिसंबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य

कोरबा 19 अक्टूबर 2026। तेज बारिश से जिले की कई महत्वपूर्ण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और यात्रा सुरक्षित बने, इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। जिले में लगभग 154 किलोमीटर लंबाई की सड़कों पर बीटी पैच कार्य कराया जाएगा। इसके लिए कुल 280.05 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

लोक निर्माण विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद कई कार्यों के कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराया गया है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

जिले के चार उपसंभागों में बीटी पैच कार्य के लिए राशि स्वीकृत की गई है। कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-1 के लिए 50 लाख रुपये, कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-2 के लिए 50.05 लाख रुपये, कोरबा उपसंभाग के लिए 105 लाख रुपये तथा भैसमा उपसंभाग के लिए 75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उरगा-चांपा, कोरबा, सीपत-बलौदा-हाटी, रामपुर-बेहरचुआ-नोनबिर्रा और कुदमुरा-श्यांग मार्गों सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। पाली-दीपका, तिवरता-लिटियाखार, पुरेना-विजयनगर, कटघोरा-सलोरा, पाली बाईपास, चैतमा बाईपास और कटघोरा बाईपास मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा सुतर्रा-बांकी, बांकी-गजरा, बांकी-भैरोताल, हनुमानगढ़ी पहुंच मार्ग, खैरा डुबान-रामदेई, बक्साही-सीस बाजार, नोनबिर्रा-रतीजा, उड़ता-भाड़कछार, जेमरा-चैतुरगढ़ और नेवसा-जोरहाडबरी मार्गों पर भी मरम्मत कार्य किया जाएगा। राहा-रावा, पसान-पिपरिया-दुल्लापुर, कोरबी-जलके और जलके-पिपरिया मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य शुरू कराया जा रहा है। बिलासपुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग के छूटे हुए हिस्से में भी मरम्मत कार्य किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण कई सड़कें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। विभाग ने मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत कर एजेंसियां तय की हैं और काम प्रारंभ करा दिया है। दिसंबर माह तक सड़कों को दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। विभागीय सचिव एवं मंत्री अरुण साव ने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियों को स्वीकृत सड़क कार्य शीघ्र शुरू कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मरम्मत कार्य पूरा होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा। आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा अधिक सुरक्षित हो सकेगी।

Continue Reading

कोरबा

मुख्यमंत्री की घोषणा पर कोरबा में नवीन सर्किट हाउस निर्माण को मिली मंजूरी

Published

on

311.29 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति, रामपुर आईटीआई, डिंगापुर के पास स्थल चिन्हित

कोरबा, 19 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कोरबा प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय में नवीन सर्किट हाउस निर्माण की घोषणा की गई थी। राज्य शासन ने घोषणा के अनुरूप भवन निर्माण के लिए 311.29 लाख रुपये (3 करोड़ 11 लाख 29 हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। नवीन सर्किट हाउस के निर्माण के लिए रामपुर आईटीआई, डिंगापुर के पास स्थल चिह्नित कर आरक्षित किया गया है। लोकनिर्माण विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के प्रयास से राशि स्वीकृति हुई।
कार्यपालन अभियंता जी आर जांगड़े ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा इस स्थल पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त सर्किट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। भवन में वीआईपी सूट के साथ अतिथियों के लिए अलग-अलग कक्षों की व्यवस्था रहेगी। भवन की रूपरेखा में भविष्य की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा गया है।
प्रस्तावित भवन में ड्राइंग रूम, प्रतीक्षालय, रसोईघर, भोजन कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परिसर में वीआईपी और सामान्य वाहनों के लिए पृथक पार्किंग, उद्यान एवं हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। वाहनों के सुगम आवागमन के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार भी प्रस्तावित हैं।
नवीन सर्किट हाउस के निर्माण से जिला मुख्यालय में शासकीय अतिथि गृह की सुविधाओं का विस्तार होगा। जिले के प्रवास पर आने वाले जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों को ठहरने के लिए बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
प्रशासकीय स्वीकृति और स्थल चिह्नांकन के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित विभागीय प्रक्रिया के तहत निर्माण कार्य की आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में ट्रेलर से टक्कर में हाइवा ड्राइवर की मौत:केबिन में फंसे ड्राइवर के शव को मशक्कत के बाद निकाला, पुलिस पहचान में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में सोमवार तड़के हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में हाइवा ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया और ड्राइवर केबिन में फंस गया।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। यह मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

दर्री थाना के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। दर्री थाना के पास हाइवा और ट्रेलर आपस में टकरा गए। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज बताई जा रही है। टक्कर के बाद हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी कोशिश के बाद ड्राइवर के शव को केबिन से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क कर रही है, ताकि ड्राइवर की पहचान हो सके।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।

दर्री क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण रखने और सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677