Connect with us

कोरबा

माँ ने लगाई फांसी, बेटे की मौत का था सदमा:कोरबा के रानी रोड की घटना, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

Published

on

कोरबा। कोरबा शहर के पुरानी बस्ती स्थित रानी रोड क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला गीता तंवर उर्फ गीता बाई कंवर की घर में फंदे पर लटकी हुई लाश मिली। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महिला के बेटे की दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अकेले रह रही थी और बेटे को याद कर अक्सर दुखी रहती थी।

पड़ोसियों ने घर में देखा शव

मिली जानकारी के अनुसार, गीता तंवर पुरानी बस्ती के रानी रोड क्षेत्र में रहती थी। बताया जा रहा है कि उसने घर के सामने वाले कमरे में साड़ी से फंदा लगाया था। काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने अंदर देखा तो महिला फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

बेटे की मौत के बाद से रहती थी गुमसुम

परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक, दो साल पहले बेटे की मौत के बाद से महिला दुखी रहती थी। दीपावली के दौरान भी उसने बेटे के बिना घर सूना लगने की बात कहते हुए अपनी परेशानी जाहिर की थी। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रानी रोड क्षेत्र में गीता बाई कंवर की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि महिला के बेटे की दो साल पहले मौत हो गई थी और इसके बाद से वह अकेली रह रही थी।

सीएसपी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। परिजन बेटे की मौत के सदमे को घटना की वजह बता रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Continue Reading

कोरबा

चलती बस के गियर बॉक्स में लगी आग:कोरबा से बिलासपुर जा रही थी, धुआं भरते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा तहसील चौक के पास चलती यात्री बस के गियर बॉक्स में अचानक आग लग गई। धुआं उठते ही बस के केबिन में धुआं भर गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

ड्राइवर ने तुरंत बस सड़क किनारे रोकी और सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया। बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। यह घटना कटघोरा तहसील चौक की है।

गियर बॉक्स से उठने लगा धुआं

जानकारी के मुताबिक, यादव ट्रेवल्स की बस कोरबा से बिलासपुर जा रही थी। कटघोरा तहसील चौक के पास पहुंचते ही गियर बॉक्स से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में केबिन में धुआं भर गया। धुएं की गंध आते ही यात्री घबरा गए और बस में चीख-पुकार मच गई।

चालक ने तुरंत रोकी बस, सभी यात्रियों को उतारा

स्थिति को भांपते हुए चालक ने बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को तत्काल नीचे उतरने के लिए कहा। घबराए यात्री जल्दबाजी में बस से बाहर निकले। गनीमत रही कि आग गियर बॉक्स तक ही सीमित रही और पूरी बस उसकी चपेट में नहीं आई।

15 मिनट तक सुलगता रहा गियर बॉक्स

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। स्थानीय लोगों के साथ चालक और परिचालक ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।

दूसरी बस से बिलासपुर भेजे गए यात्री

हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को दूसरी बस से बिलासपुर के लिए रवाना किया गया। बस में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

Continue Reading

कोरबा

कुसमुंडा के बंद SLRM सेंटर के कचरे में आग लगी:दमकल ने आग बुझाई, आवासीय कॉलोनी तक पहुंच सकती थीं लपटें

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित एसएलआरएम (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन) सेंटर में मंगलवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर आसपास की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले एसईसीएल कर्मचारियों और उनके परिवारों में दहशत फैल गई।

गनीमत रही कि सूचना मिलते ही एसईसीएल की दमकल टीम मौके पर पहुंच गई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो लपटें आवासीय मकानों तक पहुंच सकती थीं।

आदर्श नगर में मंगलवार रात हादसा

आदर्श नगर में मंगलवार रात हादसा

लंबे समय से बंद सेंटर में जमा था कचरे का अंबार

मिली जानकारी के अनुसार, एसएलआरएम सेंटर का निर्माण कचरा संग्रहण और पुनर्चक्रण के लिए किया गया था, लेकिन यह लंबे समय से बंद पड़ा है।

रखरखाव के अभाव में सेंटर के अंदर और बाहर बड़ी मात्रा में सूखा कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट जमा हो गया था। मंगलवार रात इसी कचरे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें दूर से दिखाई देने लगीं।

पूर्व पार्षद की सूचना पर पहुंची दमकल टीम

आग लगते ही स्थानीय निवासियों ने पूर्व पार्षद शाहिद कुजूर को सूचना दी। उन्होंने तत्काल एसईसीएल के उच्च अधिकारियों और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद एसईसीएल की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

एसईसीएल की दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू

एसईसीएल की दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू

बिजली की लाइन से चिंगारी निकलने की आशंका

पूर्व पार्षद शाहिद कुजूर ने बताया कि सेंटर लंबे समय से बंद है और वहां कचरे का अंबार लगा हुआ है। आशंका है कि पास से गुजर रही बिजली की लाइन से निकली चिंगारी या किसी अन्य कारण से कचरे में आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पास में ही है एसईसीएल कर्मचारियों की कॉलोनी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, एसएलआरएम सेंटर के ठीक बगल में एसईसीएल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी है। ऐसे में आग की लपटें मकानों तक पहुंचने का खतरा था।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से कॉलोनी पर मंडरा रहा खतरा टल गया।

Continue Reading

कोरबा

वोट बचाओ – देश बचाओ:बालको में जन-चौपाल लगाकर कांग्रेेसियों ने मतदाताओं को मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक

Published

on

कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के नेतृत्व में वोट बचाओ – देश बचाओ अभियान के तहत आज परसाभांठा कांजीहाउस बालको में जन-चौपाल लगाकर मतदाताओं को मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि वोट बचाओ – देश बचाओ केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं है बल्कि लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की रक्षा और प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण जन अभियान है। इस अभियान को कांग्रेस सदस्यों के साथ-साथ आम नागरिकों को सक्रियता के साथ आगे बढ़ाते हुए उद्देश्य तक पहुंचाना होगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद पालीवाल, जिला उपाध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, ए. डी. जोशी, मंडल अध्यक्ष देवी दयाल सोनी, बुद्धेश्वर चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, पार्षद एवं अजा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण लाल कुर्रे, जिला महामंत्री गिरधारी बरेठ, एफडी मानिकपुरी, जेपी नामदेव, सुखनंदन सोनकर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पार्षद बद्री किरण, रवि खूंटे, मोहम्मद यासीन, रामनारायण यादव, अजीत बर्मन, एससी ओगरे, सायदा खान, शांति यादव, धनाराम चंद्रा ने भी संबोधित किया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677