प्रदेश संगठन प्रभारी सचिन पायलट ने सम्हाला नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रदेशभर के दिग्गज हुए शामिल कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस के तत्वाधान में मंगलवार देर रात वोटर अधिकार यात्रा एवं वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान के तहत् सुभाष चौक निहारिका से स्व.बिसाहू दास महंत स्मृति उद्यान तक विशाल मशाल जूलूस निकाला गया जिसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सचिन पायलट, सहप्रभारी जरिता लैतफ्लांग, नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरण दास महंत, पूर्व उप मुख्य मंत्री टी एस सिंहदेव, पूर्व मंत्री उमेश पटेल, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री डॉ.शिव डहरिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, सांसद ज्योत्सना महंत, विधायक देवेन्द्र यादव, विधायक फूलसिंह राठिया, विधायक चातुरीनंद, विधायक विद्यामती सिदार, पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय, पूर्व विधायक विनय जायसवाल, गुरूदयाल बंजारे, पुरूषोत्तम कंवर, गुरूमुख सिंह होरा, मोहित केरकेट्टा, प्रदेश युवा कांग्रेस पदाधिकारी अमित पठानिया, आकाश शर्मा, मोनिका मंडरे सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के अन्य पदाधिकारियों ने मशाल लेकर नारेबाजी करते हुए मशाल यात्रा में शामिल हुए । इस दौरान इन नेताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबडेकर, स्व.मीनी माता एवं स्व. बिसाहू दास महंत के प्रतिमा के समक्ष कैंडल जलाकर एवं पुष्पांजलि अर्पित उन्हें नमन किया साथ – साथ कांग्रेस के पदाधिकारी हस्ताक्षर अभियान चलाते रहे । जुलूस यात्रा का समापन स्व.बिसाहू दास महंत उद्यान में सभा को संबोधित कर किया गया । सरकारी संस्थाएं भाजपा के हाथों हाईजेक- पायलट स्वर्गीय बिसाहूदास महंत उद्यान में सचिन पायलट ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सरकारी संस्थाओं को अपने कब्जे में ले लिया है। सीबीआइ व ईडी का दुरुपयोग किसी से छुपी नहीं है। चुनाव में हार जीत होती रहती है, लेकिन वोट चोरी बर्दाश्त नहीं होगी। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जड़ को कमजोर किया जा रहा है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि यह अभियान सिर्फ कांग्रेस पार्टी का नहीं है। भारतीय लोकतंत्र की पूरी दुनिया लोहा मानती थी, हमारे लोकतंत्र की जड़ें काफी मजबूत है। मुझे बड़ा दुख है चुनाव आयोग लोकतंत्र की जड़ों को तार-तार कर रहा है। उन्हें निष्पक्षता तथा पारदर्शिता दिखानी चाहिए। पायलट ने कहा कि राहुल गांधी ने कर्नाटक में हुए चुनाव में गड़बड़ी के पूरे प्रमाण दिए हैं। जिंदा लोगों को मृत दिखाया गया, एक मकान में 200 से 250 मतदाता दिखाए गए।
चुनाव आयोग का हो रहा दुरूपयोग – टीएस बाबा पूर्व मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा ‘वोट चोर गद्दी छोड’़ देशव्यापी जन जागरण अभियान बहुत छानबीन के बाद राहुल गांधी ने यह कदम उठाया है । चुनाव आयोग का जिस पैमाने पर दुरूपयोग हो रहा उसे लोगों के सामने लाया जा रहा। चुनाव आयोग दलगत राजनीतिक लाभ पहुंचाने की दृष्टि से निर्णय ले रहा है। महाराष्ट्र चुनाव में भी घोटाला किया गया। एक घर में छह-छह हजार मतदाता दर्ज कर दिया गया । जितनी आबादी नहीं उससे ज्यादा मतदाता भी पाए गए। जितने मतदाता पांच साल में नहीं जुड़े उससे ज्यादा पांच माह में जोड़े गए। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को जितना वोट मिलते हैं उतना ही विधानसभा में भी मिलते हैं, लेकिन बीजेपी का वोट शेयर उतना बढ़ जाता है जितना नए मतदाता जोड़े गए होते हैं। यह स्पष्ट है कि जितने नाम अप्रत्याशित रूप से जोड़े गए उनका पूरा लाभ भाजपा को ही मिला। कर्नाटक में भी कांग्रेस ने सर्वे कराया वहीं 09 सीटें कांग्रेस की आई जबकि 16 से 17 सीटें आनी थी। यहां एक लोकसभा के जांच पड़ताल में पता चला कि छह में कांग्रेस जीती एक विधानसभा में कांग्रेस पीछे रह जाती है। यहां एक लाख पचास हजार से अधिक मतदाताओं के नाम गलत ढंग से जोड़े गए थे। डीजल चोर… कोयला चोर सुना था लेकिन… वोट चोर! – डॉ. महंत नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि आपने डीजल चोर, कोयला चोर, कबाड़ चोर तो सुना होगा पर वोट चोर शायद ही सुना होगा। राहुल गांधी ने पूरी जांच पड़ताल कर देश में हो रही सबसे बड़ी चोरी का उजागर किया है।
