कोरबा
चलती बस में नवविवाहिता ने बच्चे को जन्म दिया:कोरबा से पटना जा रही राजहंस बस में हुआ प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
कोरबा। कोरबा से पटना जा रही राजहंस बस में सफर के दौरान एक नवविवाहिता ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। झमाझम बारिश के बीच बस में मौजूद महिला यात्रियों और बस स्टाफ की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया गया। मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा निवासी सुनती देवी अपने पति के साथ राजहंस बस से पटना जा रही थीं। यह उनका पहला बच्चा है। रात करीब 11 बजे बस अंबिकापुर से आगे पहुंची ही थी कि उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।

बारिश के बीच सड़क किनारे रोकी गई बस
दर्द बढ़ने पर बस चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। तेज बारिश के बीच बस में मौजूद सुनती देवी नाम की एक अन्य महिला यात्री और दूसरी महिलाओं ने मिलकर प्रसव कराया। करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

यात्रियों ने दी बधाई, आर्थिक मदद भी की
बच्चे के जन्म के बाद बस में सवार 30 से 35 यात्रियों ने नवदंपती को बधाई दी। सभी यात्रियों ने अपनी इच्छा से पैसे इकट्ठा कर परिवार की आर्थिक मदद भी की।
बलरामपुर अस्पताल में कराया गया भर्ती
करीब आधे घंटे बाद बस बलरामपुर पहुंची। वहां प्रसूता और नवजात को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर मदद मिलने से किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
कोरबा से पटना जा रही थी महिला
परिजनों के मुताबिक, सुनती देवी ने प्रेम विवाह किया था और वह कोरबा से अपने ससुराल पटना जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। यात्रियों और बस स्टाफ की समय पर मदद से सुरक्षित प्रसव हो सका।
यात्रियों ने पेश की इंसानियत की मिसाल
इस घटना के बाद बस में मौजूद यात्री भावुक हो गए। उनका कहना था कि तेज बारिश और रात के अंधेरे के बावजूद सभी ने मिलकर जिस तरह महिला की मदद की, वह इंसानियत की एक अच्छी मिसाल है। फिलहाल मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।

कोरबा
260.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
कोरबा। कोरबा जिले में एक जून से 07 जुलाई तक कुल 260.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील कोरबा में 285.7 मिलीमीटर, अजगरबहार 221.7, भैंसमा, 257.2, करतला 179.3, बरपाली 234.1, कटघोरा 308.7, दीपका 324.6, दर्री 309.4, पाली 301.6, हरदीबाजार 234.6, पोंड़ी-उपरोड़ा 303.8, और पसान तहसील में 165 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

कोरबा
नशा मुक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक
जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने अभियान चलाने दिए निर्देश
अवैध नशा मुक्ति केंद्रों पर कार्रवाई करने व ग्रामीण क्षेत्रो में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने हेतु किया निर्देशित’
नशा मुक्ति केंद्र का निर्धारित क्षमता अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने दिए निर्देश
कोरबा। जिले में नशा मुक्त वातावरण तैयार करने तथा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए नशे की रोकथाम, जनजागरूकता तथा तंबाकू नियंत्रण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देबेन्द्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों में तंबाकू निषेध संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएं तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नशीले सामग्रियों की डिलीवरी पर रोक लगाने हेतु जिले के सभी कुरीयर डिलीवरी एजेंसियों की भी बैठक लेकर उन्हें इस सम्बंध में प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को विकासखंड स्तर पर नशा मुक्ति जागरूकता अभियान संचालित करने तथा भारत वाहिनी की इकाइयों को सक्रिय रूप से अभियान से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करना इस अभियान की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में जिले के नशा मुक्ति केंद्र का निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध रूप से संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जागरूकता गतिविधियां संचालित करने निर्देशित किया।

कोरबा
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण व सुरक्षित यातायात के लिए कलेक्टर व एसपी ने ली सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक
सुरक्षित एवं सुगम यातायात के लिए विभागों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
दुर्घटना संभावित व चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता से सुरक्षा संबंधी सुधार कार्य कराने हेतु किया निर्देशित
स्कूल-कॉलेज में व्यापक स्तर पर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के दिए निर्देश
सड़क सुरक्षा कार्यों में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों की तय होगी जवाबदेहीः- कलेक्टर
ओवरस्पीडिंग व नशे में वाहन चलाने वालों पर अभियान चलाकर करें कार्रवाईः- एसपी
कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात नियमों के बेहतर पालन सुनिश्चित करने कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों तथा आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों एवं निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभागीय समन्वय, सतत निगरानी एवं समयबद्ध कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विभागों द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सड़क किनारे झाड़ियों की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के तीव्र मोड़ों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर एवं क्रैश बैरियर स्थापित कर यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमित जांच एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का कड़ाई से पालन कराने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

सड़क सुरक्षा हेतु सौपे गए कार्यों में लापरवाही बरतने पर पीडब्ल्यूडी विभाग को नोटिस जारी
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के भैंसमा स्कूल से सक्ती मोड़, बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग, दीपका-झाबर रोड, दीपका थाना चौक सहित अन्य स्थानों पर सड़क निर्माण, जंक्शन सुधार, रंबल स्ट्रिप एवं संकेतक बोर्ड लगाने जैसे सौपे गए कार्यों में लोक निर्माण विभाग द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
शराब पीकर वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक
सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीड वाहन संचालन, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी विशेष अभियान संचालित कर कार्यवाही करने के लिए कहा।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिला शिक्षा अधिकारी को परिवहन एवं यातायात विभाग के समन्वय से प्रत्येक सप्ताह स्कूलों एवं कॉलेजों में व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनसीसी, स्काउट-गाइड तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों की सहभागिता से हेलमेट रैली, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा प्रत्येक माह उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मासिक बैठक में सम्मानित कराने के निर्देश दिए। साथ ही संस्थानों के लिए वार्षिक गतिविधि कैलेंडर तैयार करने, सड़क सुरक्षा विषयक बुकलेट तैयार कर सभी विद्यालयों में वितरित करने तथा विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों में पीएम राहत योजना के संबंध व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने एवं विभागीय कर्मचारियों को आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षण प्रदान के निर्देश भी दिए। साथ ही राहवीर योजना के संबंध में भी आमजनों में जागरूकता हेतु प्रभावी कार्य करने के लिए कहा।
बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल,एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण कुमार किरण, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।

-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़3 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
