धमतरी, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला मामले में ED की रेड पड़ी है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में सुबह ED के अफसरों ने दबिश दी। अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की गई।
रायपुर में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के अनुपम नगर स्थित निवास और धमतरी में सिहावा रोड स्थित उनके घर पर 9 घंटे तक कार्रवाई चली। टीम अपने साथ कुछ अहम दस्तावेज लेकर गई है। रामगोपाल अग्रवाल को शराब, कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले में आरोपी बनाया गया है। 8 दिन पहले ही ED ने उन्हें गिरफ्तार कर रायपुर कोर्ट में पेश किया था।
धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल के घर ED की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने ED और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर विधायक, जिलाध्यक्ष समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रायपुर के रवि नगर स्थित कारोबारी अनूप अग्रवाल के घर पर भी ED की टीम पहुंची है। अनूप अग्रवाल रामगोपाल अग्रवाल के करीबी माने जाते हैं। टीम घर के अंदर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
वहीं, दुर्ग में बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के घर पर सुबह करीब 6 बजे ED की टीम पहुंची। करीब 7 अफसरों की टीम दोनों ठिकानों पर जांच कर रही है। कार्रवाई फिलहाल जारी है। जैन और विश्वास गुप्ता कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के करीबी माने जाते हैं।
ऐसी चर्चा है कि कई अधिकारियों का पैसा भी दोनों के रियल एस्टेट कारोबार में लगा हुआ है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
धमतरी में सुरक्षा बल के जवान मौके पर तैनात रहे।
दो गाड़ियों में ईडी की टीम रेड कार्रवाई करने पहुंची।
धमतरी में कांग्रेसियों का धरना
धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल के घर ED की दबिश के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। ED और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि रामगोपाल पहले से ED की हिरासत में हैं, ऐसे में उनके परिवार के घर छापा मारकर परिजनों को परेशान करना गलत है। कार्रवाई से कांग्रेस और व्यापारी वर्ग में नाराजगी है।
विधायक ओंकार साहू ने कहा कि परिवार को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस पूरे प्रदेश में इस कार्रवाई का विरोध करेगी। जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक द्वेष के चलते केंद्रीय एजेंसी का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस इसका जवाब आंदोलन के जरिए देगी।
रायपुर के रवि नगर स्थित रामगोपाल अग्रवाल के करीबी अनूप अग्रवाल के घर पर जांच।
धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल के घर दबिश के बाद बाहर कांग्रेस नेता जुटे।
दुर्ग में सजल जैन और विश्वास गुप्ता के ठिकानों पर जांच
जानकारी के मुताबिक ED की टीम सुबह दुर्ग के गांधी चौक स्थित जय आनंद परिसर, जैन गली और डॉक्टर ताम्रकार के समीप सजल जैन से जुड़े परिसरों में पहुंची। इसके अलावा शनिचरी बाजार स्थित श्रीराम हार्डवेयर में भी विश्वास गुप्ता से जुड़े ठिकाने पर जांच की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि टीम अलग-अलग कार्यालयों और आवासीय परिसरों में दस्तावेज, कारोबारी लेन-देन और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है। सजल जैन का संबंध रिद्धि-सिद्धि बिल्डर्स से बताया जाता है, जबकि विश्वास गुप्ता भी इसी बिल्डर समूह से जुड़े पार्टनर रहे हैं।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ईडी की कार्रवाई किस मामले में और किन वित्तीय लेन-देन को लेकर की जा रही है। एजेंसी की ओर से भी अभी कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
बिल्डर्स के ठिकानों पर पहले भी पड़ चुकी है रेड
दुर्ग में इससे पहले भी ACB दोनों के ठिकानों पर कार्रवाई कर चुकी है। फिलहाल, सुरक्षा के मद्देनजर कार्रवाई स्थल पर CRPF के जवान तैनात हैं। ED की टीम ने दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी कार्रवाई की जानकारी दी है।
दुर्ग में बिल्डर सजल जैन के घर पर भी जांच चल रही है।
दुर्ग में बिल्डर विश्वास गुप्ता के घर पर कार्रवाई।
क्या है छत्तीसगढ़ शराब घोटाला
छत्तीसगढ़ का कथित शराब घोटाला राज्य के सबसे बड़े आर्थिक मामलों में से एक माना जाता है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की जांच के अनुसार, साल 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में कथित सिंडिकेट बनाकर अवैध शराब की बिक्री, कमीशनखोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए करीब 3,200 करोड़ रुपए का अवैध घोटाला हुआ। मामले में कई आईएएस अधिकारी, आबकारी विभाग के अधिकारी, कारोबारी और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच तथा अदालती प्रक्रिया जारी है।
वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन और खनन से जुड़े कारोबार में अवैध वसूली के आरोपों से जुड़ा है।
क्या है छत्तीसगढ़ कोल लेवी घोटाला?
