Connect with us

कोरबा

महतारी वंदन योजना ने कृष्णा कुर्रे को दिया आर्थिक संबल, बचत से शुरू किया अपना ब्यूटी पार्लर

Published

on

कोरबा 30 सितम्बर 2026। किसी अपने काम की शुरुआत का सपना हो और उसे पूरा करने के लिए लगातार बचत का अवसर मिले, तो छोटी-सी आर्थिक सहायता भी नई राह खोल सकती है। कोरबा निवासी श्रीमती कृष्णा कुर्रे के लिए महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित राशि इसी दिशा में उपयोगी सहारा बनी। उन्होंने हर महीने प्राप्त राशि में से बचत करते हुए अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। आज यह काम उनके लिए आमदनी का साधन बनने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में सहयोग कर रहा है।
लाभार्थी श्रीमती कृष्णा कुर्रे बताती हैं कि पहले उनके पास स्वयं का कोई व्यवसाय नहीं था। घरेलू जिम्मेदारियों के बीच अपनी आमदनी का अलग साधन तैयार करना आसान नहीं था। ब्यूटी पार्लर शुरू करने की इच्छा थी, इसके लिए आवश्यक सामान और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पूंजी जुटाना उनके सामने चुनौती थी।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से नियमित आर्थिक सहायता मिलने लगी तो कृष्णा ने राशि को खर्च करने के साथ भविष्य के लिए बचत करने का निर्णय लिया। उन्होंने हर महीने मिलने वाली राशि को धीरे-धीरे जमा किया और आवश्यक संसाधन जुटाकर अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। छोटे स्तर से शुरू किया गया यह काम अब उनकी आर्थिक गतिविधि का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
कृष्णा कुर्रे अपने अनुभव साझा करते हुए कहती हैं, “पहले अपना कोई काम नहीं था। ब्यूटी पार्लर शुरू करने की इच्छा थी, इसके लिए पैसे जुटाना कठिन लग रहा था। महतारी वंदन योजना से हर महीने राशि मिलने लगी तो मैंने उसे थोड़ा-थोड़ा बचाना शुरू किया। इसी बचत से जरूरी सामान जुटाकर अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। अब अपने काम से आमदनी हो रही है और आर्थिक स्थिति में सुधार महसूस कर रही हूं।”
वे आगे कहती हैं, “योजना की राशि ने मुझे अपने लिए कुछ करने का अवसर दिया। अब मैं अपना काम कर रही हूं और आगे इसे और बढ़ाने की इच्छा है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ऐसी योजनाओं की बहुत आवश्यकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय  को मैं धन्यवाद देती हूं कि महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग देने वाली महतारी वंदन योजना से मुझे भी अपने सपने को काम में बदलने का अवसर मिला।”
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी आय के अवसर बढ़ाने की दिशा में शासन द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित सहायता महिलाओं को अपनी जरूरतों के साथ बचत, छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दे रही है।

Continue Reading

कोरबा

तोते के पिंजरे में घुसा 5 फीट का नाग:कोरबा में एक तोते का शिकार कर चुका था, दूसरे की बचाई जान, सुरक्षित रेस्क्यू

Published

on

कोरबा । कोरबा के मिशन रोड में एक परिवार के लिए दिन की शुरुआत डर और दुख के साथ हुई। परिवार जब अपने पालतू तोतों को देखने पिंजरे के पास पहुंचा तो अंदर करीब 5 फीट लंबा नाग फन फैलाए बैठा था। पिंजरे में मौजूद दूसरा तोता जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था।

पिंजरे में फन फैलाए बैठे नाग का रेस्क्यू - Dainik Bhaskar

पिंजरे में फन फैलाए बैठे नाग का रेस्क्यू

परिवार ने बताया कि उन्होंने दो तोतों को लंबे समय से बच्चे की तरह पाल रखा था। पिंजरे के अंदर देखने पर पता चला कि नाग एक तोते का शिकार कर चुका था। अपने पालतू को इस तरह खोने से परिवार भावुक हो गया, जबकि दूसरे तोते की जान भी खतरे में थी।