वोटर लिस्ट में भारी धांधली-जयसिंह पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव के दौरान की गई गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है वह लोकतंत्र की रक्षा के लिए बेहद आवश्यक है । ना केवल महाराष्ट्र, कर्नाटक बल्कि छत्तीसगढ़ के वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में व्यापक धांधली की गई है । चार पूर्व कलेक्टरों का नाम कोरबा विधानसभा के वोटर लिस्ट में है, जबकि कई साल पहले उनका तबादला हो चुका है । हमने यह मामला सामने लाया इसके बाद भी अब तक स्थानीय निर्वाचन विभाग ने सूची दुरूस्त नहीं की है। यहीं नहीं जिले के अन्य विधानसभा में भी वोटर लिस्ट में गलत ढंग से नाम जोड़े गए हैं।
रायपुर/कोरबा। CG Forest Department Pramotion: छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (Forest and Climate Change Department) ने 18 वन क्षेत्रपालों को प्रमोशन दिया है।
जारी आदेश के अनुसार 18 अधिकारियों की पदोन्नति (CG Forest Department Pramotion) की गई है। इनमें विभिन्न वन मंडलों में तैनात वन क्षेत्रपाल शामिल हैं। प्रमोशन के बाद इन्हें सहायक वन संरक्षक (CG Forest Department Pramotion) के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
किन अधिकारियों को मिली पदोन्नति
पदोन्नति पाने वालों में राममूर्ति घघेल, मृत्युंजय शर्मा, जोगेश्वर भट, राजेंद्र कुमार रावत, कुंवर बहादुर सिंह, अभिषेक कुमार दुबे, देव सिंह ठाकुर, निखिल सक्सेना, पुष्पेंद्र चंद्र गोस्वामी, प्रतीक वर्मा, मनीष सिंह, अनुराग वर्मा, ज्योति गुप्ता, तीरथराज साहू, किशोर कुमार साहू, धीरेंद्र साहू, सौरभ रजक और ऋषि माधुरी सिंह शामिल हैं।
कोरबा 08 सितंबर 2026। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 1028.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील अजगरबहार में 918.1, कोरबा 1384.1 मिलीमीटर, भैंसमा, 1148.2, करतला 1132.9, बरपाली 895.6, कटघोरा 1001.2, दीपका 1090.6, दर्री 1119.6, पाली 1017.3, हरदीबाजार 797.8, पोंड़ी उपरोड़ा 976.8, और पसान तहसील में 856.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 1.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक एवं रिसदा से रिसदी चौक तक सड़क निर्माण का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण
ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी लिया जायजा, डायवर्सन और सड़क निर्माण को लेकर दिए आवश्यक निर्देश कोरबा, 08 सितम्बर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आज ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं सड़क की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा शीघ्रता से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों एवं अन्य वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए उचित डायवर्सन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने सड़क पर उतरकर निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क के प्रभावित हिस्सों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने तक आम नागरिकों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। सड़क की स्थिति का नियमित निरीक्षण करते हुए जहां आवश्यक हो, तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सड़क तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं एसपी ने निरीक्षण के दौरान ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने पुल पर सड़क की स्थिति तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सेतु लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रिसदा-बेलगिरी पुल पर आवागमन को सुचारू बनाने तथा पुल के आसपास बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसी तरह बजरंग चौक परसाभाठा क्षेत्र में भी आवागमन सुचारू रखने के लिए सड़क निर्माण के दौरान बेहतर डायवर्सन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उल्लेखनीय है कि ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक कुल 5.74 किलोमीटर सड़क को टू-लेन सीसी सड़क के रूप में विकसित करने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 29 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। वहीं ढेंगुरनाला एवं बेलगिरी पुल के मरम्मत कार्य के लिए भी कार्यादेश जारी किया जा चुका है तथा शीघ्र ही मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या, एसडीओ राकेश द्विवेदी सहित नगर निगम, सेतु लोक निर्माण विभाग एवं बालको के अधिकारी उपस्थित रहे।