छत्तीसगढ़ का कथित कोल लेवी घोटाला वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन और खनन से जुड़े कारोबार में अवैध वसूली के आरोपों से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के अनुसार, कोयला परिवहन करने वाले कारोबारियों से प्रति टन तय राशि अवैध रूप से वसूली गई।
जांच एजेंसियों का दावा है कि इस नेटवर्क के जरिए करीब 540 करोड़ रुपए की अवैध लेवी वसूली गई। मामले में कई आईएएस अधिकारियों, कारोबारियों, बिचौलियों और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, सभी आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच और सुनवाई जारी है।
कस्टम घोटाले का आरोप इन अफसरों, कारोबारियों और राजनेताओं पर लगा है।
क्या है कस्टम मिलिंग घोटाला?
छत्तीसगढ़ का कथित कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाला धान की मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में कथित अनियमितताओं से जुड़ा मामला है।
आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के अनुसार, वर्ष 2015 से 2023 के बीच प्रोत्साहन राशि बढ़ाने और उसके भुगतान में नियमों का उल्लंघन कर चुनिंदा राइस मिलर्स को अनुचित लाभ पहुंचाया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि इस प्रक्रिया में करीब 127 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ।
मामले में तत्कालीन अधिकारियों, राइस मिलर्स और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि, आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
कोरबा। कोरबा में लगातार बारिश के बीच खारुन नदी में बहा 45 वर्षीय ग्रामीण दूसरे दिन मृत मिला। बुधवार सुबह नदी किनारे गुड़ाखू करने गए गेंदलाल का पैर फिसल गया था, जिसके बाद वह तेज बहाव में बह गए।
पुलिस और गोताखोरों ने बुधवार को तलाश की, लेकिन तेज बहाव और भंवर के कारण उनका पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में उनका शव मिला। घटना पाली थाना क्षेत्र की है।
वहीं, जिले में पिछले सात दिनों से बारिश हो रही है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में पानी भर गया है।
खारुन नदी में बहे ग्रामीण का शव निकालते नगर सेना की गोताखोर टीम।
मृतक की पहचान ग्राम बिजराभवनारा, बतरा पंचायत निवासी गेंदलाल (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह गेंदलाल नदी किनारे गुड़ाखू करने गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वे नदी में गिर गए और तेज बहाव में बह गए।
नदी के भंवर में फंसा ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही पाली पुलिस और नगर सेना की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव और नदी में बने भंवर के कारण बुधवार देर शाम तक गेंदलाल का पता नहीं चल सका। इसके बाद तलाश अभियान रोक दिया गया।
झाड़ियों में गेंदलाल का शव फंसा मिला
झाड़ियों में मिला शव
गुरुवार सुबह परिजन और ग्रामीण फिर से नदी किनारे पहुंचे और तलाश शुरू की। करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में गेंदलाल का शव फंसा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। आशंका है कि गेंदलाल भंवर में फंस गए थे। तेज बहाव के कारण बचाव दल को भी तलाश के दौरान काफी परेशानी हुई।
बताया गया है कि गेंदलाल का नदी के दोनों किनारों पर आना-जाना था। नदी के ऊपर एक बांध बना हुआ है, जबकि नीचे की ओर लोगों के आने-जाने के लिए रास्ता है।
कोरबा 20 अगस्त 2026। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 839.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील अजगरबहार में 738.4, कोरबा 1057.1 मिलीमीटर, भैंसमा, 820.2, करतला 821.3, बरपाली 783, कटघोरा 839.7 दीपका 915.6, दर्री 963, पाली 892.1, हरदीबाजार 636.8, पोंड़ी-उपरोड़ा 857.4, और पसान तहसील में 745.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 21.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
हर माह की उपस्थिति भी पोर्टल पर होगी प्रदर्शित, पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
कोरबा 20 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा संचालित आश्रम-छात्रावासों में निवासरत छात्र-छात्राओं की जानकारी को सार्वजनिक किया जाएगा। विभाग द्वारा छात्रावास-आश्रम प्रबंधन प्रणाली पोर्टल पर पंजीकृत समस्त विद्यार्थियों की जानकारी पोर्टल के होम पेज पर प्रदर्शित करने का निर्णय लिया गया है। कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर द्वारा यह पहल आश्रम-छात्रावासों के संचालन में पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। विभागीय पोर्टल hmstribal.cg.nic.in के माध्यम से “विद्यार्थी उपस्थिति रिपोर्ट” मेन्यू पर क्लिक कर संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त संस्थाओं तथा विशिष्ट संस्थाओं सहित सभी संबंधित संस्थाओं में प्रवेशित छात्र-छात्राओं की जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही प्रत्येक माह की विद्यार्थियों की उपस्थिति भी आगामी माह की 10 तारीख तक पोर्टल पर अपडेट एवं प्रदर्शित की जाएगी। इसी पोर्टल के “नया क्या है” टैब के माध्यम से शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत लाभान्वित छात्र-छात्राओं की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी। विभाग की इस पहल से विद्यार्थियों से संबंधित जानकारी आमजन के लिए सहज रूप से उपलब्ध होगी तथा आश्रम-छात्रावासों के संचालन एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।