प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 अंतर्गत निगम क्षेत्र में ’’मोर जमीन-मोर मकान ’’ बी.एल.सी. घटक अंतर्गत वर्तमान में 2232 हितग्राहियों को स्वीकृत हुए आवासगृह
कोरबा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आज निगम कार्यालय साकेत में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 ’’ मोर जमीन-मोरी मकान ’’ बी.एल.सी. घटक के 127 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं भवन निर्माण अनुमति पत्र प्रदान किया, इस मौके पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय भी उपस्थित थे। महापौर श्रीमती राजपूत एवं आयुक्त पाण्डेय ने हितग्राहियों को बधाई व शुभकामनाएं दी तथा समयसीमा में मकानों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर निर्माण कार्य पूर्ण करने की सलाह दी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत ’’ मोर जमीन-मोर मकान ’’ बी.एल.सी. घटक अंतर्गत नगर निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत वर्तमान में 2232 नए हितग्राहियों को आवासगृहों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। आज नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभा कक्ष में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में 127 हितग्राहियों को आवासगृहों के स्वीकृति पत्र व भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र प्रदान किया। इस मौके पर महापौर श्रीमती राजपूत ने हितग्राहियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिल से साधुवाद है कि उन्होने समाज के सभी वर्ग के लोगों के साथ-साथ विशेष रूप से गरीब, निर्धन व आर्थिक रूप से पिछडे़ हुए लोगों के उत्थान के लिए, उनका जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के परिणाम स्वरूप देश के करोड़ों लोगों को पक्के मकान मिल चुके हैं तथा करोड़ों लोगों को आगे भी पक्के व सर्वसुविधायुक्त मकान मिलेंगे, जिससे देश का कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं रहेगा, जिसके पास अपना खुद का पक्का मकान न हों। महापौर श्रीमती राजपूत ने आगे कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सत्ता की बागडोर संभालते ही छत्तीसगढ़ के 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति दी थी, उन्हें साधुवाद है कि उनके द्वारा मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के अंतर्गत 32850 रूपये की अतिरिक्त राशि ऐसे हितग्राहियों को दी जा रही है, जिनके द्वारा 18 माह के अंदर भवन का निर्माण कार्य पूरा किया जावेगा। उन्होने हितग्राहियों से कहा कि आपके वार्ड पार्षद व निगम के अधिकारी आपका पूरा सहयोग करेंगे, आप समय-समय पर अपनी समस्याएं उन्हें अवश्य बताएं।
निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर, पूर्ण करें
इस मौके पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने उपस्थित हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि आप लोग मकान का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करें तथा समयसीमा में मकान का निर्माण करा लें ताकि मुख्यमंत्री गृह प्रवेश योजना के अंतर्गत 32850 रूपये की मिलने वाली अतिरिक्त राशि भी आपको प्राप्त हो सके। आयुक्त पाण्डेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की समग्र जानकारी भी हितग्राहियों को दी तथा उनसे कहा कि निगम प्रशासन की ओर से सभी हितग्राहियों को पूरा सहयोग मिलेगा, आपको समय पर किश्त राशि का भुगतान प्राप्त हो, यह सुनिश्चित कराया जाएगा।
मकान निर्माण हेतु मिलेंगे ढाई लाख रूपये
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 अंतर्गत हितग्राहियों को आवासगृह निर्माण हेतु शासन से 02 लाख 50 हजार रूपये की राशि प्राप्त होगी, जो चार किश्तों में दी जाएगी, प्रथम किश्त में 63 हजार रूपये, द्वितीय किश्त में 87 हजार रूपये, तृतीय किश्त में 65 हजार रूपये एवं चतुर्थ किश्त में 35 हजार रूपये की राशि हितग्राहियों को प्राप्त होगी, इसके अतिरिक्त 18 माह के अंदर उनके द्वारा आवासगृह का निर्माण पूर्ण कर लेने पर छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजनांतर्गत 32850 रूपये की अतिरिक्त राशि भी हितग्राहियों केा मिलेगी।