बाद में प्राकृतिक रहवास में छोड़ा गया

बाद में प्राकृतिक रहवास में छोड़ा गया

छोटे पिंजरे में फन फैलाए बैठा था नाग

परिवार ने तुरंत नोवा नेचर फाउंडेशन के वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी। जानकारी मिलते ही उन्होंने टीम सदस्य बॉबी श्रीवास को मौके पर भेजा।

बॉबी ने मौके पर पहुंचकर सावधानी से रेस्क्यू शुरू किया। पिंजरा छोटा था और नाग फन फैलाए हुए था, ऐसे में सांप को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद टीम ने सुरक्षित तरीके से नाग को रेस्क्यू कर लिया।

शरीर पर मिले संघर्ष के निशान

रेस्क्यू के दौरान नाग के शरीर पर संघर्ष के निशान भी दिखाई दिए। इससे अंदाजा लगाया गया कि शिकार बना तोता अपनी जान बचाने के लिए काफी देर तक संघर्ष करता रहा होगा। नाग को सुरक्षित रेस्क्यू बैग में रखने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। बाद में वन विभाग के नियमानुसार नाग को उसके प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

बोले- सांप का कोई दोष नहीं

नोवा नेचर फाउंडेशन के जितेंद्र सारथी ने कहा कि परिवार के लिए अपने पालतू तोते को खोना बेहद दुखद है। लेकिन प्रकृति के नजरिए से देखें तो यह फूड चेन और इकोसिस्टम का हिस्सा है। सांप अपना भोजन तलाशते हुए पिंजरे में घुसा था, इसलिए इसमें सांप का कोई दोष नहीं है।

Continue Reading

कोरबा

मॉनिटरिंग सेल एवं नेशनल लोक अदालत संबंधी बैठक आयोजित

Published

on

कोरबा 30 सितंबर 2026। मॉनिटरिंग सेल एवं नेशनल लोक अदालत के संबंध में कोरबा जिले के अधिकारियों का बैठक सम्पन्न हुआ। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, श्रीमती नीता यादव की अध्यक्षता में मॉनिटरिंग सेल एवं नेशनल लोक अदालत की तैयारी के लिए जिला न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती गरिमा शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा, सुश्री मयुरा गुप्ता, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, कु0 डिम्पल, जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी व पी.डब्लू.डी. विभाग की ओर से अधिकारीगण उपस्थित रहे। मॉनिटरिंग सेल की बैठक में न्यायालय से संबंधित भवन निर्माण कार्यो की प्रक्रिया शीघ्रता से करने हेतु प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा कलेक्टर को निर्देश दिए गये तथा विधिक जागरूकता शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु संबंधित विभागों के साथ कैंप लगवाये जाने हेतु संबंधित विभाग को सामंजस्य स्थापित करने हेतु निर्देशित किये जाने के संबंध में चर्चा की गई। नेशनल लोक अदालत 12 दिसंबर 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत में राजस्व मामलों को अधिक से अधिक संख्या में रखकर मामलों को निपटारा करने हेतु निर्देशित किया गया साथ ही पुलिस विभाग को ट्रैफिक चालान को नेशनल लोक अदालत में रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया।

Continue Reading

कोरबा

राष्ट्रीय बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत विश्व वयोवृद्ध दिवस पर इंदिरा गाँधी स्टेडियम टी.पी. नगर कोरबा में  स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कल

Published

on

कोरबा 30 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस.एन.केशरी के नेतृत्व में दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को विश्व वयोवृद्ध दिवस पर इंदिरा गाँधी ऑडिटोरियम खेल परिसर टीपी नगर कोरबा में दोपहर 2.00 बजे से स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, नगर निगम  तथा राजस्व विभाग के सहयोग से राष्ट्रीय बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत  विभीन्न बिमारियों की स्क्रीनिंग हेतु स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।  
इस शिविर में मुख्य रूप से वयोवृद्ध लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जॉंच जैसे बीपी,शुगर, मुख जॉंच, कान की जॉंच तथा अन्य बिमारियों की जॉंच किया जावेगा तथा निःशुल्क दावा का वितरण किया जायेगा।
  कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के  जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील किया है कि वे अपने घर एवं क्षेत्र के अधिक से अधिक संख्या में वयोवृद्ध लोगों को शिविर में जॉच हेतु भेजें जिससे उनका स्वास्थ्य परीक्षण हो सके।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677