रायपुर : छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री आवास योजना में रचा राष्ट्रीय कीर्तिमान: चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 में मात्र 10 माह 4 दिवस की अवधि में छत्तीसगढ़ में देश में सर्वाधिक 5 लाख प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण पूर्ण
प्रधानमंत्री आवास केवल मकान नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की नींव हैं – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर सुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और परिणामोन्मुख प्रशासन का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की पहली ही बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया था। निर्णय के परिपालन में राज्य के सभी जिलों के सतत, संगठित एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है।चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 में मात्र 10 माह 4 दिवस की अवधि में छत्तीसगढ़ में देश में सर्वाधिक 5 लाख प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण पूर्ण किया गया है। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि योजना के प्रारंभ से अब तक पहली बार छत्तीसगढ़ ने किसी एक वित्तीय वर्ष में 5 लाख आवासों के निर्माण का रिकॉर्ड कायम किया है। मानसून अवधि सहित औसतन प्रतिदिन 1,600 से अधिक आवासों का निर्माण कर राज्य ने समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और लक्ष्यबद्ध कार्य निष्पादन की नई मिसाल कायम की है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जिलों की सक्रिय भागीदारी और स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मक कार्य संस्कृति इस उपलब्धि का मजबूत आधार बनी है। इस क्रम में बिलासपुर जिले में 29 हजार 235, महासमुंद में 27 हजार 224, बलरामपुर में 27 हजार 12, कोरबा में 26 हजार 839 तथा रायगढ़ जिले में 26 हजार 707 आवासों का निर्माण पूर्ण कर इन जिलों ने राज्य की समग्र उपलब्धि में अग्रणी भूमिका निभाई है।इसके अतिरिक्त मस्तूरी, आरंग, डभरा, बिल्हा, पाली एवं जैजैपुर जनपद पंचायतों द्वारा भी 7,500 से अधिक प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण कर उल्लेखनीय योगदान दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आवास निर्माण के साथ-साथ आजीविका सृजन को भी समान प्राथमिकता दी गई है। महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हजारों महिलाओं ने सीएलएफ बैंक से ऋण लेकर निर्माण सामग्री आपूर्ति का कार्य प्रारंभ किया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। इस पहल के परिणामस्वरूप 8,000 से अधिक महिलाएँ ‘लखपति दीदी’ के रूप में आत्मनिर्भर बनकर उभरी हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से राजमिस्त्री प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक जिलों में स्थित आरसेटी के माध्यम से 6,000 से अधिक हितग्राहियों को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें 960 से अधिक महिलाएँ तथा 292 से अधिक आत्मसमर्पित नक्सली शामिल हैं। यह पहल कौशल विकास के साथ-साथ सामाजिक पुनर्वास और मुख्यधारा से जुड़ाव का प्रभावी माध्यम बन रही है।
आवास हितग्राहियों की निजी भूमि पर महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत आजीविका संवर्धन हेतु विभिन्न कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनके तहत वर्तमान में प्रदेश में 10,000 से अधिक आजीविका डबरियों का निर्माण प्रगतिरत है।
इस प्रकार छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से न केवल आवासों का तीव्र गति से निर्माण सुनिश्चित किया जा रहा है, बल्कि इनके साथ-साथ स्थायी आजीविका के अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं, जो राज्य के समावेशी, संतुलित एवं सतत विकास को सुदृढ़ आधार प्रदान कर रहे हैं।
“प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष 2025 -26 में मात्र 10 माह की अवधि में छत्तीसगढ़ में 5 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण होना, जो देश में सर्वाधिक है, छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। मैंने प्रथम कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का निर्णय इसलिए लिया, ताकि राज्य का कोई भी गरीब और जरूरतमंद परिवार पक्के घर से वंचित न रहे। यह उपलब्धि राज्य सरकार की स्पष्ट नीति, प्रशासनिक समन्वय और जमीनी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है। मेरे लिए प्रधानमंत्री आवास केवल एक मकान नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार हैं, और इनके माध्यम से आजीविका के अवसर सृजित कर हम छत्तीसगढ़ को समावेशी और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।”