इस अवसर पर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता व नोडल अधिकारी सुरेश बरूआ, सहायक नोडल अधिकारी रूचि साहू, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, प्रधानमंत्री आवास योजना के सी.एल.टी.सी. धवल शर्मा, हर्ष छत्रवाणी, अंकुश पाटकर, अमन शर्मा, पी.एम.सी.टीम लीडर शशिकांत साहू, प्रभात धीमर, हनीफ खान आदि के साथ हितग्राहीगण व अन्य लोग उपस्थित थे।
कोरबा। कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी, जिला कोरबा द्वारा जिला खनिज न्यास मद अंतर्गत पैरामेडिकल स्टॉफ के पद पर भर्ती हेतु विज्ञापन प्रकाषित कर आवेदन आमंत्रित किया गया था। कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार विज्ञापित पद पर प्राप्त आवेदन के आधार पर स्टॉफ नर्स, डेªसर, ग्रामीण स्वास्थय संयोजक महिला एवं ग्रामीण स्वास्थय संयोजक पुरूष के पद पर पात्र/अपात्र की सूची कार्यालयीन सूचना पटल पर चस्पा तथा कोरबा जिले के शासकीय वेबसाईट www.korba.gov.in मे सर्व संबंधितों के अवलोकनार्थ एवं दावा आपत्ति हेतु अपलोड़ कर दिया गया है। सूची के समस्त कॉलमों का उम्मीद्वारों द्वारा सूक्ष्म अवलोकन कर दावा आपत्ति कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी में 31 अगस्त 2026 समय 5ः00 बजे तक मय आवश्यक दस्तावेज सहित प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात् किसी भी प्रकार का दावा आपत्ति स्वीकार नही किया जायेगा। निर्धारित समय पर प्राप्त दावा आपत्ति का नियमानुसार निराकरण कर पृथक से दावा आपत्ति निराकरण सूची एवं पात्र सूची कार्यालयीन सूचना पटल पर चस्पा तथा उक्त वेबसाईट पर अपलोड किया जायेगा।
स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का होगा आयोजन
कोरबा। जिले में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह फुटबॉल ग्राउंड सीएसईबी कोरबा(पूर्व) में आयोजित होगा। प्रातः 08ः59 बजे मुख्य अतिथि का समारोह स्थल पर आगमन होगा। प्रातः 09 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, प्रातः 09ः01 बजे सलामी एवं राष्ट्रगान, प्रातः 09ः03 बजे से 09.12 बजे तक मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण एवं हर्ष फायर, 09ः12 बजे से 09.25 तक परेड का मार्च पास्ट, 09.25 से 09.27 बजे परेड की समीक्षा एवं सलामी, 09.27 तक 09.47 बजे तक मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, 09ः47 से 09.50 बजे रंगीन गुब्बारा उड़ाना, 09.50 से 10.05 बजे परेड का प्रस्थान एवं परेड कमाण्डरों का परिचय, 10ः05 से 10.10 बजे मुख्य अतिथि के साथ परेड कमाण्डरों की छायाचित्र, 10.10 से 10.15 बजे शहीद परिवारों का सम्मान,10.15 से 10.45 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 10.45 से 11 बजे सम्मान/पुरस्कार वितरण, प्रातः 11 से 11.10 बजे आभार प्रदर्शन एवं कार्यक्रम का समापन होगा।
कोरबा। भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के अंतर्गत पूर्व शिक्षण की मान्यता के लिए जिला लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा में 5 दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए पूर्व से संबंधित व्यवसाय में कुशल अथवा कार्यरत व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रशिक्षण के लिए सोलर इंस्टॉलर (सूर्यमित्र) में 150 सीट, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन में 150 सीट, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट में 120 सीट, जल वितरण संचालक (नल जल मित्र) में 180 सीट, असिस्टेंट मेसन में 120 सीट तथा सिक्यूरिटी गार्ड में 120 सीट निर्धारित हैं। प्रत्येक प्रशिक्षण की अवधि 5 दिवस (30 घंटे) होगी। प्रशिक्षण के लिए आयु सीमा 15 से 59 वर्ष रखी गई है। प्रशिक्षण के दौरान हितग्राहियों को संबंधित कोर्स की सामान्य जानकारी दी जाएगी। इसके पश्चात राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा तृतीय पक्ष मूल्यांकन के आधार पर संबंधित कोर्स में प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण में 100 प्रतिशत आधार आधारित फेस उपस्थिति अनिवार्य होगी।