–
“प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ द्वारा 5 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण करना राज्य की प्रशासनिक क्षमता, मजबूत निगरानी व्यवस्था और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन का स्पष्ट प्रमाण है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर देने के लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आवास निर्माण के साथ-साथ आजीविका, कौशल प्रशिक्षण और महिला सशक्तिकरण को जोड़कर योजना को समग्र विकास का माध्यम बनाया गया है। यह राष्ट्रीय कीर्तिमान छत्तीसगढ़ की सुशासन पर आधारित विकास नीति की सफलता को दर्शाता है।
हम सब जीतना चाहते हैं। हर बहस में, हर झगड़े में, हर बात में, हमें लगता है कि हम ही सही हैं और सामने वाला गलत है। इसी वाद-विवाद में मन मुटाव भी बढ़ता है और रिश्ते कमजोर पड़ जाते हैं। हम जीतने के लिए आखिरी दम तक लड़ते हैं। पर क्या आपने कभी सोचा है, बहस जीत कर हम क्या हार जाते है? हम जीत जाते हैं, पर रिश्ता हार जाता है। जीवन में रिश्ता बहुत अनमोल है, रिश्ते के लिए यदि आप हार भी जाते हैं, तो यह आपकी बहुत बड़ी जीत है, क्योंकि आपकी हार से रिश्ता जीत जाता है। आज के व्यस्त जीवन में लोगों के पास न तो खुद के लिए समय है, ना ही रिश्तों के लिए। आज पूरी दुनिया अर्थ कमाने के चक्कर में अंधी दौड़ में शामिल हो गई है। रिश्तों की अहमियत कम हो गई है और रिश्ता निभाने के लिए स्क्रिन ही एक माध्यम बचा है। जब कभी हम त्यौहार या अन्य कोई उत्सव या कार्यक्रम में पूरे परिवार के साथ मिलते हैं, तो कभी-कभी सम्पत्ति या किसी अन्य चीजों के लिए बहस कर बैठते हैं। परिवार में कोई भी सदस्य बहस में हारना नहीं चाहता, क्योंकि वह सोचता है कि वही सही है, बाकी सब गलत। इस अहम को लेकर परिवार के बीच तनाव इतना बढ़ जाता है कि परिवार टूटने की कगार पर पहुंच जाता है, ऐसे में परिवार को बचाने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। स्वयं पहल करें और रिश्ते को बचाने की कोशिश करें। बहस नहीं बल्कि चर्चा होनी चाहिए। बहस हो या चर्चा को आप परिवार के बीच इतना भी आगे ना बढ़ायें कि रिश्तों में मन मुटाव न आने पाए। बहस या चर्चा सकारात्मक होनी चाहिए, यदि बहस में कोई हारना नहीं चाहता, तो आप स्वयं हार मान लें क्योंकि आपकी हार में रिश्तों की जीत हो जाती है और यह हार किसी जीत से कम नहीं। पति-पत्नी की लड़ाई में अगर पति जीत भी गया, तो पत्नी का दिल टूट जाता है। यदि पत्नी जीत गई तो पति का मन टूट जाता है। जीत तो किसी एक की होती है, पर रिश्ते हार जाते हैं। हारना कमजोरी नहीं, प्रेम है रिश्तों में झुक जाना कमजोरी नहीं होती। जो पेड़ आंधी में झुक जाता है, वह बच जाता है और जो अकड़कर खड़ा रहता है, वह टूट जाता है। ठीक वैसे ही इंसान रिश्ते में थोड़ा झुक जाता है, तो वह रिश्ता बचा लेता है। मां-बाप जब बच्चों की छोटी-छोटी जिद मान लेते हैं, तो वे हारते नहीं हैं, वो प्यार जीतते हैं। पति जब कहता है- चलो तुम्हारी ही सही है! तो वो हार नहीं रहा होता, वो घर की शांति बचा रहा होता है। दोस्त जब बिना गलती के भी सॉरी कह देता है, तो वो छोटा नहीं हो जाता, बल्कि वो दोस्ती को बड़ा कर देता है। रिश्तों में जीतने वाले अकेले रह जाते हैं। जरा सोचिए! जो इंसान हमेशा सही साबित होना चाहता है, हमेशा अपनी बात मनवाना चाहता है, उसके साथ आखिर कौन रहना चाहेगा? धीरे-धीरे लोग उससे दूर होने लगते हैं। आखिर में उसके पास जीती हुई बहस रह जाती है, पर उसके साथ बैठने वाला कोई नहीं रहता। रिश्ते तर्क से नहीं, भावनाओं से चलते हैं। एक दूसरे के सम्मान करने से चलते हैं। एक दूसरे की बात सुनने और मानने से चलते हैं। रिश्तों मेें अहम सबकुछ खोखला कर देता है। परिवार में यदि आप ऊंचे ओहदे पर हैं, तो भी अहम ना लाएं और परिवार के सदस्यों को बराबर सम्मान दें। यदि आप पद मिलने के बाद रिश्तों को तुच्छ समझेंगे,तो वह दिन भी आएगा, जब आप रिटायर हो जाएंगे और आपको कोई पूछने वाला नहीं होगा। आप अकेले हो जाएंगे और जीवन फिर बोझि लगने लगेगा। कब हारना चाहिए? जब बात छोटी हो- कभी-कभी मनुष्य छोटी-छोटी कमियों को भी इगो हर्ट का मुद्दा बना लेता है और फिर यहीं से तनाव पैदा होता है। चाय में चीनी कम है, तो बहस, खाना थोड़ा ठंडा है, तो बहस। ऐसी छोटी-छोटी चीजों या बातों पर जीतने की जिद मत करो, मुस्कुराकर हार जाओ। जब सामने वाला अपना हो- मां, पिता, पत्नी, भाई, दोस्त ये सब अपने हैं। इनसे जीत कर क्या मिलेगा? इनसे हार जाओ तो सब कुछ मिल जाएगा। जब रिश्ता दांव पर हो अगर आपकी एक बात से रिश्ता टूट सकता है तो चुप हो जाना ही सबसे बड़ी जीत है। सच्ची जीत क्या है? सच्ची जीत वो है, जहां दोनों जीतें। थोड़ा आप झुकें, थोड़ा सामने वाला झुके और रिश्ता मुस्कुराकर जीत जाए। इसलिए याद रखिए, जिंदगी में हर जगह जीतना जरूरी है, कभी-कभी हार जाना भी सबसे बड़ी जीत होती है, क्योंकि बहस जीतने से ज्यादा जरूरी है, रिश्ता बचाना। जहां रिश्ता बच जाता है, वहां अहंकार हार जाता है। इति।
कोरबा। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने सकारात्मक पहल की है। कोरबा पॉवर लिमिटेड की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत आसपास के 15 शासकीय विद्यालयों को शिक्षण एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। इनमें 9 प्राथमिक, 4 माध्यमिक तथा 2 हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उनके शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है। अदाणी फाउंडेशन की ओर से बेंगचुल, दर्रानहठा, पथाडी, खोदडेल, न्यू पहंदा, ओल्ड पहंदा, रिसदिहापारा, सरगबुंदिया और धंधानी गांवों के विद्यालयों को विभिन्न प्रकार की सामग्री दी गई। इसमें सफेद एवं हरे रंग के दोहरे बोर्ड, बोर्ड मार्कर, चॉक, कक्षा घड़ियां और प्रार्थना सभा सहित विद्यालयीन आयोजनों के लिए ध्वनि यंत्र शामिल हैं। विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए कूड़ेदान भी उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों को बैग, ज्यामिति बॉक्स और कॉपियों का एक-एक सेट स्कूल किट के रूप में दिया गया। इस तरह कुल 172 विद्यार्थियों को स्कूल किट वितरित की गई।
खेल और मनोरंजक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उनमें खेल भावना विकसित करने के लिए सभी 15 विद्यालयों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खेल सामग्री प्रदान की गई। हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, टेनिस क्रिकेट बैट और गेंद, बैडमिंटन रैकेट, शटल कॉक, कैरम बोर्ड तथा शतरंज के सेट दिए गए। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। वहीं, प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए उनकी उम्र के अनुरूप विशेष खेल सामग्री दी गई। इसमें नरम फुटबॉल, रस्सी कूद, हुला हूप, सॉफ्ट कोन, छोटे कैरम बोर्ड, लूडो, रिंग टॉस और मिनी क्रिकेट सेट शामिल हैं। बच्चों के मनोरंजन और सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने के लिए सांप-सीढ़ी, शतरंज, स्मृति कार्ड, चित्र कार्ड और विभिन्न प्रकार की पहेलियां भी उपलब्ध कराई गईं।
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
दीपावली के अवसर पर मिले इस सहयोग की विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहना की। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि नई सामग्री से कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था बेहतर होगी और बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। विद्यालय प्रबंधन ने अदाणी फाउंडेशन की ओर से पहले किए गए सहयोगात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए फाउंडेशन और उसकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। अदाणी फाउंडेशन की यह पहल शासकीय विद्यालयों में बुनियादी शिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाने, खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने पटवारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के दिए निर्देश
वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों का परीक्षण कर समिति करेगी निराकरण की अनुशंसा
हड़ताल अवधि में हुई कार्यवाहियों के सम्बन्ध में होगा सहानुभूतिपूर्वक विचार
सकारात्मक चर्चा के बाद पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
रायपुर 22 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और सकारात्मक संवाद के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों की औपचारिक मुलाकात हुई । पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा करते हुए अपनी मांगों के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी समस्याओं को पूरे धैर्य और सहानुभूति के साथ सुना। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ से ही होना चाहिए। राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पटवारियों की वेतन विसंगति एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति संबंधित मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने हड़ताल अवधि में हुई कार्यवाहियों के सम्बन्ध में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए। राज्य सरकार कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं के निराकरण के प्रति संवेदनशील है।
छत्तीसगढ़ पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने तथा उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है ।